परम पूज्य महाराज श्री रावतपुरा सरकार के प्राकट्य महोत्सव पर सागर में धार्मिक, सांस्कृतिक और जनसेवा कार्यक्रमों का आयोजन
तीनबत्ती न्यूज: 05 जुलाई,2026
सागर। परम पूज्य महाराज श्री रावतपुरा सरकार के पावन प्राकट्य महोत्सव के अवसर पर श्री रावतपुरा सरकार ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, सागर में धार्मिक, सांस्कृतिक, सामाजिक एवं जनसेवा से जुड़े विविध कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। पूरे दिन संस्थान परिसर में श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव का वातावरण बना रहा, जिसमें गुरु परिवार के सदस्यों, शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकाल वैदिक मंत्रोच्चार के बीच रुद्राभिषेक, पूजन-अर्चन एवं सामूहिक प्रार्थना से हुआ। इस दौरान राष्ट्र, समाज एवं विश्व कल्याण की मंगलकामना के साथ विशेष आध्यात्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए।
जनसेवा के उद्देश्य से आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा आवश्यक परामर्श भी प्रदान किया गया। वहीं विद्यार्थियों के लिए आयोजित पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता में सेवा, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण एवं आध्यात्मिक मूल्यों पर आधारित आकर्षक रचनात्मक प्रस्तुतियां देखने को मिलीं।
छात्र-छात्राओं ने भक्ति गीतों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। सायंकाल श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ श्री विष्णु अर्चन का आयोजन किया गया।
वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
प्राकट्य महोत्सव के अवसर पर संस्थान परिसर में वृहद वृक्षारोपण अभियान भी चलाया गया। मुख्य प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षा संकाय की प्राचार्या, फार्मेसी संकाय की प्राचार्या, गुरु परिवार के सदस्य, शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
मानव सेवा और संस्कारों का संदेश
इस अवसर पर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी ने कहा कि परम पूज्य महाराज श्री का जीवन मानव सेवा, शिक्षा, संस्कार एवं आध्यात्मिक चेतना का अनुपम उदाहरण है। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर संस्थान शिक्षा के साथ-साथ सेवा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को निरंतर आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना, स्वास्थ्य जागरूकता तथा मानवीय मूल्यों को सुदृढ़ करने का प्रभावी माध्यम हैं।
कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं एवं उपस्थितजनों को महाप्रसाद वितरित किया गया। पूरे आयोजन में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी, प्राचार्यगण, शिक्षकगण, कर्मचारी, गुरु परिवार के सदस्य, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।












0 comments:
एक टिप्पणी भेजें