बंडा हादसे के दिवंगतों को भाजपा जिला कार्यसमिति ने दी श्रद्धांजलि, दो मिनट का मौन रखकर जताया शोक
• भाजपा जिला कार्यसमिति की बैठक में संगठन, सेवा संकल्प अभियान और विकसित भारत@2047 पर हुई चर्चा
तीनबत्ती न्यूज: 07 सितम्बर, 2026
सागर। भारतीय जनता पार्टी सागर जिला की जिला कार्यसमिति की बैठक सोमवार को धर्मश्री स्थित संभागीय भाजपा कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक की शुरुआत वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हुई। इस दौरान बंडा क्षेत्र में हुई दुखद घटना में दिवंगत लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर शोक व्यक्त किया तथा पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई।
बैठक में संगठन की आगामी कार्ययोजना, प्रदेश कार्यसमिति में पारित राजनीतिक प्रस्ताव, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकसेवक के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रस्तावित सेवा संकल्प अभियान, विकसित भारत@2047 और संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के तहत चल रहे समरसता संकल्प अभियान सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
बैठक को भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं सागर संभाग प्रभारी गौरव रणदिवे, प्रदेश मंत्री एवं जिला प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर, सांसद एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. लता वानखेड़े, जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, सागर विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन और नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने संबोधित किया।
प्रदेश नेतृत्व के संकल्प को बूथ तक पहुंचाना जिम्मेदारी : श्याम तिवारी
जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि नवीन जिला कार्यसमिति के गठन के बाद यह पहली बैठक है। इसका उद्देश्य प्रदेश नेतृत्व से प्राप्त दिशा को धरातल तक पहुंचाना और आगामी कार्ययोजना को मंडल, शक्ति केंद्र तथा बूथ स्तर तक प्रभावी बनाना है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति उसका कार्यकर्ता और उसकी संगठनात्मक कार्यपद्धति है। जिला कार्यसमिति के प्रत्येक सदस्य को अपने दायित्व को पद के बजाय संगठन और समाज के प्रति जिम्मेदारी के रूप में लेना चाहिए। नियमित प्रवास, कार्यकर्ता संवाद, लाभार्थी संपर्क और बूथ स्तर पर सक्रियता से संगठन को और मजबूत किया जा सकता है।
संगठन केवल बैठकों से नहीं, संबंधों से भी बनता है : गौरव रणदिवे
प्रदेश महामंत्री एवं सागर संभाग प्रभारी गौरव रणदिवे ने कहा कि भाजपा की पहचान कार्यकर्ताओं की निष्ठा, अनुशासन, समर्पण और सामूहिकता से बनी है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता की पहचान उसके पद से नहीं, बल्कि उसके व्यवहार, विनम्रता, धैर्य, प्रवास और संगठन के प्रति समर्पण से होनी चाहिए।उन्होंने कार्यकर्ताओं के लिए “पांव में चक्कर, मुंह में शक्कर और सिर पर बर्फ” को कार्यशैली का मूल मंत्र बताते हुए कहा कि कार्यकर्ता निरंतर प्रवास करे, मधुर व्यवहार रखे और कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य न खोए।उन्होंने कहा कि संगठन केवल बैठकों से नहीं चलता, बल्कि संबंधों से भी बनता है। कार्यकर्ता एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनें। यही आत्मीयता संगठन को परिवार का स्वरूप देती है।
सरकार के कामों के राजदूत बनकर समाज के बीच जाएं कार्यकर्ता : लोकेन्द्र पाराशर
प्रदेश मंत्री एवं जिला प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर ने कहा कि भाजपा की कार्यपद्धति राष्ट्रीय स्तर से प्रदेश, प्रदेश से जिला, जिला से मंडल और मंडल से बूथ तक विचार और कार्ययोजना पहुंचाने की है। कार्यकर्ताओं को संगठन और सरकार के कामों के राजदूत बनकर समाज के बीच जाना चाहिए। पाराशर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकसेवक के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रस्तावित सेवा संकल्प अभियान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य सेवा, सुशासन, संवेदनशीलता और राष्ट्र निर्माण के भाव को समाज तक पहुंचाना है।
विकसित भारत 2047 राष्ट्रीय संकल्प : डॉ. लता वानखेड़े
सांसद एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. लता वानखेड़े ने कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं, बल्कि विचार, संस्कार और राष्ट्रसेवा का संकल्प है। सत्ता अंतिम लक्ष्य नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और जनसेवा का माध्यम है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 में भारत स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूर्ण करेगा और तब देश को विकसित, आत्मनिर्भर, सक्षम तथा विश्व का नेतृत्व करने वाला राष्ट्र बनाना लक्ष्य है।
सागर विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने राजनीतिक प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए कहा कि भाजपा की वर्तमान शक्ति के पीछे असंख्य कार्यकर्ताओं का संघर्ष और बलिदान है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकसेवक के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने पर अभिनंदन करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत ने आर्थिक, सामरिक और वैश्विक स्तर पर महत्वपूर्ण प्रगति की है।
समरसता संकल्प अभियान के प्रदेश सह-संयोजक एवं नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर चल रहा समरसता संकल्प अभियान सामाजिक एकता, समानता और समरसता का जनअभियान है।उन्होंने कहा कि संत रविदास ने ऊंच-नीच, भेदभाव और सामाजिक दूरी समाप्त कर मानव मात्र में एकात्म भाव स्थापित करने का संदेश दिया। उनका संदेश किसी एक समाज का नहीं, बल्कि संपूर्ण समाज का है।लारिया ने कहा कि सागर में लगभग 102 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन संत शिरोमणि गुरु रविदास का भव्य मंदिर एवं स्मारक आने वाली पीढ़ियों के लिए सामाजिक समरसता और समानता का प्रेरणा केंद्र बनेगा।
बैठक का संचालन जिला महामंत्री सुमित यादव ने किया, जबकि आभार सेवा संकल्प अभियान के जिला संयोजक जगन्नाथ गुरैया ने व्यक्त किया।बैठक में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुधा जैन, कुश समाज कल्याण बोर्ड अध्यक्ष प्रभुदयाल पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, महापौर संगीता तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, पूर्व सांसद राजबहादुर सिंह, पूर्व विधायक पारुल साहू सहित भाजपा के विभिन्न पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, जिला कार्यसमिति सदस्य, मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और सेवा संकल्प अभियान की मंडल टोलियों के सदस्य उपस्थित रहे।




कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें