सागर: रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व में दो बाघ सक्रिय, हमले की दोनों घटनाओं में अलग-अलग बाघ शामिल
तीनबत्ती न्यूज : 07 जुलाई 2026
सागर : वीरांगना रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व के मोहली परिक्षेत्र में हाल ही में हुई बाघ हमले की घटनाओं को लेकर वन विभाग ने बड़ा खुलासा किया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि दोनों घटनाओं में एक ही नहीं, बल्कि दो अलग-अलग बाघ शामिल थे।
वन विभाग के अनुसार, 5 जुलाई 2026 को मोहली परिक्षेत्र में गश्त के दौरान दो वनकर्मियों के निकट आने पर एक बाघ ने हमला कर दिया था। इस घटना में श्रमिक बाबूलाल रैकवार के पैर में गंभीर चोट आई थी।
यह भी पढ़ें: पन्ना टाइगर रिजर्व में पर्यटन का रिकॉर्ड, 2025-26 में 2.63 लाख पर्यटक, ₹8.77 करोड़ की आय
घटना के बाद बाघ की पहचान के लिए हाथियों की मदद से क्षेत्र में सघन गश्त की गई। 7 जुलाई की सुबह गश्त के दौरान महावत को घटनास्थल के पास एक बाघ शावक दिखाई दिया। विभाग के अनुसार, इस शावक की तस्वीर नवंबर 2025 में कैमरा ट्रैप में भी कैद हुई थी। उस समय इसकी आयु 9 से 12 माह थी, जबकि अब यह लगभग 15 से 18 माह का हो चुका है।
वनकर्मियों के बयान और पंजों के आकार के आधार पर वन विभाग का अनुमान है कि वनकर्मी पर हमला इसी शावक ने किया था।
पटना मोहली गांव की घटना में दूसरा बाघ शामिल
वन विभाग ने बताया कि कुछ दिन पहले पटना मोहली गांव में एक ग्रामीण पर हुए हमले को लेकर यह भ्रम फैलाया जा रहा था कि दोनों घटनाओं में एक ही बाघ शामिल था। हालांकि, अखिल भारतीय बाघ गणना 2025 के दौरान लिए गए फोटोग्राफ्स के विश्लेषण से यह स्पष्ट हो गया है कि दोनों घटनाओं में अलग-अलग बाघ शामिल थे।
वन विभाग की अपील
वन विभाग ने कहा है कि रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व क्षेत्र में फिलहाल दो बाघ सक्रिय हैं। वन्यजीवों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र में लगातार निगरानी और गश्त की जा रही है। लोगों से अपील की गई है कि वे जंगल क्षेत्र में सतर्क रहें और वन विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करें।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें