मुख्यमंत्री से मिले विधायक प्रदीप लारिया, नरयावली के विकास कार्यों को दिलाने की उठाई मांग
तीनबत्ती न्यूज:5 अगस्त 2026
सागर। नरयावली विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने भोपाल प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण और लंबे समय से लंबित मांगों को प्रमुखता से रखा।
विधायक प्रदीप लारिया ने मुख्यमंत्री के समक्ष 132/33 केवी नवीन उच्च दाब विद्युत उपकेंद्र की स्थापना, ग्राम पंचायत नरयावली को नगर पंचायत का दर्जा, निर्माणाधीन कड़ान मध्यम सिंचाई परियोजना के पुनरीक्षित प्राक्कलन को शीघ्र स्वीकृति, तथा सांदीपनि विद्यालय कर्रापुर और मकरोनिया के शीघ्र संचालन की मांग रखी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि 132/33 केवी उच्च दाब विद्युत उपकेंद्र का प्राक्कलन तैयार हो चुका है और इसे जल्द ही विद्युत मंडल की बोर्ड बैठक में स्वीकृति के लिए प्रस्तुत किया जाएगा।
विधायक प्रदीप लारिया ने कहा कि मुख्यमंत्री के सहयोग से इन विकास कार्यों को शीघ्र गति मिलने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति मजबूत होगी, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा, शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और नरयावली के नगरीय विकास को नई दिशा प्राप्त होगी।
मुख्य बिंदु:
- 132/33 केवी उच्च दाब विद्युत उपकेंद्र की स्थापना की मांग
- नरयावली को नगर पंचायत बनाने का प्रस्ताव
- कड़ान मध्यम सिंचाई परियोजना की शीघ्र स्वीकृति पर जोर
- कर्रापुर एवं मकरोनिया सांदीपनि विद्यालयों के संचालन का मुद्दा उठाया
- मुख्यमंत्री ने सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक आश्वासन दिया।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें