सूरज सोनी बने अयोध्यावासी स्वर्णकार क्षत्रिय समाज सागर के युवा अध्यक्ष

सूरज सोनी बने अयोध्यावासी स्वर्णकार क्षत्रिय समाज सागर के युवा अध्यक्ष


तीनबत्ती न्यूज: 24 जून,2026

सागर: अयोध्यावासी क्षत्रिय स्वर्णकार समाज की बैठक धनुषधारी मंदिर चकराघाट में समाज के अध्यक्ष वृंदावन सोनी की अध्यक्षता में हुई जिसमें समाज के सभी वरिष्ठ एवं युवाओं ने अपने अपने विचार रखे समाज को आगे बढ़ाने में सभी न सहयोग करने की शपथ ली। इसमें  युवा ईकाई के अध्यक्ष सूरज सोनी,  कार्यकारी अध्यक्ष सत्यम सोनी,व्यवस्थापक अध्यक्ष मधुर सोनी,कार्यवाहक अध्यक्ष हर्ष सोनीमंत्री निखिल सोनी, सहमंत्री कान्हा सोनी कोषाध्यक्ष प्रशांत सोनीसहकोषाध्यक्ष आदर्श सोनी मीडिया प्रभारी मंयक सोनी गज्जू सोनी,उपाध्यक्ष दीपक सोनी बनाए गये ।

वही कार्यकारणी संरक्षक मंडल भी बनाया गया है जिसमें संरक्षक मंडल में त्रिभुवन सोनी, राहुल मुखिया, दीपक बरेला, पप्पू अंबा , आशु मुखिया, नितिन सदर, पप्पू सोनी आदि बनाए गए।

अध्यक्ष सूरज सोनी ने बताया कि समाज के बेरोजगार युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए आगे पहल करेंगे क्योंकि सोने चांदी के भाव बढ़ने से समाज के युवा बहुत परेशान चल रहे है जिसमें उनको आगे काम दिए जाएंगे ताकि उनके परिवार का पालन पोषण अच्छे से चल सके सभी समाज के युवाओं को आगे सामाजिक योगदान में गरीब बच्चों की पढ़ाई या किसी की फीस नहीं भरने पर समाज के लोग फीस भरेंगे ऐसे काम किये जायेगे।

डिजिटल ठगी पर लगेगी लगाम: सागर में "SAFE Click" अभियान का शुभारंभ, 15 दिनों तक हर वर्ग को किया जाएगा साईबर ठगी के खिलाफ जागरूक

डिजिटल ठगी पर लगेगी लगाम: सागर में "SAFE Click" अभियान का शुभारंभ, 15 दिनों तक हर वर्ग को किया जाएगा साईबर ठगी के खिलाफ जागरूक



तीनबत्ती न्यूज: 24 जून,2026

सागर: बढ़ते डिजिटल अपराधों पर लगाम लगाने और आम जनता को जागरूक करने के लिए सागर पुलिस ने कमर कस ली है। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार, आज से जिलेभर में 15 दिवसीय "SAFE Click" साइबर जागरूकता पखवाड़े का शानदार शुभारंभ किया गया है। यह व्यापक जनजागरूकता अभियान अगले 15 दिनों तक जिले के हर कोने में चलाया जाएगा। 

पुलिस अधीक्षक (SP) अनुराग सुजानिया के निर्देशन में इस अभियान को शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में जमीनी स्तर पर ले जाया जा रहा है। अभियान के सफल संचालन के लिए एएसपी जयवीर सिंह भदौरिया, एएसपी नरेंद्र सोलंकी सहित सभी एसडीओपी और थाना प्रभारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।


​हर वर्ग को किया जाएगा जागरूक, ये रहेंगे मुख्य कार्यक्रम

​यह अभियान समाज के हर वर्ग—विद्यार्थियों, महिलाओं, बुजुर्गों, किसानों और व्यापारियों को साइबर सुरक्षा के प्रति सजग बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। 15 दिनों तक प्रतिदिन अलग-अलग गतिविधियां आयोजित होंगी, जिनमें प्रमुख हैं:

  • स्कूल-कॉलेजों में सेमिनार: छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन सुरक्षा और साइबर बुलिंग की जानकारी दी जाएगी।
  • ग्रामीण क्षेत्रों में 'साइबर चौपाल': ग्राम पंचायतों में चौपाल लगाकर ग्रामीणों को ठगी के तरीकों से सचेत किया जाएगा।
  • डिजिटल भुगतान सुरक्षा: बैंकों, वित्तीय संस्थानों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षित डिजिटल ट्रांजैक्शन के गुर सिखाए जाएंगे।
  • नुक्कड़ नाटक और रैली: कलात्मक और प्रभावी माध्यमों से बाजारों, अस्पतालों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता फैलाई जाएगी।
  • सोशल मीडिया व मुनादी: लाउडस्पीकर (मुनादी) और सोशल मीडिया के जरिए हर घर तक संदेश पहुँचाया जाएगा।


​'डिजिटल अरेस्ट' और ऑनलाइन ठगी से बचाव के मिलेंगे टिप्स

​अभियान के दौरान नागरिकों को इन दिनों तेजी से बढ़ रहे अपराधों जैसे—डिजिटल अरेस्ट, फर्जी लिंक, ओटीपी (OTP) और यूपीआई (UPI) धोखाधड़ी, सोशल मीडिया क्राइम तथा साइबर बुलिंग से बचने के व्यावहारिक तरीके सिखाए जाएंगे।

​हेल्पलाइन नंबर 1930 का होगा व्यापक प्रचार

​यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है, तो उसे तत्काल क्या कदम उठाने चाहिए, इसकी जानकारी भी दी जाएगी। अभियान के तहत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा ताकि पीड़ित समय रहते अपनी शिकायत दर्ज करा सकें।

सागर पुलिस की अपील:

सागर पुलिस ने जिले के सभी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षण संस्थानों, व्यापारी संगठनों, बैंक अधिकारियों और युवाओं से इस जनहितैषी अभियान से जुड़ने और इसे एक जन-आंदोलन बनाने की अपील की है, ताकि सागर जिले को साइबर अपराध मुक्त बनाया जा सके।

Sagar News: 'आपकी महापौर आपके द्वार' शिविर में हुआ समस्याओं का त्वरित समाधान ▪️महाराणा प्रताप प्रतिमा के स्थल का किया निरीक्षण, शीघ्र कार्रवाई के दिए निर्देश

Sagar News: 'आपकी महापौर आपके द्वार' शिविर में हुआ समस्याओं का त्वरित समाधान 

▪️महाराणा प्रताप प्रतिमा के स्थल का किया निरीक्षण, शीघ्र कार्रवाई के दिए निर्देश


तीनबत्ती न्यूज: 24 जून ,2026

​सागर। नगर निगम द्वारा नागरिकों की समस्याओं के घर बैठे निराकरण के लिए चलाए जा रहे "आपकी महापौर आपके द्वार एवं जनचौपाल" अभियान का 17वां शिविर  गुरु गोविंद सिंह और तुलसी नगर वार्ड के मंगल भवन में आयोजित किया गया। महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुए इस शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे वार्डवासियों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया। साथ ही शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों से आवेदन लेकर आवश्यक प्रक्रिया शुरू की गई।


​बारिश से पहले नाला सफाई और सड़क निर्माण का आश्वासन

​शिविर के दौरान वार्डवासियों की मांग पर महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने तुलसीनगर एवं गुरु गोविंद सिंह वार्ड स्थित पटीवारी नाले का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि बारिश से पहले बड़ी जेसीबी मशीन लगाकर नाले की पूरी सफाई कराई जाए, ताकि वर्षाकाल में किसी भी घर में नाले का पानी न घुसे। इसके अलावा उन्होंने दोनों वार्डों में आवश्यकतानुसार नाला और सड़क निर्माण कार्य कराने का आश्वासन भी दिया।

​जनहितैषी योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता: महापौर

​इस अवसर पर महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में संचालित योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शिविरों में वृद्धावस्था पेंशन, कल्याणी पेंशन, संबल कार्ड, समग्र आईडी, राशन पर्ची, पीएम आवास योजना, स्ट्रीट लाइट, अतिक्रमण, जलप्रदाय और स्वच्छता जैसी समस्याओं का मौके पर ही निपटारा किया जा रहा है।

भाजपा नेता सुशील तिवारी ने कहा कि नागरिकों की छोटी-छोटी समस्याओं का समाधान उनके ही वार्ड में करने की यह एक अभिनव पहल है। इस व्यवस्था से लोगों को दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ रहे हैं।


​प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद: रिशांक तिवारी

​प्रदेश भाजपा पैनलिस्ट एवं संकल्प फाउंडेशन के अध्यक्ष रिशांक तिवारी ने कहा कि जनचौपाल शिविर नागरिकों और प्रशासन के बीच सीधे संवाद का एक प्रभावी माध्यम साबित हो रहे हैं। महापौर के निर्देशानुसार, शिविर में आने वाले आवेदनों की नियमित समीक्षा कर संबंधित विभागों को समय पर कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

​शिविर में ये रहे मौजूद

​इस अवसर पर एमआईसी सदस्य व पार्षद श्रीमती सोना पटेल, श्रीमती रूबी पटेल, श्री प्रहलाद पटेल, पार्षद प्रतिनिधि कनई पटेल, सोमेश जड़िया, कृष्ण कुमार पटेल, पूर्व पार्षद कल्याण अहिरवार, राजस्व अधिकारी बृजेश तिवारी, योजना प्रभारी जया श्रीवास्तव, एनयूएलएम सिटी मैनेजर विक्रम जैन, निगम सचिव मुन्नालाल रैकवार सहित नगर निगम के तमाम अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित थे।


महाराणा प्रताप प्रतिमा के स्थल का किया निरीक्षण, शीघ्र कार्रवाई के दिए निर्देश

महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने सिटी स्टेडियम के समीप प्रस्तावित महाराणा प्रताप प्रतिमा स्थापना स्थल का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को निर्माण एवं विकास कार्यों में तेजी लाने तथा सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने बताया कि सिटी स्टेडियम के पास वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 20 फुट ऊंची एवं 20 फुट लंबी भव्य प्रतिमा शीघ्र स्थापित की जाएगी। यह प्रतिमा न केवल महाराणा प्रताप के अदम्य साहस, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति की प्रतीक होगी, बल्कि शहर की सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक पहचान को भी नई ऊंचाई प्रदान करेगी। महापौर ने कहा कि महाराणा प्रताप की प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रप्रेम, स्वाभिमान और संघर्ष की प्रेरणा प्रदान करेगी। उन्होंने स्थल पर पहुंचकर उपलब्ध व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। साथ ही प्रतिमा स्थल को आकर्षक, व्यवस्थित एवं जनसुविधाओं से युक्त विकसित किया जाए ताकि यह शहर के प्रमुख दर्शनीय एवं प्रेरणादायी स्थलों में शामिल हो सके। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता एवं महापौर प्रतिनिधि डॉ. सुशील तिवारी,  पार्षद रुबी पटेल, प्रहलाद पटेल, श्रीमती सोना पटेल,प्रदेश भाजपा पैनलिस्ट रिशांक तिवारी, पार्षद प्रतिनिधि सोमेश जड़िया,कनई पटेल, कृष्ण कुमार पटेल,उपयंत्री श्री आयुष शुक्ला एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Sagar News: कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों की बैठक में दी कड़ी चेतावनी ; लापरवाही पर तहसीलदार को नोटिस और रीडर को निलंबित करने के निर्देश

Sagar News: कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों की बैठक में दी कड़ी चेतावनी ; लापरवाही पर तहसीलदार को नोटिस और रीडर को निलंबित करने के निर्देश


तीनबत्ती न्यूज : 24 जून 2026

सागर: कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्व मामलों की व्यापक समीक्षा की गई। कलेक्टर ने स्पष्ट लहजे में कहा कि जनहित के कार्यों और राजस्व मामलों में किसी भी प्रकार की लेट लतीफी  नहीं होनी चाहिए। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों -कर्मचारियों पर तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। बैठक में न्यायालयवार आरसीएमएस में पंजीकृत, निराकृत और लंबित प्रकरणों की गहन समीक्षा की गई।


पढ़ने क्लिक करे :सरस्वती शिशु मंदिर के आचार्य और उनके माओं बेटे की दुखद मौत

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी राजस्व न्यायालयों के बाहर अनिवार्य रूप से वाद सूची  चस्पा की जाए और भौतिक दायरे/रजिस्टर आवश्यक रूप से बनाए जाएं। पुरानी शिथिल व्यवस्थाओं को तत्काल बंद किया जाए। न्यायालयीन आदेशों को अमल में लाने की नियमानुसार प्रक्रिया अपनाई जाए और ऐसा न होने की स्थिति में सीधे पीठासीन अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। विगत दिवस राहतगढ़ तहसील कार्यालय भ्रमण के दौरान कार्य में घोर लापरवाही पाए जाने पर कलेक्टर ने राहतगढ़ तहसीलदार को कारण बताओ नोटिस तथा तहसीलदार राहतगढ़ के रीडर को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं।

समय-सीमा की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने नामांतरण के लंबित मामलों को आगामी 10 दिनों में हर हाल में शून्य पर लाने के निर्देश दिए। बंटवारे के प्रकरण भी अधिकतम तीन महीने के भीतर अनिवार्य रूप से निराकृत होने चाहिए। वहीं, सीमांकन के लंबित मामलों को आगामी 10 दिनों के भीतर (बारिश शुरू होने से पहले) मौके पर जाकर निपटाने की सख्त समय-सीमा तय की गई है। इसके अलावा, फार्मर रजिस्ट्री के कार्य को गति देते हुए 15 अगस्त तक शत-प्रतिशत बायोमैट्रिक और बकेटिंग का कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। भू-अर्जन और बंडा सिंचाई परियोजना (उल्दन बांध) की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने कहा कि परियोजना के अंतर्गत आने वाले सभी प्रभावितों को मुआवजा राशि का शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित किया जाए। बंडा में जिन संरचनाओं को खाली किया जा चुका है, उन्हें समानांतर रूप से ढहाने की कार्रवाई आगामी भी पूर्ण कर शत-प्रतिशत शिफ्टिंग सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि भू-अर्जन के जितने भी मामले लंबित हैं, उनमें धारा अंतर्गत कार्रवाई, प्रकाशन और मुआवजा वितरण की समस्त कार्रवाई 15 जुलाई तक अनिवार्य रूप से पूर्ण की जाए। इसके साथ ही वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व से जुड़े भू-अर्जन मामलों की भी समीक्षा की गई।


बैठक में राजस्व वसूली की प्रगति बढ़ाने और नजूल भूमि के नवीनीकरण के लंबित मामलों का त्वरित निराकरण करने को कहा गया। राहत प्रकरणों में आरबीसी 6/4 के तहत मांग पत्र और आर्थिक सहायता के मामलों को समय पर निराकृत करने के निर्देश दिए गए। सीएम हेल्पलाइन तथा जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का समय-सीमा के भीतर संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने की हिदायत दी गई। बैठक में मानसून पूर्व तैयारियां व कंट्रोल रूम की स्थापना, शासकीय स्कूलों में पुस्तकों की उपलब्धता, औषधि निरीक्षक व खाद्य सुरक्षा अधिकारी के साथ मिलकर मेडिकल और खाद्य प्रतिष्ठानों का नियमित संयुक्त निरीक्षण करने के कड़े निर्देश दिए गए।


कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने सभी राजस्व अधिकारियों को मुस्तैदी से फील्ड में उतरकर काम करने और आमजन की समस्याओं को संवेदनशीलता से समय पर हल करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर से अविनाश रावत, सिटी मजिस्ट्रेट श्री गगन बिसेन, सभी एसडीएम, तहसीलदार और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।



सर्पदंश से होने वाली मौतों का होगा 'डेथ ऑडिट'; झाड़-फूंक कर भ्रांति फैलाने वालों पर कसेगा शिकंजा : कलेक्टर प्रतिभा पाल

सर्पदंश से होने वाली मौतों का होगा 'डेथ ऑडिट'; झाड़-फूंक कर भ्रांति फैलाने वालों पर कसेगा शिकंजा : कलेक्टर प्रतिभा पाल


तीनबत्ती न्यूज : 24 जून 2026
सागर: जिले में सर्पदंश (सांप काटने) के मामलों में त्वरित उपचार सुनिश्चित करने और अंधविश्वास के कारण होने वाली मौतों को रोकने के लिए कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले में सर्पदंश से होने वाली प्रत्येक मृत्यु का  रूप से डेथ ऑडिट किया जाए और इसके कारणों की बैक ट्रैक जांच की जाए।


कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि इस बात का गहन विश्लेषण हो कि मरीज को सांप काटने के बाद अस्पताल पहुंचने में देरी क्यों हुई और क्या उसे समय पर इलाज मिला? इसके साथ ही उन्होंने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में झाड़-फूंक, तंत्र-मंत्र या जहर उतारने का दावा करने वाले व्यक्तियों , भ्रांति फैलाने वाले लोगों की पहचान कर तत्काल बैठक आयोजित करने को कहा है। ऐसे लोग जो समाज में अंधविश्वास पैदा कर मरीजों की जान जोखिम में डालते हैं, उन पर सख्त दबिश दी जाएगी।
 
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने जिले की सभी स्वास्थ्य सुविधा केंद्रों और अस्पतालों में करेत, कोबरा, रसेल, वाइपर जैसे जहरीले सांपों के काटने पर दिए जाने वाले एंटीवेनम इंजेक्शन की पर्याप्त और समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए हैं, ताकि पीड़ित को समय रहते जीवनदान मिल सके। प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक के चक्कर में समय गंवाने के बजाय मरीज को तुरंत नजदीकी शासकीय अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।

Sagar News: इंदिरा ज्योति यात्रा' और 'चलें रामराज्य की ओर संकल्प यात्रा' का प्रथम चरण संपन्न; आधी आबादी को सुरक्षा और युवाओं को रोजगार दिलाना मुख्य लक्ष्य

Sagar News: इंदिरा ज्योति यात्रा' और 'चलें रामराज्य की ओर संकल्प यात्रा' का प्रथम चरण संपन्न; आधी आबादी को सुरक्षा और युवाओं को रोजगार दिलाना मुख्य लक्ष्य


तीनबत्ती न्यूज: 23 जून,2026

सागर : देश में निजीकरण और आउटसोर्सिंग के खिलाफ, युवाओं को हक दिलाने और पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी के खिलाफ हो रहे दुष्प्रचार का पुरजोर जवाब देने के लिए 'सम्यक अभियान' द्वारा संचालित इंदिरा ज्योति यात्रा' एवं 'चलें रामराज्य की ओर संकल्प यात्रा' के प्रथम चरण का सागर में समारोह पूर्वक समापन हुआ। जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मुहासा एवं शहर अध्यक्ष महेश जाटव की विशेष उपस्थिति और नेतृत्व में आयोजित इस मुख्य कार्यक्रम में समाज और राष्ट्र को रामराज्य की ओर ले जाने का सामूहिक संकल्प दोहराया गया।     


भ्रष्ट आतताइयों के राज में रामराज्य की बात करना साहस का काम: गुरुदेव रोकड़े

मुख्य कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सम्यक अभियान के प्रमुख गुरुदेव भास्कर राव रोकड़े ने कहा कि आज के भ्रष्ट आतताइयों के राज में 'रामराज्य' की बात करना ही बड़ा साहस है। महात्मा गांधी ने 1929 में जिस भय, भ्रष्टाचार और भेदभाव मुक्त रामराज्य का सपना देखा था, उसे इंदिरा जी ने ही 1969 में वैश्विक पटल पर उतारा। आज युवाओं को शोषण से मुक्ति दिलाने के लिए इसी व्यवस्था को पुनः स्थापित करना होगा।

जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मुहासा ने सम्यक अभियान के वैचारिक उद्देश्यों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण अंचल का किसान और मजदूर इस शंखनाद के साथ खड़ा है। कांग्रेस ग्रामीण संगठन इस यात्रा को अपना पूर्ण समर्थन देता है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि शहरी क्षेत्र का प्रबुद्ध वर्ग और युवा इस ऐतिहासिक यात्रा के संदेश से बेहद प्रभावित हैं। शहर कांग्रेस इस बदलाव की लड़ाई में पूरी ताकत से कंधे से कंधा मिलाकर चलेगी।

कार्यक्रम की शुरुआत में यात्रा अभियान के जिला प्रभारी जगदीश यादव ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने देश के गौरवशाली इतिहास और ऐतिहासिक धरोहरों के साथ की जा रही छेड़छाड़ पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इस प्रवृत्ति के खिलाफ अपना गहरा आक्रोश व्यक्त किया।सम्यक अभियान के संयोजक शैलेंद्र श्रीवास्तव ने अभियान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रीवा से शुरू हुआ यह आंदोलन अब जनक्रांति बन चुका है। हमारा लक्ष्य निजी क्षेत्र के कर्मचारियों को शोषण से मुक्ति दिलाना, आउटसोर्सिंग बंद कराना और कृषि में 'कम्युनिटी फार्मिंग सिस्टम' लाना है।


अभियान के प्रदेश प्रभारी पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा ने कहा एआईसीसी के निर्देश पर यह अभियान तीन राज्यों में चल रहा है। प्रथम चरण की सफलता के बाद अगले तीन वर्षों में तीनों राज्यों के सभी जिलों में सघन 'जिलाव्यापी यात्राएं' शुरू होंगी।पूर्व मंत्री हर्ष यादव ने कहा बढ़ती बेरोजगारी और अंधाधुंध निजीकरण के इस दौर में यह यात्रा युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए एक मजबूत कवच साबित होगी।

प्रदेश कांग्रेस महासचिव रेखा चौधरी ने कहा कि गांधी और इंदिरा जी के सपनों का 'रामराज्य' तब तक अधूरा है, जब तक आधी आबादी (महिलाओं) को समाज में पूर्ण सुरक्षा, भयमुक्त वातावरण और सम्मानजनक अधिकार नहीं मिल जाते। जबलपुर से आयी अनुभा शर्मा ने अभियान की प्रासंगिकता को रेखांकित करते हुए समाज के हर वर्ग को इस न्यायसंगत आंदोलन से जुड़ने का आह्वान किया। युवा व छात्र नेता यशवर्धन सिंह बैस  मंच से युवाओं और छात्रों की बुलंद आवाज बनते हुए उन्होंने कहा, "मैं भी एक स्टूडेंट हूं और आज का छात्र आउटसोर्सिंग व निजीकरण की मार झेल रहा है।" 

इस ऐतिहासिक मुख्य कार्यक्रम का संचालन मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता डॉ. संदीप सबलोक ने किया। कार्यक्रम का भव्य समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसका संयोजन सेवादल अध्यक्ष बी डी पटेल एवं सिंटू कटारे और उनके सहयोगियों ने किया।

ये रहे शामिल

इस अवसर पर पूर्व मंत्री प्रभु सिंह ठाकुर, पूर्व निगम अध्यक्ष त्रिलोकीनाथ कटारे, पूर्व सांसद डॉ आनंद अहिरवार, पूर्व विधायक नारायण प्रजापति, तरवर सिंह लोधी, सुनील जैन,माधवी चौधरी, राजकुमार घनोरा, अभिषेक गौर,रमाकांत यादव, आशु भाईजान,  मनोज पवार, युवा कांग्रेस अध्यक्ष संदीप चौधरी, सागर साहू और नरयावली विधानसभा प्रभारी लक्ष्मण सिंह ठाकुर सहित बड़ी संख्या में जिले सें पधारे ब्लॉक अध्यक्ष गण,नगर निगम पार्षद, पंचायत प्रतिनिधि, कांग्रेस पदाधिकारी, सेवादल युवा कांग्रेस महिला कांग्रेस एनएसयूआई विभिन्न विभागों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी व प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। उक्त आशय की जानकारी जिला प्रवक्ता ग्रामीण सूर्या शुक्ला ने दी।

आपातकाल की बरसी पर सागर में संगोष्ठी : डिप्टी सीएम राजेन्द्र शुक्ल करेंगे लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान : जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने की जिला प्रभारी मंत्री से की भेंट

आपातकाल की बरसी पर सागर में संगोष्ठी : डिप्टी सीएम राजेन्द्र शुक्ल करेंगे लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान : जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने की जिला प्रभारी मंत्री से की भेंट


तीनबत्ती न्यूज: 23 जून,2026

सागर। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने मंगलवार को भोपाल पहुंचकर मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं सागर जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. राजेन्द्र शुक्ल से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने जिले में आयोजित संगठनात्मक गतिविधियों, जनसंपर्क अभियानों एवं विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी साझा करते हुए समसामयिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की।

भेंट के दौरान जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने उपमुख्यमंत्री डॉ. राजेन्द्र शुक्ल को आगामी 25 जून को आपातकाल की 51वीं बरसी के अवसर पर सागर में आयोजित होने वाली विशेष संगोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने हेतु आमंत्रित किया। उपमुख्यमंत्री डॉ. शुक्ल ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए कार्यक्रम में सहभागिता की सहमति प्रदान की।

जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने बताया कि 25 जून 1975 को लगाया गया आपातकाल भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का सबसे काला अध्याय माना जाता है। इस अवसर पर आयोजित संगोष्ठी में लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले लोकतंत्र सेनानियों, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं एवं प्रबुद्ध नागरिकों का सम्मान किया जाएगा तथा उस दौर के संघर्ष, त्याग और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए किए गए योगदान को स्मरण किया जाएगा।


जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने बताया कि "आपातकाल के काले दिवस" के अवसर पर 25 जून को आयोजित होने वाले कार्यक्रम के सफल एवं प्रभावी संचालन हेतु जिला स्तरीय टोली का गठन किया गया है। इसमें जिला उपाध्यक्ष विक्रम सोनी को संयोजक तथा जिला महामंत्री सुमित यादव एवं जिला मंत्री सविता साहू को सहसंयोजक बनाया गया है।

​स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल से मिले विधायक प्रदीप लारिया: जिला चिकित्सालय का विलय नहीं हो बीएमसी में,नए निर्माण का उपयुक्त स्थल चयन हो

स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल से मिले विधायक प्रदीप लारिया: जिला चिकित्सालय का विलय नहीं हो बीएमसी में,नए निर्माण का उपयुक्त स्थल चयन हो


तीनबत्ती न्यूज: 23 जून,2026

भोपाल/सागर। नरयावली विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण और चिकित्सा अधोसंरचना के विस्तार को लेकर क्षेत्रीय विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने भोपाल प्रवास के दौरान प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल से सौजन्य भेंट की। इस राजनीतिक और प्रशासनिक रूप से महत्वपूर्ण बैठक में विधायक लारिया ने क्षेत्र की स्वास्थ्य संबंधी प्रमुख मांगों को उपमुख्यमंत्री के समक्ष मजबूती से रखा।

पामाखेड़ी और परसोरिया स्वास्थ्य केंद्रों में स्टाफ की मांग

​भेंट के दौरान विधायक प्रदीप लारिया ने नरयावली क्षेत्र के ग्रामीण एवं शहरी अंचलों में स्वास्थ्य सेवाओं की बढ़ती आवश्यकताओं का उल्लेख किया। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पामाखेड़ी एवं परसोरिया में चिकित्सकीय व पैरामेडिकल स्टाफ की तत्काल पदस्थापना और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का आग्रह किया। विधायक ने कहा कि पर्याप्त मानव संसाधन के अभाव में ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों को समय पर उचित इलाज मिलने में परेशानी आ रही है।

मकरोनिया सिविल अस्पताल को पूर्ण क्षमता से शुरू करने पर जोर

​विधायक श्री लारिया ने मकरोनिया स्थित नव-निर्मित शासकीय शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सिविल अस्पताल) को शीघ्र ही पूर्ण क्षमता से संचालित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने उपमुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि अस्पताल में चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य पैरामेडिकल कर्मियों की जल्द नियुक्ति की जाए ताकि स्थानीय आमजन को उच्च स्तरीय और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं नजदीकी क्षेत्र में ही मिल सकें।

जिला चिकित्सालय को लेकर अहम सुझाव: मेडिकल कॉलेज में न हो विलय

​जिला चिकित्सालय (जिला अस्पताल) की स्वतंत्र उपयोगिता को लेकर विधायक लारिया ने एक बेहद महत्वपूर्ण सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि जनहित और चिकित्सा सेवाओं की सुगमता को देखते हुए जिला चिकित्सालय को मेडिकल कॉलेज (BMC) में विलय न किया जाए। जिला अस्पताल की स्वतंत्र पहचान यथावत रखी जानी चाहिए और इसके विस्तार के लिए किसी उपयुक्त नवीन स्थल का चयन किया जाना चाहिए, जिससे आम जनता को दोनों ही बड़े संस्थानों (मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल) की सेवाओं का लाभ समान रूप से और आसानी से मिल सके।

उपमुख्यमंत्री ने दिया सकारात्मक आश्वासन

​उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने विधायक प्रदीप लारिया द्वारा उठाए गए सभी विषयों और सुझावों को बेहद गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने नरयावली क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा स्टाफ व संसाधनों की कमी को दूर करने की दिशा में सकारात्मक पहल करने का पूरा आश्वासन दिया है।


सागरवासियों सौगात: अब सप्ताह में 2 दिन चलेगी हजरत निजामुद्दीन - अंबिकापुर एक्सप्रेस: सांसद डॉ. लता वानखेड़े

सागरवासियों  सौगात: अब सप्ताह में 2 दिन चलेगी हजरत निजामुद्दीन - अंबिकापुर एक्सप्रेस:  सांसद डॉ. लता वानखेड़े 


सागर। सागर लोकसभा क्षेत्र के यात्रियों, व्यापारियों और छात्र-छात्राओं के लिए एक बेहद राहत भरी खबर है। सांसद डॉ. लता वानखेड़े द्वारा रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए किए जा रहे लगातार प्रयासों को एक और बड़ी सफलता मिली है। रेलवे बोर्ड ने गाड़ी संख्या 22407/22408 अंबिकापुर–हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस के फेरे (फ्रीक्वेंसी) बढ़ा दिए हैं। अब यह ट्रेन साप्ताहिक (हफ्ते में 1 दिन) के बजाय सप्ताह में दो दिन संचालित की जाएगी।

--------------

फेसबुक पर पढ़ने क्लिक करे

सागरवासियों को सौगात: अब सप्ताह में 2 दिन चलेगी हजरत निजामुद्दीन - अंबिकापुर एक्सप्रेस: सांसद डॉ. लता वानखेड़े

-------+---

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के सामने प्रमुखता से उठाई थी मांग

​सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने बताया कि सागर क्षेत्र के व्यापारियों, विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं और नौकरीपेशा लोगों की सुविधा के लिए उन्होंने इस मांग को रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव के समक्ष प्रमुखता से रखा था। रेल मंत्रालय द्वारा इस जनहितकारी मांग को स्वीकार करना पूरे सागर संभाग के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।

दिल्ली जाने वाले व्यापारियों को मिलेगी बड़ी राहत, समय की होगी बचत

​सांसद डॉ. वानखेड़े ने इस ट्रेन की उपयोगिता बताते हुए कहा कि यह ट्रेन सागर के यात्रियों के लिए समय के लिहाज से सबसे उत्तम है। दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन स्टेशन से रात लगभग 11 बजे चलकर यह अगले दिन सुबह 8:30 बजे सागर पहुंच जाती है। इससे यात्रियों का पूरा दिन बचता है और वे रातभर में आरामदायक सफर तय कर सुबह अपने काम पर लग सकते हैं।"

उन्होंने आगे कहा कि अब तक दिल्ली जाने के लिए सागर के व्यापारी मुख्य रूप से गोंडवाना एक्सप्रेस पर निर्भर थे, जिसके लिए उन्हें दोपहर 3 बजे ही स्टेशन निकलना पड़ता था। इससे उनका पूरा कार्यदिवस प्रभावित होता था। अब इस ट्रेन के दो दिन चलने से व्यापारियों के समय की बचत होगी और क्षेत्र के व्यापार-व्यवसाय को गति मिलेगी।

इन क्षेत्रों के यात्रियों को सीधा फायदा

​इस निर्णय से न केवल सागर, बल्कि दमोह, कटनी और आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को देश की राजधानी दिल्ली और छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर आने-जाने में बड़ी सहूलियत होगी।

इन प्रमुख स्टेशनों से गुजरेगी ट्रेन:

​यह ट्रेन अपनी यात्रा के दौरान दोनों दिशाओं में इन प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी:

  • ​हज़रत निज़ामुद्दीन (NZM)
  • ​मथुरा जंक्शन (MTJ)
  • ​आगरा कैंट (AGC)
  • ​ग्वालियर जंक्शन (GWL)
  • ​वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी जंक्शन (VGLJ)
  • सागर (SGO)
  • दमोह (DMO)
  • कटनी मुड़वारा (KMZ)
  • ​उमरिया (UMR)
  • ​शहडोल (SDL)
  • ​अनूपपुर जंक्शन (APR)
  • ​कोतमा (KTMA)
  • ​बिजुरी (BJRI)
  • ​बैकुंठपुर रोड (BRH)
  • ​सूरजपुर रोड (SJQ)
  • ​अंबिकापुर (ABKP)

पीएम मोदी और रेल मंत्री का जताया आभार

​इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का हृदय से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार निरंतर जनभावनाओं के अनुरूप काम कर रही है और वे सागर लोकसभा क्षेत्र के विकास और जनता की सुविधाओं के लिए आगे भी इसी तरह पूरी प्रतिबद्धता से प्रयास करती रहेंगी।

कलेक्टर का सख्त निर्देशः बारिश के पूर्व पूर्ण करें सीमांकन का शत-प्रतिशत कार्य, उर्वरक और सम्मान निधि के लिए किसानों की फार्मर आईडी बनाना अनिवार्य ▪️जनसुनवाई के बाद कलेक्टर ने किया SDM कार्यालय का निरीक्षण

कलेक्टर का सख्त निर्देशः बारिश के पूर्व पूर्ण करें सीमांकन का शत-प्रतिशत कार्य, उर्वरक और सम्मान निधि के लिए किसानों की फार्मर आईडी बनाना अनिवार्य

▪️जनसुनवाई के बाद कलेक्टर ने किया SDM कार्यालय का निरीक्षण 

तीनबत्ती न्यूज: 23 जून 2026

सागर: कलेक्टर  प्रतिभा पाल ने आज राहतगढ़ में आयोजित जनसुनवाई के उपरांत जनसुनवाई स्थल पर उपस्थित समस्त ग्राम पंचायत सचिवों, ग्राम रोजगार सहायकों, ब्लॉक अधिकारियों, तहसीलदारों एवं जिला स्तरीय अधिकारियों को फॉर्मर आइडी, राजस्व एवं जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों के शीघ्रता से निराकरण के संबंध में निर्देश दिए।

कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने स्पष्ट किया कि जनसामान्य से जुड़े सभी कार्यों को सर्वाेच्च प्राथमिकता के साथ तेजी से पूर्ण कराया जाए। जनसुनवाई में प्राप्त होने वाले आवेदनों की बारीकी से स्क्रूटनी कर उनका त्वरित निराकरण किया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि किसानों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण फार्मर आईडी बनवाने का कार्य शीघ्रता से पूर्ण करें और शेष बचे सभी किसानों का एग्रीस्टेक पोर्टल पर अनिवार्य रूप से पंजीयन कराएं।

कलेक्टर श्रीमती पाल ने श्रमिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए निर्देशित किया कि वीबी जी रामजी (मनरेगा) योजना के तहत किए गए कार्यों का शेष भुगतान आगामी 30 जून तक हर हाल में पूर्ण करा लिया जाए। इसके साथ ही, संबल योजना के सभी पात्र हितधारकों के ई-श्रम कार्ड प्राथमिकता के आधार पर बनवाए जाएं क्षेत्र के अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों को प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना से जोड़ा जाए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री विवेक केवी, एसडीएम श्री रोहित वर्मा, तहसीलदार श्री निर्मल सिंह राठौड़ सहित अन्य ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



विशेष जनसुनवाई: समय, पैसों की बचत के साथ त्वरित हो रहा है निराकरण

कलेक्टर श प्रतिभा पाल द्वारा आयोजित जनसुनवाई जिले के आम नागरिकों के लिए वरदान साबित हो रही है। आज राहतगढ़ में आयोजित जनसुनवाई में आवेदनकर्ताओं, शिकायतकर्ताओं और योजनाओं के पात्र हितग्राहियों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया। विकासखंड स्तरीय जनसुनवाई के आयोजन से जहां एक ओर आमजन के समय और पैसे की बचत हो रही है वहीं दूसरी ओर लोगों को अपनी समस्याओं का त्वरित समाधान प्राप्त हो रहा है जिससे लोगों में प्रशासन के प्रति विश्वास और बढ़ा है।

आमजन से लिए आवेदन, दिए त्वरित निराकरण के निर्देश

कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देश पर राहतगढ़ में आयोजित विशेष जनसुनवाई में व्यक्तियों की समस्याओं का मौके पर ही अधिकारियों के माध्यम से निराकरण कराया। जनसुनवाई में पहुंचे ग्रामीणों, किसानों, महिलाओं और युवाओं ने विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं रखीं, जिनमें राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, खाद्य, राशन कार्ड, पेंशन, आवास योजना, जलापूर्ति और अन्य कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आवेदनों को सुना गया। अधिकांश आवेदनों पर त्वरित कार्यवाही करते हुए प्रकरणों को निराकरण किया गया तथा अन्य आवेदनों के निराकरण के लिए समय सीमा निर्धारित की गई।।



कलेक्टर ने किया राहतगढ़ एसडीएम और तहसील कार्यालय निरीक्षण



राहतगढ़ एसडीएम और तहसील कार्यालय पर नागरिकों को सुविधाओं का लाभ समय पर सुगमता से मिले। न्यायालय में प्रकरणों के संबंध में नियमित सुनवाई हो। राजस्व प्रकारणों का निराकरण शीघ्रता से किया जाए, कार्यालय परिसर को साफ एवं स्वच्छ बनाएं। उक्त निर्देश कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने आज राहतगढ़ एसडीएम और तहसील कार्यालय के निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत के सीईओ श्री विवेक केवी, एसडीएम श्री रोहित वर्मा, तहसीलदार श्री निर्मल सिंह राठौर सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

कलेक्टर श्रीमती पाल ने निर्देश देते हुए कहा कि राहतगढ़ एसडीएम और तहसील कार्यालय में आने वाले आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। राजस्व न्यायालयों में प्रकरणों के संबंध में नियमित रूप से सुनवाई आयोजित की जाए और लंबित राजस्व प्रकरणों का निराकरण शीघ्रता से करते हुए उनकी संख्या में तेजी से कमी लाई जाए। इस दौरान उन्होंने राजस्व न्यायालय, रिकॉर्ड रूम, नकल शाखा, वेटिंग रूम सहित अन्य शाखाओं का निरीक्षण किया एवं प्रकरणों के संबंध में जनकारी ली। 

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदार कोर्ट में नामांतरण, बंटवारा आदि के प्रकरण समसीमा से अधिक लंबित न रहे। उन्हें शीघ्रता से देखें और निराकृत करें। कार्यालय के रिकॉर्ड रूम में सभी आवश्यक फाइलों और दस्तावेजों का व्यवस्थित रिकॉर्ड संधारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी प्रकरण की जानकारी तुरंत मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने संपूर्ण कार्यालय परिसर को पूरी तरह साफ एवं स्वच्छ बनाए रखने की हिदायत दी। उन्होंने निर्देशित किया कि दूर-दराज से आने वाले नागरिकों की सुविधा के लिए कार्यालय में बैठने की उत्तम व्यवस्था, ठंडे पेयजल की उपलब्धता और सुलभ शौचालय की समुचित व्यवस्था रखी जाए।





सागर: पुलिस की गजब घेराबंदी : हाथ ठेला पर निकाला आरोपी का जुलूस

सागर: पुलिस की गजब घेराबंदी : हाथ ठेला पर निकाला आरोपी का जुलूस


तीनबत्ती न्यूज: 23 जून,2026

सागर। सागर जिले की गोपालगंज थाना पुलिस ने एक शातिर और फरार बदमाश को पकड़ने के लिए फिल्मी अंदाज में अनोखी कार्रवाई की है। कई संगीन मामलों में फरार चल रहे आरोपी को दबोचने के लिए पुलिस की टीम हाथ ठेला लेकर उसके इलाके में पहुंची और नाटक कर रहे बदमाश का पर्दाफाश करते हुए उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की यह सूझबूझ भरी कार्रवाई अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

वीडियो देखने क्लिक करे

बीमारी का नाटक कर बच रहा था आरोपी

​मामला गोपालगंज थाना क्षेत्र के शनिचरी इलाके का है। पुलिस को लंबे समय से मारपीट और लूट जैसे गंभीर मामलों में फरार चल रहे आरोपी अंकित उर्फ मगरा की तलाश थी। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी खुद को घायल बताकर बीमारी का नाटक कर रहा था। इतना ही नहीं, वह पुलिस को चकमा देने के लिए नाम बदल-बदल कर अलग-अलग जगहों पर अपना इलाज भी करवा रहा था।

यह भी पढ़ेंसागर पुलिस को बड़ी सफलता: मोतीनगर हत्याकांड के 10-10 हजार के दो इनामी आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी के पास से कट्टा बरामद : अब तक कुल 07 आरोपी सलाखों के पीछे

कटर मारकर लूट करने का है मामला

​गोपालगंज थाना प्रभारी घनश्याम मगरा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि बीती 11 फरवरी को पीड़ित भास्कर श्रीवास्तव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी अंकित उर्फ मगरा ने उनके साथ कटर मारकर मारपीट की और लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इस घटना के बाद से ही आरोपी लगातार फरार चल रहा था।"थाना प्रभारी के मुताबिक, आरोपी अंकित बेहद शातिर है और उस पर पहले से ही चार गंभीर मामले दर्ज हैं।


सूचना मिलते ही पुलिस ने बदला भेष

​आज पुलिस को मुखबिर से पक्की सूचना मिली कि आरोपी अंकित अपने घर पर ही छिपा हुआ है। आरोपी दोबारा भाग न पाए और उसे पुलिस की मौजूदगी का शक न हो, इसलिए टीम ने अपनी रणनीति बदली। पुलिसकर्मी हाथ ठेला लेकर आम लोगों की तरह उसके इलाके में दाखिल हुए।

​जैसे ही पुलिस टीम आरोपी के घर पहुंची, उसका बीमारी का नाटक धरा का धरा रह गया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे धर दबोचा।

होगी जिला बदर की कार्रवाई

थाना प्रभारी के मुताबिक बदमाश की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब उस पर शिकंजा और कसने की तैयारी में है। थाना प्रभारी ने साफ किया है कि इस शातिर अपराधी के खिलाफ जिला बदर जैसी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे।

नगर निगम कर्मचारियों ने विभिन्न मांगों को लेकर किया धरना प्रदर्शन, दो माह के वेतन भुगतान सहित कई मुद्दे उठाए

सागर नगर निगम कर्मचारियों ने विभिन्न मांगों को लेकर किया धरना प्रदर्शन, दो माह के वेतन भुगतान सहित कई मुद्दे उठाए


तीनबत्ती न्यूज: 22 जून,2026

सागर। नगर निगम कर्मचारियों की लंबित मांगों के निराकरण एवं निगम प्रशासन द्वारा पूर्व में किए गए समझौतों के पालन नहीं किए जाने के विरोध में सोमवार को नगर निगम कार्यालय परिसर में कर्मचारियों ने धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए और कर्मचारियों की समस्याओं एवं मांगों को लेकर अपनी आवाज बुलंद की।

धरना स्थल पर आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए नगर निगम नगर पालिका कर्मचारी संघ के प्रांतीय सचिव एवं सागर संभाग प्रभारी राजेश सिंह राजपूत तथा कर्मचारी कल्याण मोर्चा के अध्यक्ष हरेंद्र खटीक ने कहा कि निगम प्रशासन द्वारा कई बार कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान और मांगों की पूर्ति के लिए आश्वासन दिए गए, लेकिन अब तक उन पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे कर्मचारियों में गहरा असंतोष व्याप्त है।

उन्होंने बताया कि नगर निगम कर्मचारियों को पिछले दो माह से वेतन का भुगतान नहीं हुआ है, जिससे कर्मचारियों और उनके परिवारों के समक्ष आर्थिक संकट की स्थिति निर्मित हो गई है। कर्मचारियों को दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

कर्मचारी नेताओं ने कहा कि वेतन भुगतान के अलावा पदोन्नति, समयमान वेतनमान का लाभ, लंबित एरियर भुगतान, स्थायी एवं दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों का रिक्त पदों पर नियमितीकरण जैसी महत्वपूर्ण मांगें भी लंबे समय से लंबित हैं। इन मांगों के संबंध में कई बार निगम प्रशासन को ज्ञापन और आवेदन दिए गए, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई।

धरना प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और अधिक व्यापक रूप दिया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी निगम प्रशासन की होगी।

इस अवसर पर नगर निगम नगर पालिका कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष शहीद उद्दीन कुरैशी, सुदेश सनकत, सूरज मछन्दर, राजेंद्र सनकत, राजेश नापित, आयुष शुक्ला, आनंद मंगल गुरु, शकुंतला गोस्वामी, माधव चढ़ार, राजेंद्र मलैया, जया श्रीवास्तव, चंद्रविजय गौर, विकास गुरु, प्रशन्न तिवारी, राजेश जाटव, शरद सिंह ठाकुर, आकाश मांझी, अनिरुद्ध चांचोदिया, मुन्नालाल रैकवार, जगदीश विश्वकर्मा, बृजेश नापित, गुड्डा यादव, नदीम खान, रिजवान, सविता दुबे, आशी सहित विभिन्न शाखाओं के कर्मचारी एवं कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


Sagar: डायल-112 ने 40 फीट गहरे कुएं में गिरे कुत्ते की बचाई जान

Sagar: डायल-112 ने  40 फीट गहरे कुएं में गिरे कुत्ते की बचाई जान



तीनबत्ती न्यूज : 22 जून 2026


सागर : पुलिस कंट्रोल रूम सागर की डायल-112 सेवा ने एक बार फिर मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए 40 फीट गहरे कुएं में गिरे एक कुत्ते का सफल रेस्क्यू कर उसकी जान बचाई।

जानकारी के अनुसार डायल-112 में सूचना प्राप्त हुई कि ठाकुर बाबा मंदिर के सामने, चैरिटी कान्वेंट स्कूल के पास स्थित एक गहरे कुएं में एक कुत्ता गिर गया है। सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम ने तत्काल नजदीकी एफआरवी एवं थाना पुलिस को मौके पर रवाना किया।

मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थिति का आकलन कर रस्सी की सहायता से सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद लगभग 40 फीट गहरे कुएं में फंसे कुत्ते को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

इस सराहनीय कार्य में एफआरवी पायलट साजिद खान, डायल-112 स्टाफ आरक्षक अभय तथा थाना स्टाफ आरक्षक अभिषेक की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मौके पर मौजूद सूचना देने वाली रिन्सी एवं स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई और मानवीय दृष्टिकोण की जमकर सराहना की।

पुलिस कंट्रोल रूम सागर ने इस घटना के माध्यम से यह संदेश दिया कि डायल-112 सेवा केवल अपराध और आपातकालीन स्थितियों के लिए ही नहीं, बल्कि बेजुबान जीवों की सुरक्षा और सहायता के लिए भी हमेशा तत्पर है।




एकता समिति द्वारा वयोवृद्ध योगगुरु विष्णु आर्य का सम्मान

एकता समिति द्वारा वयोवृद्ध योगगुरु विष्णु आर्य का सम्मान 

तीनबत्ती न्यूज: 22 जून 2026

सागर : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर एकता समिति द्वारा वयोवृद्ध योगगुरु विष्णु आर्य का शाल श्रीफल से सम्मान किया गया। 93 वर्षीय योगगुरु विष्णु आर्य 70
साल से देश भर में योग की अलख जगाएं हुए हैं।

श्री आर्य ने कहा कि हजारों साल पहले ऋषि मुनियों ने योग पर अनुसंधान किए और यह स्वस्थ जीवनशैली की एक कला है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से मानव स्वस्थ लंबी आयु प्राप्त कर सकता है। उन्होंने कहा कि आज परिवार में अच्छे संस्कारों का अभाव दिखाई दे रहा है।  खराब जीवनशैली होने से लोग अनेक बीमारियों से परेशान हैं। इसलिए नियमित योगाभ्यास कर अनेक समस्याओं से बचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि 1968 में योग निकेतन केन्द्र की स्थापना की गई, तब से निरंतर केंद्र संचालित है, हजारों व्यक्ति  लाभ उठा रहे हैं।समिति ने योग के क्षेत्र में योगगुरु श्री आर्य के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें पद्म श्री से सम्मानित करने की मांग की। 

 इस अवसर पर अब्दुल रशीद भाई, सुधीर जैन, शरद गुप्ता, प्रदीप समैया, कमल जैन, राजेन्द्र सोनी, नीलेश समैया, संजय शास्त्री, नीरज सेठ , अजीत जैन , नरेंद्र जैन, प्रमोद आर्य उपस्थित थे।

वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व क्षेत्र में बाघ के हमले को लेकर वन विभाग ने ग्रामीणों को किया अलर्ट

वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व क्षेत्र में बाघ  के हमले को लेकर वन विभाग ने ग्रामीणों को किया अलर्ट


तीनबत्ती न्यूज:  22 जून 2026
सागर: वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व के मोहली परिक्षेत्र अंतर्गत पटना मोहली गांव में 32 वर्षीय श्री सुदामा यादव पर 22 जून की सुबह लगभग 6 बजे उनके खेत में बाघ ने हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गए। श्री सुदामा के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आवाजें लगाईं, जिससे बाघ जंगल की ओर भाग गया। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय बीट गार्ड एवं अन्य वनकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल सुदामा को रहली शासकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। हमले में श्री सुदामा के हाथ एवं कमर में चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर उपचार हेतु सागर जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है

वन विभाग ने किया अलर्ट जारी

वन विभाग द्वारा पटना मोहली गांव में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क रहने तथा आवश्यक सावधानियां बरतने की समझाइश दी जा रही है।

सागर पुलिस को बड़ी सफलता: मोतीनगर हत्याकांड के 10-10 हजार के दो इनामी आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी के पास से कट्टा बरामद : अब तक कुल 07 आरोपी सलाखों के पीछे

सागर पुलिस को बड़ी सफलता: मोतीनगर हत्याकांड के 10-10 हजार के दो इनामी आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी के पास से कट्टा बरामद : अब तक कुल 07 आरोपी सलाखों के पीछे



तीनबत्ती न्यूज: 21 जून 2026

सागर : वरिष्ठ अधिकारियों एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना मोतीनगर पुलिस ने शहर के चर्चित हत्याकांड में चौतरफा कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी यश सोनी सहित 10-10 हजार रुपये के दो इनामी बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अब तक कुल 7 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने आज मीडिया के सामने पूरा खुलासा किया 

पुरानी रंजिश में हुई थी फायरिंग, एक की हुई थी मौत

​घटना पिछले महीने 21 मई 2026 की रात करीब 10:30 बजे की है। मोतीनगर थाना क्षेत्र के विवेकानंद वार्ड, मछरयाई स्थित गोंड बब्बा चबूतरा के पास पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने फरियादी ओम साहू और उसके भाई मयंक साहू के साथ गाली-गलौज और विवाद किया था।

​विवाद के दौरान आरोपियों ने अवैध हथियार से अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिसमें मयंक साहू गंभीर रूप से घायल हो गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, ओम साहू पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 556/2026 के तहत बीएनएस (BNS) की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। घटना के 24 घंटे के भीतर ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को जेल भेज दिया था।



चार राज्यों में काटी फरारी, पुलिस ने घोषित किया था इनाम

​हत्याकांड के बाद से फरार तीन मुख्य आरोपी मनु सोनी, यश सोनी और ओम अहिरवार पुलिस को चकमा देने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे। ये आरोपी गुजरात, आंध्र प्रदेश, दिल्ली और मध्य प्रदेश के पीथमपुर, अशोकनगर, इंदौर व कटनी में छिपकर फरारी काट रहे थे। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस अधीक्षक सागर द्वारा तीनों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

रेलवे आउटर पर घेराबंदी: पुल से कूदा आरोपी, एमडी ड्रग्स के साथ पकड़ाया

19 जून 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी सागर में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने और अपने परिजनों की जमानत के लिए पैसों का इंतजाम करने ट्रेन से आ रहे हैं।

​19-20 जून की दरमियानी रात बम्हौरी रेंगुवा रेलवे आउटर पर पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे। इसी दौरान आरोपी मनु सोनी निर्माणाधीन रेलवे ब्रिज से नीचे कूद गया और पकड़ा गया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। पुलिस ने जब मनु सोनी की तलाशी ली, तो उसके पास से 20 ग्राम अवैध मादक पदार्थ (MD ड्रग्स) बरामद हुआ। मनु सोनी पर पहले से ही मोतीनगर थाने में एनडीपीएस (NDPS) का एक अन्य मामला दर्ज था। उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

मुख्य आरोपी यश सोनी उत्तर प्रदेश के ललितपुर से गिरफ्तार

​मनु सोनी से मिले इनपुट के बाद पुलिस की टीमों ने दबिश तेज कर दी। आज 21 जून 2026 को पुलिस ने हत्याकांड के मुख्य आरोपी यश सोनी को ललितपुर (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अभिरक्षा में पूछताछ के बाद आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर घटना में इस्तेमाल किया गया देशी कट्टा भी बरामद कर लिया गया है।

फैन फॉलोइंग बढ़ाने के लिए सोशल मीडिया पर फैलाई थी दहशत

​आरोपियों की फरारी के दौरान सोशल मीडिया पर एक अन्य व्यक्ति को जान से मारने की धमकी भरा मैसेज वायरल हुआ था, जिससे शहर में दहशत का माहौल बन गया था। पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ कि इस धमकी के पीछे आरोपियों का हाथ नहीं, बल्कि एक विधि विरुद्ध बालक (नाबालिग) का हाथ था। उस नाबालिग का आरोपियों से कोई संपर्क नहीं था; उसने केवल सोशल मीडिया पर अपनी फैन फॉलोइंग बढ़ाने के लिए यह झूठी अफवाह फैलाई थी।

आरोपियों का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड

​पकड़े गए दोनों आरोपी शातिर अपराधी हैं।

  • मनु सोनी: इसके खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, लूट और मारपीट जैसे लगभग 25 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
  • यश सोनी: मुख्य आरोपी यश सोनी के खिलाफ भी करीब 08 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

​पुलिस के अनुसार, मामले का एक और आरोपी ओम अहिरवार अभी भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।

सराहनीय भूमिका निभाने वाली पुलिस टीम

​इस बड़ी कामयाबी में मोतीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत, उप निरीक्षक शशिकांत गुर्जर, उप निरीक्षक पी.डी. ठाकुर, प्रधान आरक्षक वीरेंद्र शर्मा, सौरभ रैकवार, सुनील चौबे, दिनेश यादव, जानकी मिश्रा और आरक्षक श्रीकांत, आशीष यादव, आशीष सिंह, मनीष तिवारी, प्रदीप शर्मा, अमन स्वामी, सत्येंद्र सिंह, अनुराग वैद्य, गुड्डू शर्मा, आंचल सेन, चंदन बिल्थारे, सोमवीर सिंह, कुलदीप ठाकुर, दीपक अहिरवार, मुकेश अहिरवार एवं हेमेंद्र ठाकुर की विशेष और सराहनीय भूमिका रही।

इंदिरा ज्योति यात्रा' और 'चलें रामराज्य की ओर संकल्प यात्रा' का सागर में प्रथम चरण संपन्न

इंदिरा ज्योति यात्रा' और 'चलें रामराज्य की ओर संकल्प यात्रा' का सागर में प्रथम चरण संपन्न


तीनबत्ती न्यूज: 21 जून, 2026

सागर:  पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी के खिलाफ किए जा रहे दुष्प्रचार का पुरजोर जवाब देने और महात्मा गांधी के 'रामराज्य' के सपने को साकार करने के उद्देश्य से 'सम्यक अभियान' द्वारा संचालित 'इंदिरा ज्योति यात्रा' और 'चलें रामराज्य की ओर संकल्प यात्रा' के प्रथम चरण का आज सागर में भव्य समापन हो गया। सम्यक अभियान के प्रमुख, सुप्रसिद्ध लेखक व विचारक गुरुदेव भास्कर राव रोकड़े ने बताया कि भारत सरकार द्वारा 12 जुलाई 2024 को 'संविधान हत्या दिवस' की अधिसूचना जारी होने के बाद, इंदिरा जी के कार्यों, विचारों और देशहित में लिए गए क्रांतिकारी निर्णयों को जन-जन तक पहुँचाने के लिए इस चार वर्षीय अभियान की नींव रखी गई। इसी क्रम में, भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित इंदिरा जी के 108वें जयंती समारोह में एआईसीसी मीडिया विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा की उपस्थिति में 'चलें रामराज्य की ओर' अभियान का भी शिलान्यास किया गया था।

श्री रोकड़े ने ऐतिहासिक संदर्भों को रेखांकित करते हुए बताया कि महात्मा गांधी ने 11 सितंबर 1929 को भोपाल प्रवास के दौरान भय, भ्रष्टाचार और भेदभाव से मुक्त जिस 'रामराज्य' की परिकल्पना की थी, उसे पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने ही सन् 1969 में 'रामचरितमानस चतुष्शताब्दी अंतरराष्ट्रीय समिति' का गठन कर वैश्विक स्तर पर प्रचारित किया। उस दौर में स्कूलों में बालसभाओं, गांवों में मानस मंडलियों और जिला मुख्यालयों में मानस भवनों के निर्माण के जरिए रामराज्य की अवधारणा को धरातल पर उतारा गया था। वर्तमान में इसी व्यवस्था को पुनः स्थापित करने के लिए यह देशव्यापी आंदोलन चलाया जा रहा है।

संगठनात्मक रूप से यह अभियान फिलहाल मध्य प्रदेश (6 प्रांत), छत्तीसगढ़ (3 प्रांत) और राजस्थान (6 प्रांत) में पूरी ताकत के साथ संचालित हो रहा है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशों के बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) द्वारा पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा को अभियान का प्रदेश प्रभारी और पूर्व सांसद सुरेंद्र सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में 11 सदस्यीय प्रदेश आयोजन समिति का गठन किया गया है। इसके साथ ही, समाज के सभी वर्गों और धर्मों को जोड़ते हुए एडवोकेट सैयद साजिद अली को 'चलें रामराज्य की ओर' अभियान का केंद्रीय समन्वयक नियुक्त किया गया है।

यह आंदोलन केवल वैचारिक नहीं, बल्कि युवाओं और किसानों के हक की लड़ाई भी है। रीवा से 2 मई 2022 को शुरू हुआ सम्यक अभियान शिक्षित बेरोजगार युवाओं को सम्मानजनक अवसर दिलाने, आउटसोर्सिंग प्रणाली पर पाबंदी लगाने, निजी क्षेत्र के कर्मचारियों को शोषण से मुक्ति दिलाने, कृषि क्रांति के लिए 'इंडस्ट्री सेंट्रिक कम्युनिटी फार्मिंग सिस्टम' अपनाने और पूर्व राजा-महाराजाओं की अकूत संपत्ति को सरकारी घोषित कर उस धन से युवाओं का भविष्य संवारने जैसे 9 सूत्रीय न्यायसंगत मुद्दों पर केंद्रित है। यही कारण है कि आज म.प्र. में बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं और प्रगतिशील किसान इस अभियान से जुड़ चुके हैं।

महात्मा गांधी के ऐतिहासिक असहयोग आंदोलन की स्मृति में छिंदवाड़ा के चिटनिस गंज से 6 जनवरी 2026 को शुरू हुई यह यात्रा महाकौशल, मालवांचल, चंबल, विंध्य और बुंदेलखंड के सभी जिलों से होकर आज सागर पहुँची है। प्रथम चरण के इस सफल समापन के बाद, अब आगामी रणनीति के तहत तीनों राज्यों के सभी जिलों में व्यापक स्तर पर 'जिलाव्यापी यात्राएं' शुरू की जाएंगी, ताकि अगले तीन वर्षों के भीतर हर घर और हर द्वार तक इंदिरा जी के क्रांतिकारी निर्णयों तथा रामराज्य के पावन संदेश को पहुँचाया जा सके।

पत्रकार वार्ता में प्रमुख रूप से जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मुहासा,जिला कांग्रेस कमेटी सागर शहर अध्यक्ष महेश जाटव, पूर्व मंत्री हर्ष यादव,जगदीश यादव, शैलेन्द्र श्रीवास्तव, प्रदेश प्रवक्ता डाँ संदीप सबलोक, जिला उपाध्यक्ष अभिषेक गौर,जिला प्रवक्ता सूर्या शुक्ला डाँ दिनेश पटेरिया मनोज पवार मौजूद रहे।पत्रकार वार्ता का संचालन जिला कांग्रेस ग्रामीण संगठन महामंत्री आशीष ज्योतिषी ने किया.

योग से शरीर, मन और चित्त सब स्वस्थ होता है, योग अवश्य करें: मंत्री गोविंद राजपूत ▪️योग दिवस पर केंट बोर्ड, विवि, स्टेशन सहित अनेक स्थानों पर आयोजन

योग से शरीर, मन और चित्त सब स्वस्थ होता है, योग अवश्य करें: मंत्री गोविंद राजपूत

▪️योग दिवस पर केंट बोर्ड, विवि, स्टेशन सहित अनेक स्थानों पर आयोजन





तीनबत्ती न्यूज: 21 जून,2026

सागरखाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री  गोविंद सिंह राजपूत सागर में 12वे अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम स्थानीय पीटीसी ग्राउंड पर आयोजित हुआ। उन्होंने कहा कि योग से शरीर, मन और चित्त सब स्वस्थ होता है, योग अवश्य करें। स्वस्थ शरीर में स्वस्थ विचारों का संचरण होता है एवं व्यक्ति स्वस्थ रहेगा तो परिवार, समाज, देश स्वस्थ रहेगा। योग भारत से विश्वभर में पहुंचा। साथ ही प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देश में योग को गाँव - गांव तक पहुंचाया।  


------------

पढ़ने क्लिक करे

योग दिवस : 93 की उम्र में भी कमाल की ऊर्जा: 70 वर्षों से योग साधना कर रहे योगाचार्य विष्णु आर्य, आज भी सिखा रहे स्वस्थ जीवन का मंत्र ▪️कूल्हे की हड्डी टूटने के बाद बिना ऑपरेशन हुए स्वस्थ, फिर योग सेवा में सक्रिय; वाकर से चलते है और सिखाते है योग


-------------



अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर पीटीसी मैदान में हुआ योग

12वाँ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस "योग फॉर हेल्दी एजिंग" (Yoga for Healthy Ageing) अर्थात "स्वस्थ आयु के लिए योग" थीम पर पीटीसी ग्राउंड पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कोलकाता में आयोजित राष्ट्रीय योग कार्यक्रम से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संबोधन को सुना व देखा गया। इस दौरान योगाचार्य श्री विष्णु आर्य ने कार्यक्रम में उपस्थित जन समूह को योग के आसनों का अभ्यास करवाया। 3000 से अधिक प्रतिभागियों ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर योगाभ्यास में भाग लिया। 



मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि जब व्यक्ति स्वस्थ रहता है तो परिवार, समाज, देश स्वस्थ रहता है इसलिए हमें योग अवश्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में योग को वैश्विक स्तर पर मान्यता देने का विचार रखा था जिससे अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुरुआत 2014 में हुई। आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के द्वारा पूरे देश में सभी को योग करने के लिए जागरूक किया है और आज सभी जगह योग दिवस पर योग हो रहा है योग करने से मन, शरीर, मस्तिष्क स्वस्थ रहता है, योग सबके लिए लाभदायक है। इसलिए योग अवश्य करें।



इस अवसर पर विधायक  शैलेंद्र जैन ने कहा कि योग की शक्ति का जीवंत उदाहरण योगाचार्य श्री विष्णु आर्य हैं। सागर के लोगों में योग के प्रति आकर्षण बढ़ा है। उस दौरान उन्होंने सागर को योग नगरी बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सागर को गौर नगरी के साथ योग नगरी बनाने के लिए हमें आज संकल्प लेना होगा और जब हम सभी योग करेंगे तो हमारा सागर स्वस्थ सागर बनेगा। हम सभी को प्रतिदिन योग करना चाहिए। 

ये हुए शामिल

कार्यक्रम में महापौर श्रीमती संगीता तिवारी, श्री श्याम तिवारी, कमिश्नर सागर संभाग श्री अनिल सुचारी, पुलिस अधीक्षक श्री अनुराग सुजानिया, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विवेक के वी, नगर निगम कमिश्नर श्री राजकुमार खत्री, अपर कलेक्टर श्री अविनाश रावत, एसडीएम सागर श्री अमन मिश्रा, संभागीय आयुष अधिकारी डॉक्टर जोगेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं एवं अधिकारी सम्मिलित हुए।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर छावनी परिषद कैंट सागर में सामूहिक योग का आयोजन



अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर  योगाचार्य विष्णु आर्य के निर्देशन में छावनी परिषद् कैंट सागर द्वारा रानी दुर्गावती विद्यालय प्रांगण में सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों, कर्मचारियों, मातृशक्ति एवं योग साधकों ने सहभागिता कर योगाभ्यास किया।

इस अवसर पर उपस्थित जनों ने सामूहिक योग कर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत है, जो आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वैश्विक पहचान बना चुका है। योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मन को शांति, बुद्धि को स्थिरता और जीवन को सकारात्मक दिशा प्रदान करता है।



कार्यक्रम में छावनी परिषद् कैंट सागर के सीईओ अभिजीत भाणावत, संजय मिश्रा, सोहित प्यासी, अनुराग दुबे, वीरेंद्र अग्रवाल, अमित गुप्ता, राम नारायण यादव, सुबोध आर्य, ज्योति भार्गव, राजेश जड़िया, अर्चना जड़िया, संदीप सोनी, विनोद सोनी, आरती ताम्रकार, सविता मेहता सहित योग निकेतन परिवार के सदस्य, छावनी परिषद के कर्मचारी, नागरिकगण एवं मातृशक्ति बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

 रजाखेड़ी बजरिया में योग बना जनचेतना का महापर्व


अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया के निर्देशन में आयोजित दो दिवसीय योग पूर्वाभ्यास प्रशिक्षण का भव्य समापन विश्व योग दिवस के सामूहिक आयोजन के साथ हुआ। पिछले दो दिनों से चल रहे प्रशिक्षण का प्रभाव आज स्पष्ट रूप से दिखाई दिया, जब अपेक्षा से कहीं अधिक संख्या में नागरिकों, युवाओं, वरिष्ठजनों एवं मातृशक्ति ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर योग को जीवन का उत्सव बना दिया।

इस अवसर पर विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने कहा कि स्वस्थ समाज ही समृद्ध राष्ट्र की आधारशिला होता है। योग व्यक्ति को स्वयं से जोड़ता है और जब व्यक्ति स्वयं से जुड़ता है, तब वह परिवार, समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को भी अधिक प्रभावी ढंग से निभाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग आज भारत की सांस्कृतिक चेतना का विश्वव्यापी प्रतीक बन चुका है।



नगर पालिका अध्यक्ष मिहीलाल एवं सीएमओ पवन कुमार शर्मा की विशेष उपस्थिति रही। प्रशिक्षक डॉ. नितिन कोरपाल द्वारा दिए गए प्रशिक्षण ने प्रतिभागियों के मन-मस्तिष्क पर गहरा प्रभाव छोड़ा। 

इस अवसर पर चैन सिंह ठाकुर, बलवंत ठाकुर, विवेक सक्सेना, नर्रू ठाकुर, राजा रिछारिया, दिनेश दक्ष, महेंद्र ठाकुर, कमलेश कुशवाहा, गोकुल ठाकुर, केदार शर्मा, मधुकर जाटव, शारदा खटीक, जयंती मौर्य, बंटी राठौर, हरलाल साहू, राजू मिश्रा, डॉ.परशुराम, रतिराम ठेकेदार, पवन लारिया, राघवेंद्र सिंह, छत्रपाल जाट, पत्रकार पवन शर्मा, अंकित श्रीवास्तव, चंद्र प्रकाश शुक्ला, लक्ष्मण यादव, गंगा प्रसाद सक्सेना,सनी जैन, अंकित मिश्रा, मदनलाल प्रजापति, लखन कनौजिया, गिरिजा प्रसाद सक्सेना, एसबी नामदेव प्रमोद शर्मा, वर्षा विश्वकर्मा, शिक्षा विश्वकर्मा, रेखा वर्मा, उमा रजक, आरती लोधी, राधा राठौर, रेखा चौधरी, रेखा सूर्यवंशी, खेमा विश्वकर्मा, मधु मौर्य, सुनीता अहिरवार, संगीता अहिरवार,रश्मि अहिरवार, सुनीता नामदेव, सुनीता आठिया, मधु खटीक सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन एवं गणमान्यजन उपस्थित थे।

योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है:डॉ. लता वानखेड़े

 


 डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर के योग शिक्षा विभाग एवं योग एवं ध्यान केन्द्र द्वारा 12वें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 का मुख्य समारोह रविवार को महर्षि पतंजलि भवन में हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्राध्यापकगण, अधिकारीगण, शोधार्थी, विद्यार्थी एवं योग साधकों ने सहभागिता करते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सागर लोकसभा क्षेत्र की सांसद माननीया डॉ. लता वानखेड़े उपस्थित रहीं। समारोह की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. वाई. एस. ठाकुर ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में कुलसचिव डॉ. एस. पी. उपाध्याय उपस्थित रहे। कार्यक्रम का निर्देशन योग शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. अनिल कुमार जैन के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ।


प्रातःकालीन सत्र में प्रतिभागियों ने 

माननीय प्रधानमंत्री के अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस संदेश का सामूहिक श्रवण किया तथा सामान्य योग अभ्यास क्रम के अनुसार योगाभ्यास किया। इसके पश्चात दीप प्रज्वलन के साथ विभागीय कार्यक्रम का शुभारम्भ हुआ तथा अतिथियों का शाल, श्रीफल, पौधा एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर स्वागत एवं सम्मान किया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत पी.जी. द्वितीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों देवेश एवं लक्ष्मण द्वारा प्रस्तुत "दीप योग" विशेष आकर्षण का केन्द्र रहा। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों द्वारा राजस्थानी एवं छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य, एकल नृत्य तथा संगीतमय योगासन की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्हें उपस्थित जनसमुदाय ने खूब सराहा।स्वागत उद्बोधन में विभागाध्यक्ष प्रो. अनिल कुमार जैन ने योग के वैश्विक महत्व पर प्रकाश डालते हुए नियमित योगाभ्यास को स्वस्थ जीवन का आधार बताया। कुलसचिव डॉ. एस. पी. उपाध्याय ने योग को अनुशासित एवं संतुलित जीवन का माध्यम बताया, तथा योग की वैज्ञानिक उपयोगिता एवं मानव कल्याण में उसकी भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए।


मुख्य अतिथि डॉ. लता वानखेड़े ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जिसने आज सम्पूर्ण विश्व को स्वास्थ्य एवं समरसता का संदेश दिया है। अध्यक्षीय उद्बोधन में कुलपति प्रो. वाई. एस. ठाकुर ने कहा कि योग शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास का सशक्त माध्यम है तथा इसे जीवनशैली का अभिन्न अंग बनाया जाना चाहिए।



इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. अरुण कुमार साव द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. महेन्द्र कुमार शर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने स्वस्थ एवं समृद्ध जीवन के लिए नियमित योगाभ्यास का संकल्प लिया।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सागर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर हुआ योगाभ्यास



अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सागर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन योग निकेतन के अध्यक्ष राम नारायण यादव के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर जीआरपी थाना प्रभारी हीरा लाल चौधरी ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया तथा योग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नियमित योग करने से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर रहता है तथा व्यक्ति तनावमुक्त जीवन जी सकता है।

कार्यक्रम में जीआरपी स्टाफ, रेलवे कर्मचारी एवं अन्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योगाभ्यास किया। योग दिवस के इस आयोजन के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।