सागर नगर निगम की आर्थिक स्थिति पर मुख्यमंत्री से मिले विधायक शैलेंद्र जैन, कर्मचारियों के लिए विशेष अनुदान की मांग
▪️मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अधिकारियों को आवश्यक परीक्षण कर शीघ्र कार्रवाई के दिए निर्देश, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी भी रहे मौजूद
तीनबत्ती न्यूज: 08 जुलाई, 2026
सागर। सागर नगर निगम की वित्तीय स्थिति और कर्मचारियों के वेतन भुगतान के मुद्दे को लेकर सागर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मंत्रालय में सौजन्य भेंट की। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी भी उपस्थित रहे।
मुलाकात के दौरान विधायक श्री जैन ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि वर्तमान समय में सागर नगर निगम की आर्थिक स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। उन्होंने बताया कि शासन स्तर पर विभिन्न मदों में की जा रही वित्तीय कटौती के कारण नगर निगम को अपेक्षित आर्थिक सहायता नहीं मिल पा रही है। इसके चलते नगर निगम के नियमित कार्यों के संचालन के साथ-साथ कर्मचारियों के वेतन भुगतान पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
यह भी पढ़ें : सागर नगर निगम कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू, 13 सूत्रीय मांगों पर अड़े कर्मचारी
विधायक ने कहा कि वेतन में लगातार हो रही देरी के कारण कर्मचारी वर्ग आर्थिक और मानसिक रूप से परेशान है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि नगर निगम की वित्तीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए शासन द्वारा की जा रही कटौतियों पर पुनर्विचार किया जाए अथवा कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए विशेष अनुदान राशि उपलब्ध कराई जाए, ताकि कर्मचारियों का वेतन समय पर दिया जा सके और नगर निगम के कार्य सुचारु रूप से संचालित होते रहें।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विधायक द्वारा उठाए गए विषय को गंभीरता से सुना और कर्मचारियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आश्वासन दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मामले का परीक्षण कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
विधायक श्री शैलेंद्र कुमार जैन ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि राज्य सरकार के सकारात्मक सहयोग से नगर निगम की वित्तीय स्थिति में सुधार आएगा और कर्मचारियों को समय पर वेतन उपलब्ध। कराने का मार्ग प्रशस्त होगा।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें