171 आवेदनों की माला लेकर जनसुनवाई में पहुंचा गौसेवक: बोला- दीपावली है साहब, शायद अब तो मुक्त हो जाए गोचर भूमि!
तीनबत्ती न्यूज: 10 नवंबर, 2026
सागर: कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में एक अनोखा और भावुक कर देने वाला नजारा देखने को मिला। दोपहर करीब 1 बजे गौसेवक हरकिशन सेन 171 आवेदनों की माला लेकर अधिकारियों के सामने पहुंच गए। आवेदनों की माला टेबल पर रखते हुए उन्होंने कहा- "साहब, दीपावली का त्योहार है। यह माला रख लीजिए, शायद अब तो गाय माता की गोचर भूमि अतिक्रमण से मुक्त हो जाए!"
-------------
वीडियो देखने क्लिक करे
सागर में कलेक्टर जनसुनवाई में 171 आवेदनों की माला लेकर पहुंचा गौसेवक,
-----------;--
हरकिशन सेन का यह अंदाज जनसुनवाई में चर्चा का विषय बन गया। उन्होंने अधिकारियों को बताया कि गोचर भूमि से अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर वह पिछले तीन वर्षों से लगातार आवेदन दे रहे हैं। अब तक 170 आवेदन दे चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। मंगलवार को वह 171वां आवेदन लेकर पहुंचे और अपने पुराने आवेदनों को माला के रूप में पिरोकर अधिकारियों के सामने रख दिया।
3614 एकड़ भूमि पर गौ अभयारण्य बनाने की मांग
गौसेवक हरकिशन सेन ने बीना विधानसभा क्षेत्र के ग्राम देवल की करीब 3614 एकड़ भूमि पर गौ अभयारण्य विकसित करने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि जिले में गोचर भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाना चाहिए, ताकि गायों के चरने के लिए सुरक्षित जमीन उपलब्ध हो सके।
कई तहसीलों में गोचर भूमि पर अतिक्रमण का मुद्दा
आवेदन में बीना, खुरई, मालथौन, बंडा, राहतगढ़ और नरयावली सहित जिले की विभिन्न तहसीलों में गोचर भूमि पर अतिक्रमण का मुद्दा उठाया गया है। आवेदक ने मुख्यमंत्री की घोषणा क्रमांक 00003 का हवाला देते हुए गोचर भूमि और शासकीय व अशासकीय गोशालाओं के लिए जमीन उपलब्ध कराने तथा अतिक्रमण हटाने की मांग की है।
अब सवाल यह है कि तीन साल में 170 आवेदन देने के बाद भी जिस समस्या का समाधान नहीं हुआ, क्या 171वें आवेदन और आवेदनों की इस अनोखी माला के बाद प्रशासन कोई ठोस कार्रवाई करेगा? फिलहाल गौसेवक की यह पहल जनसुनवाई में चर्चा का विषय बनी हुई है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें