सागर: बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC) के स्टोर रूम में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, मचा हड़कंप
तीनबत्ती न्यूज: 20 जुलाई, 2026
सागर। सागर स्थित बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC) के अस्थि रोग विभाग (अस्थि रोग वार्ड नंबर 14) में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब वार्ड के अंदर बने स्टोर रूम से एक अज्ञात पुरुष का शव बरामद हुआ। शव करीब दो दिन से अधिक पुराना बताया जा रहा है, जिससे वार्ड में तेज दुर्गंध फैल गई थी। इस घटना ने मेडिकल कालेज की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए है।
दुर्गंध आने पर मरीजों ने की शिकायत
जानकारी के मुताबिक, वार्ड नंबर 14 में भर्ती मरीजों को लगातार आ रही बदबू के बाद उन्होंने इसकी शिकायत अस्पताल प्रबंधन से की। जब अस्पताल स्टाफ ने मौके पर पहुंचकर जांच की, तो पता चला कि दुर्गंध अंदर बने स्टोर रूम से आ रही है। संदेह होने पर तुरंत गोपालगंज थाना पुलिस को सूचना दी गई। जानकार लोगों का कहना है कि मृतक की शिनाख्ती से मेडिकल प्रबंधन की व्यवस्थाओं का खुलासा होगा। स्टोर रूम से लाश मिलना बेहद गंभीर घटना है।
अंदर से बंद था दरवाजा
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्टोर रूम का दरवाजा खुलवाया। अंदर का नजारा देखकर सब हैरान रह गए—स्टोर रूम के अंदर एक पुरुष का शव पड़ा हुआ था। पुलिस के अनुसार, स्टोर रूम का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम/मोर्चरी के लिए भेज दिया है।
पुलिस व प्रबंधन का क्या कहना है?
- गोपालगंज थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा के अनुसार "शव की शिनाख्त फिलहाल नहीं हो पाई है। इस बात की भी जांच की जा रही है कि मृतक अस्पताल में भर्ती कोई मरीज था या किसी मरीज का परिजन। मामला दर्ज कर घटना के सभी बिंदुओं पर बारीक जांच की जा रही है।"
- BMC अधीक्षक राजेश जैन के अनुसार "घटना बेहद गंभीर है। मामले के हर पहलू की गहन जांच कराई जा रही है। यदि जांच में अस्पताल प्रबंधन या किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सुरक्षा के सवाल पर कहा कि सभी पहलुओं की जांच हो रही है। मृतक की शिनाख्ती से बहुत कुछ पता चलेगा। इसके अलावा सुरक्षा के लिएजो भी बेहतर होगा उसे किया जायेगा"



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें