Editor: Vinod Arya | 94244 37885

डॉ. वंदना गुप्ता को मिला “सरदार वल्लभभाई पटेल मेमोरियल अवॉर्ड 2026”

 डॉ. वंदना गुप्ता को मिला “सरदार वल्लभभाई पटेल मेमोरियल अवॉर्ड 2026”


तीनबत्ती न्यूज : 24 मई 2026

सागर: पर्यावरण संरक्षण, जैविक जीवनशैली एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में विगत 32 वर्षों से सतत कार्य कर रहीं सागर की  पर्यावरण संरक्षक, समाज एवं साहित्यसेवी ,भारतीय योगिनी संघ मध्यप्रदेश की प्रदेश अध्यक्ष, वैचारिक स्वच्छता अभियान संस्थापक एवं द एसोसिएशन ऑफ वी क्लब्स ऑफ इंडिया की डिस्ट्रिक्ट 323 जी 2एवं जी 3 प्रांत की संस्थापक डॉ. वंदना गुप्ता को  23 मई 2026 को  अहमदाबाद, गुजरात में आयोजित भव्य समारोह में “सरदार वल्लभभाई पटेल मेमोरियल अवॉर्ड 2026” से सम्मानित किया गया।

यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान रघुराज पीपल मैन फाउंडेशन द्वारा नेतृत्व, एकता, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, संगठन एवं राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया। समारोह ओम फिल्मसिटी,अहमदाबाद  में आयोजित हुआ, जिसमें देशभर से विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तित्व शामिल हुए।मुख्य अतिथि के रूप में आचार्य डॉ. लोकेश मुनि जी ,विशिष्ट अतिथियों में गुजरात सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्री  मुकेश पटेल, स्वामी कृष्णानंद पुरी महाराज, पद्मश्री राजा लखन सिंह, वरिष्ठ संघ कार्यकर्ता श्री अविनाश जायसवाल एवं डॉ गोविंद त्रिपाठी दिल्ली , प्रो. डॉ. पी.के. राजपूत पूर्व वाइस प्रेसिडेंट कैडिला फार्मा अहमदाबाद , प्रो. डॉ. समीर सूद- डायरेक्टर निफ्ट गांधीनगर ,  डॉ. संजीव शर्मा-कुलपति हिमाचल करियर प्वाइंट यूनिवर्सिटी हिमाचल प्रदेश,मोहम्मद फैज खान - प्रख्यात सामाजिक कार्यकर्ता एवं गो कथा वाचक,रघुराज सिंह -पीपल मैन फाउंडेशन  सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

32 साल से सक्रिय है डॉ वंदना

डॉ. वंदना गुप्ता पिछले 32 वर्षों से पर्यावरण संरक्षण हेतु निरंतर जनजागरण एवं सेवा कार्य कर रही हैं। उनके द्वारा अब तक लगभग 20,000 पौधों का दान एवं रोपण कराया जा चुका है। वर्ष 2007 में उन्होंने हपसली गांव को गोद लेकर वहां प्रत्येक घर में लगभग 1000 फलदार पौधों का रोपण कराया। जो क्षेत्र कभी शहर के कचरे का डंपिंग यार्ड था, वहां आज स्वच्छ वातावरण एवं हरियाली का सुंदर उदाहरण देखने को मिलता है।

डॉ. गुप्ता द्वारा पीपल के पौधों के संरक्षण का विशेष अभियान भी संचालित किया जा रहा है। मकानों एवं दीवारों में उग आने वाले पीपल के पौधों को संरक्षित कर वर्षा ऋतु में सुरक्षित स्थानों पर वर्षा ऋतु में रोपित किया जाता है और फिर समय पर उनसे मुलाकात भी करने जाती है,राहतगढ़ फाल के प्रवेश द्वार पर दाहिने हाथ पर रोपित पीपल का पेड़ व चंद्रा पार्क में रोपित पीपल का पेड़ भी इसी मुहिम की पहचान है।इसके साथ ही डॉ वंदना गुप्ता ने नीम के पौधे का खेतों की मेड़ों पर सघन रोपण की भी मुहिम चला रखी है क्योंकि यह वातावरण में व्याप्त हानिकारक सूक्ष्म वायरस एवं जीवाणुओं को नष्ट करने के साथ पेड़ से खेत में  गिरी नीम की पत्तियां व नीम के बीज मिट्टी को स्वस्थ रखने, फ़सलों को अनेक रोगों से बचाने में सहायक है।नीम को सबसे बड़ा वैद्य मानव के संबंध में कहा गया है।नीम की विशेषता है कि कम जल वाली भूमि में भी अपना अस्तित्व बना लेता है।इसी श्रृंखला में गौरैया गांव में 510 नीम के पौधों का रोपण पिछले दिनों डॉ वंदना गुप्ता द्वारा  किया गया।

उनका सागर स्मार्ट सिटी द्वारा सम्मानित टेरेस गार्डन पर्यावरण संरक्षण का प्रेरणादायी मॉडल है, जिसमें लगभग 300 प्रजातियों के पौधे संरक्षित हैं। यह पूर्णत: ऑर्गेनिक गार्डन है, जहां घर एवं गार्डन वेस्ट से छत पर ही जैविक खाद तैयार की जाती है। उनकी नर्सरी से प्रतिदिन लगभग एक पौधे का दान भी किया जाता है।उनके यू ट्यूब पर अनेक वीडियो "मिशन पर्यावरण संरक्षण" के नाम से अपलोड हैं।डॉ. वंदना गुप्ता द्वारा समाज में जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ, श्रद्धांजलि एवं अन्य अवसरों पर ब्रह्मकमल सहित सैकड़ों विभिन्न प्रजातियों के पौधों का वितरण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जा रहा है। इसके अतिरिक्त वर्षा ऋतु में पहाड़ियों पर बीजों का छिटकाव एवं ग्रामीण क्षेत्रों में खेती के साथ पर्यावरण संरक्षण की अलख जगाने का कार्य भी निरंतर किया जा रहा है।

डॉ. वंदना गुप्ता को यह राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त होने पर सागर सहित मध्यप्रदेश एवं देश की सामाजिक, साहित्यिक एवं पर्यावरणीय संस्थाओं एवं नागरिकों ने उन्हें शुभकामनाएं दी है।


--------------



---------

एडिटर : विनोद आर्य

________

+91 94244 37885

तीनबत्ती न्यूज़. कॉम की खबरे पढ़ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म  फेसबुक पेज ,यूट्यूब, इंस्टाग्राम और X से जुड़ने  लाईक / फॉलो करे
 -----------------------

---------------
--------------------
------------------------


--------------

---------------



---------------

  


Share:

आयुष हॉस्पिटल एवं महाविद्यालय भवन के निर्माण कार्य का विधायक शैलेंद्र जैन ने किया निरीक्षण

आयुष हॉस्पिटल एवं महाविद्यालय भवन के निर्माण कार्य का विधायक शैलेंद्र जैन ने किया निरीक्षण


तीनबत्ती न्यूज: 14 मई,2026

सागर। शहर के तिली क्षेत्र में निर्माणाधीन आयुष हॉस्पिटल एवं महाविद्यालय भवन का सागर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्य को गुणवत्ता एवं समय सीमा के अनुरूप पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान विधायक श्री जैन ने भवन निर्माण की गुणवत्ता, कार्य की गति एवं उपलब्ध व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। अधिकारियों से निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए उन्होंने कहा कि परियोजना का कार्य तय समय सीमा में पूर्ण किया जाए, ताकि आमजन को जल्द से जल्द बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने निर्माण एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिए कि गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए।

विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने कहा कि आयुष चिकित्सा पद्धति वर्तमान समय में तेजी से लोकप्रिय हो रही है तथा केंद्र एवं राज्य सरकार आयुर्वेद, योग, यूनानी, सिद्ध एवं होम्योपैथी चिकित्सा पद्धतियों को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। ऐसे में सागर में आयुष हॉस्पिटल एवं महाविद्यालय का निर्माण क्षेत्रवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा।


उन्होंने कहा कि इस संस्थान के प्रारंभ होने से क्षेत्र के मरीजों को बेहतर एवं सुलभ उपचार सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा उन्हें इलाज के लिए अन्य शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। साथ ही विद्यार्थियों को आयुष शिक्षा के क्षेत्र में नए अवसर प्राप्त होंगे, जिससे चिकित्सा शिक्षा को भी बढ़ावा मिलेगा। विधायक श्री जैन ने कहा कि अस्पताल एवं महाविद्यालय के संचालन से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए तथा सभी आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि परियोजना समय पर पूर्ण हो सके। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभाग के अधिकारी, निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।


--------------



---------

एडिटर : विनोद आर्य

________

+91 94244 37885

तीनबत्ती न्यूज़. कॉम की खबरे पढ़ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म  फेसबुक पेज ,यूट्यूब, इंस्टाग्राम और X से जुड़ने  लाईक / फॉलो करे
 -----------------------

---------------
--------------------
------------------------


--------------

---------------



---------------

  


Share:

4वीं कूडो नेशनल चैम्पियनशिप कप : मध्यप्रदेश को ओवरऑल तीसरा स्थान : सागर के खिलाड़ियों ने बढ़ाया गौरव

4वीं कूडो नेशनल चैम्पियनशिप कप : मध्यप्रदेश को ओवरऑल तीसरा स्थान : सागर के खिलाड़ियों ने बढ़ाया गौरव


तीनबत्ती न्यूज: 24 मई,2026

सागर/पुणे, महाराष्ट्: 16 मई से 22 मई 2026 तक महाराष्ट्र के पुणे स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस बॉयज़ मिलिट्री स्कूल, फुलगांव में आयोजित 4वीं कूडो नेशनल चैम्पियनशिप कप 2026-27 में मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे देश में अपनी प्रतिभा का परचम लहराया। प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश ने कुल 45 पदक जीतकर ओवरऑल चैम्पियनशिप में तीसरा स्थान हासिल किया। मध्यप्रदेश के खाते में 29 स्वर्ण पदक, 8 रजत पदक एवं 8 कांस्य पदक आए। ओवरऑल चैम्पियनशिप में राजस्थान ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि गुजरात दूसरे स्थान पर रहा। मध्यप्रदेश ने तीसरे स्थान पर रहकर राज्य का गौरव बढ़ाया।

सागर के खिलाड़ियों का दबदबा

इस ऐतिहासिक उपलब्धि में सागर जिले के खिलाड़ियों का विशेष योगदान रहा। सागर के खिलाड़ियों ने विभिन्न वर्गों में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 16 पदकों पर कब्जा जमाया, जिसमें 10 स्वर्ण पदक, 4 रजत पदक एवं 2 कांस्य पदक शामिल रहे। सागर टीम की ओर से स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में सोहेल खान, मेघा, वैष्णवी, श्रेया, सारा, दिवि, अमातया, अरकाम, कृष और आर्यन शामिल रहे। इन खिलाड़ियों ने अपने दमदार प्रदर्शन और अनुशासन से राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

विशेष रूप से सोहेल खान ने प्रतियोगिता में इतिहास रचते हुए मात्र 3.30 सेकंड में अपने प्रतिद्वंद्वी को नॉकआउट कर भारतीय कॉम्बैट स्पोर्ट्स के सबसे तेज़ नॉकआउट्स में अपना नाम दर्ज कराया। इसके साथ ही उन्होंने लगातार 23वां गोल्ड मेडल जीतकर एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम की। रजत पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में अवनि, आरव, सात्विक और तनिषा शामिल रहे, जिन्होंने बेहतरीन मुकाबले खेलकर मध्यप्रदेश को महत्वपूर्ण अंक दिलाए। वहीं कांस्य पदक हर्षिता और अभिथा ने जीतकर सागर टीम की उपलब्धि में अपना योगदान दिया। इसके अतिरिक्त धर्मिष्ठा, मन्नत, युवराज, प्रणिता एवं अवंत्या ने भी प्रतियोगिता में भाग लेकर उत्कृष्ट खेल भावना का प्रदर्शन किया और मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व किया।

मध्यप्रदेश टीम ने पुरुष कोच श्री शुभम राठौर एवं महिला कोच मेघा भोजक के मार्गदर्शन में प्रतियोगिता में भाग लिया। दोनों प्रशिक्षकों के निरंतर प्रयास, अनुशासन और मेहनत का ही परिणाम रहा कि खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सके।

पूरी टीम ने कूडो एसोसिएशन ऑफ मध्यप्रदेश के अध्यक्ष डॉ. मोहम्मद एजाज खान के नेतृत्व एवं संरक्षण में प्रतियोगिता में भाग लिया। खिलाड़ियों की इस शानदार सफलता पर उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि ये खिलाड़ी देश के उज्ज्वल भविष्य हैं और आने वाले राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी प्रदेश एवं देश का नाम रोशन करेंगे।

डॉ. खान ने बताया कि मध्यप्रदेश के कई खिलाड़ी आयकर विभाग, सीजीएसटी, हैदराबाद कस्टम विभाग, भोपाल सहित विभिन्न केंद्रीय शासकीय विभागों में नियुक्ति प्राप्त कर रहे हैं, जो कूडो खेल के बढ़ते भविष्य और संभावनाओं को दर्शाता है।

इस उपलब्धि पर कूडो एसोसिएशन ऑफ मध्यप्रदेश के चेयरमैन एवं सागर नगर विधायक शैलेन्द्र जैन ने सभी खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कूडो खेल को भारत सरकार एवं युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा मान्यता प्राप्त है तथा सरकार खिलाड़ियों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। कूडो एसोसिएशन ऑफ मध्यप्रदेश भी खिलाड़ियों के विकास और बेहतर भविष्य के लिए लगातार प्रयासरत है।

इस अवसर पर कूडो एसोसिएशन ऑफ मध्यप्रदेश के महासचिव एवं प्रतियोगिता के राष्ट्रीय निर्णायक हरिकांत तिवारी ने भी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण ने मध्यप्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है।

सागर जिले के खिलाड़ियों की उपलब्धि से पूरे जिले में हर्ष और गौरव का माहौल है। खेल प्रेमियों, नागरिकों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। यह उपलब्धि एक बार फिर साबित करती है कि मध्यप्रदेश, विशेष रूप से सागर जिला, देश में कूडो खेल का उभरता हुआ मजबूत केंद्र बनता जा रहा है।


--------------



---------

एडिटर : विनोद आर्य

________

+91 94244 37885

तीनबत्ती न्यूज़. कॉम की खबरे पढ़ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म  फेसबुक पेज ,यूट्यूब, इंस्टाग्राम और X से जुड़ने  लाईक / फॉलो करे
 -----------------------

---------------
--------------------
------------------------


--------------

---------------



---------------

  



Share:

Horoscope Weekly : साप्ताहिक राशिफल : 25 मई से 31 मई 2026 तक कैसा रहेगा आपका सप्ताह ▪️ जानिए सभी 12 राशियों का भविष्यफल, करियर, व्यापार, स्वास्थ्य और पारिवारिक जीवन पर क्या होगा असर ▪️ज्योतिष विश्लेषण : पंडित अनिल पाण्डेय

Horoscope Weekly : साप्ताहिक राशिफल : 25 मई से 31 मई 2026 तक कैसा रहेगा आपका सप्ताह

▪️ जानिए सभी 12 राशियों का भविष्यफल, करियर, व्यापार, स्वास्थ्य और पारिवारिक जीवन पर क्या होगा असर

▪️ज्योतिष विश्लेषण : पंडित अनिल पाण्डेय


जय श्री राम 

 अगर आप किसी भी कष्ट से परेशान हैं तो सबसे अच्छा उपाय श्री हनुमान जी की भक्ति है  ।  श्री हनुमान जी की भक्ति के लिए श्री हनुमान चालीसा से उत्तम और कुछ नहीं है  । इसीलिए मैं पंडित अनिल पाण्डेय आपको प्रति सप्ताह हनुमान चालीसा की एक चौपाई  के संपुट पाठ से होने वाले लाभ के बारे में बताता हूं  । इस सप्ताह की चौपाई है:-

"आपन तेज सम्हारो आपै | तीनों लोक हाँक तें काँपै ||"

  अगर आप ओज कीर्ति तथा अपना प्रभाव लोगों के बीच में जमाना चाहते हैं तो आप को इन चौपाइयों का संपुट पाठ करना चाहिए । 

नाशे रोग हरे सब पीरा" नाम की पुस्तक में श्रीहनुमान चालीसा की चौपाइयों से संबंधित सभी उपायों का विस्तृत विवरण दिया हुआ है ।  इस पुस्तक को आप हमारे यहां से प्राप्त कर सकते हैं ।

आइये अब हम आपको  इस सप्ताह अर्थात 25 मई से 31 मई 2026 तक के सप्ताह के ,ग्रहों के विचरण की जानकारी देते हैं । 

इस सप्ताह सूर्य वृष राशि में, मंगल मेष राशि में,  गुरु और शुक्र मिथुन राशि में, शनि मीन राशि में और राहु कुंभ राशि में गोचर करेंगे ।

बुध प्रारंभ में वृष राशि में तथा 29 तारीख के 10:02 दिन से मिथुन राशि में प्रवेश करेगा । 

आईये अब राशिवार राशिफल की चर्चा करते हैं ।

_____________

वीडियो देखने क्लिक करे

 सागर: पुलिस केस से परेशान परिवार 800 फीट ऊंचे बीएसएनएल टावर पर चढ़ा: 6 घंटे चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद सुरक्षित उतरा

________________________

मेषराशि:-

यह सप्ताह आपके लिए सफलताओं का सप्ताह रहेगा  । आपका स्वास्थ्य उत्तम रहेगा  । भाई बहनों के साथ संबंध ठीक रहेंगे  । व्यापार उत्तम चलेगा ।   धन पर्याप्त मात्रा में आएगा  । आपको अपने संतान से सहयोग भी प्राप्त होगा  । भाग्य से थोड़ा बहुत सहयोग प्राप्त होगा  , परंतु  आपके कर्म ही आपकी मदद करेंगे  । इस सप्ताह आपको अपने जीवनसाथी के प्रति रक्त संबंधी रोगों जैसे डायबिटीज आदि के बारे में सतर्क रहना चाहिए । इस सप्ताह आपके लिए 28 और 29 तारीख कार्यों को करने के लिए उचित है ।  25 , 26 और 27 तारीख को आपको सावधान रहना चाहिए । इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन काले उड़द का दान करें और शनिवार के दिन शनि मंदिर में जाकर शनि देव की आराधना करें । सप्ताह का शुभ दिन बृहस्पतिवार है ।

___________

वीडियो देखने क्लिक करे

भोपाल में खाद्य मंत्री गोविंद राजपूत मंत्रालय से पैदल पहुंचे शासकीय निवास

-------------------------

वृष राशि:-

इस सप्ताह आपको मानसिक संतोष रहेगा । कचहरी के कार्यों में विजय का योग है । थोड़ा बहुत प्रयास करना पड़ेगा  । धन प्राप्त होगा  । भाई बहनों के साथ संबंधों में थोड़ा बहुत तनाव आ सकता है  । इस सप्ताह आपको अपने संतान से थोड़ा कम सहयोग प्राप्त होगा  ।  जीवनसाथी का स्वास्थ्य उत्तम रहेगा  । आपको थोड़ी बहुत मानसिक परेशानी हो सकती है  । कर्मचारियों अधिकारियों  को उनके कार्यों में  थोड़ा कम सहयोग प्राप्त होगा  । इस सप्ताह आपके लिए 25 , 26 और 27 तारीख उपयोगी है  । सप्ताह के बाकी दिनों में आपको सतर्क रहना चाहिए  । 30 और 31 तारीख को आपके जीवनसाथी को कोई कष्ट हो सकता है  । इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन  रुद्राष्टक का पाठ करें  । सप्ताह का शुभ दिन बुधवार है ।

-----------

वीडियो देखने क्लिक करे

सागर में युवक की गोली मारकर हत्या: पुरानी रंजिश के चलते हत्या

-----------

मिथुन राशि :-

अगर आपका विवाह नहीं हुआ है तो इस सप्ताह विवाह के उत्तम प्रस्ताव आएंगे । इस सप्ताह आपके पास धन आने का योग है । कचहरी के कार्यों में आप सावधान रहें  । कचहरी में धन का अपव्यय हो सकता है  । भाग्य से इस सप्ताह आपको पर्याप्त सहयोग प्राप्त नहीं हो पाएगा । आपको अपने कर्मों पर विश्वास करना पड़ेगा ।  परिश्रम से ही आपको सफलता प्राप्त होगी । कर्मचारी एवं अधिकारियों के लिए यह सप्ताह सामान्य रहेगा। आपको अपने संतान से इस सप्ताह बहुत कम सहयोग मिलेगा । इस सप्ताह आपके लिए 25 , 26 और 27 तारीख विभिन्न प्रकार के कार्यों के लिए सफलता दायक है । 30 और 31 तारीख को आप अपने शत्रुओं को आसानी से पराजित कर सकते हैं । इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन काले कुत्ते को तंदूर की रोटी खिलाएं ।  सप्ताह का शुभ दिन बुधवार है ।

यह भी पढ़ें : पन्ना: सर्राफा व्यापारी से 95 हजार की पुलिस वसूली: TI समेत 3 पुलिसकर्मियों और साथी पर FIR, सभी फरार ▪️व्यापारी को झूठे मामले में फंसाने का मामला: एसपी ने कराई जांच : TI सहित तीनों पुलिसकर्मी सस्पेंड

कर्क राशि:-

इस सप्ताह आपके पास धन आने की  उम्मीद है । व्यापारियों का व्यापार बढ़ेगा । अधिकारी और कर्मचारियों के लिए  यह सप्ताह उत्तम रहेगा  । आपको अपने प्रतिष्ठा के प्रति इस सप्ताह सतर्क रहना चाहिए । भाग्य से सामान्य मदद मिलेगी  । कचहरी के कार्यों में सावधान रहें  । सावधानी से कार्य करने पर सफलता मिल सकती है  । दुर्घटनाओं के प्रति इस सप्ताह आपको सतर्क रहना चाहिए ।   संतान से इस सप्ताह सहयोग प्राप्त हो सकता है  ।  इस सप्ताह आपके लिए 28 और 29 तारीख कार्यों में सफलता प्राप्त करने के लिए उचित है  । इस सप्ताह आपको 30 और 31 तारीख को अपने संतान से सहयोग प्राप्त हो सकता है  । छात्रों के लिए भी 30 और 31 तारीख सफलता प्राप्त करने के लिए अच्छे हैं ।  सप्ताह के बाकी दिन ठीक-ठाक है  । इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन  शिव पंचाक्षर मंत्र का जाप करें  । सप्ताह का शुभ दिन बृहस्पतिवार है ।

----------

फेसबुक पर देखने क्लिक करे

जिला कांग्रेस कमेटी सागर ग्रामीण अध्यक्ष की कार्यकारिणी घोषित की अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मुहासा ने

-----------

सिंह राशि:-

इस सप्ताह भाग्य आपका अच्छा साथ देगा । भाग्य के सहारे आपके कई कार्य संपन्न हो सकते हैं । धन आने का भी योग है । भाई बहनों के साथ संबंध ठीक-ठाक रहेंगे । आपका या आपके जीवनसाथी का स्वास्थ्य खराब हो सकता है । दुर्घटनाओं के प्रति इस सप्ताह आपको   सतर्क रहना  चाहिए  । कचहरी के कार्यों में सावधान रहें  । इस सप्ताह आपको प्रतिष्ठा प्राप्त हो सकती है  । इस सप्ताह आपके लिए 25 , 26 , और 27 तारीख उपयोगी है  । 30 और 31 तारीख को आपको अपने प्रतिष्ठा के प्रति सतर्क रहना चाहिए  । इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन भगवान शिव का दूध और जल से अभिषेक करें  । सप्ताह का शुभ दिन मंगलवार है ।

कन्या राशि:-

इस सप्ताह आपके भाग्य से काम भर  की मदद मिलेगी । दुर्घटनाओं से आप साफ-साफ बचेंगे । शत्रु शांत रहेंगे परंतु समाप्त नहीं हो पाएंगे । आपका और आपके जीवन साथी का स्वास्थ्य सामान्य रहेगा अर्थात जैसे पहले था वैसा ही रहेगा । माताजी और पिताजी का स्वास्थ्य भी ठीक-ठाक रहेगा । धन आने के मार्ग में कुछ कमियां है । इस सप्ताह आपके लिए 25, 26 और 27 तारीख कार्यों को करने में मददगार हैं  ।  सप्ताह के बाकी दिन ठीक-ठाक है ।  30 और 31 तारीख को आपको अपने भाई बहनों से सावधान रहना चाहिए । उनको कोई कष्ट हो सकता है । इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन आदित्य हृदय स्त्रोत का पाठ करें । सप्ताह का शुभ दिन बुधवार है ।

यह भी पढ़ें :सड़क हादसे में आर्यिकाओं की मौत : निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर एसपी को सौंपा ज्ञापन ▪️साधु-संतों के विहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की उठाई मांग

तुला राशि :-

इस सप्ताह आपके भाग्य से मदद मिलेगी  । आपके जीवन साथी के लिए सप्ताह उत्तम रहेगा । दुर्घटनाओं से आपको इस सप्ताह सावधान रहना चाहिए  । आपको अपने संतान के प्रति सतर्क रहना चाहिए  । उनका  कष्ट हो सकता है  । छात्रों की पढ़ाई में बाधा पड़ेगी  । अधिकारी और कर्मचारियों को अपने साथियों से सहयोग प्राप्त नहीं हो पाएगा  । आपके पिताजी को इस सप्ताह कष्ट हो सकता है  । माता जी का स्वास्थ्य ठीक रहेगा । इस सप्ताह आपके लिए 28 और 29 तारीख लाभदायक है  ।  25 , 26 और 27 तारीख को आपको सावधान रहना चाहिए  । 30 और 31 तारीख को धन प्राप्त होने की उम्मीद है  ।  इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन लाल मसूर की दाल का दान करें और मंगलवार को हनुमान जी के मंदिर में जाकर हनुमान चालीसा का तीन बार पाठ करें  । सप्ताह का शुभ दिन शुक्रवार है ।

वृश्चिक राशि:-

इस सप्ताह आपका व्यापार उत्तम चलेगा । अधिकारीयों और कर्मचारियों को इस सप्ताह सावधान रहना चाहिए । कन्फ्यूजन से बचना चाहिए । आपका स्वास्थ्य उत्तम रहेगा । इस सप्ताह आप अपने शत्रुओं को आसानी से पराजित कर सकेंगे । आपको इस कार्य के लिए बहुत थोड़ा ही प्रयास करना पड़ेगा । आपको अपने संतान से सामान्य सहयोग प्राप्त होगा । इस सप्ताह आपके लिए 25 , 26 और 27 तारीख फलदायक है । सप्ताह के बाकी दिनों में आपको सावधान रहकर कार्यों को करना चाहिए । इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन तांबे के पात्र में जल अक्षत और  लाल पुष्प लेकर भगवान सूर्य को जल अर्पण करें । सप्ताह का शुभ दिन मंगलवार है ।

----------------

वीडियो देखने क्लिक करे

सागर: सड़क हादसे में आर्यिकाओं की समाधि:जैन समाज ने निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर एसपी को सौंपा ज्ञापन

----------------

धनु राशि:-

अविवाहित जातकों के लिए यह सप्ताह अत्यंत अच्छा रहेगा  । विवाह के अच्छे-अच्छे प्रस्ताव आएंगे  । अगर विश्वोत्री दशा ठीक है तो विवाह तय भी हो जाएगा  । प्रेम संबंधों में भी वृद्धि होगी  । नए  संबंध बन सकते हैं । लंबी यात्रा का योग बन सकता है  । भाग्य से भी थोड़ी बहुत मदद मिलेगी  । यह सप्ताह आपके संतान के लिए उत्तम रहेगा  । उनका आपको अच्छा सहयोग भी प्राप्त होगा  । शत्रु शांत रह सकते हैं परंतु समाप्त नहीं होंगे  । इस सप्ताह आपके लिए 25 , 26 और 27 तारीख विभिन्न प्रकार के कार्यों के लिए अनुकूल है  । 30 और 31 तारीख को आपको सावधान रहना चाहिए  । आपको कचहरी के कार्यों में 30 और 31 तारीख को सफलता प्राप्त हो सकती है  । इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन हनुमान चालीसा का पाठ करें और शनिवार को दक्षिण मुखी हनुमान जी के मंदिर में जाकर कम से कम तीन बार हनुमान चालीसा का वाचन करें  । सप्ताह का शुभ दिन मंगलवार है ।

