सागर में सफाई व्यवस्था को लेकर निगमायुक्त सख्त: शराब दुकान पर 10 हजार का जुर्माना, टायर और रेत-गिट्टी दुकानदारों को दो दिन का अल्टीमेटम
• राजघाट चौराहे से मोतीनगर तक निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने किया निरीक्षण
तीनबत्ती न्यूज: 15 नवंबर, 2026
सागर। शहर की सफाई व्यवस्था और सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण को लेकर नगर निगम आयुक्त एवं स्मार्ट सिटी के सीईओ राजकुमार खत्री ने रविवार सुबह सख्त रुख अपनाया। उन्होंने राजघाट चौराहे से मोतीनगर चौराहे तक भ्रमण कर सफाई व्यवस्था, सड़क निर्माण और विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान धर्मश्री स्थित शराब दुकान परिसर में गंदगी मिलने पर संचालक के खिलाफ 10 हजार रुपए की चालानी कार्रवाई कराई गई।
टायर और रेत-गिट्टी दुकानदारों को दो दिन का नोटिस
निगमायुक्त ने बाघराज वार्ड के सोमनाथपुरम के पास मुख्य मार्ग पर टायर का व्यवसाय करने वाले दुकानदारों द्वारा सड़क पर टायर और अन्य सामग्री रखने पर नाराजगी जताई। वहीं खाली प्लॉटों में रेत और गिट्टी का व्यवसाय करने वालों द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर सामग्री रखने से आवागमन प्रभावित होने पर संबंधित दुकानदारों को दो दिन का नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय में अतिक्रमण नहीं हटाने पर नगर निगम सामग्री जब्त करने के साथ नियमानुसार चालानी कार्रवाई करेगा।
शराब दुकान पर 10 हजार का जुर्माना
धर्मश्री स्थित शराब दुकान परिसर में गंदगी और सफाई का अभाव मिलने पर निगमायुक्त ने तत्काल दुकान संचालक पर 10 हजार रुपए का जुर्माना लगवाया। उन्होंने कहा कि सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों की जिम्मेदारी है कि वे अपने प्रतिष्ठान के साथ आसपास के क्षेत्र में भी नियमित साफ-सफाई रखें। सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जाएगी।
मोतीनगर चौपाटी व्यवस्थित करने और फाउंटेन चालू करने के निर्देश
निगमायुक्त ने मोतीनगर चौराहे पर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने चौराहे पर लगने वाले सभी ठेले व्यवस्थित रूप से निर्धारित चौपाटी स्थल पर लगाने को कहा। साथ ही मोतीनगर चौराहे पर बने फाउंटेन को चालू कराने के निर्देश भी दिए।
सड़क निर्माण कार्य का भी लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने स्मार्ट सिटी द्वारा सोमनाथपुरम-धर्मश्री रोड पर कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित ठेकेदार को निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन करते हुए निर्माण कार्य समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
निगमायुक्त ने कहा कि सागर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाना नगर निगम के साथ प्रत्येक नागरिक और व्यवसायी की भी जिम्मेदारी है। दुकानदार अपने प्रतिष्ठानों के सामने स्वच्छता बनाए रखें और सड़क अथवा सार्वजनिक स्थलों पर सामग्री रखकर आवागमन बाधित न करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराएं तथा लापरवाही मिलने पर संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई करें।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें