व्यावसायिक प्रशिक्षकों की मांगों के समर्थन में विधायक शैलेन्द्र जैन ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

व्यावसायिक प्रशिक्षकों की मांगों के समर्थन में विधायक शैलेन्द्र जैन ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

तीनबत्ती न्यूज: 21 नवंबर, 2027

सागर। मध्यप्रदेश के शासकीय स्कूलों में कार्यरत करीब 6 हजार व्यावसायिक प्रशिक्षकों (Vocational Trainers) की लंबित मांगों को लेकर सागर विधायक शैलेन्द्र जैन ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर उनके निराकरण की मांग की है। विधायक ने थर्ड पार्टी आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त करने, न्यूनतम 40 हजार रुपये मासिक वेतन देने और प्रशिक्षकों का स्कूल शिक्षा विभाग में संविलियन करने सहित तीन प्रमुख मांगें उठाई हैं।

मध्यप्रदेश शिक्षक संघ के व्यावसायिक शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रांतीय प्रमुख शैलेन्द्र प्रजापति, नवीन व्यावसायिक शिक्षा-प्रशिक्षक महासंघ के जिला अध्यक्ष प्रशांत दुबे एवं महिला मंडल प्रमुख प्रीतिबला जैन के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने विधायक शैलेन्द्र जैन को ज्ञापन सौंपा था। इस पर विधायक ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर प्रशिक्षकों की समस्याओं की ओर शासन का ध्यान आकर्षित किया।

आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त करने की मांग

मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में विधायक ने उल्लेख किया कि स्कूल शिक्षा विभाग (समग्र शिक्षा) के अंतर्गत पिछले 10 वर्षों से सेवाएं दे रहे व्यावसायिक प्रशिक्षक कम मानदेय और थर्ड पार्टी आउटसोर्सिंग (VTP) व्यवस्था के कारण आर्थिक असुरक्षा का सामना कर रहे हैं। उन्होंने आउटसोर्सिंग कंपनियों के माध्यम से भुगतान की व्यवस्था समाप्त कर सीधे विभाग के जिला स्तरीय तंत्र से वेतन भुगतान किए जाने की मांग की है।

20 हजार से बढ़ाकर 40 हजार रुपये हो वेतन

विधायक ने प्रशिक्षकों का वर्तमान 20 हजार रुपये मासिक वेतन बढ़ाकर न्यूनतम 40 हजार रुपये करने तथा वार्षिक वेतनवृद्धि (इंक्रीमेंट) निर्धारित करने का आग्रह किया है। पत्र में दिल्ली और हरियाणा जैसे राज्यों में व्यावसायिक प्रशिक्षकों को मिलने वाले वेतन का भी उल्लेख किया गया है।

विभाग में संविलियन और 62 वर्ष तक सेवा सुरक्षा

तीसरी प्रमुख मांग में वर्ष 1998 के व्यावसायिक व्याख्याताओं की तर्ज पर स्पष्ट जॉब पॉलिसी तैयार कर सभी व्यावसायिक प्रशिक्षकों का स्कूल शिक्षा विभाग में संविलियन करने तथा 62 वर्ष की आयु तक सेवा सुरक्षा देने की बात कही गई है।

शिक्षक संघ ने जताया आभार

मध्यप्रदेश शिक्षक संघ के प्रांतीय महामंत्री राकेश गुप्ता ने विधायक शैलेन्द्र जैन के प्रति आभार व्यक्त किया। महासंघ के जिला अध्यक्ष प्रशांत दुबे सहित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने प्रशिक्षकों की समस्याओं को शासन तक पहुंचाने के लिए विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन और मध्यप्रदेश शिक्षक संघ का आभार व्यक्त किया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें