रुद्राक्ष धाम में श्रद्धा और उल्लास के साथ हुआ भव्य गोवर्धन पूजन, में उमड़े सैकड़ों श्रद्धालु
तीनबत्ती न्यूज: 10 नवंबर, 2026
सागर। श्री दक्षिणमुखी हनुमान जी महाराज के सानिध्य में मंगलवार, 10 नवंबर 2026 को श्री रुद्राक्ष धाम मंदिर परिसर में गोवर्धन पूजन, अखंड रामायण पाठ एवं भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के आयोजक पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह तथा उनके पुत्र श्री अविराज सिंह रहे। इस अवसर पर मंदिर परिसर में सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। दीपावली के उल्लास, भक्ति और पारंपरिक आस्था से सराबोर वातावरण में श्रद्धालुओं ने भगवान श्री राधा-कृष्ण के सम्मुख भगवान गोवर्धन का सामूहिक पूजन कर परिवार, समाज और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
श्री रुद्राक्ष धाम मंदिर में विराजमान भगवान श्री राधा-कृष्ण के सम्मुख विशाल प्रांगण में गौमाता के गोबर से भगवान गोवर्धन का विराट स्वरूप निर्मित किया गया। इसके लिए पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह की निजी गौशाला से चार ट्रॉली गाय का गोबर लाया गया था। गोवर्धन स्वरूप को आकर्षक ढंग से सजाया गया तथा उसके शीर्ष पर गोवर्धन पर्वत धारण किए भगवान श्री बांके बिहारी का प्रतिमा स्वरूप स्थापित किया गया। गौमाता के गोबर से निर्मित इस भव्य स्वरूप के दर्शन और पूजन के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया।
श्री भूपेन्द्र सिंह, उनके पुत्र अविराज सिंह एवं पुत्री काजल सिंह ने भगवान श्री बांके बिहारी का प्रतिमा एवं विधि-विधान से भगवान गोवर्धन का पूजन किया गया और आरती उतारी गई। उपस्थित श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से भगवान गोवर्धन पर गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा कर अपनी श्रद्धा अर्पित की। पूजन के उपरांत सभी श्रद्धालुओं को भोग-प्रसादी वितरित की गई। पूजन समारोह के समापन के बाद आकाश में रंग-बिरंगी आतिशबाजी की गई, जिसने मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। पूरे आयोजन में धार्मिक आस्था, पारिवारिक आत्मीयता और लोक संस्कृति का सुंदर संगम देखने को मिला।
इसके पूर्व श्री भूपेन्द्र सिंह के साथ श्रद्धालुओं ने श्री दक्षिणमुखी हनुमान जी महराज मंदिर सहित परिसर में एह हजार से अधिक दीप प्रज्जवलित किये। उधर भगवान गोवर्धन के भगवान गोवर्धन की पूजा से पहले गोपालगंज की मंडली ने बुंदेली भजनों के साथ नृत्यों की प्रस्तुति की। कल 11 नवंवर को प्रातः 10 बजे अखंड रामायाण पाठ का समापन होगा।
अखंड रामायण पाठ और भंडारे ने भी आयोजन को धार्मिक स्वरूप प्रदान किया। श्री दक्षिणमुखी हनुमान जी महाराज के सानिध्य में हुए इस आयोजन में श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से सहभागिता की और प्रसादी ग्रहण की। रुद्राक्ष धाम में दीपावली के अवसर पर आयोजित इस सामूहिक धार्मिक कार्यक्रम ने लोगों को एक साथ बैठकर पर्व की खुशियां साझा करने, अपनी परंपराओं से जुड़ने और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने का अवसर प्रदान किया।
गोवर्धन पूजन का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व भगवान श्रीकृष्ण की उस लीला से जुड़ा है, जब उन्होंने ब्रजवासियों को इंद्र के प्रकोप से बचाने के लिए अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत धारण किया था। यह प्रसंग प्रकृति, गौवंश और पर्यावरण के संरक्षण के साथ-साथ सामूहिक एकता, सहयोग और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का संदेश देता है। गोवर्धन पूजा में गाय के गोबर से भगवान का स्वरूप बनाना हमारी कृषि और ग्रामीण संस्कृति में गौमाता के महत्व को भी दर्शाता है। यह पर्व हमें स्मरण कराता है कि प्रकृति और उसके संसाधनों के प्रति सम्मान तथा संरक्षण की भावना भारतीय जीवन परंपरा का अभिन्न हिस्सा रही है।





कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें