सीसीटीवी से सागर पुलिस ने खोजा ऑटो में छूटा बैग, ₹5 हजार नगद और चाबियां बरामद

सीसीटीवी कंट्रोल रूम की तत्परता से ऑटो में छूटा यात्री का बैग बरामद, ₹5 हजार नगद और चाबियां सुरक्षित


तीनबत्ती न्यूज , 29 अगस्त 2026

सागर। सागर पुलिस के सीसीटीवी कंट्रोल रूम की तत्परता और तकनीकी दक्षता से ऑटो में छूटा एक यात्री का बैग सुरक्षित बरामद कर लिया गया। बैग में ₹5,000 नगद, कपड़े और घर की महत्वपूर्ण चाबियां रखी हुई थीं। अपना सामान वापस मिलने पर यात्री ने सागर पुलिस का आभार जताया।

जानकारी के अनुसार सुरेश पटेल निवासी पथरिया जाट, खुरई बस से सागर रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। रेलवे स्टेशन से उन्होंने ऑटो लेकर सिविल लाइन तक सफर किया। सिविल लाइन पहुंचने के बाद उन्हें पता चला कि उनका बैग ऑटो में ही छूट गया है। बैग में नगदी के साथ घर की चाबियां होने के कारण वे काफी परेशान हो गए।

सुरेश पटेल सहायता के लिए थाना सिविल लाइन पहुंचे, जहां से उन्हें पुलिस कंट्रोल रूम सागर भेजा गया। कंट्रोल रूम में उन्होंने प्रभारी कंट्रोल रूम आर.के.एस. चौहान को पूरी घटना की जानकारी दी और बैग तलाशने में मदद मांगी।

मामले की जानकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर जयवीर सिंह भदौरिया को दी गई। उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए बैग की तलाश कर उसे सुरक्षित वापस दिलाने के निर्देश प्रभारी कंट्रोल रूम को दिए।

निर्देश मिलते ही प्रभारी कंट्रोल रूम ने सीसीटीवी ऑपरेटर त्रिलोक सिंह परिहार एवं रेखा रजक को ऑटो की पहचान कर बैग तलाशने के लिए लगाया। टीम ने सागर शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को बारीकी से खंगालना शुरू किया।

करीब दो घंटे की लगातार मेहनत के बाद टीम ने सीसीटीवी फुटेज के जरिए संबंधित ऑटो की पहचान कर ली। हालांकि शुरुआत में ऑटो का नंबर स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा था। इसके बाद टीम ने ऑटो के पूर्व मार्ग के कैमरों की रिकॉर्डिंग को पीछे की दिशा में खंगाला और बारीकी से फुटेज का विश्लेषण किया।

लगातार प्रयास के बाद ऑटो का रजिस्ट्रेशन नंबर प्राप्त कर लिया गया। नंबर के आधार पर वाहन संबंधी जानकारी जुटाकर ऑटो मालिक का मोबाइल नंबर हासिल किया गया। पुलिस टीम ने तत्काल ऑटो मालिक से संपर्क किया और उसे कंट्रोल रूम बुलाया।

ऑटो की जांच करने पर यात्री का बैग पीछे रखा हुआ सुरक्षित मिल गया। बैग में रखे ₹5,000 नगद, कपड़े और घर की चाबियां भी सुरक्षित थीं।

सामान वापस मिलने पर सुरेश पटेल ने राहत की सांस ली। उन्होंने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया, प्रभारी कंट्रोल रूम आर.के.एस. चौहान तथा सीसीटीवी कंट्रोल रूम की पूरी टीम का धन्यवाद और आभार व्यक्त किया।

तकनीक के जरिए नागरिकों की मदद में सागर पुलिस

सागर पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था के साथ-साथ आम नागरिकों की सहायता के लिए भी तकनीक का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है। सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की मदद से पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए ऑटो की पहचान की और यात्री का महत्वपूर्ण सामान सुरक्षित वापस दिलाया। यह कार्रवाई पुलिस की तत्परता और तकनीकी दक्षता का उदाहरण है।

सागर में कांग्रेस सेवादल का 86वां मासिक ध्वजारोहण कार्यक्रम सम्पन्न

कांग्रेस शहर सेवादल परिवार का 86वां मासिक ध्वजारोहण कार्यक्रम चकराघाट कॉरिडोर पर सम्पन्न

तीनबत्ती न्यूज:30 अगस्त, 2026

सागर। कांग्रेस शहर सेवादल परिवार का हर माह के अंतिम रविवार को आयोजित होने वाला मासिक ध्वजारोहण कार्यक्रम रविवार को चकराघाट कॉरिडोर पर सम्पन्न हुआ। शहर सेवादल परिवार द्वारा आयोजित यह 86वां मासिक ध्वजारोहण कार्यक्रम था। कार्यक्रम में जिला शहर कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष प्रशांत समैया ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण किया।

इस अवसर पर प्रशांत समैया ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी विश्वविद्यालयों और युवाओं के बीच पहुंचकर उनकी आवाज को बुलंद करने के उद्देश्य से ‘छात्रों की गूंज’ नाम से देशव्यापी अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा भूल गई है कि प्रजातंत्र में प्रजा ही असली राजा होती है। देश के युवाओं ने सरकार के एक मंत्री का इस्तीफा कराकर एक नई अलख जगाई है।


समैया ने हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यक्रम के बाद भाजपा द्वारा कथित शुद्धिकरण किए जाने की भी निंदा की। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक सद्भाव के विपरीत बताया।

कार्यक्रम में सेवादल के प्रदेश महासचिव विजय साहू प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। आयोजन शहर सेवादल अध्यक्ष सिंटू कटारे द्वारा किया गया, जबकि संचालन द्वारका चौधरी ने किया।

ये रहे शामिल

इस अवसर पर अमित दुबे रामजी, जितेंद्र रोहण, राकेश राय, सागर साहू, महिला कांग्रेस अध्यक्ष किरणलता सोनी, जमनाप्रसाद सोनी, जिनेन्द्र जैन, राजा सेन, चमन अंसारी, वसीम खान, हरिश्चन्द सोनवार, नरेंद्र सोनी, नितिन पचौरी, रजिया खान, कल्लू पटेल, लल्ला यादव, अमर श्रीवास्तव, अंकुर यादव, परख शुक्ला, चंद्रभान अहिरवार, महेश यादव, कमल प्रसाद, अरविंद मछंदर, महेश सोनी, अन्नू घोसी, पंकज सोनी, प्रशांत सोनी, नरेश सनकत, अजय लारिया, नंद किशोर, शैलेश अकेला सहित रानी, ऊषा, आरती, परी, पीहू, मोहित, कमला, लक्ष्य, रूपचंद आदि उपस्थित रहे।

साप्ताहिक राशिफल 31 अगस्त से 6 सितंबर 2026: जानिए सभी 12 राशियों का भविष्यफल और उपाय

साप्ताहिक राशिफल: 31 अगस्त से 6 सितंबर 2026 तक जानिए कैसा रहेगा आपका सप्ताह , पंडित अनिल पाण्डेय से

तीनबत्ती न्यूज:30 अगस्त, 2026

प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य, प्रश्न कुंडली व वास्तु शास्त्र विशेषज्ञ पंडित अनिल कुमार पाण्डेय (सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता) के अनुसार, 31 अगस्त से 6 सितंबर 2026 तक के सप्ताह में ग्रहों का विशेष गोचर देखने को मिलेगा। इस सप्ताह सूर्य और बुध सिंह राशि में, मंगल मिथुन राशि में, गुरु कर्क राशि में, शनि वक्री होकर मीन राशि में तथा राहु कुंभ राशि में गोचर करेंगे। वहीं, शुक्र प्रारंभ में कन्या राशि में रहेंगे और 1 सितंबर की देर रात (4:55 बजे) तुला राशि में प्रवेश करेंगे।

ग्रहों की इस स्थिति के आधार पर पंडित अनिल पाण्डेय ने सभी 12 राशियों का साप्ताहिक राशिफल और सफलता के अचूक उपाय साझा किए हैं:

मेष राशि

यह सप्ताह आपकी संतान के लिए काफी अच्छा रहेगा और उन्हें सफलता प्राप्त होगी। छात्रों की पढ़ाई उत्तम चलेगी तथा परीक्षाओं में सफलता मिलेगी। प्रतिष्ठा बनी रहेगी और माता-पिता व जीवनसाथी का स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। अविवाहितों के लिए विवाह के अच्छे प्रस्ताव आ सकते हैं।

  • शुभ दिन: मंगलवार
  • उपाय: प्रतिदिन राम रक्षा स्तोत्र का पाठ करें।
  • शुभ तारीखें: 1, 2, 3 और 4 सितंबर। (31 अगस्त को सावधान रहें)।

वृष राशि

आपकी प्रतिष्ठा और पराक्रम में वृद्धि होगी। जनप्रतिनिधियों के लिए समय शुभ है। हालांकि, अधिकारी व कर्मचारियों को थोड़ा सतर्क रहना होगा। धन आगमन के मार्ग में कुछ रुकावटें आ सकती हैं, इसलिए भाग्य के भरोसे रहने के बजाय कर्म पर विश्वास करें।

  • शुभ दिन: शुक्रवार
  • उपाय: प्रतिदिन विष्णु सहस्रनाम का पाठ करें।
  • शुभ तारीखें: 3 और 4 सितंबर। (1 और 2 सितंबर को सतर्क रहें)।

मिथुन राशि

धन लाभ के अच्छे योग बने हुए हैं। भाई-बहनों की तरक्की होगी और पराक्रम में वृद्धि देखने को मिलेगी। संतान से भरपूर सहयोग मिलेगा और उनके सुख में बढ़ोतरी होगी। भाग्य की अपेक्षा अपने कर्म पर भरोसा रखें। जीवनसाथी का स्वास्थ्य ठीक रहेगा।

  • शुभ दिन: रविवार
  • उपाय: प्रतिदिन काले कुत्ते को तंदूर की रोटी खिलाएं।
  • शुभ तारीखें: 31 अगस्त, 5 और 6 सितंबर। (3 और 4 सितंबर को सावधान रहें)।

कर्क राशि

धन और प्रतिष्ठा दोनों की प्राप्ति होगी। व्यापार में वृद्धि के योग हैं। आपका और आपकी माता जी का स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। अधिकारी व कर्मचारियों को कार्यक्षेत्र में सतर्क रहने की आवश्यकता है। जनप्रतिनिधियों के लिए समय सामान्य रहेगा।

  • शुभ दिन: सोमवार
  • उपाय: प्रतिदिन हनुमान चालीसा का पाठ करें और शनिवार को दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में 3 बार पाठ करें।
  • शुभ तारीखें: 1 और 2 सितंबर। (5 और 6 सितंबर को सावधानी बरतें)।

सिंह राशि

आपका आत्मविश्वास उच्च स्तर पर रहेगा और कारोबार में बढ़ोतरी होगी। माता-पिता का स्वास्थ्य ठीक रहेगा। हालांकि, धन लाभ में कुछ कमी आ सकती है और कचहरी से जुड़े मामलों में सतर्कता बरतनी होगी।

  • शुभ दिन: गुरुवार
  • उपाय: प्रतिदिन लाल मसूर की दाल का दान करें और मंगलवार को हनुमान मंदिर में 3 बार हनुमान चालीसा का पाठ करें।
  • शुभ तारीखें: 3 और 4 सितंबर। (31 अगस्त को सचेत रहें)।

कन्या राशि

कचहरी के मामलों में प्रयास और धन खर्च के बाद सफलता मिलेगी। धन प्राप्ति की प्रबल संभावना है, अतः पूर्ण प्रयास करें। आपका और माता जी का स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। हालांकि, वाहन चलाते समय दुर्घटनाओं से सावधान रहें।

  • शुभ दिन: रविवार
  • उपाय: प्रतिदिन काली उड़द की दाल का दान करें और शनिवार को शनिदेव का पूजन करें।
  • शुभ तारीखें: 31 अगस्त, 3, 4, 5 और 6 सितंबर। (1 और 2 सितंबर को सतर्क रहें)।

तुला राशि

अविवाहित जातकों के लिए विवाह के बहुत अच्छे प्रस्ताव आएंगे। धन लाभ के बेहतरीन योग हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए भी यह सप्ताह काफी लाभदायक रहेगा। हालांकि, छात्रों को पढ़ाई में कुछ बाधाओं का सामना करना पड़ सकता है।

  • शुभ दिन: बुधवार
  • उपाय: प्रतिदिन रुद्राष्टक का पाठ करें।
  • शुभ तारीखें: 1 और 2 सितंबर। (31 अगस्त, 3 और 4 सितंबर को होशियारी से काम लें)।

वृश्चिक राशि

कोर्ट-कचहरी के मामलों में सफलता मिलेगी। नौकरीपेशा लोगों और अधिकारियों के लिए समय उत्तम है, कार्यालय में मान-सम्मान बढ़ेगा। भाग्य का पूरा साथ मिलेगा। भाई-बहनों से संबंधों में सुधार होगा, लेकिन वाहन चलाते समय सतर्कता जरूरी है।

  • शुभ दिन: गुरुवार
  • उपाय: प्रतिदिन शिव पंचाक्षर मंत्र का जाप करें।
  • शुभ तारीखें: 3 और 4 सितंबर।

धनु राशि

भाग्य का भरपूर साथ मिलने से थोड़े से प्रयास में ही बड़े काम बन जाएंगे। धन प्राप्ति के उत्तम योग बने हुए हैं। आपका स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। अधिकारी व कर्मचारियों के लिए समय सामान्य रूप से अनुकूल है।

  • शुभ दिन: रविवार
  • उपाय: प्रतिदिन शिव पंचाक्षर स्तोत्र का पाठ करें।
  • शुभ तारीखें: 31 अगस्त, 5 और 6 सितंबर। (3 और 4 सितंबर को सतर्क रहें)।

मकर राशि

जीवनसाथी और नौकरीपेशा जातकों के लिए यह सप्ताह बहुत शुभ रहेगा। शत्रुओं पर विजय प्राप्त होगी। छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता मिलेगी और संतान को लाभ होगा।

  • शुभ दिन: शुक्रवार
  • उपाय: प्रतिदिन गणेश अथर्वशीर्ष का पाठ करें।
  • शुभ तारीखें: 1, 2, 3 और 4 सितंबर। (5 और 6 सितंबर को सचेत रहें)।

कुंभ राशि

जीवनसाथी और व्यापारियों के लिए यह सप्ताह बेहतरीन रहेगा। व्यापार में उन्नति के साथ-साथ धन लाभ होगा। माता-पिता का स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। आप जितनी मेहनत करेंगे, उससे बेहतर परिणाम आपको प्राप्त होंगे।

  • शुभ दिन: शुक्रवार
  • उपाय: प्रतिदिन गायत्री मंत्र का जाप करें।
  • शुभ तारीखें: 3 और 4 सितंबर।

मीन राशि

शत्रुओं पर विजय प्राप्त होगी। संतान और छात्रों के लिए यह सप्ताह बहुत अच्छा है, परीक्षाओं में सफलता मिलेगी। नौकरीपेशा जातकों के लिए समय ठीक-ठाक है। हालांकि, अपनी प्रतिष्ठा को लेकर थोड़ा सतर्क रहने की जरूरत है।

  • शुभ दिन: रविवार
  • उपाय: प्रतिदिन भगवान शिव का दूध और जल से अभिषेक करें।
  • शुभ तारीखें: 31 अगस्त, 5 और 6 सितंबर।

(विशेष नोट: यह सामान्य राशिफल है। व्यक्तिगत कुंडली विश्लेषण और सटीक भविष्यवाणी के लिए पंडित अनिल कुमार पाण्डेय से साकेत धाम कॉलोनी, मकरोनिया, सागर (म.प्र.) या दूरभाष 8959594400 पर संपर्क किया जा सकता है।)