सागर में कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने केंद्रीय कृषि मंत्री से की मुलाकात
तीनबत्ती न्यूज: 13 अगस्त 2026
सागर । सागर में कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग को लेकर सागर सांसद डॉ. लता गुड्डू वानखेड़े ने नई दिल्ली में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की। इस दौरान सांसद ने सागर में कृषि विश्वविद्यालय स्थापित किए जाने को लेकर मंत्री को मांग पत्र सौंपा।
सांसद डॉ. लता गुड्डू वानखेड़े ने कहा कि सागर में कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना होने से सागर संसदीय क्षेत्र सहित संपूर्ण बुंदेलखंड में कृषि शिक्षा, आधुनिक अनुसंधान और किसानों की समृद्धि को नई दिशा मिलेगी।
उन्होंने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना से क्षेत्र के युवाओं को कृषि शिक्षा एवं शोध के उत्कृष्ट अवसर प्राप्त होंगे। साथ ही आधुनिक कृषि तकनीकों और अनुसंधान का लाभ किसानों तक पहुंचेगा, जिससे उनकी आय बढ़ाने और बुंदेलखंड के समग्र विकास में मदद मिलेगी।
मुलाकात के दौरान सांसद ने सागर क्षेत्र की कृषि संभावनाओं और किसानों की जरूरतों को देखते हुए कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना को महत्वपूर्ण बताया। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने सांसद की मांग पर सकारात्मक कार्रवाई का पूर्ण आश्वासन दिया।






