सागर में भगवान परशुराम जी की विश्व की सबसे ऊंची 35 फुट की प्रतिमा स्थापित होगी : मेयर संगीता तिवारी
▪️भगवान परशुराम चौराहा के सौंदर्यीकरण हेतु भूमिपूजन कार्यक्रम संपन्न
तीनबत्ती न्यूज: 08 फरवरी ,2026
सागर: महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी द्वारा सिविल लाइन चौराहा का नाम भगवान परशुराम चौराहा करने के ऐतिहासिक निर्णय के बाद नगर निगम द्वारा भगवान परशुराम चौराहा का सौंदर्यीकरण किए जाने हेतु भूमिपूजन कार्यक्रम महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी के मुख्य आतिथ्य में, विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं महापौर प्रतिनिधि डॉ सुशील तिवारी के विशिष्ट आतिथ्य एवं एम आई सी सदस्यों तथा शहर के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में रविवार को संपन्न हुआ।
विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा होगी स्थापित
कार्यक्रम में महापौर संगीता तिवारी ने कहा कि आज का यह शुभ अवसर हम सभी के लिए गर्व और प्रसन्नता का विषय है। आज हम सागर शहर के एक महत्वपूर्ण चौराहे भगवान परशुराम चौक के सौंदर्यीकरण कार्य के भूमिपूजन के लिए यहाँ एकत्रित हुए हैं। भगवान परशुराम न्याय, शौर्य, तपस्या और सामाजिक समरसता के प्रतीक हैं। ऐसे महान आदर्श पुरुष के नाम से इस चौराहे की पहचान होना और अब उसका सुव्यवस्थित एवं सुंदर स्वरूप लेना, हमारे शहर की सांस्कृतिक चेतना को और अधिक सशक्त करेगा। महापौर ने कहा कि सौंदर्यीकरण केवल ईंट-पत्थर का कार्य नहीं होता यह शहर की सोच, उसकी पहचान और आने वाली पीढ़ियों के लिए छोड़ी गई विरासत होती है। इस चौक का विकास न केवल यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाएगा, बल्कि यह स्थान एक प्रेरणादायक स्थल के रूप में भी विकसित होगा। उन्होंने कहा कि हमारा निरंतर प्रयास है कि सागर शहर विकास के साथ-साथ अपनी संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं को भी संजोकर आगे बढ़े। मैंने महसूस किया है कि सिविल लाइन चौराहा का नामकरण भगवान परशुराम के नाम होने के निर्णय के बाद से ही विप्र समाज के हित में एक बदलाव की क्रांति आई। मैं समझती हूं, सागर में पहली बार हुआ, जब किसी सार्वजनिक जगह का नामकरण भगवान परशुरामजी के नाम से हुआ। इसके बाद शिवाजी वार्ड में एक भवन भगवान परशुरामजी के नाम से लोकार्पित हुआ। भगवान परशुराम जी के नाम से ही एक अन्य बड़े भवन का निर्माण वर्तमान में मां हरसिद्धि मंदिर के पास बाघराज वार्ड में श्री प्रमेन्द्र रिछारिया गोलू द्वारा कराया जा रहा है।
महापौर ने कहा कि यह सब सबकी एकता से ही संभव हो पा रहा है। इससे पहले हमारा विप्र समाज इस तरह की सुविधाओं से अब तक अछूता ही रहा है, दरअसल, एकता और संगठन में शक्ति होती है। शास्त्रों में भी लिखा है संघे शक्ति युगे युगे...।महापौर ने कहा कि मैंने भगवान परशुराम जी की विश्व की सबसे ऊंची 35 फुट की प्रतिमा स्थापित करने के लिए घोषणा की थी उस पर निगम परिषद की स्वीकृति भी हो चुकी है। आने वाले समय में सभी की सहमति से भव्य और दिव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। उन्होंने कहा कि मैं आपको विश्वास दिलाती हूं कि भगवान परशुराम जी चौक का यह कार्य समय सीमा में गुणवत्ता पूर्ण किया जाएगा ।
भगवान परशुराम जी की प्रतिमा स्थापित करने के हरसंभव मदद: विधायक शैलेन्द्र जैन
विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने कहा कि आज बड़ा सौभाग्य है इस नगर के लिए कि सिविल लाइन चौराहा का नामकरण भगवान परशुराम जी के नाम पर कर उसका सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। मैं महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी, निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी,एम आई सी सदस्यों का धन्यवाद करता हूं। महापुरुष राष्ट्र की संपत्ति होते हैं इसलिए भगवान परशुराम जी की प्रतिमा स्थापित करने के लिए सरकारी अथवा निजी जमीन ली जाएगी तथा उसकी कीमत भी देंगे। उन्होंने कहा कि बाघराज वार्ड में आधा एकड़ जमीन भगवान परशुराम भवन के खाली कराई और 70 लाख रुपए की राशि मप्र सरकार ने भवन निर्माण के लिए स्वीकृत की है, मैं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को धन्यवाद देता हूं। उन्होंने कहा कि सिविल लाइन अंग्रेजों की संस्कृति का प्रतीक है इसको विलोपित करने की शुरुआत सागर से हुई है। हमारे ऋषि शस्त्र और शास्त्र के ज्ञाता थे,यह देश हिंदुत्व को मानने वाला है और हम सभी सनातन धर्म को मानने वाले हैं। उन्होंने महापौर जी को बधाई देते हुए कहा कि बहुत ही सुंदर वंदेमातरम चौक का निर्माण नगर निगम द्वारा किया गया है तथा संजय ड्राइव पर छत्रपति शिवाजी महाराज,उनकी मां जीजाबाई, राजमाता अहिल्याबाई की प्रतिमा सहित सौंदर्यीकरण का कार्य 15 दिवस में पूर्ण कर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सागर की पहाड़ियों पर भगवान शिव व हनुमान जी की प्रतिमा स्थापित करने हेतु सभी से चर्चा करेंगे। उन्होंने भगवान परशुराम जी की प्रतिमा स्थापित करने हेतु निजी अथवा विधायक निधि से राशि देने की घोषणा की ।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि मैं बधाई देता हूं महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी,एम आई सी सदस्यों एवं नगर निगम को जिन्होंने सागर के सबसे व्यस्ततम चौराहे का नामकरण भगवान परशुराम जी के नाम पर करने का ऐतिहासिक कार्य किया है। इस प्रकार के सांस्कृतिक, रचनात्मक कार्य सरकार अथवा समाज द्वारा किए जाते हैं वे आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देते हैं। यह ब्राम्हण समाज की मांग थी जिसे पूरा करने पर मैं महापौर एवं सभी जनप्रतिनिधियों को धन्यवाद देता हूं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने सभी समाजों को मंगल भवन देने का कार्य किया है तथा देश की रक्षा के लिए बलिदान देने वाले शहीदों के नाम पर सड़क का नामकरण किया है। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम जी की नाम पट्टिका भी लगाएं जिससे सभी को जानकारी हो और आने वाले समय में भव्य प्रतिमा स्थापित हो।
वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ सुशील तिवारी ने कहा कि आज 8 फरवरी 2026 इतिहास में दर्ज होगी क्योंकि अंग्रेजी दासता के प्रतीक सिविल लाइन चौराहा का नाम अब भगवान परशुराम जी के नाम से जाना जाएगा। अंग्रेजों ने हर शहर में सिविल लाइन की स्थापना की थी और भारतीयों के साथ दोयम दर्जे का व्यवहार किया। उन्होंने कहा कि यह कार्य विधायक जी, निगम अध्यक्ष, भाजपा जिलाध्यक्ष सहित सभी की प्रेरणा से यह कार्य संभव हो पाया। भगवान परशुराम जी के नाम से चौराहा का नामकरण किये जाने से हमारी आने वाली पीढ़ी हमारी संस्कृति को जानेंगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इस वार्ड का नाम भी भगवान परशुराम जी वार्ड करेंगे और इस लक्ष्य को पूरा करके ही मानेंगे। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम जी की 35 फुट की प्रतिमा सुंदर पार्क के साथ स्थापित होगी। उन्होंने कार्यक्रम में भागीदारी सुनिश्चित करने वाले सभी नागरिकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
इन्होंने भी किया सम्बोधित
कार्यक्रम को रविन्द्र दुबे कक्का, अजय दुबे विश्व हिंदू परिषद, एसवीएन के कुलपति अनिल तिवारी ने भी संबंधित किया और महापौर को चौराहा का नामकरण भगवान परशुराम जी चौराहा करने पर बधाई दी। कार्यक्रम का संचालन रचना तिवारी ने किया और आभार इंद्रजीत दुबे ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में युवा भाजपा नेता एवं संकल्प फाउंडेशन के अध्यक्ष रिशांक तिवारी ने पुष्पवर्षा कर सभी अतिथियों एवं गणमान्य नागरिकों का स्वागत किया।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर एम आई सी सदस्यअनूप उर्मिल,राजकुमार पटेल,संगीता शैलेष जैन, कंचन सोमेश जड़िया, पार्षद रूबी पटेल, प्रहलाद पटेल, कनई पटेल, प्रफुल्ल दुबे, डॉ. डी पी चौबे ,रामावतार पाण्डेय, डा.श्याम मनोहर सिरोठिया, प्रदीप तिवारी एड., संतोष दुबे, प्रदीप पाठक, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष संध्या भार्गव, शिवशंकर मिश्रा,अर्पित पाण्डेय ,पप्पू तिवारी ,माधव कटारे, दिनकर तिवारी, अमित रामजी दुबे,सूर्यांश तिवारी,संध्या द्विवेदी , मधुसूदन खेमरिया, यशोवर्धन चौबे, सुदेश तिवारी, शुभ दुबे जी, नमन चौबे, निष्कर्ष दुबे, शुभम शुक्ला, स्वराज, श्वेता तिवारी,डा प्रियंका उपाध्याय, शालिनी तिवारी, मनोरमा कटारे,अजय मिश्रा, रीतेश मिश्रा, विद्याभूषण तिवारी, अनिल दुबे, आशालता सिलाकारी,पप्पू तिवारी, नीरज पांडे, दीपा तिवारी, राजकुमार टोंटे, राजकुमार पचौरी, सचिन दुबे लल्ला,संजय तिवारी, राकेश दुबे, सिदगुवां, कार्यपालन यंत्री, महादेव सोनी, सहित बड़ी संख्या में ब्राम्हण समाज के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
,












0 comments:
एक टिप्पणी भेजें