विधायक शैलेन्द्र जैन ने आंगनवाड़ी भवन का किया लोकार्मण : एक करोड़ की सड़क निर्माण की दी स्वीकृति
तीनबत्ती न्यूज : 16 फरवरी 2026
सागर: शहर के दयानंद वार्ड में नव निर्मित आंगनवाड़ी भवन का लोकार्पण समारोह मुख्य अतिथि विधायक शैलेंद्र जैन, भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी एवं नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए क्षेत्रवासियों ने विधायक श्री जैन का पुष्पमालाओं से स्वागत कर आभार व्यक्त किया।
पार्षद प्रतिनिधि जिनेश साहू ने कहा कि आंगनवाड़ी निर्माण कार्य सुनने में भले छोटा लगे, लेकिन उनका वार्ड घाटियों पर बसा है, जहां निर्माण सामग्री पहुंचाना अत्यंत दुर्गम कार्य था। ठेकेदार भी कार्य करने को तैयार नहीं था, किंतु विधायक श्री जैन के निरंतर प्रयास और संवाद के परिणामस्वरूप यह कार्य संभव हो सका। विधायक शैलेंद्र जैन ने कहा कि आंगनवाड़ी एक अत्यंत महत्वपूर्ण संस्था है, जहां बच्चों के टीकाकरण, जन्मोत्सव, गोद भराई और पोषक आहार जैसे कार्यक्रम संचालित होते हैं। यह मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की आधारशिला है।
एक करोड़ की सड़क की मंजूर
विधायक जैन ने बताया कि दयानंद वार्ड के विकास में धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। झूला तिराहा से लच्छू तिराहा तक लगभग 1 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्य की स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है और शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ होगा।
भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि विधायक के नेतृत्व में सागर निरंतर विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने नगर निगम की ओर से क्षेत्र के विकास कार्यों में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम का संचालन अनिल सेन ने किया एवं आभार प्रदर्शन दमयंती शर्मा ने व्यक्त किया। इस अवसर पर धनबाई रैकवार, अजित जैन, पप्पू रैकवार, अफसर राइन सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें