विधानसभा में जिला अस्पताल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मकरोनिया में मर्ज करने का सुझाव दिया विधायक प्रदीप लारिया ने
तीनबत्ती न्यूज: 19 फरवरी, 2026
भोपाल: मध्यप्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के चतुर्थ दिवस नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं और विकास योजनाओं को लेकर सदन में पैरवी की। स्वास्थ्य, शिक्षा और सिंचाई जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्रित उनके प्रश्नों ने न केवल सरकार का ध्यान आकृष्ट किया, बल्कि क्षेत्र की दशकों पुरानी मांगों को भी नया बल दिया।
विधायक श्री लारिया ने लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री से जिला चिकित्सालय सागर के बुन्देलखण्ड मेडिकल कॉलेज (BMC) में विलय के संबंध में विस्तृत जानकारी चाही। उन्होंने विकल्प सुझाते हुए कहा कि यदि तकनीकी कारणों से यह संभव न हो, तो जिला चिकित्सालय को शासकीय शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मकरोनिया में मर्ज कर उसे सिविल अस्पताल का दर्जा प्रदान किया जाए, ताकि मकरोनिया क्षेत्र के सघन आबादी सहित जिले के नागरिकों को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
कड़ान मध्यम सिंचाई परियोजना
किसानों के हित में विधायक लारिया ने जल संसाधन मंत्री से कड़ान मध्यम सिंचाई परियोजना के पुनरीक्षित प्राक्कलन को साधिकार समिति की माह दिसम्बर 2024 की बैठक में सम्मिलित किया गया के संबंध में जानकारी मांगी। इसके अतिरिक्त विधायक श्री लारिया ने पिपरिया जसराज जलाशय योजना की स्वीकृति की वर्तमान स्थिति स्पष्ट करने का अनुरोध किया। गढ़ौली सेवरा, हनोता पारीक्षित और सेवरा जलाशय योजनाओं की साध्यता एवं लंबित स्वीकृतियों पर अतारांकित प्रश्न के माध्यम से सरकार से जवाब मांगा। क्षेत्रीय स्कूलों पर प्रश्न करते हुए श्री लारिया ने स्कूल शिक्षा मंत्री से राहतगढ़ एवं सागर विकासखंड के अंतर्गत स्वयं के भवनों में संचालित हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों की जानकारी ली। उन्होंने छात्र संख्या के मान से स्कूलों में अतिरिक्त कक्षों की स्वीकृति की आवश्यकता पर जोर दिया ताकि पठन-पाठन का सुचारू वातावरण सुनिश्चित हो सके।
जरूवाखेड़ा में नवीन पुलिस थाना
विधायक लारिया ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ग्राम जरूवाखेड़ा में नवीन पुलिस थाना स्थापित करने की मांग दोहराई। साथ ही, उन्होंने ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व के ग्राम भापेल मेला को 'म.प्र. मेला प्राधिकरण' में सम्मिलित करने का प्रस्ताव रखा, जिससे इस पारंपरिक आयोजन को सरकारी संरक्षण प्राप्त हो सके।
नगर परिषद कर्रापुर के लिए उन्होंने पशु कल्याण की दृष्टि से गौशाला एवं डॉग हाउस के निर्माण की मांग भी प्रमुखता से उठाई। विधायक लारिया के इन जनसरोकारी प्रश्नों पर संबंधित मंत्रियों ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें