Sagar Crime: मंदिरों में सिलसिलेवार चोरी करने वाला शातिर आरोपी गिरफ्तार: सब्जी बेचने की आड़ में करता था रेकी : तीन मंदिरों की चोरी का खुलासा
तीनबत्ती न्यूज : 16 फरवरी 2026
सागर। सागर के थाना गोपालगंज क्षेत्र में मंदिरों में लगातार हो रही दानपेटी चोरी की घटनाओं का थाना गोपालगंज पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता प्राप्त की है। आरोपी विगत कई वर्षों से योजनाबद्ध तरीके से मंदिरों को निशाना बना रहा था।
क्या है पूरा मामला : मेडिकल कालेज के शिवमन्दिर में की चोरी
बीएमसी परिसर स्थित मृत्युंजय महादेव मंदिर में 22 जनवरी 2026 की रात्रि अज्ञात व्यक्ति द्वारा मंदिर में प्रवेश कर दानपेटी का ताला तोड़कर उसमें रखी दान राशि चोरी कर ली गई थी। इस संबंध में डॉ. उमेश पटेल की रिपोर्ट पर थाना गोपालगंज में अपराध धारा 331(4), 305(डी) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
चोरी का अनोखा तरीका – सब्जी बेचने की आड़ में करता था रेकी
गिरफ्तार आरोपी समीर अली पिता शाहिद अली, उम्र 43 वर्ष, निवासी बाघराज प्रधानमंत्री आवास, थाना मोतीनगर, जिला सागर है। आरोपी पेशे से ठेले पर सब्जी बेचने का कार्य करता है। दिनभर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में घूमते हुए वह सुनसान, कम निगरानी वाले मंदिरों को चिन्हित करता था। हर दो-तीन दिन में जब सब्जी समाप्त हो जाती थी तो आरोपी प्रातः लगभग 03:00 बजे स्कूटी से सब्जी मंडी जाने के लिए निकलता था।
वारदात के समय वह अपना चेहरा मास्क एवं गमछे से पूरी तरह ढंक लेता
वारदात के समय वह अपना चेहरा मास्क एवं गमछे से पूरी तरह ढंक लेता था। मंडी जाने से पहले चिन्हित मंदिर में प्रवेश कर लोहे की रॉड से दानपेटी का ताला तोड़ता और नगदी व अन्य सामान चोरी कर लेता था। चोरी के तुरंत बाद सीधे सब्जी मंडी जाकर सब्जी खरीदता और दिनभर सामान्य रूप से ठेले पर सब्जी बेचता था, जिससे किसी को उस पर संदेह न हो।
पुलिस ने कैसे पकड़ा शातिर चोर?
थाना प्रभारी गोपालगंज घनश्याम शर्मा द्वारा विशेष टीम गठित की गई, जिसमें आरक्षक दशरथ मालवीय एवं आरक्षक नेकराम कौशल और आरक्षक अंकित तिवारी को शामिल किया गया। घटनास्थल एवं कंट्रोल रूम के सीसीटीवी फुटेज का हफ्तों तक बारीकी से विश्लेषण किया गया। संदिग्ध के मूवमेंट का रूट चार्ट तैयार किया गया। जांच में सामने आया कि वारदात के बाद आरोपी सब्जी मंडी की ओर जाता है। सब्जी मंडी एवं आसपास के दुकानदारों से पूछताछ की गई। रणनीतिक योजना के तहत पुलिस टीम ने सब्जी मंडी में खरीदार बनकर कई दिनों तक प्रातः 03:00 बजे से 06:00 बजे तक निगरानी की। सतत निगरानी के दौरान सीसीटीवी फुटेज से मेल खाते हुलिए का व्यक्ति चिन्हित किया गया। गोपनीय रूप से पीछा कर उसके निवास स्थान की पुष्टि की गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को थाना प्रभारी गोपालगंज द्वारा पुलिस टीम गठित कर हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने अपराध स्वीकार कर लिया।
बरामदगी
पुलिस ने आरोपी के पास से दानपेटी का ताला तोड़ने में प्रयुक्त लोहे की रॉड,वारदात के समय उपयोग किया गया मास्क,घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है।
इन मंदिरों की चोरी स्वीकारी
आरोपी ने हनुमानगढ़ी मंदिर चोरी स्थान: स्नेह नगर कालोनी, गोपालगंज, जिला सागर घटना दिनांक: 06.10.2025 से 07.10.2025 की दरम्यानी रात्रि चोरी गया माल: लगभग ₹800/- नगद एवं “हनुमानगढ़ी” लिखी पीतल की घंटी चुराई। इसी तरह सिद्ध बाबा मंदिर, बालक कॉम्प्लेक्स से 05 व 06 दिसंबर . की दरम्यानी रात्रि में दो दान पेटियों से लगभग ₹2500/- से ₹3000/- नगद राशि चुराना स्वीकारा।
इनका कार्य रहा सराहनीय
इस पूरी कार्रवाई में एस आई राजेश चौबे ,प्रधान आरक्षक दीपक व्यास अनिल प्रभाकर , अयूब खान ,कैलाश सेन महिला प्रधान आरक्षक रेखा रजक , आरक्षक नेकराम कौशल दशरथ मालवीय, अंकित तिवारी , थिरबम आरक्षक चालक देवेंद्र पांडे का कार्य सराहनीय रहा।








0 comments:
एक टिप्पणी भेजें