मकर राशि:-

इस सप्ताह आपके प्रतिष्ठा में वृद्धि हो सकती है । जनप्रतिनिधियों के लिए  यह सप्ताह अच्छा रहेगा  । धन आने का भी अच्छा योग है  । गलत और सही दोनों रास्तों से धन आ सकता है  । भाग्य से सामान्य मदद ही प्राप्त हो पाएगी  । पेट की बीमारियों के प्रति सतर्क रहें  । इस सप्ताह आपको अपने संतान से सहयोग प्राप्त हो सकता है  । इस सप्ताह आपके लिए 28 और 29 तारीख परिणाम दायक है  ।  30 और 31 तारीख को आप अपने धन लाभ के प्रति सतर्क रहें  ।  25,  26 और 27 तारीख को थोड़ा बहुत भाग्य से मदद मिल सकती है  । इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन शिव पंचाक्षर स्त्रोत का पाठ करें  । सप्ताह का शुभ दिन शुक्रवार है ।

कुंभ राशि:-

इस सप्ताह आपको अपने भाई बहनों से अच्छा सहयोग प्राप्त होगा  । उनसे आपके संबंधभी अच्छे रहेंगे। शत्रुओं से  आपको थोड़ा सतर्क रहना चाहिए । अगर आप विशेष प्रयास करेंगे तो आप उनको पराजित कर सकते हैं ।  आपका  व्यापार ठीक चलेगा । आपको अपने संतान से सहयोग भी प्राप्त होगा । सामान्य मात्रा में धन आने की उम्मीद है । इस सप्ताह आपके लिए 28 और 29 तारीख लाभप्रद हैं । सप्ताह के बाकी दिनों में आपको सतर्क रहकर कार्य करने की आवश्यकता है । कर्मचारी और अधिकारियों को 30 और 31 तारीख को विशेष रूप से सावधान रहना चाहिए । इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन गायत्री मंत्र का जाप करें । सप्ताह का शुभ दिन शुक्रवार है ।

मीन राशि:-

इस सप्ताह आपके पास धन आने का अच्छा योग है । आपके प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी । लोगों के बीच में आपका सम्मान बढ़ेगा । आपका और आपके जीवनसाथी का स्वास्थ्य सामान्य रहेगा । अधिकारीयों और कर्मचारियों  के लिए यह सप्ताह ठीक है । आपके संतान को थोड़ा बहुत कष्ट हो सकता है । छात्रों की पढ़ाई में रुकावट हो सकती है । दुर्घटनाओं से सावधान रहें । भाग्य से सहयोग प्राप्त हो सकता है । इस सप्ताह आपके लिए 25 26 और 27 तारीख परिणाम मूलक है । 30 और 31 तारीख को भाग्य के सहारे कोई भी कार्य न करें । 28 और 29 तारीख को सावधान रहे । इस सप्ताह आपको चाहिए कि  आप प्रतिदिन गणेश अथर्वशीर्ष का पाठ करें  । सप्ताह का शुभ दिन मंगलवार है ।

ध्यान दें कि यह सामान्य भविष्यवाणी है  । अगर आप व्यक्तिगत और सटीक भविष्वाणी जानना चाहते हैं तो आपको मुझसे दूरभाष पर या व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर अपनी कुंडली का विश्लेषण करवाना चाहिए । मां शारदा से प्रार्थना है या आप सदैव स्वस्थ सुखी और संपन्न रहें।


जय मां शारदा।

 निवेदक:-

पण्डित अनिल कुमार पाण्डेय

सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता

प्रश्न कुंडली  और वास्तु शास्त्र विशेषज्ञ

साकेत धाम कॉलोनी, मकरोनिया , 

सागर  (मध्य प्रदेश) , पिन कोड:-470004

मोबाइल नंबर :-8959594400


---------------



---------

एडिटर : विनोद आर्य

________

+91 94244 37885

तीनबत्ती न्यूज़. कॉम की खबरे पढ़ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म  फेसबुक पेज ,यूट्यूब, इंस्टाग्राम और X से जुड़ने  लाईक / फॉलो करे
 -----------------------

---------------
--------------------
------------------------


--------------

---------------



---------------

  




Share:

www.Teenbattinews.com

Archive