Editor: Vinod Arya | 94244 37885

कलेक्टर प्रतिभा पाल ने समय-सीमा बैठक में की समीक्षा, जनविश्वास अभियान से पहले शिकायतों के निराकरण के निर्देश : लापरवाही पाए जाने पर डब्ल्यूआरडी के संबंधित एसडीओ को नोटिस जारी

कलेक्टर ने समय-सीमा बैठक में की समीक्षा, जनविश्वास अभियान से पहले शिकायतों के संतुष्टिपूर्ण निराकरण के निर्देश

•लापरवाही पाए जाने पर डब्ल्यूआरडी के संबंधित एसडीओ को नोटिस जारी 


तीनबत्ती न्यूज: 12 अक्टूबर 2026

सागर। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने सोमवार को समय-सीमा बैठक में जिले के विभिन्न विभागों के कार्यों और लंबित शिकायतों के निराकरण की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जनविश्वास अभियान के आगामी शिविरों से पहले सभी लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, राजस्व, स्वास्थ्य, मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, नागरिक आपूर्ति, अनुसूचित जाति/जनजाति तथा सहकारिता सहित विभिन्न विभागों में लंबित शिकायतों की बिंदुवार समीक्षा की।

मातृ वंदना और लाड़ली बहना के E-KYC तीन दिन में पूरा करने के निर्देश

महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और लाड़ली बहना योजना के शत-प्रतिशत प्रकरणों में अगले तीन दिनों में E-KYC पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने भू-अर्जन से संबंधित 100 दिनों से लंबित शिकायतों की भी प्रकरणवार समीक्षा की। लापरवाही पाए जाने पर डब्ल्यूआरडी के संबंधित एसडीओ को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। मालथौन, बंडा, बीना, खुरई और सागर सहित क्षेत्रों के भू-अर्जन प्रकरणों में त्वरित कार्रवाई करने को कहा गया।

100 दिन से लंबित प्रकरणों पर तेजी से कार्रवाई

कलेक्टर ने बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से संबंधित स्वास्थ्य विभाग के लंबित प्रकरणों में लगातार उच्च स्तर से फॉलो-अप लेने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि मांग आधारित शिकायतों को केवल मांग दर्शाकर बंद नहीं किया जाए। ऐसी शिकायतों के साथ नियमानुसार स्पष्ट और तथ्यात्मक प्रतिवेदन भी अनिवार्य रूप से प्रस्तुत किया जाए।

आयोगों के लंबित मामलों में एक्शन टेकन रिपोर्ट अपलोड करने के निर्देश

विभिन्न आयोगों से प्राप्त पिछले तीन महीने से लंबित पत्रों और प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी लंबित मामलों में एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) अपलोड कर प्रकरणों का नियमानुसार निराकरण किया जाए।

इसके साथ ही अनापत्ति प्रमाण-पत्र (NOC) और सहमति के कारण लंबित विकास परियोजनाओं के कार्यों को बिना देरी के अंतिम रूप देकर पूरा कराने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री, अपर कलेक्टर  अविनाश रावत, सिटी मजिस्ट्रेट  शैलेश द्विवेदी, सभी एसडीएम एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे ।

Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

www.Teenbattinews.com

Archive