सागर में शराब से मौतों के बाद फिर मचा हड़कंप, बंडा में तीन दुकानों से लिए गए शराब के नमूने देवरी-बंडा में मौतों और मरीजों के बीमार होने पर कांग्रेस ने सरकार को घेरा •पूर्व मंत्री हर्ष यादव देवरी में प्रदर्शन में शामिल • पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी पहुंचे मेडिकल कॉलेज • जिलाध्यक्ष भूपेंद्र मुहासा ने की दोषियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग

सागर में शराब से मौतों के बाद फिर मचा हड़कंप, बंडा में तीन दुकानों से लिए गए शराब के नमूने

देवरी-बंडा में मौतों और मरीजों के बीमार होने पर कांग्रेस ने सरकार को घेरा

•पूर्व मंत्री हर्ष यादव देवरी में प्रदर्शन में शामिल

• पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी पहुंचे मेडिकल कॉलेज

• जिलाध्यक्ष भूपेंद्र मुहासा ने की दोषियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग


तीनबत्ती न्यूज: 21 नवंबर 2026

सागर। सागर जिले में शराब सेवन के बाद लगातार लोगों की मौत और तबीयत बिगड़ने की घटनाओं ने एक बार फिर हड़कंप मचा दिया है। बंडा के ग्राम सेमरा रामचंद्र में दो लोगों की मौत और एक अन्य के गंभीर होने के मामले के बाद अब देवरी क्षेत्र में भी शराब सेवन के बाद मौत की खबर सामने आई है। बंडा के ग्राम कांटी निवासी राजू लोधी और देवरी के बाजार वार्ड निवासी बहीद खान की तबीयत बिगड़ने पर बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। तीन दिन पहले सागर शहर में एक शराब दुकान के बाहर शराब पीने वाले की मौत हुई थी।


प्रशासन ने लिए शराब के सैंपल

लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बीच कलेक्टर दिलीप कुमार यादव के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने बंडा की तीन मदिरा दुकानों से देशी शराब के नमूने लेकर जांच के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की है। दूसरी ओर कांग्रेस ने शराब के अवैध कारोबार और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उच्चस्तरीय जांच, दोषियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने और पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

कलेक्टर के निर्देश पर तीन मदिरा दुकानों से लिए नमूने

कलेक्टर दिलीप कुमार यादव के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी शीतल सिंह ने बंडा क्षेत्र की तीन मदिरा दुकानों का निरीक्षण कर देशी मदिरा मसाला के 180 एमएल पेट बॉटल के नमूने संकलित किए।

पहली कार्रवाई बंडा बस स्टैंड स्थित मदिरा दुकान, दूसरी जमुनिया और तीसरी सागर-छतरपुर फोरलेन रोड स्थित मदिरा दुकान पर की गई। तीनों दुकानों के लाइसेंसधारी जंडेल सिंह गुर्जर बताए गए हैं।

कार्रवाई के दौरान प्रत्येक दुकान से 180 एमएल की 16-16 बोतलें नमूने के रूप में सीलबंद की गईं। संबंधित शराब का निर्माण एवं बॉटलिंग ग्राम मेहर, झांसी रोड, सागर स्थित मेसर्स डीसीआर डिस्टिलरी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया गया है।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक नियमों के तहत फॉर्म-VA के माध्यम से लाइसेंसधारी, दुकान संचालकों और निर्माता कंपनी को नोटिस जारी किए हैं। संकलित नमूने गुणवत्ता और निर्धारित मानकों की जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट में नमूने अमानक पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

देवरी में युवक की संदिग्ध मौत पर हंगामा, परिजनों ने सागर-नरसिंहपुर मार्ग पर किया चक्काजाम

जिले के देवरी में एक 28 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक की मौत से नाराज परिजनों ने शनिवार को सागर-नरसिंहपुर मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। चक्काजाम में कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री हर्ष यादव भी शामिल हुए। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाइश देकर मामला शांत कराया।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सचिन ठाकुर (28) निवासी नगरपालिका भवन के सामने, देवरी के रूप में हुई है। बताया गया है कि वह रात में बंडा के पुल पर पड़ा मिला था। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ती चली गई और उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि शराब पीने के बाद सचिन की तबीयत खराब हुई थी, जिसके चलते उसकी जान चली गई। वहीं पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतक की गर्दन पर फंदे जैसे निशान (लिगेचर मार्क) पाए जाने की बात सामने आई है। इससे युवक की मौत की परिस्थितियां संदिग्ध बनी हुई हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम कराया है। फिलहाल मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।


पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी पहुंचे मेडिकल कॉलेज, मरीजों के परिजनों से की मुलाकात

इधर मध्यप्रदेश शासन के पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी शनिवार को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने शराब सेवन के बाद बीमार हुए बंडा के ग्राम कांटी निवासी राजू लोधी और देवरी के बाजार वार्ड निवासी बहीद खान के परिजनों से मुलाकात कर घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से दोनों मरीजों के स्वास्थ्य और उपचार की स्थिति की जानकारी लेकर बेहतर इलाज की व्यवस्था पर चर्चा की।

पूर्व मंत्री चौधरी ने कहा कि शासन-प्रशासन जिले में जहरीली और अवैध शराब के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के दावे कर रहा है, लेकिन बंडा-शाहगढ़ की घटना के बाद केसली के जैतपुर डोमा, नरयावली के इशरवारा, सागर शहर के मछरयाई और अब फिर बंडा व देवरी में शराब सेवन के बाद मौतों तथा लोगों के बीमार होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासनिक अमला इन घटनाओं पर पर्दा डालने में जुटा है।

चौधरी ने कहा कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के साथ ही पूरे नेटवर्क को संरक्षण देने वालों की भी जांच होनी चाहिए। केवल बयानबाजी और औपचारिक कार्रवाई से नशे के कारोबार पर अंकुश नहीं लगेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि दोषियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवारों को न्याय एवं आर्थिक सहायता मिलने तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।

इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री एवं प्रभारी युवा कांग्रेस अशरफ खान, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सदर अध्यक्ष पं. रवि उमाहिया, अभय सिंह और इंजीनियर सत्यम सिंह मौजूद रहे।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने की हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग

जिला कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मुहासा ने बंडा और देवरी में शराब सेवन के बाद हुई मौतों पर दुख जताते हुए प्रदेश सरकार और प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि बंडा में पहले हुई शराब त्रासदी के बावजूद प्रशासन ने सबक नहीं लिया। अब जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से लगातार ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं।

मुहासा ने मांग की कि देवरी और बंडा की घटनाओं की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा दोषी ठेकेदारों, विक्रेताओं और लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में शराब के अवैध कारोबार का नेटवर्क फैलता जा रहा है।

क्या है सेमरा रामचंद्र की घटना?

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बंडा क्षेत्र के ग्राम सेमरा रामचंद्र निवासी कमलेश पुत्र नारायण लोधी और चंद्रभान पुत्र मुलायम लोधी की शराब सेवन के बाद तबीयत बिगड़ने से मौत हुई। दोनों आपस में पड़ोसी बताए गए हैं। परिजनों के मुताबिक, दोनों ने एक रात पहले साथ बैठकर शराब पी थी। बताया जा रहा है कि कमलेश गांव में शराब का विक्रय भी करता था। हालांकि, इन जानकारियों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

घटना में तीसरे व्यक्ति की हालत गंभीर होने की जानकारी भी सामने आई थी। अब बंडा के कांटी और देवरी के बाजार वार्ड के दो अन्य लोगों की तबीयत बिगड़ने से मामला और गंभीर हो गया है।

दो माह पहले की शराब त्रासदी की यादें ताजा

बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र में करीब दो माह पहले कथित जहरीली शराब से हुई मौतों की घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था। उस मामले में विभिन्न स्तरों पर 36 से अधिक मौतों के दावे सामने आए थे, जबकि सरकार ने 20 मौतों की पुष्टि की थी। पुलिस ने 52 लोगों को आरोपी बनाया था और मास्टरमाइंड, ठेकेदार तथा सप्लायर सहित 34 आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई थी। मामले में कई अधिकारियों को निलंबित किया गया था तथा कलेक्टर और एसपी को भी हटाया गया था।

ग्राम सेमरा रामचंद्र इसी क्षेत्र के नजदीक है, जहां पहले नौराज और घूघरा खुर्द सहित आसपास के गांवों में शराब सेवन के बाद कई लोगों की मौत हुई थी। ऐसे में उसी इलाके में दोबारा मौतों की खबर से लोगों में चिंता बढ़ गई है।


पीएम रिपोर्ट और जांच से स्पष्ट होगा मौतों का कारण

फिलहाल कमलेश लोधी और चंद्रभान लोधी की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। शराब में किसी जहरीले पदार्थ की मिलावट या अन्य कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगी।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया के अनुसार, पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है। मृतकों की मेडिकल हिस्ट्री की भी जांच की जा रही है। संबंधित घरों और आसपास के क्षेत्रों की तलाशी ली गई है तथा खाली शराब की बोतल भी जब्त की गई है। पुलिस का कहना है कि मौतों के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही होगा।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें