सागर में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई: पांच टायर कारोबारियों का स्क्रेप जब्त, चिकन शॉप पर 10 हजार जुर्माना
सड़क किनारे जमा टायरों और निर्माण सामग्री को हटाने के निर्देश, सोमनाथपुरम रोड पर गिट्टी भी जब्त; निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने दी सख्त चेतावनी
तीनबत्ती न्यूज: 17 नवंबर, 2026
सागर। शहर की स्वच्छता, सुंदरता और नागरिकों के स्वास्थ्य को लेकर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। निगमायुक्त एवं सागर स्मार्ट सिटी के सीईओ राजकुमार खत्री ने मंगलवार को निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे और खुले प्लॉटों में जमा स्क्रेप टायरों तथा निर्माण सामग्री के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान पांच टायर कारोबारियों के यहां से टायरों की जब्ती कराई गई, जबकि गंदगी फैलाने पर एक चिकन विक्रेता पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, सोमनाथपुरम सड़क के पास मुख्य मार्ग पर रखी गिट्टी और अन्य निर्माण सामग्री भी जब्त कराई गई।
यह भी पढ़ें: सागर में वृंदावन बाग मंदिर ट्रस्ट पर एक लाख जुर्माना, खुले में मिला निर्माण मलबा
पांच टायर कारोबारियों को दी चेतावनी
कनेरा स्थित बीड़ी अस्पताल के आसपास खुले प्लॉटों और सड़क किनारे बड़ी संख्या में स्क्रेप टायर जमा कर व्यापार संचालित किया जा रहा था। इसे देखकर निगमायुक्त ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। नगर निगम अमले ने इंडियन टायर, असलम टायर सर्विस, जावेद टायर, खान स्क्रेप और मोनिश टायर सहित पांच कारोबारियों के व्यापार स्थलों से कुछ टायर जब्त किए।
निगमायुक्त ने कारोबारियों को निर्धारित समय में सभी प्रकार का स्क्रेप टायर हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि समय सीमा में टायर नहीं हटाए गए तो शेष सामग्री भी जब्त कर जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सड़क किनारे टायरों के ढेर शहर की सुंदरता और स्वच्छता को प्रभावित करते हैं। टायर जलाने से निकलने वाला जहरीला धुआं वायु प्रदूषण बढ़ाता है और आसपास रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा करता है। टायरों के ढेर में आग लगने की स्थिति में जान-माल का नुकसान भी हो सकता है।
गंदगी फैलाने पर चिकन विक्रेता पर 10 हजार का जुर्माना
निरीक्षण के दौरान कनेरादेव रोड स्थित बीड़ी अस्पताल के पास एक चिकन शॉप के आसपास पंख और अन्य कचरा फैला मिला। इससे क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही थी। निगमायुक्त ने संबंधित चिकन विक्रेता पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। साथ ही दुकान संचालक को निर्धारित मीट मार्केट में दुकान संचालित करने की हिदायत दी।
उन्होंने कहा कि खाद्य सामग्री का कारोबार करने वालों को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए। किसी भी प्रकार का कचरा सड़क या सड़क किनारे नहीं फैलना चाहिए। नगर निगम द्वारा सर्वसुविधायुक्त मीट मार्केट का निर्माण कर ऐसी दुकानों को व्यवस्थित रूप से संचालित कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
सोमनाथपुरम रोड पर गिट्टी और निर्माण सामग्री जब्त
निगमायुक्त ने सोमनाथपुरम सड़क के पास कनेरा से राजघाट तिराहे की मुख्य सड़क पर रखी गिट्टी और भवन निर्माण सामग्री को भी जब्त कराया। नगर निगम की जेसीबी और डंपर की मदद से सामग्री हटवाकर सड़क को साफ कराया गया।
उन्होंने निर्देश दिए कि सड़क या उसके किनारे रेत, गिट्टी, ईंट आदि निर्माण सामग्री रखने वालों को पहले निर्धारित समय देकर सामग्री हटाने को कहा जाए। इसके बाद भी सामग्री नहीं हटाने पर उसे जब्त कर जुर्माने की कार्रवाई की जाए।
दुर्घटना और प्रदूषण का कारण बनती है सड़क पर निर्माण सामग्री
निगमायुक्त ने कहा कि सड़क पर रखी निर्माण सामग्री धीरे-धीरे फैलकर यातायात में बाधा पैदा करती है। वाहनों के टायरों से गिट्टी फैलने के कारण टायर पंचर होने और वाहन अनियंत्रित होने से दुर्घटनाएं हो सकती हैं। इसके अलावा धूल से प्रदूषण बढ़ता है और गिट्टी-रेत नालियों में पहुंचकर उन्हें चोक कर देती है। इससे जलभराव और गंदगी की समस्या पैदा होती है तथा सफाई मित्रों को भी परेशानी होती है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल नागरिक सेवाएं उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि शहरवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर जीवन गुणवत्ता वाला वातावरण देना भी है। शहर की स्वच्छता और नागरिकों के स्वास्थ्य से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें