Editor: Vinod Arya | 94244 37885

MP Board Exam Time Table 2027: 10वीं-12वीं परीक्षा की समय-सारणी जारी, 17 फरवरी से परीक्षाएं

MP Board Exam Time Table 2027: 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा की समय-सारणी जारी


तीनबत्ती न्यूज: 13 अगस्त ,2026

भोपाल। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MPBSE) ने वर्ष 2027 की कक्षा 10वीं और 12वीं की मुख्य परीक्षाओं की आधिकारिक समय-सारणी जारी कर दी है। जारी कार्यक्रम के अनुसार दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं प्रातः 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक एक ही पाली में आयोजित की जाएंगी। परीक्षाएं नियमित एवं स्वाध्यायी विद्यार्थियों के लिए होंगी।


कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 17 फरवरी 2027 से शुरू होकर 19 मार्च 2027 तक चलेंगी। वहीं कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 24 फरवरी 2027 से प्रारंभ होकर 18 मार्च 2027 को समाप्त होंगी।

कक्षा 12वीं का परीक्षा कार्यक्रम

12वीं की पहली परीक्षा 17 फरवरी को बायोटेक्नोलॉजी, गायन वादन तथा तबला पखावज विषयों की होगी। इसके बाद 18 फरवरी को उर्दू एवं मराठी, 20 फरवरी को संस्कृत, 22 फरवरी को NSQF के समस्त विषय, शारीरिक शिक्षा एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की परीक्षा होगी।

23 फरवरी को हिंदी, 24 फरवरी को ड्राइंग एंड डिजाइनिंग, 25 फरवरी को मनोविज्ञान और 26 फरवरी को अंग्रेजी की परीक्षा होगी। 1 मार्च को इनफॉर्मेटिक प्रैक्टिसेस तथा 3 मार्च को समाज शास्त्र की परीक्षा निर्धारित है।

4 मार्च को भौतिक शास्त्र, अर्थशास्त्र, एनिमल हस्बैंड्री मिल्क ट्रेड, विज्ञान के तत्व तथा भारतीय कला का इतिहास विषयों की परीक्षा होगी। 8 मार्च को बायोलॉजी और 11 मार्च को राजनीति शास्त्र की परीक्षा होगी।

13 मार्च को रसायन शास्त्र, इतिहास, व्यवसाय अध्ययन सहित विभिन्न विषयों की परीक्षा होगी। 16 मार्च को गणित, 17 मार्च को कृषि, होम साइंस एवं एकाउंटेंसी तथा 19 मार्च को भूगोल, क्रॉप प्रोडक्शन, स्टिल लाइफ एंड डिजाइन एवं शरीर रचना क्रिया-विज्ञान एवं स्वास्थ्य विषयों की परीक्षा होगी।



कक्षा 10वीं का परीक्षा कार्यक्रम


कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 24 फरवरी 2027 से शुरू होंगी। पहले दिन मराठी, गुजराती, पंजाबी और सिंधी की परीक्षा होगी। इसी दिन मूक-बधिर तथा दृष्टिहीन विद्यार्थियों के लिए चित्रकला, गायन वादन, तबला पखावज एवं कंप्यूटर विषयों की विशेष परीक्षा भी निर्धारित है।

25 फरवरी को NSQF के समस्त विषय एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की परीक्षा होगी। 27 फरवरी को उर्दू, 2 मार्च को हिंदी, 5 मार्च को गणित (स्टैंडर्ड/बेसिक), 9 मार्च को अंग्रेजी और 12 मार्च को संस्कृत की परीक्षा होगी।

इसके बाद 15 मार्च को विज्ञान तथा 18 मार्च को सामाजिक विज्ञान की परीक्षा आयोजित की जाएगी।

परीक्षा का समय और महत्वपूर्ण निर्देश

मंडल द्वारा जारी समय-सारणी के अनुसार सभी परीक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होंगी। विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र पर परीक्षा प्रारंभ होने से निर्धारित समय पूर्व पहुंचना होगा। विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से पहले अपने प्रवेश पत्र और मंडल द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी अवश्य जांच लें।

MP Board Exam Time Table 2027 की पूरी जानकारी ऊपर जारी आधिकारिक समय-सारणी में देखी जा सकती है।

Share:

सागर में विधायक शैलेंद्र जैन ने स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ व नवीन शाला भवन का किया लोकार्पण

सागर में विधायक शैलेंद्र जैन ने चमेली चौक पॉली क्लीनिक में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का किया शुभारंभ : केशवगंज में नवीन शाला भवन का लोकार्पण


तीनबत्ती न्यूज : 13 अगस्त 2026

सागर। सागर विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने गुरुवार को शहर में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता की। उन्होंने बड़ा बाजार स्थित चमेली चौक पॉली क्लीनिक में जनजागरूकता कार्यक्रम एवं विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ किया। वहीं केशवगंज वार्ड में लगभग 10 लाख रुपए की लागत से निर्मित नवीन शाला भवन का लोकार्पण भी किया।

चमेली चौक पॉली क्लीनिक में स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ

मध्य प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति के निर्देशानुसार आयोजित स्वास्थ्य शिविर में एचआईवी, टीबी, हेपेटाइटिस, शुगर सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांचें की गईं। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों को आवश्यक परामर्श एवं उपचार संबंधी सेवाएं प्रदान कीं तथा जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया।

टीबी मरीजों को पात्रता के अनुसार निक्षय पोषण आहार किट भी प्रदान की गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोगों को टीबी एवं एचआईवी-एड्स के लक्षण, बचाव, जांच एवं उपचार के संबंध में जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. देवेश पटेरिया, नोडल अधिकारी डॉ. आरिफ कुरैशी, चमेली चौक पॉली क्लीनिक की चिकित्सा प्रभारी डॉ. वंदना सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

विधायक ने बाइक रैली को दिखाई हरी झंडी

एचआईवी-एड्स एवं स्वास्थ्य संबंधी जनजागरूकता अभियान के तहत विधायक श्री शैलेन्द्र कुमार जैन ने बाइक रैली का शुभारंभ किया। रैली के माध्यम से नागरिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान चिकित्सालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया।

बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के विषय विशेषज्ञ श्री अनुपम बोहरे ने एचआईवी-एड्स के संक्रमण, बचाव, समय पर जांच एवं उपचार को लेकर जागरूकता व्याख्यान दिया। उन्होंने लोगों से एचआईवी को लेकर फैली भ्रांतियों से बचने और आवश्यकता होने पर बिना संकोच जांच एवं उपचार कराने की अपील की।

विधायक के प्रयासों से हुआ उन्नयन

विधायक श्री जैन ने कहा कि चमेली चौक अस्पताल का उनके प्रयासों से उन्नयन किया गया है। पहले यह केंद्र मुख्य रूप से वैक्सीनेशन सेंटर तक सीमित था, लेकिन अब यहां विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उनका प्रयास है कि पॉली क्लीनिक में प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाओं का और विस्तार हो, ताकि क्षेत्रवासियों को सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज या जिला चिकित्सालय न जाना पड़े।

ये रहे शामिल

स्वास्थ्य कार्यक्रम में विक्रम सोनी, रामेश्वर नेमा, डॉ. आरएस कुरैशी, आशुतोष, डॉ. बबीता कनेरिया, डॉ. विकास राज, डॉ. तपस्या, डॉ. वैशाली, श्रीमती अर्चना लाल, विवेक सोदिया सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, चिकित्सक, विशेषज्ञ एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

केशवगंज में नवीन शाला भवन का लोकार्पण


इसके बाद विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने भाजपा जिलाध्यक्ष  श्याम तिवारी एवं नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार के साथ केशवगंज वार्ड में लगभग 10 लाख रुपए की लागत से निर्मित नवीन शाला भवन का लोकार्पण किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री जैन ने कहा कि शिक्षा समाज में सकारात्मक परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम है। बच्चों को बेहतर शिक्षा एवं उचित वातावरण उपलब्ध कराकर ही संस्कारवान, शिक्षित एवं अपराधमुक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार शिक्षा के क्षेत्र में अधोसंरचना के विकास और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। नवीन शाला भवन से क्षेत्र के विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए बेहतर एवं सुविधाजनक वातावरण मिलेगा।

भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी एवं नगर निगम अध्यक्ष श्री वृंदावन अहिरवार ने भी नवीन शाला भवन को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में विक्रम सोनी, नितिन सोनी, डॉ. महेंद्र तिवारी, पार्षद चमन अंसारी, प्रदीप यादव, नासिर, बंटू खान, एजाज खान, इमरान खान, हरिशंकर हरि, अब्दुल अजीज अंसारी, मौलाना सलीम, श्रीमती दीपा रैकवार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं गणमान्यजन मौजूद रहे।

Share:

कलेक्टर प्रतिभा पाल ने खाद्य शाखा का किया औचक निरीक्षण, लंबित प्रकरणों के निराकरण के निर्देश

कलेक्टर ने खाद्य शाखा का किया औचक निरीक्षण, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश



तीनबत्ती न्यूज, 13 अगस्त 2026

सागर। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय स्थित जिला आपूर्ति एवं खाद्य नियंत्रक शाखा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शाखा में जांच प्रकरणों, उनकी प्रगति और लंबित मामलों की स्थिति की विस्तार से जानकारी ली।

कलेक्टर श्रीमती पाल ने लंबित प्रकरणों को स्वयं देखा और अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सभी मामलों का शीघ्र एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जांच प्रकरणों में पेंडेंसी पाए जाने पर उन्होंने कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने दायरा पंजी का अवलोकन किया। उन्होंने पंजी में दर्ज आवेदनों को निकलवाकर उनकी वर्तमान स्थिति और उन पर की गई कार्रवाई की जानकारी ली। इसके साथ ही खाद्य शाखा द्वारा की गई कार्रवाई के अंतर्गत दर्ज एफआईआर प्रकरणों का भी अवलोकन कर संबंधित मामलों की जानकारी प्राप्त की।

कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि खाद्य एवं आपूर्ति से संबंधित प्रकरणों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। सभी प्रकरणों का नियमानुसार निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा लंबित मामलों की नियमित समीक्षा की जाए।


Share:

सागर एयरपोर्ट के लिए भूमि निरीक्षण तेज, कलेक्टर प्रतिभा पाल ने सिरोजा, चितौरा और मोकलपुर का किया दौरा

सागर एयरपोर्ट के लिए भूमि निरीक्षण तेज, कलेक्टर प्रतिभा पाल ने सिरोजा, चितौरा और मोकलपुर का किया दौरा


तीनबत्ती न्यूज: 13 अगस्त, 2026

सागर:  सागर जिले में प्रस्तावित एयरपोर्ट निर्माण की दिशा में प्रशासनिक स्तर पर कवायद तेज हो गई है। एयरपोर्ट के लिए उपयुक्त भूमि की तलाश और उपलब्ध भूमि की स्थिति का परीक्षण करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने गुरुवार को विभिन्न ग्रामों का स्थलीय निरीक्षण किया।

यह भी पढ़ेंसागर एयरपोर्ट निर्माण के लिए भूमि चिन्हांकन शुरू :पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह के प्रश्न पर विधानसभा में सीएम डॉ. मोहन यादव ने दी जानकारी

कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने अनुविभागीय राजस्व अधिकारी (एसडीएम) एवं राजस्व विभाग की टीम के साथ सिरोजा, चितौरा एवं मोकलपुर क्षेत्रों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने एयरपोर्ट निर्माण के लिए संभावित भूमि की स्थिति का जायजा लिया।

कलेक्टर ने अधिकारियों के साथ मौके पर उपलब्ध भूमि, उसकी स्थिति तथा संबंधित राजस्व अभिलेखों की जानकारी ली। इस दौरान नक्शे और खसरे के आधार पर शासकीय एवं अन्य उपलब्ध भूमि का परीक्षण किया गया।

यह भी पढ़ें: सागर में एयरपोर्ट की तैयारी तेज, 10 उन्नत एयर स्ट्रिप्स में शामिल

एयरपोर्ट के लिए भूमि चयन की प्रक्रिया में प्रशासन द्वारा स्थल की वास्तविक स्थिति, भूमि की उपलब्धता और राजस्व अभिलेखों का परीक्षण किया जा रहा है। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी लेते हुए निरीक्षण प्रक्रिया को गंभीरता से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें: सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने केंद्रीय उड्डयन मंत्री से मुलाकात कर सागर में एयरपोर्ट के निर्माण के संबंध में की चर्चा

सागर में एयरपोर्ट निर्माण को लेकर भूमि संबंधी प्रक्रिया आगे बढ़ने से जिले में हवाई कनेक्टिविटी की उम्मीदों को बल मिला है। प्रशासनिक स्तर पर संभावित स्थलों के निरीक्षण और भूमि संबंधी परीक्षण की कार्रवाई आगामी चरणों में भी जारी रहने की संभावना है।

---------

सागर में एयरपोर्ट को लेकर पढ़ें संबंधित खबरे 

यह भी पढ़ें: सागर में एयरपोर्ट स्थापना व ढाना एयरस्ट्रिप पर उड़ान योजना के लिए प्रस्ताव पर विचार होगा ▪️केंद्रीय उड्डयन मंत्री ने प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री भूपेन्द्र सिंह के पत्र का जवाब भेजा

_________
______

__________

यह भी पढ़ें: भविष्य का बुन्देलखंड, विकसित बुन्देलखंड होगाः सीएम डॉ. यादव ▪️ सागर रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव में 23 हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव :28 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार ▪️ढाना हवाई-पट्टी को बनायेंगे एयरपोर्ट : सागर में सिल्वर क्लस्टर का विकास होगा ▪️ खजुराहो को फिल्म सिटी के रूप में करेंगे विकसित ▪️ मुख्यमंत्री ने सागर में किया रीजनल इंडस्ट्रीयल कॉन्क्लेव का शुभारंभ








Share:

सीएम डॉ. मोहन यादव की बड़ी घोषणा, पाल-गड़रिया समाज का बोर्ड जल्द होगा गठित

सीएम डॉ. मोहन यादव की बड़ी घोषणा, जल्द गठित होगा पाल-गड़रिया समाज का बोर्ड


तीनबत्ती न्यूज| 13 अगस्त 2026

भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित पुण्य श्लोका लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर स्मृति समारोह में बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में जल्द ही पाल-गड़रिया समाज के बोर्ड का गठन किया जाएगा, ताकि समाज के लोगों को समुचित प्रतिनिधित्व और कल्याणकारी योजनाओं का बेहतर लाभ मिल सके।

कार्यक्रम का आयोजन लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 231वीं पुण्यतिथि के अवसर पर किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और लोकमाता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।



लोकमाता के सुशासन को किया याद

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पुण्य श्लोका लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर मालवा की ऐसी महान शासिका थीं, जिनके योगदान से मध्यप्रदेश और देश गौरवान्वित होता है। उन्होंने अपने शासनकाल में सुशासन, न्याय, सेवा और जनकल्याण के नए प्रतिमान स्थापित किए।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर के जीवन और आदर्शों से प्रेरणा लेकर सेवा, सुशासन, महिला सशक्तिकरण और सांस्कृतिक पुनर्जागरण के क्षेत्र में आगे बढ़ रही है। सरकार द्वारा राजवाड़ा में कैबिनेट बैठक आयोजित कर लोकमाता को स्मरण किया जाना भी इसी भावना का प्रतीक है।

पाल-गड़रिया समाज के लिए बोर्ड का गठन

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मूलमंत्र के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पाल-गड़रिया समाज गोपाल कृष्ण के वंशज हैं और समाज के कल्याण के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

उन्होंने घोषणा की कि राज्य सरकार शीघ्र ही पाल-गड़रिया समाज के बोर्ड का गठन करेगी, जिससे समाज के लोगों को समुचित प्रतिनिधित्व मिल सकेगा। सरकार समाज के सुख-दुख और कल्याण के लिए सदैव तत्पर है।

दूध उत्पादन और पशुपालन को मिलेगा बढ़ावा


मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश की आर्थिक समृद्धि के लिए दूध उत्पादन और पशुपालन को लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि पशुपालन से जुड़े परिवारों की आय बढ़े और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जा सके।



Share:

सागर में कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग, सांसद लता वानखेड़े ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से की मुलाकात

सागर में कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए सांसद डॉ. लता  वानखेड़े ने केंद्रीय कृषि मंत्री से की मुलाकात



तीनबत्ती न्यूज: 13 अगस्त 2026

सागर । सागर में कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग को लेकर सागर सांसद डॉ. लता गुड्डू वानखेड़े ने नई दिल्ली में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की। इस दौरान सांसद ने सागर में कृषि विश्वविद्यालय स्थापित किए जाने को लेकर मंत्री को मांग पत्र सौंपा।

सांसद डॉ. लता गुड्डू वानखेड़े ने कहा कि सागर में कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना होने से सागर संसदीय क्षेत्र सहित संपूर्ण बुंदेलखंड में कृषि शिक्षा, आधुनिक अनुसंधान और किसानों की समृद्धि को नई दिशा मिलेगी।

उन्होंने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना से क्षेत्र के युवाओं को कृषि शिक्षा एवं शोध के उत्कृष्ट अवसर प्राप्त होंगे। साथ ही आधुनिक कृषि तकनीकों और अनुसंधान का लाभ किसानों तक पहुंचेगा, जिससे उनकी आय बढ़ाने और बुंदेलखंड के समग्र विकास में मदद मिलेगी।

मुलाकात के दौरान सांसद ने सागर क्षेत्र की कृषि संभावनाओं और किसानों की जरूरतों को देखते हुए कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना को महत्वपूर्ण बताया। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने सांसद की मांग पर सकारात्मक कार्रवाई का पूर्ण आश्वासन दिया।


Share:

सागर पुलिस ने 112 गुम मोबाइल किए रिकवर, ₹16.50 लाख के फोन लौटाए असली मालिकों को

सागर पुलिस की बड़ी उपलब्धि: 112 गुम मोबाइल रिकवर: ₹16.50 लाख के फोन वास्तविक मालिकों को लौटाए


तीनबत्ती न्यूज: 13 अगस्त ,2026

सागर। सागर पुलिस ने साइबर तकनीक और लगातार किए गए तकनीकी एवं मैदानी प्रयासों के जरिए गुम हुए 112 मोबाइल फोन रिकवर कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपे हैं। बरामद मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत करीब ₹16 लाख 50 हजार है। इनमें विभिन्न कंपनियों के स्मार्टफोन के साथ महंगे iPhone भी शामिल हैं।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सागर  अनुराग सुजानिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीना श्री जयवीर सिंह भदौरिया एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर  नरेंद्र सोलंकी के निर्देशन और मार्गदर्शन में साइबर टीम द्वारा की गई।


सागर के साथ अन्य जिलों और राज्यों तक पहुंची साइबर टीम


सागर पुलिस की साइबर टीम ने आधुनिक तकनीक और उपलब्ध तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए ऐसे मोबाइल फोन भी ट्रेस किए, जो सागर जिले के अलावा मध्यप्रदेश के अन्य जिलों तथा प्रदेश के बाहर के राज्यों में उपयोग किए जा रहे थे। मोबाइल फोन की तकनीकी जानकारी, IMEI नंबर और अन्य उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर लगातार ट्रेसिंग की गई। संबंधित स्थानों पर पुलिस टीमों के साथ समन्वय स्थापित कर मोबाइल फोन बरामद किए गए।

साइबर टीम की अहम भूमिका

मोबाइल रिकवरी की इस कार्रवाई में साइबर टीम के प्रधान आरक्षक सौरभ रैकवार, प्रधान आरक्षक विजय शुक्ला एवं आरक्षक हेमेंद्र सिंह सहित सागर जिले के विभिन्न थानों के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


साइबर टीम ने तकनीकी विश्लेषण के साथ फील्ड स्तर पर पुलिस टीमों से समन्वय कर गुम मोबाइलों को ट्रेस किया और उन्हें सुरक्षित रूप से बरामद कर वास्तविक धारकों तक पहुंचाया।

₹16.50 लाख कीमत के मोबाइल बरामद

सागर पुलिस द्वारा रिकवर किए गए 112 मोबाइल फोन की अनुमानित कुल कीमत करीब ₹16,50,000 है। इनमें विभिन्न कंपनियों के स्मार्टफोन के अलावा महंगे iPhone भी शामिल हैं।

बड़ी संख्या में मोबाइल फोन की बरामदगी सागर पुलिस की तकनीकी दक्षता और साइबर टीम की लगातार मेहनत को दर्शाती है।



मोबाइल वापस मिलने पर खिले लोगों के चेहरे

गुम हुए मोबाइल फोन वापस मिलने पर उनके वास्तविक मालिकों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। नागरिकों ने सागर पुलिस और पुलिस अधीक्षक श्री अनुराग सुजानिया का आभार व्यक्त करते हुए साइबर टीम के प्रयासों की सराहना की।

पुलिस के मुताबिक, मोबाइल फोन में केवल आर्थिक मूल्य ही नहीं होता, बल्कि उसमें लोगों के व्यक्तिगत फोटो, संपर्क, दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण डिजिटल जानकारी भी सुरक्षित रहती है। ऐसे में मोबाइल की वापसी नागरिकों के लिए बड़ी राहत साबित हुई।


सागर पुलिस की नागरिकों से अपील

सागर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम होने की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें और अपने मोबाइल का IMEI नंबर सुरक्षित रखें। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें तथा मोबाइल में मौजूद महत्वपूर्ण डिजिटल जानकारी, बैंकिंग और सोशल मीडिया खातों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें।


Share:

डॉ. किरण लता सोनी बनीं महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष, सागर में निकली आभार रैली

डॉ. किरण लता सोनी के महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष बनने पर कांग्रेसजनों ने निकाली आभार रैली, जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत



सागर, 12 अगस्त 2026। कांग्रेस में लंबे समय से सक्रिय और संघर्षरत डॉ. किरण लता सोनी को महिला कांग्रेस का शहर अध्यक्ष बनाए जाने पर कांग्रेसजनों ने जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव के नेतृत्व में बुधवार को भव्य आभार रैली निकाली। रैली के दौरान शहर के विभिन्न स्थानों पर नवनियुक्त अध्यक्ष का पुष्पवर्षा, फूल-मालाओं, पुष्पगुच्छ, आतिशबाजी और मिष्ठान वितरण कर स्वागत किया गया।

आभार रैली बड़ा बाजार स्थित रामबाग मंदिर से प्रारंभ हुई। रैली बड़ा बाजार, सराफा और कोतवाली होते हुए डॉ. हरिसिंह गौर की प्रतिमा एवं तीन बत्ती पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। पूरे मार्ग में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने कांग्रेस जिंदाबाद तथा “संघर्ष करो, हम तुम्हारे साथ हैं” जैसे नारे लगाए।


समापन अवसर पर नवनियुक्त शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. किरण लता सोनी ने जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव के साथ डॉ. हरिसिंह गौर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और रैली में शामिल कांग्रेसजनों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त किया।

महिला कांग्रेस को मजबूत करने का संकल्प

इस अवसर पर जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि डॉ. किरण लता सोनी लंबे समय से कांग्रेस के लिए संघर्ष करती रही हैं। उनकी निष्ठा और सक्रियता को देखते हुए उन्हें महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने कहा कि डॉ. सोनी ने नगरीय निकाय चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में भी चुनाव लड़ा है। साथ ही वे सर्व स्वर्णकार समाज में भी महत्वपूर्ण दायित्व निभा रही हैं और उच्च शिक्षित हैं।

नवनियुक्त शहर अध्यक्ष डॉ. किरण लता सोनी ने राष्ट्रीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अलका लांबा, प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी, मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी एवं जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगी।

उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस आगामी चुनावों में कांग्रेस को विजयी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि सेवा, सद्भावना और त्याग को आधार बनाकर संगठन को मजबूत किया जाएगा तथा जनता के मुद्दों को लेकर कांग्रेस मजबूती से संघर्ष करेगी।

कांग्रेस में उपयुक्त नेतृत्व का चयन हो रहा : सुनील जैन

पूर्व विधायक सुनील जैन ने कहा कि जनता का भाजपा से मोहभंग हो रहा है और कांग्रेस में उपयुक्त एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. किरण लता सोनी भी उन्हीं में से एक हैं और उनके नेतृत्व में महिला कांग्रेस को मजबूती मिलेगी।

प्रदेश महासचिव रेखा चौधरी ने कहा कि यह संघर्ष का दौर है। राहुल गांधी देश की मजबूत उम्मीद बनकर उभरे हैं और नवनियुक्त महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष डॉ. किरण लता सोनी संगठन द्वारा जताए गए विश्वास पर खरा उतरेंगी।

बड़ी संख्या में कांग्रेसजन रहे मौजूद

आभार रैली में नेता प्रतिपक्ष बाबू सिंह बब्बू यादव, मुकुल पुरोहित, अमित राम जी दुबे, रामकुमार पचौरी, पुरुषोत्तम मुन्ना चौबे, सेवादल अध्यक्ष सिंटू कटारे, पूर्व अध्यक्ष जगदीश यादव, सुरेंद्र सुहाने, पप्पू गुप्ता, सागर साहू, कमलेश तिवारी, ऋचा गौंड, हेमराज रजक, वीरेंद्र राजे, नरेंद्र मिश्रा, पार्षद शशि महेश जाटव, रोशनी वसीम खान, नीलोफर चमन अंसारी, आनंद हैला, अरविंद ठाकुर, मीना पवन पटेल, रेखा सोनी, लीलाधर सूर्यवंशी, सुधा रजक, हरिश्चंद्र सोनवार, महेंद्र दुबे, गंगाराम अहिरवार, चक्रेश रोहित, नीलेश अहिरवार, फिरदौस कुरैशी तज्जू भाईजान, अर्चना कनौजिया, रेखा अहिरवार, मीरा रैकवार, मीरा अहिरवार, ज्योति मलैया, रजिया खान, बाबू मछंदर, जमना सोनी, कुंजी लाल लड़ियां, रवि सोनी, संजय रैकवार, श्री दास रैकवार, आनंद अहिरवार, सुनील पाहवा, संजय अहिरवार, राहुल खटीक, जय कुमार सोनी, ऋषभ जैन, दीनदयाल तिवारी, साजिद खान, शिवनारायण सोनी, मयंक टक्कर, प्रशांत सोनी, श्रीकांत शराफ बंडा, नरेंद्र सोनी, जितेन्द्र सोनी, गोलू सोनी, संजय श्राफ, हीरेश सोनी, अभिषेक श्राफ, महेश यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।


Share:

www.Teenbattinews.com

Archive