सागर में दर्दनाक सड़क हादसा: चार्टर्ड बस और कार की सीधी भिड़ंत : सागर के दो जैन व्यापारियों सहित चार की मौत, एक घायल
तीनबत्ती न्यूज़: 19 सितम्बर, 2026
सागर।सागर जिले के बहेरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत गढ़ाकोटा मार्ग पर चनाटोरिया के पास शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पेट्रोल पंप से ईंधन भरवाकर मुख्य मार्ग पर आ रही कार को जबलपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार चार्टर्ड बस ने ज़ोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए, वहीं टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खंती में जा उतरी। हादसे के बाद बस का ड्राइवर मौके से फरार हो गया।
3 ने मौके पर तोड़ा दम, 1 की अस्पताल में मौत
हादसे में कार सवार 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। राहगीरों और पुलिस की मदद से घायलों को मकरोनिया के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान एक और घायल ने दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 4 हो गई है। हादसे में एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है, जिसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। दुर्घटनाग्रस्त कार हरियाणा पासिंग नंबर की बताई जा रही है।
मृतकों एवं घायलों की जानकारी
प्रशांत जैन (46 वर्ष): बंडा निवासी, सागर में एसी और कूलर इलेक्ट्रॉनिक का कार्य करते थे। परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं।
• निर्मल उर्फ मुन्ना जैन , कोयला (62 वर्ष): रामपुरा वार्ड निवासी, कृषि उपकरणों के व्यापारी थे। परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं (बेटा-बेटी दोनों डॉक्टर हैं)।
* विकास (43 वर्ष): पिता जगदीश कुमार, निवासी- हरियाणा।
* चौथा मृतक: हरियाणा निवासी, इलाज के दौरान मौत (पूर्ण शिनाख्त की कार्रवाई जारी)।
* 1 गंभीर घायल: मकरोनिया के निजी अस्पताल में भर्ती, स्थिति नाजुक।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही बहेरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है तथा फरार बस चालक की तलाश की जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें