Editor: Vinod Arya | 94244 37885

शाहपुर में मजबूत हो रही जल प्रदाय व्यवस्था, 15 वार्डों में शुरू हुआ ट्रायल रन

शाहपुर में मजबूत हो रही जल प्रदाय व्यवस्था, 15 वार्डों में शुरू हुआ ट्रायल रन

1.75 एमएलडी जल शोधन संयंत्र सहित परियोजना का 94 प्रतिशत काम पूरा, 2,700 घरों तक पहुंचे जल कनेक्शन



तीनबत्ती न्यूज: 07 अक्टूबर, 2026

सागर। शाहपुर नगर में नागरिकों को स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण और नियमित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए जल प्रदाय परियोजना का काम तेजी से पूर्णता की ओर है। मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी द्वारा संचालित इस परियोजना का करीब 94 प्रतिशत भौतिक कार्य पूरा हो चुका है। संचालन एवं संधारण सहित परियोजना की लागत लगभग 17.47 करोड़ रुपये है।

परियोजना के तहत शाहपुर में 1.75 एमएलडी क्षमता का जल शोधन संयंत्र विकसित किया जा रहा है। इसके साथ ही जलापूर्ति के लिए पाइपलाइन और अन्य जरूरी अधोसंरचना तैयार की गई है।

47 किलोमीटर वितरण नेटवर्क पूरा

परियोजना के अंतर्गत 7 किलोमीटर रॉ-वाटर राइजिंग मेन पाइपलाइन का कार्य शत-प्रतिशत पूरा हो चुका है। वहीं 47 किलोमीटर वितरण नेटवर्क भी पूरी तरह बिछाया जा चुका है।

5.17 किलोमीटर क्लियर वाटर राइजिंग मेन में से अब तक 3.80 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है। दशहरा मैदान में 320 किलोलीटर क्षमता के ओवरहेड टैंक का निर्माण भी लगभग पूरा होने की स्थिति में है।

2,700 घरों को मिले जल कनेक्शन

नागरिकों को परियोजना का लाभ पहुंचाने के लिए घरेलू जल कनेक्शन का काम भी तेजी से किया गया है। कुल 2,738 कनेक्शन के लक्ष्य के मुकाबले 2,700 घरेलू जल कनेक्शन दिए जा चुके हैं। यह लक्ष्य का लगभग 98.61 प्रतिशत है।

15 वार्डों में ट्रायल रन शुरू

शाहपुर के 15 वार्डों में जल प्रदाय व्यवस्था का ट्रायल रन शुरू कर दिया गया है। इसके माध्यम से नई व्यवस्था को वास्तविक परिस्थितियों में परखा जा रहा है। ट्रायल के दौरान सामने आने वाली तकनीकी कमियों और आवश्यक सुधारों को समय रहते दूर किया जा रहा है।

परियोजना के पूर्ण होने के बाद शाहपुर के नागरिकों को अधिक व्यवस्थित, गुणवत्तापूर्ण और नियमित पेयजल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

निर्धारित समय-सीमा में पूरे हों शेष कार्य

नगरीय विकास एवं आवास आयुक्त संकेत भोंडवे ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश के नगरीय क्षेत्रों में नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के लिए जल प्रदाय अधोसंरचना को मजबूत किया जा रहा है। शाहपुर में विकसित की जा रही आधुनिक जल प्रदाय व्यवस्था से नागरिकों को स्वच्छ एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि परियोजना के शेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के साथ ही संचालन एवं संधारण व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।

Share:

वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में गूंजी चीतों की दहाड़, बुंदेलखंड बना प्रदेश का तीसरा चीता आवास • मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दो चीतों को किया विमुक्त, नर का नाम ‘व्योम’ और मादा का ‘नीरा’ रखा; अगले माह दो और चीते आएंगे

वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में गूंजी चीतों की दहाड़, बुंदेलखंड बना प्रदेश का तीसरा चीता आवास


• मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दो चीतों को किया विमुक्त, नर का नाम ‘व्योम’ और मादा का ‘नीरा’ रखा; अगले माह दो और चीते आएंगे


तीनबत्ती न्यूज: 7 अक्टूबर 2026

सागर।बुंदेलखंड की धरती पर बुधवार को करीब डेढ़ सदी बाद एक बार फिर चीतों की मौजूदगी दर्ज हुई। सागर जिले के नौरादेही क्षेत्र स्थित वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दो चीतों को विमुक्त कर मध्यप्रदेश में चीता पुनर्स्थापना के एक नए अध्याय की शुरुआत की। इसके साथ ही कूनो राष्ट्रीय उद्यान और गांधी सागर अभयारण्य के बाद वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व प्रदेश का तीसरा चीता आवास क्षेत्र बन गया।

मुख्यमंत्री ने विमुक्त किए गए दोनों चीतों का नामकरण भी किया। नर चीता, जिसका पूर्व नाम थोलो था, अब ‘व्योम’ और मादा चीता, जिसका पूर्व नाम सीसीबी-3 था, अब ‘नीरा’ के नाम से जानी जाएगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृढ़ संकल्प से शुरू हुआ चीता पुनर्स्थापना अभियान मध्यप्रदेश में सफलता के नए आयाम स्थापित कर रहा है। कूनो और गांधीसागर के बाद अब वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में चीतों की मौजूदगी से बुंदेलखंड भी विश्व के वन्यजीव संरक्षण मानचित्र पर प्रमुखता से अंकित हो गया है।

लगभग 150 वर्ष बाद बुंदेलखंड में चीतों की वापसी

मुख्यमंत्री ने कहा कि वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार इस क्षेत्र में करीब 160 से 170 वर्ष पहले चीतों की मौजूदगी के प्रमाण मिलते हैं। इतने लंबे अंतराल के बाद बुंदेलखंड की धरती पर चीतों की वापसी ऐतिहासिक अवसर है। वर्ष 2022 में मध्यप्रदेश में चीता पुनर्स्थापना की शुरुआत हुई थी और इसके बाद चीतों की संख्या में लगातार वृद्धि हुई है।

वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व की विशेषता यह है कि यहां टाइगर के साथ चीते भी प्राकृतिक आवास में रहेंगे। क्षेत्र में नीलगाय, चिंकारा, हिरण सहित अनेक वन्यप्राणी मौजूद हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी प्रजातियों के बीच प्राकृतिक संतुलन बनाए रखना आवश्यक है।

‘जियो और जीने दो’ की भावना से वन्यजीव संरक्षण

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वन्यजीव संरक्षण के साथ वन क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों के हितों और उनकी आजीविका की चिंता करना भी सरकार का दायित्व है। वन्यजीव और मानव के बीच संतुलन बनाते हुए ‘जियो और जीने दो’ की भावना से आगे बढ़ना होगा। उन्होंने कहा कि करीब 41 वर्ष पूर्व जब इस क्षेत्र को टाइगर रिजर्व घोषित किया गया था, तब स्थानीय लोगों को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। वन्यजीव संरक्षण और स्थानीय लोगों के हितों के बीच संतुलन बनाकर ही संरक्षण को मजबूत किया जा सकता है।


पर्यटन और ग्रामीण रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि अभयारण्यों में पर्यटन, जंगल सफारी और अन्य गतिविधियों से होने वाली आय में स्थानीय ग्रामीणों और समितियों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। पर्यटकों से प्राप्त राशि में समितियों को भी हिस्सा दिया जा रहा है, ताकि जंगल के आसपास रहने वाले ग्रामीणों को वन्यजीव संरक्षण का प्रत्यक्ष लाभ मिल सके। बफर क्षेत्र के गांवों में होम स्टे को बढ़ावा दिया जा रहा है। ग्रामीण अपने घरों में एक से तीन कमरे तैयार कर पर्यटकों को सुविधा दे सकते हैं। इसके लिए सरकार की ओर से करीब दो से तीन लाख रुपये तक का अनुदान भी दिया जा रहा है।उन्होंने कहा कि वन क्षेत्रों में खेती की जमीन सीमित होने के कारण पशुपालन और दूध उत्पादन ग्रामीणों की आय का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकता है। किसान कल्याण वर्ष में दूध उत्पादन को बढ़ावा देने और समितियों के माध्यम से किसानों से दूध खरीदकर उन्हें उचित मूल्य दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर साधा निशाना

चीता विमुक्ति के बाद आयोजित राज्य स्तरीय वन्य प्राणी सप्ताह के समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस की पूर्व सरकारों पर वन्यजीव संरक्षण को लेकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की सरकारों के समय चीता तो छोड़िए, टाइगर भी कम होते गए और जंगल खाली हो गए, जबकि भाजपा सरकार में जंगल आबाद हुए हैं। उन्होंने राहुल गांधी का नाम लिए बिना विपक्ष पर टिप्पणी करते हुए कहा कि “एक पप्पू भी है जो मानता ही नहीं है” और सत्ता की चाह में वह जो कर रहा है, भगवान उसे सद्बुद्धि दे।

अगले माह दो और चीते आएंगे

मुख्यमंत्री ने बताया कि वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में बुधवार को दो चीते विमुक्त किए गए हैं। अगले माह दो और चीते यहां लाए जाएंगे। इससे क्षेत्र में चीतों का कुनबा बढ़ेगा और यह उनके लिए स्थायी एवं अनुकूल आवास के रूप में विकसित होगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की धरती वन्यप्राणियों के लिए अनुकूल है। प्रदेश में टाइगर की संख्या देश में सर्वाधिक है। गिद्ध संरक्षण, कछुआ संरक्षण, चंबल के घड़ियाल और नदियों के जलीय जीवों के संरक्षण की दिशा में भी लगातार कार्य किए जा रहे हैं। वन्यजीव संरक्षण केवल किसी एक प्रजाति तक सीमित नहीं, बल्कि पूरे पारिस्थितिकी तंत्र के संरक्षण का विषय है

बुंदेलखंड में पर्यटन की नई संभावनाएं

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि लंबे समय से बुंदेलखंड में चीतों की पुनर्स्थापना की चर्चा होती रही है, लेकिन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के विशेष फोकस और प्रयासों से अब यह महत्वपूर्ण पहल साकार हुई है। उन्होंने कहा कि चीतों की वापसी से बुंदेलखंड के इतिहास में नया अध्याय जुड़ा है।

दमोह सांसद राहुल सिंह लोधी ने कहा कि चीतों की पुनर्स्थापना के बाद क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों के विस्तार की संभावनाएं बढ़ेंगी। उन्होंने स्थानीय युवाओं को विभिन्न भाषाओं का प्रशिक्षण देने और गाइड प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने की आवश्यकता बताई, ताकि युवाओं को पर्यटन से रोजगार मिल सके।


पूर्व मंत्री और रहली विधायक गोपाल भार्गव ने कहा कि इस क्षेत्र का इतिहास वन और पर्यावरण संरक्षण के संघर्ष से जुड़ा रहा है। उन्होंने क्षेत्र में बसाहट एवं पुनर्वास, आजीविका से जुड़े कार्यक्रम और रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने युवाओं और बच्चों के लिए अंग्रेजी सहित अन्य भाषाओं के प्रशिक्षण केंद्र शुरू करने की मांग भी रखी।


वन्यजीव संरक्षण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वन्यजीव संरक्षण पुरस्कार वर्ष 2026 के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले 12 अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया। इनमें उप संचालक पुनीत गोरेवाल, सहायक वन संरक्षक राजा खरे, वन क्षेत्रपाल कार्तिकेय शुक्ला, वनपाल दिलीप वाघमारे, वनपाल एवं डॉग हैंडलर पदम सिंह राजपूत, वनरक्षक एवं डॉग हैंडलर रामकृष्ण पराशरी, वनरक्षक गौतम शर्मा एवं आलोक प्रजापति सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। सम्मानित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पेंच, सतपुड़ा, वीरांगना दुर्गावती, कूनो और पन्ना सहित विभिन्न वन क्षेत्रों में वन्यजीव संरक्षण, सुरक्षा, प्रबंधन, गौर पुनर्स्थापना और निगरानी में उल्लेखनीय योगदान दिया है।


पुस्तिकाओं का विमोचन और ‘चीता मित्र’ से संवाद

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान गिद्ध संख्या आकलन एवं वन्यजीव संरक्षण, ‘हमार वीडीटीआर’ और ‘बाघिन दीदी’ पुस्तिकाओं का विमोचन किया। उन्होंने ‘चीता मित्र’ और ‘बाघिन दीदी’ से संवाद कर उनके अनुभवों और कार्यों की जानकारी भी ली। कार्यक्रम के अंत में वन विभाग की ओर से मुख्यमंत्री को स्मृति-चिह्न भेंट किया गया।

ये रहे शामिल

कार्यक्रम में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, सांसद राहुल सिंह लोधी, विधायक गोपाल भार्गव, विधायक शैलेन्द्र जैन, विधायक प्रदीप लारिया, विधायक बृज बिहारी पटेरिया, विधायक वीरेन्द्र सिंह लोधी, भाजपा नेता श्याम तिवारी, सागर ग्रामीण भाजपा जिलाध्यक्ष रानी कुशवाहा, संभागायुक्त दिलीप कुमार, आईजी इरशाद वली, डीआईजी एस.एस. चौहान, कलेक्टर प्रतिभा पाल, पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।




मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का मोहाली हेलीपेड आगमन, हुआ भव्य स्वागत

वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में चीता विमुक्त कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आज विधानसभा रेहली के मोहाली हेलीपेड पर आगमन हुआ। हेलीपेड पर जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने पुष्प गुच्छ देकर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया।


इस अवसर पर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत, सांसद श्री राहुल लोधी, रेहली विधायक श्री गोपाल भार्गव, सागर विधायक श्री शैलेंद्र जैन, बंडा विधायक श्री वीरेंद्र सिंह, नरयावली विधायक श्री प्रदीप लारिया, देवरी विधायक श्री बृज बिहारी पटेरिया  श्री श्याम तिवारी, श्रीमती रानी कुशवाहा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। अधिकारियों में आईजी श्री इरशाद वली, डीआईजी श्री एस.एस. चौहान, एसपी श्री अनुराग सुजानिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

439 हेक्टेयर में तैयार हुआ चीता आवास

वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में चीतों के सुरक्षित और अनुकूल आवास के लिए करीब 439 हेक्टेयर क्षेत्र में विशेष व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं। चीतों के अनुकूल वातावरण तैयार करने के साथ सुरक्षित बाड़े, निगरानी, सुरक्षा और स्वास्थ्य जांच से जुड़ी सुविधाएं विकसित की गई हैं।

वन विभाग की टीम चीतों की नियमित निगरानी और स्वास्थ्य परीक्षण करेगी। साथ ही क्षेत्र में मौजूद अन्य वन्यजीवों के लिए भी ऐसा पारिस्थितिकी तंत्र विकसित किया गया है, जिससे चीता, टाइगर और अन्य वन्यजीवों के बीच प्राकृतिक संतुलन बना रहे।


2,339 वर्ग किलोमीटर में फैला है टाइगर रिजर्व

वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व सागर, दमोह और नरसिंहपुर जिलों में करीब 2,339 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला है और मध्यप्रदेश का सबसे बड़ा टाइगर रिजर्व है। राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण के आंकड़ों में भी इसका कुल



क्षेत्रफल करीब 2,339.12 वर्ग किलोमीटर दर्ज है। यहां बाघ, तेंदुआ, चीतल, सांभर, नीलगाय, भालू सहित अनेक वन्यजीव पाए जाते हैं। रिजर्व की आधिकारिक जानकारी के अनुसार यह क्षेत्र ऊपरी विंध्य क्षेत्र का हिस्सा है और सागर, दमोह तथा नरसिंहपुर में विस्तृत है। 



Share:

सागर में सेवा ज्योति यात्रा का भव्य आयोजन, सड़कों पर दिखा उत्सव सा नजारा

सागर में सेवा ज्योति यात्रा का भव्य आयोजन, सड़कों पर दिखा उत्सव सा नजारा

• प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के लोकसेवा काल को समर्पित विकसित भारत संकल्प सभा में उमड़ा जनसैलाब

तीनबत्ती न्यूज:07 अक्टूबर, 2026

सागर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकसेवक के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बुधवार को सागर के पीटीसी मैदान में विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति कलश यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम को लेकर सुबह से ही सागर शहर सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से हितग्राही, भाजपा कार्यकर्ता और आमजन समूहों में कार्यक्रम स्थल की ओर पहुंचे। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी से शहर की सड़कों पर उत्सव जैसा माहौल नजर आया।

कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही पीटीसी मैदान में बनाया गया विशाल पंडाल भर गया। मंच से लेकर दर्शक दीर्घा तक लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया। बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं और आमजन के कारण कार्यक्रम स्थल पर विहंगम दृश्य देखने को मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक वंदे मातरम् गायन के साथ हुआ। विकसित भारत संकल्प सभा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। इसके अलावा मध्यप्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने सभा को संबोधित किया। विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने उपस्थित जनसमुदाय को विकसित भारत के निर्माण की शपथ दिलाई।


मोदी के 25 वर्षों की लोकसेवा विकसित भारत की आधारशिला : गोविंद सिंह राजपूत


सभा को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की लोकसेवा विकसित भारत की आधारशिला बनी है। वर्ष 2001 में गुजरात से शुरू हुई उनकी सार्वजनिक जीवन की यात्रा आज राष्ट्रसेवा, गरीब कल्याण, सुशासन और भारत के पुनर्निर्माण की व्यापक यात्रा बन चुकी है।


उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेवा और समर्पण को राजनीति के केंद्र में रखते हुए देश के विकास को नई दिशा दी है। उनके नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है।


राजपूत ने कहा कि विकसित भारत का संकल्प अब केवल लक्ष्य नहीं, बल्कि जनभागीदारी से आगे बढ़ रहा राष्ट्रीय अभियान है। प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के लोकसेवा अनुभव और संकल्प ने विकसित भारत-2047 की नींव को मजबूत किया है। सेवा ज्योति कलश यात्रा इसी सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है।

सेवा ज्योति प्रज्वलित कर रथों को किया रवाना

कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, भाजपा प्रदेश मंत्री एवं सागर जिला प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने सेवा ज्योति प्रज्वलित की। इसके बाद जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों के लिए तैयार किए गए रथों को सेवा संकल्प यात्रा के लिए रवाना किया गया।

आयोजन के दौरान कार्यकर्ताओं और आमजन में खासा उत्साह दिखाई दिया। विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे समूहों ने यात्रा में सहभागिता की।


ये जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश मंत्री एवं जिला प्रभारी लोकेंद्र पाराशर, पूर्व मंत्री एवं रहली विधायक गोपाल भार्गव, विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन, विधायक प्रदीप लारिया, विधायक वीरेंद्र सिंह लंबरदार, देवरी विधायक बृज बिहारी पटेरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, कुश कल्याण बोर्ड अध्यक्ष प्रभुदयाल कुशवाहा, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, जिला ग्रामीण अध्यक्ष रानी कुशवाहा, महापौर संगीता तिवारी, निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुधा जैन, डॉ. विनोद पंथी, सेवा संकल्प अभियान जिला संयोजक जगन्नाथ गुरैया सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


जिलाध्यक्ष ने जताया आभार

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने बताया कि कार्यक्रम में जिलेभर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आमजन शामिल हुए। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने सभी जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम प्रभारी यश अग्रवाल ने किया। सभा के बाद सेवा ज्योति कलश यात्रा को जिले की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया।

Share:

ऑटो रिक्शा के खिलाफ सघन चेकिंग, 30 वाहनों से 1.41 लाख जुर्माना वसूला

ऑटो रिक्शा के खिलाफ सघन चेकिंग, 30 वाहनों से 1.41 लाख जुर्माना वसूला

• बिना परमिट, फिटनेस और लाइसेंस के चल रहे 5 ऑटो रिक्शा जब्त



तीनबत्ती न्यूज: 6 अक्टूबर 2026

सागर। परिवहन आयुक्त, मध्यप्रदेश ग्वालियर एवं कलेक्टर सागर के निर्देश पर यात्री बसों, स्कूल बसों और ऑटो रिक्शा के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में परिवहन विभाग की टीम ने शहरी क्षेत्र में ऑटो रिक्शा वाहनों की जांच की।

पूर्व में की गई कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए 30 यात्री बस, स्कूल बस एवं अन्य वाहनों से 1 लाख 41 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया गया। जुर्माना जमा होने के बाद इन वाहनों को मुक्त कर दिया गया।

जांच के दौरान यात्री एवं स्कूल बसों में सुरक्षा संबंधी कई कमियां भी सामने आई थीं। इनमें पीछे के कांच पर लोहे की जाली लगी होना, फर्स्ट एड बॉक्स का उपलब्ध नहीं होना, निर्धारित मानक के अग्निशमन यंत्र नहीं होना, वाहन के आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं होना, आपातकालीन द्वार पर सीट लगी होना, आपातकालीन द्वार का ठीक से नहीं खुलना तथा रिमोल्ड टायर लगे होना जैसी अनियमितताएं शामिल थीं।

बिना परमिट और फिटनेस के चल रहे 5 ऑटो जब्त

6 अक्टूबर को शहरी क्षेत्र में की गई कार्रवाई के दौरान 5 ऑटो रिक्शा नियम विरुद्ध संचालित पाए गए। जांच में इन वाहनों के पास परमिट और फिटनेस नहीं पाए गए, जबकि वाहन चालकों के पास आवश्यक ड्राइविंग लाइसेंस भी उपलब्ध नहीं था। सभी 5 ऑटो रिक्शा को जब्त कर परिवहन कार्यालय परिसर में सुरक्षार्थ रखा गया है।

चेकिंग के दौरान कुछ वाहन चालकों ने रास्ता बदलकर जांच से बचने का प्रयास भी किया, लेकिन जांच दल ने उन्हें जांच के दायरे में लिया। नियमों में कमी पाए जाने पर संबंधित वाहनों के खिलाफ जब्ती की कार्रवाई की गई।

दस्तावेज साथ रखना अनिवार्य

क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने वाहन स्वामियों एवं चालकों को निर्देश दिए हैं कि वाहन संचालन के दौरान बीमा, फिटनेस, परमिट, पंजीयन कार्ड, हैवी ड्राइविंग लाइसेंस, टैक्स प्रमाण पत्र और प्रदूषण प्रमाण पत्र सहित सभी आवश्यक दस्तावेज अनिवार्य रूप से साथ रखें।

दस्तावेजों में कमी पाए जाने पर मोटरयान अधिनियम, 1988 एवं मध्यप्रदेश मोटरयान कराधान अधिनियम, 1991 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यात्री वाहनों और ऑटो रिक्शा की यह चेकिंग कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

Share:

मेयर ने सागर कमिश्नर से भेंट कर निगमायुक्त के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की • निगमायुक्त ने महापौर परिषद के जनहितैषी निर्णयों को लंबित रखते हुए समय-सीमा में पालन नहीं किया महापौर

मेयर ने सागर कमिश्नर से भेंट कर निगमायुक्त के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की

• निगमायुक्त ने महापौर परिषद के जनहितैषी निर्णयों को लंबित रखते हुए समय-सीमा में पालन नहीं किया:  महापौर


तीनबत्ती न्यूज: 06 सितम्बर, 2026

सागर: महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने मंगलवार को संभागायुक्त  दिलीप कुमार से भेंट कर नगर निगम सागर के निगमायुक्त राजकुमार खत्री की कार्यप्रणाली को लेकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई। महापौर ने संभागायुक्त को पत्र सौंपते हुए महापौर परिषद (मेयर-इन-काउंसिल) द्वारा लिए गए महत्वपूर्ण एवं जनहितैषी निर्णयों को लंबित रखने, निर्धारित समय-सीमा में उनका अनुपालन नहीं किए जाने तथा निगम हित एवं जनहित के कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं होने का आरोप लगाते हुए निगमायुक्त के विरुद्ध शासन स्तर पर कार्रवाई की मांग की।

यह भी पढ़ें: पूर्व निर्णयों पर कार्रवाई नहीं होने से निगमायुक्त की कार्यप्रणाली पर महापौर परिषद नाराज : शासन को भेजा जाएगा पत्र : मेयर संगीता तिवारी • महापौर परिषद के निर्णयों की लगातार हो रही अवहेलना, जनचौपाल में भी नहीं पहुंचे निगमायुक्त

महापौर द्वारा सौंपे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि श्री राजकुमार खत्री नगर पालिक निगम सागर में लगभग ढाई वर्ष से निगमायुक्त के पद पर पदस्थ हैं। पत्र के अनुसार, उनके कार्यकाल के दौरान महापौर परिषद द्वारा जनहित एवं निगम हित में लिए गए महत्वपूर्ण प्रस्तावों को लंबित रखा जा रहा है। बैठकों में लिए गए निर्णयों के संबंध में भी निर्धारित समय-सीमा में अपेक्षित प्रतिवेदन एवं अनुपालन की जानकारी महापौर परिषद को उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। महापौर ने कहा कि इससे शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं, जनहित एवं विकास कार्यों की प्रगति, वित्तीय अनुशासन तथा नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।

महापौर परिषद द्वारा पूर्व की बैठकों में लिए गए लंबित निर्णयों की समीक्षा के लिए 30 सितंबर 2026 को बैठक आयोजित की गई थी। महापौर के अनुसार, बैठक में लंबित विषयों पर बिंदुवार विस्तृत चर्चा की गई, लेकिन कई प्रकरणों में निगमायुक्त द्वारा संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया।

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि महापौर परिषद द्वारा समय-समय पर पारित निर्णयों एवं दिए गए निर्देशों के बावजूद निर्धारित समय-सीमा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। अनेक महत्वपूर्ण प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने तथा समीक्षा के बाद भी निर्णयों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित नहीं किए जाने पर महापौर एवं महापौर परिषद ने गंभीर असंतोष व्यक्त किया है।

महापौर परिषद के प्रस्ताव क्रमांक 4, दिनांक 30 सितंबर 2026 में निगमायुक्त की कार्यप्रणाली के प्रति असंतोष व्यक्त करते हुए उनके विरुद्ध प्रस्ताव पारित किए जाने का भी पत्र में उल्लेख किया गया है।

कार्यवाई की रखी मांग

महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने संभागायुक्त से अनुरोध किया है कि नगर पालिक निगम सागर में जनहित एवं निगम हित से जुड़े कार्यों की गति बनाए रखने तथा महापौर परिषद के निर्णयों का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित कराने के लिए निगमायुक्त श्री राजकुमार खत्री की कार्यप्रणाली को दृष्टिगत रखते हुए उनके विरुद्ध शासन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई कराई जाए तथा उनका तत्काल प्रभाव से अन्यत्र स्थानांतरण किए जाने की कार्रवाई की जाए। 

ये रहे शामिल

इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता एवं महापौर प्रतिनिधि डॉ सुशील तिवारी,एम आई सी सदस्य अनूप उर्मिल, रुपेश यादव, राजकुमार पटेल, धमेंद्र खटीक,पार्षद प्रतिनिधि नरेश यादव, सोमेश जड़िया, शैलेष जैन, प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट रिशांक तिवारी उपस्थित थे।

Share:

Sagar News: उपस्थिति लगाकर विद्यालय से गायब मिले शिक्षक: नोटिस के साथ अतिथि शिक्षक का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश

उपस्थिति लगाकर विद्यालय से गायब मिले शिक्षक: नोटिस के साथ अतिथि शिक्षक का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश


तीनबत्ती न्यूज: 6 अक्टूबर 2026

सागर। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री अरविंद जैन ने मंगलवार को मालथौन विकासखंड के विभिन्न शासकीय विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपस्थिति दर्ज करने के बाद विद्यालय से अनुपस्थित मिले शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा बिना सूचना अनुपस्थित अतिथि शिक्षक का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए।



जिला शिक्षा अधिकारी ने पीएम श्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लोंगर, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रजवास, शासकीय एकीकृत हाईस्कूल पाली, शासकीय प्राथमिक शाला पाली, शासकीय प्राथमिक-माध्यमिक शाला परसोन, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रोड़ा, शासकीय एकीकृत माध्यमिक शाला रोड़ा और शासकीय माध्यमिक विद्यालय पथरिया बामन का निरीक्षण किया।


उपस्थिति दर्ज कर विद्यालय से अनुपस्थित मिले शिक्षक


निरीक्षण के दौरान शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रजवास के प्राथमिक शिक्षक मुकेश तिवारी तथा शासकीय माध्यमिक विद्यालय पथरिया बामन के अनिल जैन उपस्थिति दर्ज करने के बाद विद्यालय में अनुपस्थित पाए गए। दोनों को तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

इसी प्रकार शासकीय एकीकृत माध्यमिक शाला रोड़ा के प्राथमिक शिक्षक रामेश्वर प्रसाद कुर्मी और अविनाश कुमार दुबे भी हस्ताक्षर करने के बाद विद्यालय में अनुपस्थित मिले। दोनों शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए।


शासकीय माध्यमिक विद्यालय पथरिया बामन की अतिथि शिक्षक कीर्ति नामदेव भी बिना सूचना के अनुपस्थित पाई गईं। जिला शिक्षा अधिकारी ने उनका एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।


समय पर खुलें और बंद हों विद्यालय


जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि सभी विद्यालय निर्धारित समय पर खुलें और बंद हों। शिक्षक समय पर विद्यालय पहुंचें और ई-अटेंडेंस दर्ज करने के बाद विद्यालय में ही मौजूद रहें। उपस्थिति दर्ज करने के बाद विद्यालय से अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि कोई भी विद्यार्थी शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। विद्यालयों में उपलब्ध नि:शुल्क पाठ्य पुस्तकें और साइकिलें पात्र विद्यार्थियों तक पहुंचाई जाएं। यदि पाठ्य पुस्तकें अथवा साइकिलें अतिरिक्त बची हैं तो उन्हें तत्काल विकासखंड शिक्षा अधिकारी के समक्ष वापस करने की कार्रवाई की जाए।


निर्माणाधीन भवन का भी किया निरीक्षण


शासकीय हाईस्कूल पाली के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को भवन का निर्माण गुणवत्तापूर्ण तरीके से शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को असुविधा का सामना न करना पड़े।


पीएम श्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लोंगर के निरीक्षण के दौरान विद्यालय भवन निर्माण में आ रही हाईटेंशन लाइन और अतिक्रमण से संबंधित जानकारी ली गई। इस संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र के माध्यम से जानकारी भेजी गई है।


रोड़ा स्कूल परिसर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई


शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रोड़ा के निरीक्षण के दौरान प्राचार्य द्वारा विद्यालय परिसर में अतिक्रमण की जानकारी दी गई। जिला शिक्षा अधिकारी ने राजस्व अधिकारियों से चर्चा कर अतिक्रमण हटाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया।

Share:

सीएम डॉ.मोहन यादव 7 अक्टूबर को सागर में : वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में दो चीतों को करेंगे विमुक्त

सीएम डॉ.मोहन यादव 7 अक्टूबर को सागर में : वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में दो चीतों को करेंगे विमुक्त

तीनबत्ती न्यूज:  6 अक्टूबर 2026।

सागर : वन्य प्राणी संरक्षण सप्ताह के समापन अवसर पर सागर और बुंदेलखंड के लिए वन्यजीव संरक्षण का एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 7 अक्टूबर को वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में कूनो राष्ट्रीय उद्यान से लाए गए दो चीतों को विमुक्त करेंगे। इसके साथ ही वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व मध्यप्रदेश में चीतों का तीसरा आवास बन जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 7 अक्टूबर को सागर जिले के प्रवास पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे दोपहर 12 बजे भोपाल स्थित स्टेट हैंगर से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होकर दोपहर 12:55 बजे रहली विधानसभा क्षेत्र के मोहली हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां से दोपहर 1:20 बजे कार द्वारा वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री यहां चीतों को विमुक्त करने के साथ स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। स्थानीय कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 2:45 बजे कार से मोहली हेलीपैड पहुंचेंगे और दोपहर 2:50 बजे हेलीकॉप्टर से भोपाल के लिए रवाना होंगे।

439 हेक्टेयर क्षेत्र में चीतों के लिए विशेष व्यवस्थाएं

कूनो राष्ट्रीय उद्यान और गांधीसागर वन्यजीव अभयारण्य के बाद वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व को मध्यप्रदेश में चीतों के तीसरे आवास के रूप में विकसित किया गया है। चीतों की सुरक्षा और अनुकूलन के लिए लगभग 439 हेक्टेयर क्षेत्र में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। आधुनिक बाड़ों (बोमा) और अन्य सुविधाओं से युक्त सुरक्षित आवास तैयार किया गया है।

वन विभाग द्वारा चीतों की सुरक्षा, नियमित निगरानी और स्वास्थ्य देखभाल की समुचित व्यवस्था की गई है। साथ ही क्षेत्र में मौजूद अन्य वन्यजीवों के लिए भी सुरक्षित और अनुकूल पारिस्थितिकी तंत्र विकसित किया गया है।


सागर और बुंदेलखंड में बढ़ेगा वन्यजीव पर्यटन

चीतों की मौजूदगी से सागर और बुंदेलखंड में वन्यजीव पर्यटन को नई गति मिलने की उम्मीद है। देश के विभिन्न हिस्सों से पर्यटकों के पहुंचने से होटल, रिसॉर्ट, होम-स्टे, परिवहन, गाइड, वाहन चालक, छोटे व्यवसाय और हस्तशिल्प से जुड़े लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी पर्यटन आधारित आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

प्रदेश का सबसे बड़ा टाइगर रिजर्व


वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व, जिसे नौरादेही टाइगर रिजर्व के नाम से भी जाना जाता है, सागर, दमोह और नरसिंहपुर जिलों में लगभग 2,339 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला प्रदेश का सबसे बड़ा टाइगर रिजर्व है।


वर्ष 1997 में स्थापित इस क्षेत्र को नौरादेही वन्यजीव अभयारण्य के साथ एकीकृत करने के बाद 20 सितंबर 2023 को टाइगर रिजर्व का दर्जा दिया गया। यह क्षेत्र बाघ, तेंदुआ, चीतल, सांभर, नीलगाय और भालू सहित अनेक वन्यजीवों का प्राकृतिक आवास है। संकटग्रस्त भारतीय गिद्ध प्रजातियों के संरक्षण की दृष्टि से भी इसका विशेष महत्व है।


चीता पुनर्स्थापना अभियान को मिला नया विस्तार


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17 सितंबर 2022 को कूनो राष्ट्रीय उद्यान में नामीबिया से लाए गए चीतों को विमुक्त कर भारत में चीता पुनर्स्थापना अभियान की शुरुआत की थी। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका से भी चीते भारत लाए गए। अब इस अभियान का विस्तार मध्यप्रदेश के अन्य उपयुक्त वन क्षेत्रों तक किया जा रहा है।

वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में दो चीतों की विमुक्ति इसी व्यापक संरक्षण अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी है।


देश में चीतों की संख्या बढ़कर 60


5 अक्टूबर 2026 को कूनो राष्ट्रीय उद्यान में भारत में जन्मी मादा चीता KJP21 ने पांच स्वस्थ शावकों को जन्म दिया। इसके साथ देश में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 60 हो गई है, जिनमें 41 भारत में जन्मे चीते शामिल हैं।

7 अक्टूबर को कूनो से नर चीता थोलो और मादा चीता CCB-3 को वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व लाया जाएगा। इनके स्थानांतरण के बाद कूनो में 54 चीते रहेंगे।

वर्तमान में गांधीसागर वन्यजीव अभयारण्य में दक्षिण अफ्रीकी मूल के नर चीते प्रभास और पावक तथा मादा चीते धीरा और सितंबर 2026 में बोत्सवाना से लाकर विमुक्त की गई मादा राधा मौजूद हैं।

दो चीतों की विमुक्ति के साथ वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व मध्यप्रदेश में चीता पुनर्स्थापना अभियान का नया केंद्र बनेगा। इससे न केवल वन्यजीव संरक्षण को मजबूती मिलेगी, बल्कि सागर और पूरे बुंदेलखंड में पर्यटन एवं स्थानीय रोजगार की संभावनाओं को भी नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

Share:

सागर के वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. प्रदीप पाण्डेय 'हरिश्वती' बने अंतरराष्ट्रीय सर्वधर्म परिषद के राष्ट्रीय सलाहकार

सागर के वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. प्रदीप पाण्डेय 'हरिश्वती' बने अंतरराष्ट्रीय सर्वधर्म परिषद के राष्ट्रीय सलाहकार 


तीनबत्ती न्यूज: 6 अक्टूबर 2026

सागर। सागर के वरिष्ठ साहित्यकार एवं समाजसेवी डॉ. प्रदीप पाण्डेय 'हरिश्वती' को अंतरराष्ट्रीय सर्वधर्म परिषद (International Council of Religions) का राष्ट्रीय सलाहकार मनोनीत किया गया है। परिषद के शासी निकाय एवं केंद्रीय कार्यकारी बोर्ड द्वारा सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव के बाद केंद्रीय सचिवालय, नई दिल्ली से उनकी नियुक्ति का विधिवत आदेश जारी किया गया है।

परिषद द्वारा जारी आदेश में डॉ. पाण्डेय को समाज सेवा, लोक कल्याण, सांप्रदायिक सौहार्द और उनके दीर्घ अनुभव को देखते हुए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपे जाने का उल्लेख किया गया है। नियुक्ति पदभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष के लिए प्रभावी रहेगी।

शांति और सद्भाव अभियानों का करेंगे नेतृत्व

डॉ. पाण्डेय को संबंधित राज्यों के संभागों, मंडलों और जनपदों में परिषद की गतिविधियों, शांति अभियानों तथा संस्थागत कार्यक्रमों के नेतृत्व और पर्यवेक्षण के व्यापक कार्यकारी अधिकार दिए गए हैं। उनके मार्गदर्शन में राष्ट्र, प्रदेश और जिला स्तर पर सर्वधर्म शांति एवं सद्भाव समितियों के गठन के साथ सामाजिक सुरक्षा, नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण, युवा एवं महिला सहभागिता तथा प्रशासनिक समन्वय से जुड़े विभिन्न मानवीय अभियानों को गति देने की योजना है।


साहित्यिक और सामाजिक क्षेत्र में हर्ष

डॉ. प्रदीप पाण्डेय की नियुक्ति पर सागर सहित देश-प्रदेश के साहित्यिक, सांस्कृतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

बधाई देने वालों में श्यामलम के अध्यक्ष उमाकांत मिश्र, श्रुतिमुद्रा की डॉ. कविता शुक्ला, साहित्य सरस्वती मंच के संयोजक राधाकृष्ण व्यास, मध्यप्रदेश हिंदी साहित्य सम्मेलन सागर से पुष्पेंद्र दुबे, डॉ. श्याम मनोहर सिरोठिया, देववाणी संस्था के अध्यक्ष पूरन सिंह राजपूत, हिंदी उर्दू साहित्यकार मंच के अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण चौरसिया, तुलसी साहित्य संघ के अध्यक्ष अरुण दुबे, मध्यप्रदेश प्रगतिशील लेखक संघ के अध्यक्ष वृंदावन राय 'सरल', मध्यप्रदेश लेखक संघ के अध्यक्ष पी.आर. मलैया, बज्मे अजार से एम. शरीफ, मणिदेव ठाकुर, अमित आठ्या, कसक फाउंडेशन से सुरजीत सिंह, श्यामलम से आर.के. तिवारी, महबूब खान, शाहजाद, हेमंत दुबे लम्बरदार, एन. पुरुषोत्तम सेन, मनोज सोनी 'रहवर', सरस्वती वाचनालय एवं पुस्तकालय से जी.एल. छत्रसाल सहित शेखर आहूजा, राहुल पाठक, शोयेब कुरैशी, राजा ठाकुर, हर्षित जैन, राधिका साहू, निमित बलैया, सौम्या आहूजा, पंकज वर्मा, विशाल रजक, अमन पवार, गौरव सोनी और बिपिन पटेल शामिल हैं। नियुक्ति संबंधी जानकारी वरिष्ठ साहित्यकार अमित आठ्या ने दी।

Share:

वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व सागर में 7 अक्टूबर को दो चीते छोड़ेंगे सीएम डॉ मोहन यादव

7 अक्टूबर को वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व सागर में दो चीतों की दस्तक: सीएम डॉ. मोहन यादव करेंगे रिलीज

• चीतों के आगमन से वन्यजीव पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान : गोविंद सिंह राजपूत

तीनबत्ती न्यूज: 5 अक्टूबर 2026

सागर। वन्य प्राणी संरक्षण सप्ताह के समापन अवसर पर सागर और बुंदेलखंड के लिए एक ऐतिहासिक अवसर आने वाला है। 7 अक्टूबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में दो चीतों को रिलीज करेंगे। चीतों के आगमन से क्षेत्र में वन्यजीव संरक्षण के साथ पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में चीतों का आना सागर सहित पूरे बुंदेलखंड के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि चीतों की मौजूदगी से क्षेत्र की जैव विविधता को मजबूती मिलेगी और सागर को वन्यजीव पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान मिल सकती है।

439 हेक्टेयर क्षेत्र में चीतों के लिए विशेष व्यवस्था

मंत्री राजपूत ने बताया कि चीतों की सुरक्षा और अनुकूल वातावरण के लिए रिजर्व क्षेत्र में लगभग 439 हेक्टेयर क्षेत्र में विशेष व्यवस्थाएं और सुरक्षित स्थान विकसित किए गए हैं। वन विभाग द्वारा चीतों की सुरक्षा, निगरानी और स्वास्थ्य की नियमित व्यवस्था की जाएगी।

उन्होंने कहा कि यह केवल चीतों को बसाने की योजना नहीं है, बल्कि सागर और बुंदेलखंड में पर्यटन तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देने का अवसर भी है।


पर्यटन बढ़ा तो स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर

गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि चीतों को देखने के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से पर्यटकों के सागर आने की संभावना है। पर्यटकों की संख्या बढ़ने से होटल, रिसॉर्ट, होम-स्टे, परिवहन, स्थानीय गाइड, वाहन चालकों, छोटे व्यवसायों और हस्तशिल्प से जुड़े लोगों को रोजगार एवं आय के नए अवसर मिल सकते हैं।उन्होंने कहा कि इसके साथ ही आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी पर्यटन आधारित आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की संभावना है।

7 अक्टूबर को होंगे पुरस्कार वितरण सहित अन्य कार्यक्रम

वन्य प्राणी संरक्षण सप्ताह के समापन समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व पहुंचेंगे और दो चीतों को रिलीज करेंगे। इस अवसर पर वन्यजीव संरक्षण एवं संबंधित गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।



Share:

कलेक्टर प्रतिभा पाल का बड़ा एक्शन: लापरवाही पर पेनल्टी : तहसीलदार, टीबी अधिकारी सहित कई अफसरों का वेतन रोकने के निर्देश •JSY योजना में लापरवाही: एकाउंट मैनेजर की सेवा समाप्ति के निर्देश

समय सीमा बैठक में कलेक्टर प्रतिभा पाल सख्त : लापरवाही पर वेतन रोकने और पेनल्टी के निर्देश

• जननी सुरक्षा योजना के भुगतान में देरी पर एकाउंट मैनेजर की सेवा समाप्ति की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश


तीनबत्ती न्यूज:05 अक्टूबर, 2026

सागर। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल की अध्यक्षता में सोमवार को समय सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों, जनशिकायतों, स्वास्थ्य सेवाओं, भू-अर्जन एवं राजस्व मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। कार्य में लापरवाही और अनावश्यक रूप से प्रकरण लंबित रखने पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।


कलेक्टर ने कहा कि जन विश्वास अभियान शुरू होने से पहले सभी लंबित शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित कर उन्हें बंद कराया जाए। बिना उचित कारण शिकायतें लंबित पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए गए। एमपीईबी, सामाजिक न्याय विभाग तथा योजना एवं सांख्यिकी विभाग से संबंधित लंबित शिकायतों पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

100 दिन से लंबित भू-अर्जन प्रकरणों पर सख्ती

बैठक में बंडा, खुरई, बीना सहित अन्य क्षेत्रों में 100 दिनों से अधिक समय से लंबित भू-अर्जन एवं पट्टे से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने इन मामलों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।

बिना उचित कारण भू-अर्जन प्रकरण लंबित रखने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। एडीएम को इन मामलों की समीक्षा करने को कहा गया। बंडा तहसीलदार द्वारा भू-अर्जन प्रकरणों में समय पर कार्रवाई नहीं करने पर आगामी आदेश तक वेतन रोकने और नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

यह भी पढ़ें: सांसद रजनीश अग्रवाल ने डॉ. हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय सागर में स्थायी कुलपति की नियुक्ति की मांग उठाई : केंद्रीय शिक्षा मंत्री को लिखा पत्र

बंडा नगरीय निकाय के कार्यों की जांच के लिए समिति गठित

बंडा नगरीय निकाय में हुए निर्माण कार्यों, नगरीय प्रशासन विभाग की विभिन्न योजनाओं के संचालन एवं क्रियान्वयन तथा हितग्राहियों को लाभ पहुंचाने से संबंधित मामलों की निष्पक्ष जांच के लिए जांच समिति गठित करने के निर्देश दिए गए। समिति को 15 दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।

टीबी उन्मूलन कार्यक्रम में लापरवाही पर वेतन रोकने के निर्देश

राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान कार्य में लापरवाही पाए जाने पर जिला टीबी अधिकारी डॉ. कुरैशी का आगामी आदेश तक वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार संबंधित मामलों में खुरई और बीना बीएमओ का वेतन भी होल्ड रखने के निर्देश कलेक्टर ने दिए।

जननी सुरक्षा योजना के भुगतान में देरी पर होगी कार्रवाई

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत जननी सुरक्षा योजना (JSY) के भुगतान की समीक्षा में हितग्राहियों को राशि समय पर नहीं मिलने का मामला सामने आया। कलेक्टर ने भुगतान में देरी और लापरवाही पर संबंधित एकाउंट मैनेजर को कारण बताओ नोटिस जारी कर सेवा से पृथक करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जननी सुरक्षा योजना की राशि समय पर हितग्राहियों के बैंक खातों में पहुंचाना संबंधित खंड चिकित्सा अधिकारी की सीधी जिम्मेदारी है। भुगतान में अनावश्यक देरी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।


50 दिन से अधिक लंबित शिकायतों पर जताई नाराजगी

बैठक में 50 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण नहीं करने वाले अधिकारियों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

राजस्व एवं भू-अर्जन से संबंधित मामलों के निराकरण के लिए शिविर आयोजित कर नामांतरण, बंटवारा और खाता सुधार के कार्य पूर्ण कराने को कहा गया। सागर शहर के वेस्टर्न बायपास के लिए आवश्यक भूमि का कब्जा शीघ्र दिलाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित एसडीएम को दिए गए।

भूमि आवंटन और स्वामित्व योजना के कार्य समय पर करने के निर्देश

कलेक्टर ने सभी एसडीएम और तहसीलदारों को निर्देश दिए कि भूमि आवंटन के प्रकरण बिना वजह लंबित नहीं रखे जाएं। स्वामित्व योजना से संबंधित सभी कार्य एमपी ई-सेवा पोर्टल के माध्यम से निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने को कहा गया।


नामांतरण, कब्जा और बेदखली से संबंधित प्रकरणों में भी बिना विलंब कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। कब्जे से जुड़े मामलों में एसडीएम को स्वयं फील्ड पर जाकर राजस्व अमले से सत्यापन कराने को कहा गया।


कलेक्टर ने निर्देश दिए कि राजस्व अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर पंचनामा तैयार करें तथा प्रभावित अथवा संबंधित पक्ष की उपस्थिति में ही सीमांकन की कार्रवाई पूरी की जाए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ  जगदीश गोमे, नगर निगम आयुक्त  राजकुमार खत्री, अपर कलेक्टर अविनाश रावत, सिटी मजिस्ट्रेट शैलेश द्विवेदी सहित जिले के सभी एसडीएम और विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

Share:

सांसद रजनीश अग्रवाल ने डॉ. हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय सागर में स्थायी कुलपति की नियुक्ति की मांग उठाई : केंद्रीय शिक्षा मंत्री को लिखा पत्र

सांसद रजनीश अग्रवाल ने डॉ. हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय सागर में स्थायी कुलपति की नियुक्ति की मांग उठाई : केंद्रीय शिक्षा मंत्री को लिखा पत्र


तीनबत्ती न्यूज: 05 अक्टूबर, 2026

सागर। राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री प्रह्लाद जोशी से पत्र भेजकर डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर में स्थायी कुलपति की नियुक्ति प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ कराने का आग्रह किया है। 

उल्लेखनीय है डॉ गौर केंद्रीय विवि सागर में पिछले एक साल से अधिक समय से स्थायी कुलपति की नियुक्ति नहीं हुई है। पिछले हफ्ते प्रो नागेश दुबे को प्रभारी कुलपति बनाया गया है। 

सांसद श्री अग्रवाल ने अपने पत्र में कहा कि विश्वविद्यालय में लंबे समय से स्थायी कुलपति का पद रिक्त होने के कारण विश्वविद्यालय की प्रशासनिक एवं अकादमिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं तथा भविष्य की दृष्टि से बनाई जाने वाली योजनाओं में भी शिथिलता आ रही है।

उन्होंने कहा कि डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय मध्य भारत एवं बुंदेलखंड क्षेत्र के उच्च शिक्षा जगत का एक प्रतिष्ठित केंद्रीय विश्वविद्यालय है। यह संस्थान क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, शोध एवं नवाचार के अवसर प्रदान करने के साथ-साथ क्षेत्र के शैक्षणिक एवं सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।


राज्यसभा सांसद ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से आग्रह किया कि विश्वविद्यालय में कुलपति चयन की आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ कराने की कृपा की जाए, ताकि विश्वविद्यालय के प्रशासनिक एवं शैक्षणिक कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सकें और विद्यार्थियों को इसका समुचित लाभ प्राप्त हो।

श्री अग्रवाल ने कहा कि विश्वविद्यालय जैसे महत्वपूर्ण उच्च शिक्षा संस्थान के दीर्घकालिक विकास, अकादमिक उत्कृष्टता और विद्यार्थियों के हित में स्थायी नेतृत्व का होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय इस विषय पर शीघ्र सकारात्मक पहल करेगा।

Share:

योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना सेवा संकल्प और सेवा सेतु अभियान का उद्देश्य: सरोज भूपेन्द्र सिंह

योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना सेवा संकल्प और सेवा सेतु अभियान का उद्देश्य: सरोज भूपेन्द्र सिंह

• बांदरी और रजवांस में आंगन मिलन कार्यक्रम, सेवा सेतु एवं स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन


बांदरी/बरौदियाकलां। जिला पंचायत की पूर्व उपाध्यक्ष श्रीमती सरोज भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि सेवा संकल्प और सेवा सेतु अभियान का मुख्य उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना और उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर निराकरण करना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे अभियान के तहत क्षेत्र में लगातार विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

रविवार को अभियान के अंतर्गत बांदरी और रजवांस में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित हुए। बांदरी के आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-2 और रजवांस के आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-2 में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को उनके सराहनीय कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। आंगनवाड़ी क्षेत्र में कुल 50 प्रशस्ति पत्र वितरित किए गए।

इस अवसर पर श्रीमती सरोज भूपेन्द्र सिंह ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं से कहा कि वे केंद्रों पर आने वाले बच्चों, माताओं तथा अन्य पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं की जानकारी दें और उन्हें लाभ दिलाने में सक्रिय सहयोग करें। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में महिलाओं एवं बच्चों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।



सेवा सेतु शिविर में मौके पर लिए आवेदन

नगर परिषद बांदरी के बस स्टैंड प्रांगण और नगर परिषद बरौदियाकलां के हॉकर जोन टीनशेड में सेवा सेतु एवं स्वास्थ्य शिविर लगाए गए। विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शिविरों में मौजूद रहे। नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन भी प्राप्त किए गए।



विशेष सेवा सेतु शिविर में पीएम स्वनिधि योजना के 10 तथा संबल योजना के 5 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। स्वास्थ्य शिविर में बीपी, शुगर सहित आवश्यक जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई तथा जरूरत के अनुसार दवाइयां भी वितरित की गईं।

श्रीमती सरोज भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि शिविरों में संबंधित विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी से नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे अपने क्षेत्र में आयोजित होने वाले शिविरों में पहुंचकर पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन करें।उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास कार्य जनता के सामने हैं और आगे भी स्थानीय नागरिकों की आवश्यकताओं एवं समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास जारी रहेंगे।

ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में सीएमओ संजय समुद्रे, श्रीमती संध्या जितेंद्र सिंह राजपूत, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सुधा विश्वनाथ सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी, पूर्व मंडल अध्यक्ष श्रीमती शारदा, नगर पंचायत बरौदियाकलां अध्यक्ष मीना देवी कुशवाहा, पंडित आरसी दुबे, कल्पना चैबे, सरोज कुशवाहा, अनीता ताम्रकार, अनीता नामदेव, मंजू राय, अनिल पाराशर, मंडल अध्यक्ष विश्वनाथ सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष पप्पू मुकद्दम, देशराज सिंह, सनत साहू, पार्षद सुरेंद्र सिंह, पार्षद दुर्गा सिंह, पार्षद समर सिंह, पार्षद मोहन अहिरवार, राजेंद्र सिंह ठाकुर, उमेश राय, रावराजा राजपूत, तुलसीराम यादव, नरेश जैन, संतोष कुशवाहा, अवधेश सिंह, जनक लोधी, लल्लूपाल जितेंद्र राजपूत, सचिन साहू, राजू चैहान, सुरेंद्र सिंह, मकसूद अली, कोमल यादव, रामसिंह ठाकुर, दयाराम चौरसिया, बलराम ठाकुर, रामकुमार बघेल, गोलू राय, मंडल अध्यक्ष मालथौन अरविंद लोधी, मनीष पटवा, रविंद्र ठाकुर, अजमेर लोधी एवं निरंजन सिंह ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता तथा अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share:

आईएमए सागर की नई कार्यकारिणी निर्विरोध गठित, डॉ. मोनिका जैन अध्यक्ष और डॉ. सौरभ जैन सचिव बने

आईएमए सागर की नई कार्यकारिणी का निर्विरोध गठन:  डॉ. मोनिका जैन अध्यक्ष और डॉ. सौरभ जैन सचिव बने


तीनबत्ती न्यूज : 4 अक्टूबर 2026

सागर। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) सागर शाखा की वर्ष 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी का गठन निर्विरोध रूप से संपन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से पूरी होने के बाद चुनाव समिति ने निर्वाचन परिणामों की औपचारिक घोषणा की।

चुनाव समिति में डॉ. एस.एम. सरोठिया, डॉ. नीना गिडियन एवं डॉ. आर.डी. ननोरिया शामिल रहे। सर्वसम्मति से वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मोनिका जैन को आईएमए सागर का अध्यक्ष तथा वरिष्ठ दमा, टीबी, एलर्जी एवं छाती रोग विशेषज्ञ डॉ. सौरभ जैन को सचिव चुना गया।

--------

फेसबुक पर देखने क्लिक करे

आईएमए सागर की नई कार्यकारिणी निर्विरोध गठित, डॉ. मोनिका जैन अध्यक्ष और डॉ. सौरभ जैन सचिव बने

--------


नई कार्यकारिणी में इन्हें मिली जिम्मेदारी

आईएमए सागर की नई कार्यकारिणी में विभिन्न पदों पर चिकित्सकों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

अध्यक्ष: डॉ. मोनिका जैन

सचिव: डॉ. सौरभ जैन

उपाध्यक्ष: डॉ. अनूप साहू एवं डॉ. राजेश पटेल

संयुक्त सचिव: डॉ. शरद तिवारी एवं डॉ. अचला जैन

कोषाध्यक्ष: डॉ. के.के. शाक्य

क्लिनिकल सेक्रेटरी: डॉ. जान्हवी मुखारया, डॉ. राहुल मुखारया एवं डॉ. मधुर जैन

कार्यकारिणी सदस्य

डॉ. रामानुज गुप्ता, डॉ. अमिताभ जैन, संज्योत महेश्वरी, डॉ. रूपा अग्रवाल, डॉ. रोहित नामदेव एवं डॉ. ललित उपाध्याय को कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया है।

सेंट्रल वर्किंग कमेटी

सेंट्रल वर्किंग कमेटी में डॉ. डी.के. पिपल, डॉ. एस.के. सिंह एवं डॉ. अंकित तिवारी शामिल हैं।

स्टेट एग्जीक्यूटिव कमेटी

स्टेट एग्जीक्यूटिव कमेटी में डॉ. रविकांत अर्जरिया, डॉ. संजीव मुखारया, डॉ. देवेश पटेरिया एवं डॉ. ईशान दुबे को जिम्मेदारी मिली है।

चिकित्सकों के हितों के साथ जनस्वास्थ्य पर रहेगा जोर

नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. मोनिका जैन एवं सचिव डॉ. सौरभ जैन ने कहा कि आईएमए सागर की गतिविधियों को आने वाले कार्यकाल में और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाया जाएगा। चिकित्सकों के हितों की रक्षा के साथ-साथ जनस्वास्थ्य, स्वास्थ्य जागरूकता और समाजहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि आईएमए की भूमिका केवल चिकित्सकों से जुड़े विषयों तक सीमित न रहकर समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और आमजन को बेहतर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण है। नई कार्यकारिणी चिकित्सक समुदाय को साथ लेकर संगठन की गतिविधियों को और मजबूत करने का प्रयास करेगी।



Share:

सागर में थोक दवा विक्रेताओं का निरीक्षण, एबॉर्शन किट और ट्रेमाडोल समेत दवाओं के रिकॉर्ड तलब

सागर में थोक दवा विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, अभिलेख तलब

• एबॉर्शन किट, ट्रेमाडोल, एनआरएक्स और एटिजोलम सहित एंटीबायोटिक दवाओं के क्रय-विक्रय रिकॉर्ड की होगी जांच


तीनबत्ती न्यूज: 4 अक्टूबर 2026

सागर। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देशन में तथा नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन, भोपाल के निर्देश और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. देवेश पटेरिया एवं सिटी मजिस्ट्रेट शैलेश द्विवेदी के मार्गदर्शन में जिले में थोक औषधि विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।निरीक्षण की कार्रवाई मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. देवेश पटेरिया तथा औषधि निरीक्षक सोनम जैन और मनीष सुमन की संयुक्त टीम ने की।

यह भी पढ़ें : बंडा में वीगोरा-100 की अवैध ऑनलाइन बिक्री का खुलासा, 120 स्ट्रिप्स बिना बिल मिलीं

बच्चन मेडिकल स्टोर से मांगे रिकॉर्ड

निरीक्षण के दौरान बच्चन मेडिकल स्टोर, सागर की जांच की गई। टीम ने प्रतिष्ठान में उपलब्ध दवाओं के क्रय-विक्रय से संबंधित अभिलेख एवं दस्तावेजों का परीक्षण किया। प्रतिष्ठान संचालक को एबॉर्शन किट, ट्रेमाडोल टैबलेट, अन्य एनआरएक्स श्रेणी की दवाओं तथा एटिजोलम के क्रय-विक्रय से संबंधित अभिलेख और रिपोर्ट कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

आजाद मेडिकल स्टोर का भी निरीक्षण

इसी क्रम में आजाद मेडिकल स्टोर का भी निरीक्षण किया गया। यहां कुछ औषधियों, विशेष रूप से एंटीबायोटिक दवाओं के क्रय-विक्रय से संबंधित अभिलेख और रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। टीम ने दवाओं के क्रय-विक्रय तथा संबंधित रिकॉर्ड की उपलब्धता की भी जांच की।

अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालक को बिना लाइसेंसधारी व्यक्ति अथवा डॉक्टर को दवाओं का विक्रय नहीं करने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें: सागर में अवैध शराब भंडारण पर बड़ी कार्रवाई, दो बार के लाइसेंस निरस्त

अभिलेखों की जांच के बाद होगी कार्रवाई

दोनों प्रतिष्ठानों को आवश्यक अभिलेख कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित दस्तावेज प्राप्त होने के बाद उनका परीक्षण किया जाएगा। अभिलेखों की जांच में यदि किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।


Share:

सागर में सेवा सेतु अभियान शुरू, 8 जोनों में शिविर; 2627 हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ

सेवा सेतु अभियान: 8 जोनों में पहुंची सरकार, 2627 हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई

• विधायक, महापौर, भाजपा जिलाध्यक्ष की मौजूदगी में हुआ शुभारंभ


तीनबत्ती न्यूज:  4 अक्टूबर 2026

सागर। नागरिकों को उनके वार्ड और घर के नजदीक पारदर्शी, संवेदनशील और समयबद्ध लोक सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार को नगरीय क्षेत्र में “सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार” का शुभारंभ हुआ। नगर निगम कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के साथ ही शहर के सभी 8 जोनों में शिविर लगाए गए। इस दौरान विभिन्न योजनाओं से वंचित पात्र नागरिकों को लाभ दिलाने की प्रक्रिया शुरू की गई।

कार्यक्रम में विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन, महापौर संगीता सुशील तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, निगमायुक्त राजकुमार खत्री सहित पार्षद और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।


यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चल रहे “सेवा संकल्प अभियान” का हिस्सा है। इसका उद्देश्य नागरिकों को सरकारी योजनाओं और लोक सेवाओं का लाभ लेने के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना है। इसके लिए विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एक ही स्थान पर मौजूद रहकर आवेदन और शिकायतों पर कार्रवाई कर रहे हैं।

एक भी पात्र नागरिक योजना के लाभ से वंचित न रहे: विधायक जैन

विधायक शैलेन्द्र जैन ने कहा कि “सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार” जनता की सेवा का महत्वपूर्ण अवसर है। जनप्रतिनिधि और अधिकारी नागरिकों तथा शासन की योजनाओं के बीच सेतु की भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिविरों में आने वाला एक भी पात्र नागरिक योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित किया जाए।

महापौर बोलीं- जनचौपाल के बाद सेवा सेतु को मिला विस्तार


महापौर संगीता सुशील तिवारी ने कहा कि सेवा सेतु अभियान सरकार और जनता के बीच विश्वास मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा 12 नवंबर 2025 से “आपकी महापौर आपके द्वार एवं जनचौपाल” शिविर शुरू किए गए थे। इन शिविरों में नागरिकों की समस्याएं उनके वार्ड में सुनकर संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में निराकरण की कार्रवाई की गई।

भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि 8 जोनों में आयोजित शिविरों का उद्देश्य नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं की जानकारी तथा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने कहा कि योजनाओं का उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब उनका लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचे। 


मौके पर आवेदनों की जांच, लंबित मामलों के लिए समय-सीमा तय


निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने बताया कि सभी 8 जोनों के शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों की तैनाती की गई है। प्राप्त आवेद नों और शिकायतों का मौके पर परीक्षण कर यथासंभव तत्काल निराकरण किया जा रहा है। जिन मामलों में मौके पर कार्रवाई संभव नहीं है, उन्हें संबंधित विभाग को भेजकर समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए गए हैं। शिविरों में सामाजिक न्याय, स्कूल शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, खाद्य, उद्योग और स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागों के स्टॉल लगाए गए। नागरिकों ने योजनाओं की जानकारी लेने के साथ अपनी समस्याएं और आवेदन अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए।

मंच से हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को मौके पर लाभ प्रदान किया गया।

- पीएम स्वनिधि योजना: संध्या विश्वकर्मा को 25 हजार रुपए और नंदलाल अहिरवार को 15 हजार रुपए का चेक।

- संबल योजना: मनीराम पचौरी को 4 लाख रुपए की अनुग्रह सहायता।

- प्रधानमंत्री आवास योजना-BLC: संभव जैन, मनोज सेन और भागीरथ प्रजापति को आवास की चाबी।

- प्रधानमंत्री आवास योजना-AHP: अजय आठया को गृह प्रवेश।

- प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 शहरी: 28 भूमिहीन हितग्राहियों को पट्टे।

- आवास निर्माण के लिए 120 हितग्राहियों के खातों में पहली किश्त के रूप में एक-एक लाख रुपए सिंगल क्लिक के माध्यम से भेजे गए।

2627 हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई

नगर निगम क्षेत्र में पात्र नागरिकों की पहचान कर उन्हें विभिन्न योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया के तहत 2627 हितग्राहियों के प्रकरणों में कार्रवाई की गई। इनमें पीएम स्वनिधि, विभिन्न पेंशन योजनाएं, संबल योजना, राशन पर्ची, नामांतरण, प्रधानमंत्री आवास योजना, पट्टा वितरण और कर्मकार मंडल सहित अन्य योजनाएं शामिल हैं।

नगर निगम प्रशासन के अनुसार अभियान के दौरान प्राप्त प्रकरणों की लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी, ताकि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

Share:

​साप्ताहिक राशिफल : 5 से 11 अक्टूबर 2026: जानिए कैसा रहेगा यह सप्ताह, किस राशि को मिलेगा भाग्य का साथ और कौन से उपाय बदलेंगे किस्मत

​साप्ताहिक राशिफल : 5 से 11 अक्टूबर 2026: जानिए कैसा रहेगा यह सप्ताह, किस राशि को मिलेगा भाग्य का साथ और कौन से उपाय बदलेंगे किस्मत



तीनबत्ती न्यूज: 04अक्टूबर ,2026

जय श्री राम

गोस्वामी तुलसीदास जी ने रामचरितमानस की अंतिम चौपाई में स्वयं को हरि का भक्त कहा है और अंत में यही याचना की है कि श्री हनुमान जी उनके हृदय में निवास करें। इस प्रकार गोस्वामी जी हनुमान जी से यह विशेष मांग कर रहे हैं। इस सप्ताह के लिए श्री हनुमान चालीसा की संपुट चौपाई है:

तुलसीदास सदा हरि चेरा | कीजै नाथ हृदय महँ डेरा ||

इस चौपाई का संपुट पाठ निरंतर करने से प्रभु श्री राम और हनुमान जी की कृपा प्राप्त होती है। "नाशे रोग हरे सब पीरा" नामक पुस्तक में श्री हनुमान चालीसा की चौपाइयों से संबंधित उपायों का विस्तृत विवरण दिया गया है।

इस सप्ताह का ग्रह गोचर

  • सूर्य: कन्या राशि
  • मंगल एवं गुरु: कर्क राशि
  • बुध एवं वक्री शुक्र: तुला राशि
  • वक्री शनि: मीन राशि
  • राहु: कुंभ राशि

राशिफल (5 - 11 अक्टूबर 2026)

1. मेष (Aries) ♈

  • राशिफल: व्यापारियों के लिए यह सप्ताह काफी अच्छा रहेगा और व्यापार में वृद्धि होगी। अविवाहितों के लिए विवाह के प्रस्ताव आ सकते हैं व नए प्रेम संबंध बन सकते हैं। शत्रु शांत रहेंगे और संतान से सहयोग मिलेगा। आपका व जीवनसाथी का स्वास्थ्य ठीक रहेगा। नौकरीपेशा जातकों के लिए स्थिति सुधरेगी।
  • शुभ तारीखें: 5 और 6 अक्टूबर (प्रतिष्ठा में वृद्धि संभव)
  • सावधान रहें: 9 और 10 अक्टूबर
  • उपाय: प्रतिदिन सफेद चावल का दान करें। शुक्रवार को मंदिर के पुजारी को सफेद वस्त्र दान करें।
  • शुभ दिन: मंगलवार

2. वृष (Taurus) ♉

  • राशिफल: आपका और आपके जीवनसाथी का स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। व्यापारियों के लिए समय अच्छा है। भाई-बहनों व संतान से सहयोग मिलेगा। कर्मचारियों व अधिकारियों के लिए सप्ताह ठीक है। कर्म पर विश्वास रखें, भाग्य से भी थोड़ी मदद मिलेगी।
  • शुभ तारीखें: 7 और 8 अक्टूबर
  • सावधान रहें: 11 अक्टूबर
  • उपाय: प्रतिदिन राम रक्षा स्तोत्र का पाठ करें।
  • शुभ दिन: बुधवार

3. मिथुन (Gemini) ♊

  • राशिफल: आपका, आपके जीवनसाथी व माता-पिता का स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। स्वयं पर विश्वास रखकर कार्य करें, भाग्य पर निर्भर न रहें। संतान से मदद मिलेगी और भाई-बहनों के साथ संबंध सामान्य रहेंगे।
  • शुभ तारीखें: 9 और 10 अक्टूबर (धन प्राप्ति का योग)
  • सावधान रहें: शेष दिन सामान्य
  • उपाय: प्रतिदिन काले कुत्ते को तंदूर की रोटी खिलाएं।
  • शुभ दिन: शुक्रवार

4. कर्क (Cancer) ♋

  • राशिफल: यह सप्ताह मिश्रित परिणाम देगा। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा, परंतु रक्त संबंधी बीमारियों (जैसे डायबिटीज, ब्लड प्रेशर) से सावधान रहें। जनप्रतिनिधियों व व्यापारियों के लिए समय शुभ है। नौकरीपेशा लोगों के लिए समय सामान्य रहेगा।
  • शुभ तारीखें: 5, 6 और 11 अक्टूबर
  • सावधान रहें: स्वास्थ्य के प्रति सजग रहें।
  • उपाय: प्रतिदिन काली उड़द की दाल का दान करें और शनिवार को शनि मंदिर में पूजन करें।
  • शुभ दिन: सोमवार

5. सिंह (Leo) ♌

  • राशिफल: कचहरी/कानूनी मामलों में चतुराई से सफलता मिलेगी। धन आगमन के अच्छे योग हैं। भाई-बहनों से संबंध मिले-जुले रहेंगे। भाग्य के बजाय अपने कठिन परिश्रम और लगन पर भरोसा रखें।
  • शुभ तारीखें: 7 और 8 अक्टूबर
  • सावधान रहें: 5 और 6 अक्टूबर
  • उपाय: प्रतिदिन गाय को हरा चारा खिलाएं।
  • शुभ दिन: बृहस्पतिवार

6. कन्या (Virgo) ♍

  • राशिफल: धन प्राप्ति की अच्छी संभावना है और आत्मविश्वास बढ़ा रहेगा। संतान से सीमित सहयोग मिलेगा। माता-पिता और आपका स्वास्थ्य उत्तम रहेगा।
  • शुभ तारीखें: 9 और 10 अक्टूबर
  • सावधान रहें: 7 और 8 अक्टूबर
  • उपाय: प्रतिदिन सफेद चावल का दान करें तथा शुक्रवार को मंदिर में पुजारी को सफेद वस्त्र दान करें।
  • शुभ दिन: शुक्रवार

7. तुला (Libra) ♎

  • राशिफल: अविवाहितों के लिए विवाह के प्रस्ताव आ सकते हैं और प्रेम संबंध प्रगाढ़ होंगे। अधिकारियों/कर्मचारियों के लिए स्थिति यथावत रहेगी। धन लाभ की संभावना है। कचहरी के मामलों में जोखिम न लें। संतान से सहयोग की कमी रहेगी। शत्रु शांत रहेंगे।
  • शुभ तारीखें: 5, 6 और 11 अक्टूबर
  • सावधान रहें: 9 और 10 अक्टूबर
  • उपाय: प्रतिदिन आदित्य हृदय स्तोत्र का पाठ करें।
  • शुभ दिन: बुधवार

8. वृश्चिक (Scorpio) ♏

  • राशिफल: धन आगमन और भाग्य का साथ मिलेगा। संतान से पूरा सहयोग प्राप्त होगा। आपका व जीवनसाथी का स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। कोर्ट-कचहरी के कार्यों में धन व्यय हो सकता है, लेकिन प्रयास करने पर सफलता मिलेगी।
  • शुभ तारीखें: 7 और 8 अक्टूबर
  • सावधान रहें: 11 अक्टूबर
  • उपाय: प्रतिदिन तांबे के पात्र में जल व लाल पुष्प डालकर सूर्य देव को अर्घ्य दें।
  • शुभ दिन: बृहस्पतिवार

9. धनु (Sagittarius) ♐

  • राशिफल: धन प्राप्ति के योग हैं। नौकरीपेशा जातकों के लिए समय ठीक है। भाग्य से सामान्य सहयोग मिलेगा और लंबी यात्रा के योग बन सकते हैं। परिवार का स्वास्थ्य ठीक रहेगा।
  • शुभ तारीखें: 9 और 10 अक्टूबर
  • सावधान रहें: 5 और 6 अक्टूबर
  • उपाय: प्रतिदिन काली उड़द दाल का दान करें और शनिवार को शनि देव की पूजा करें।
  • शुभ दिन: बृहस्पतिवार

10. मकर (Capricorn) ♑

  • राशिफल: कर्मचारियों, अधिकारियों और व्यापारियों के लिए सप्ताह लाभकारी रहेगा। भाग्य से सामान्य सहयोग मिलेगा। स्वास्थ्य ठीक रहेगा। अनैतिक या गलत रास्ते से धन आने की संभावना है, सावधान रहें।
  • शुभ तारीखें: 5, 6 और 11 अक्टूबर
  • सावधान रहें: 7 और 8 अक्टूबर
  • उपाय: प्रतिदिन रुद्राष्टक का पाठ करें।
  • शुभ दिन: शनिवार

11. कुंभ (Aquarius) ♒

  • राशिफल: भाग्य का पूरा साथ मिलेगा। थोड़े से प्रयास से शत्रु परास्त होंगे। कचहरी के मामलों में सफलता मिल सकती है। दुर्घटनाओं से सतर्क रहने की आवश्यकता है, यद्यपि कोई बड़ी घटना का योग नहीं है। जनप्रतिनिधियों के लिए समय अनुकूल है।
  • शुभ तारीखें: 7 और 8 अक्टूबर
  • सावधान रहें: शेष दिनों में सतर्कता बरतें।
  • उपाय: प्रतिदिन शिव पंचाक्षर स्तोत्र का पाठ करें।
  • शुभ दिन: बुधवार

12. मीन (Pisces) ♓

  • राशिफल: माता-पिता, आपका व आपके जीवनसाथी का स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। संतान से उचित सहयोग मिलेगा। अल्प मात्रा में धन लाभ के योग हैं।
  • शुभ तारीखें: 9 और 10 अक्टूबर
  • सावधान रहें: 7 और 8 अक्टूबर
  • उपाय: प्रतिदिन हनुमान चालीसा का पाठ करें और शनिवार को दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में 3 बार हनुमान चालीसा पढ़ें।
  • शुभ दिन: मंगलवार

विशेष नोट: यह सामान्य फलादेश है। व्यक्तिगत एवं सटीक कुंडली विश्लेषण हेतु संपर्क करें: पण्डित अनिल कुमार पाण्डेय (सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता, प्रश्न कुंडली एवं वास्तु शास्त्र विशेषज्ञ) पता: साकेत धाम कॉलोनी, मकरोनिया, सागर (मध्य प्रदेश) - 470004 संपर्क: 8959594400 जय मां शारदा

Share:

www.Teenbattinews.com

Archive