मोहन यादव सरकार और भाजपा पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एन.पी. प्रजापति का हमला
तीनबत्ती न्यूज | 03 जुलाई 2026 | सागर.
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला शहर एवं ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पत्रकार वार्ता में मध्य प्रदेश विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष एन.पी. प्रजापति ने राज्य की मोहन यादव सरकार और केंद्र की भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था, किसानों की समस्याओं और शिक्षा व्यवस्था सहित कई मुद्दों पर सरकार को घेरा।
सीएम परिवार पर जमीन घोटाले का आरोप
एन.पी. प्रजापति ने आरोप लगाया कि उज्जैन के महाकाल महालोक कॉरिडोर निर्माण में पहले भी भ्रष्टाचार हुआ था। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव और उनके परिवार के पास उज्जैन में सैकड़ों एकड़ जमीन है। आरोप लगाया कि मास्टर प्लान और हाईवे लिंक जैसी विकास परियोजनाओं को इस तरह तैयार किया जा रहा है, जिससे मुख्यमंत्री परिवार की जमीनों के दाम कई गुना बढ़ सकें।
राम मंदिर ट्रस्ट पर भी लगाए आरोप
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे के आभूषणों और नकदी की चोरी के मामलों पर भाजपा और उत्तर प्रदेश सरकार चुप है। उन्होंने कहा कि दान गिनने वाले कर्मचारियों पर चोरी के आरोप लगे हैं और ट्रस्ट के पास चढ़ावे का सही हिसाब नहीं है। साथ ही मंदिर के लिए ₹2 करोड़ की जमीन ₹18 करोड़ में खरीदने का भी आरोप लगाया।
पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था पर सवाल
प्रजापति ने नीट (NEET) पेपर लीक का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पिछले 10 वर्षों में 85 बार पेपर लीक हुए, जिससे 17 छात्रों ने आत्महत्या की। उन्होंने व्यापम, कृषि विस्तार अधिकारी, पटवारी और नर्सिंग घोटालों का जिक्र करते हुए शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए।
किसानों की बदहाली का मुद्दा
उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण किसान खाद की कमी, सिंचाई संकट तथा डीजल एवं कृषि यंत्रों की बढ़ती कीमतों से परेशान हैं और आत्महत्या करने को मजबूर हो रहे हैं।
सागर की कानून व्यवस्था पर कांग्रेस का हमला
जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि सागर में 'अंधेर नगरी चौपट राजा' जैसी स्थिति है। उन्होंने आरोप लगाया कि रात 9 बजे के बाद शहर में सन्नाटा छा जाता है और अपराध के मामलों में सागर प्रदेश में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।
आंदोलन की चेतावनी
जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मुहासा ने बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में नर्स के साथ हुई छेड़छाड़ की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करेगी।
ये रहे मौजूद
पत्रकार वार्ता का संचालन डॉ. संदीप सबलोक ने किया तथा आभार प्रदर्शन कमलेश तिवारी ने व्यक्त किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक सुनील जैन, प्रदेश प्रवक्ता कुंदन पंजाबी, मुकुल पुरोहित, अमित रामजी दुबे, रामकुमार पचौरी, आशीष ज्योतिषी, अभिषेक गौर, सूर्या शुक्ला, हेमलता कुर्मी, ब्लॉक अध्यक्ष हेमराज रजक, सेवादल अध्यक्ष सिंटू कटारे, आनंद हेला, मोंटी यादव, मनोज पवार, महेश अहिरवार, दीनदयाल तिवारी, नरेंद्र मिश्रा, वीरेंद्र राजे सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







नीट पेपर में अब बोर्ड परीक्षाओं में मिले अंकों के आधार पर 50% अंक जोडे जाने की बात NTA ने कही है जोकि गलत है
जवाब देंहटाएंनीट पेपर में उत्तीर्णता का आधार अब बोर्ड परीक्षाओं में मिले अंक होंगे जो कही से कही तक उचित नहीं
नीट जैसी परीक्षाओं में मूल परीक्षा में मिले अंक ही आधार बने अन्यथा अब बोर्ड परीक्षाओं में हाईएस्ट अंको के लिए भी खरीद फरोख्त भ्रष्टाचारी होने लगेगी
सरकार पेपर लीक को रोक नहीं पा रही और
और नया हथकंडा अपना रही है
माननीय पूर्व अध्यक्ष विधानसभा श्री एनपी प्रजापति जी उपरोक्त बिंदु को भी सम्मिलित करे आभार सहित धन्यवाद
रवि सोनी
प्रदेश महासचिव मप्र स्वर्ण कला प्रकोष्ठ