शासकीय कला एवं वाणिज्य अग्रणी महाविद्यालय सागर में नवीनीकृत प्राचार्य कक्ष और अध्ययन दीर्घा का भव्य शुभारंभ
▪️विधायक शैलेंद्र जैन ने किया अत्याधुनिक वाचनालय का उद्घाटन, 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत किया वृक्षारोपण
तीनबत्ती न्यूज: 10 जुलाई, 2026
सागर। पं. दीनदयाल उपाध्याय शासकीय कला एवं वाणिज्य अग्रणी महाविद्यालय, सागर में नवनिर्मित अत्याधुनिक अध्ययन दीर्घा (वाचनालय) एवं नवीनीकृत प्राचार्य कक्ष का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि सागर विधायक शैलेंद्र जैन ने फीता काटकर सर्वसुविधायुक्त वाचनालय छात्र-छात्राओं को समर्पित किया। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण भी किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता ने की। विशिष्ट अतिथियों में उच्च शिक्षा विभाग सागर संभाग के क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक डॉ. नीरज दुबे, ओएसडी रामकुमार गोस्वामी तथा मप्र हिन्दी साहित्य सम्मेलन के अध्यक्ष एवं देशबंधु समूह के संपादक पलाश सुरजन उपस्थित रहे।
महापुरुषों को नमन और पुस्तक भेंट
कार्यक्रम की शुरुआत विधायक शैलेंद्र जैन द्वारा परिसर में स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद अतिथियों ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित किया। प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत किया, वहीं विधायक जैन ने विद्यार्थियों के अध्ययन हेतु पुस्तकों का एक सेट महाविद्यालय को भेंट किया।
विद्यार्थियों के सपनों को मिलेगी नई उड़ान : विधायक शैलेंद्र जैन
अपने संबोधन में विधायक शैलेंद्र जैन ने कहा कि एक समृद्ध पुस्तकालय और शांत अध्ययन वातावरण किसी भी शिक्षण संस्थान की वास्तविक आत्मा होते हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में विद्यार्थियों को एकाग्रता के साथ अध्ययन करने के लिए बेहतर वातावरण की आवश्यकता है, जिसे यह नई अध्ययन दीर्घा पूरा करेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह वाचनालय विद्यार्थियों के बड़े सपनों को साकार करने का सशक्त माध्यम बनेगा।
'वन नेशन वन सब्स्क्रिप्शन' से जुड़ी कॉलेज लाइब्रेरी
प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता ने बताया कि महाविद्यालय की लाइब्रेरी को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से सुसज्जित करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। लाइब्रेरी को ई-ग्रंथालय सॉफ्टवेयर के माध्यम से पूर्णतः ऑटोमेटेड किया जा चुका है तथा इसकी पृथक वेबसाइट भी विकसित की गई है, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों को ई-पुस्तकों, ऑनलाइन जर्नल और अन्य डिजिटल सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि कॉलेज लाइब्रेरी को भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना 'वन नेशन वन सब्स्क्रिप्शन' से भी जोड़ा गया है। इससे विद्यार्थियों और शोधार्थियों को लगभग 13 हजार राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय रिसर्च जर्नल और उच्च गुणवत्ता वाले ई-संसाधनों तक ऑनलाइन पहुंच उपलब्ध हो गई है, जिसका लाभ प्रतियोगी परीक्षाओं और शोध कार्यों में मिलेगा।
एनएसएस स्वयंसेवकों ने किया वृक्षारोपण
पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए महाविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
बड़ी संख्या में उपस्थित रहे प्राध्यापक और छात्र
कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी डॉ. इमराना सिद्दीकी, वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. गोपा जैन, डॉ. विनय शर्मा, डॉ. अमर कुमार जैन, डॉ. संगीता मुखर्जी, डॉ. प्रतिभा जैन, डॉ. संदीप सबलोक, डॉ. राणा कुंजर सिंह, डॉ. नीलम सिंह, डॉ. प्रज्ञा दुबे, डॉ. अंकुर गौतम, डॉ. प्रकाश कुशवाहा, अवधेश प्रताप सिंह, डॉ. शैलेंद्र राजपूत, सुरेंद्र यादव, दयाराम सिंह राजपूत, अरुण विनायक, वीनू राणा, आशीष ज्योतिषी, महेश श्रीवास्तव सहित महाविद्यालय के सभी शिक्षक, गैर-शिक्षण कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने इस नई सुविधा के प्रारंभ होने पर प्रसन्नता व्यक्त की।








0 comments:
एक टिप्पणी भेजें