छोटी झील : संजय ड्राईव बनेगा नया धार्मिक-पर्यटन केंद्र : भोलेनाथ, छत्रपति शिवाजी महाराज, राजमाता अहिल्याबाई होलकर व माता जीजाबाई की प्रतिमाएं हो रही हैं स्थापित
तीनबत्ती न्यूज : 28 जनवरी , 2026
सागर। विधायक शैलेंद्र कुमार जैन के विशेष प्रयासों से शहर की छोटी झील के किनारे एक नया घाट आकार ले रहा है, जो आने वाले समय में सागर नगर का एक प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थल बनेगा।
विधायक जैन ने बताया कि संजय ड्राइव पर भगवान भोलेनाथ की भव्य प्रतिमा स्थापित की जा रही है। इसके साथ ही हिंदू हृदय सम्राट छत्रपति शिवाजी महाराज की आदमकद प्रतिमा स्थापित की जा रही है। शिवाजी महाराज की प्रतिमा के एक ओर सुशासन की प्रतीक राजमाता अहिल्याबाई होलकर एवं दूसरी ओर उनकी पूज्य माता माता जीजाबाई की प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने कहा कि घाट के पूर्ण होने के पश्चात यह स्थान अत्यंत दर्शनीय एवं आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होगा। संजय ड्राइव पर आने वाले नागरिक एवं पर्यटक यहां भ्रमण कर सकेंगे, महापुरुषों के दर्शन कर प्रेरणा प्राप्त करेंगे तथा भगवान भोलेनाथ की भक्ति का लाभ भी मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान विधायक जैन ने निर्माण कार्य में लगे ठेकेदार को निर्देश दिए कि कार्य को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए, ताकि नागरिकों को शीघ्र इस सौगात का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि सागर नगर को धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन की दृष्टि से समृद्ध बनाना उनकी प्राथमिकता है और इस दिशा में आगे भी निरंतर विकास कार्य किए जाते रहेंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें