सागर में खुले में सीएंडडी वेस्ट डालने पर वृंदावन बाग मंदिर ट्रस्ट पर एक लाख का जुर्माना, निगमायुक्त ने दिए निर्देश
• अहमद नगर में सड़क किनारे पड़ा मिला निर्माण मलबा और प्लास्टिक कचरा, निर्माण स्थलों को टीन या ग्रीन नेट से ढकना अनिवार्य
तीनबत्ती न्यूज: 17 नवंबर, 2026
सागर। शहर की स्वच्छता और वायु प्रदूषण नियंत्रण को लेकर नगर निगम ने सख्ती शुरू कर दी है। सड़क किनारे खुले में निर्माण एवं विध्वंस (सीएंडडी) वेस्ट का मलबा एकत्र करने पर वृंदावन मंदिर ट्रस्ट के खिलाफ एक लाख रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
निगमायुक्त एवं सागर स्मार्ट सिटी के कार्यकारी निदेशक व सीईओ राजकुमार खत्री मंगलवार सुबह शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा लेने अहमद नगर पहुंचे। यहां जिला चिकित्सालय मार्ग से अहमद नगर को जोड़ने वाली सड़क के किनारे एक प्लॉट में निर्माण मलबा और प्लास्टिक की बोरियों सहित अन्य कचरा खुले में पड़ा मिला। इस पर उन्होंने वार्ड दरोगा से प्लॉट के संबंध में जानकारी ली और वृंदावन मंदिर ट्रस्ट के प्लॉट पर सीएंडडी वेस्ट एकत्र करने के मामले में एक लाख रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए।
निगमायुक्त ने संबंधित मलबे को सीएंडडी वेस्ट प्लांट के संचालक के माध्यम से उठवाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे खुले में पड़ा निर्माण मलबा वाहनों से कुचलकर धूल में बदल जाता है, जिससे वातावरण प्रदूषित होता है और वायु प्रदूषण बढ़ता है। इस तरह के स्थान शहर में गंदगी के ब्लैक स्पॉट बन जाते हैं, जिससे शहर की स्वच्छता और सुंदरता प्रभावित होती है।
निर्माण स्थलों को ढकना होगा अनिवार्य
निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने मुख्य मार्गों की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए नगर निगम के कर्मचारियों को निर्देश दिए कि शहर में जहां भी भवन निर्माण या तोड़फोड़ का कार्य हो रहा है, उन सभी स्थलों की नियमित निगरानी की जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी निर्माणकर्ता अपनी निर्माण साइट को टीन, चादर या ग्रीन नेट से पूरी तरह ढककर ही काम करें। नियमों का पालन नहीं करने वाले निर्माणकर्ताओं के खिलाफ भारी जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।
निगमायुक्त ने नागरिकों से अपील की कि निर्माण कार्य के दौरान धूल-मिट्टी और मलबा सड़क पर न फैलने दें। निर्माण स्थलों को ढककर रखें, ताकि शहर की स्वच्छता बनी रहे और वायु प्रदूषण पर नियंत्रण किया जा सके।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें