रानीपुरा के दंगल में विधायक प्रदीप लारिया की घोषणा : 50 लाख से बनेगा आधुनिक खेल स्टेडियम, दिसंबर में होगा जिला केसरी कुश्ती का आयोजन
तीनबत्ती न्यूज: 03 अक्टूबर, 2026
सागर। रानीपुरा में आयोजित 49वें विराट दंगल के दौरान नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने क्षेत्र के खिलाड़ियों को बड़ी सौगात देने की घोषणा की। उन्होंने रानीपुरा में 50 लाख रुपये की लागत से आधुनिक खेल स्टेडियम बनाने की घोषणा की। घोषणा के बाद क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों और कुश्ती प्रेमियों में उत्साह का माहौल बन गया।
श्रीराम अखाड़ा समिति के तत्वावधान में आयोजित विराट दंगल में विधायक प्रदीप लारिया ने कहा कि कुश्ती भारतीय परंपरा, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली से जुड़ा महत्वपूर्ण खेल है। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाओं और प्रतियोगिताओं के अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में खेल युवाओं के लिए करियर का भी महत्वपूर्ण माध्यम बन चुके हैं। रानीपुरा में आधुनिक खेल स्टेडियम बनने से स्थानीय खिलाड़ियों को अभ्यास के साथ-साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
दिसंबर में जिला केसरी कुश्ती प्रतियोगिता
विधायक लारिया ने दिसंबर माह में जिला स्तरीय ‘जिला केसरी कुश्ती प्रतियोगिता’ आयोजित कराने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों से प्रतिभाशाली पहलवानों को एक मंच पर लाकर उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर दिया जाएगा।
मंगल भवन और अखाड़ा भवन का लोकार्पण
कार्यक्रम के दौरान विधायक लारिया ने 4 लाख रुपये की लागत से निर्मित मंगल भवन और 2 लाख रुपये की लागत से तैयार अखाड़ा भवन का लोकार्पण भी किया। इन दोनों सुविधाओं के उपलब्ध होने से ग्रामीण क्षेत्र में सामाजिक आयोजनों और खेल गतिविधियों को बेहतर स्थान मिलने की उम्मीद है।
49वें विराट दंगल में पहलवानों ने दिखाया दमखम
श्रीराम अखाड़ा समिति के तत्वावधान में आयोजित 49वें विराट दंगल में रानीपुरा सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहलवान और खेलप्रेमी पहुंचे। अखाड़े में पहलवानों के दांव-पेंच और दमखम ने दर्शकों का खूब उत्साह बढ़ाया। आयोजन के दौरान रानीपुरा की पारंपरिक कुश्ती संस्कृति की झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, पूर्व सांसद लक्ष्मीनारायण यादव, जिला पंचायत सदस्य सर्वजीत सिंह लोधी, डॉ. राजेंद्र यादव, दुलारे उस्ताद, पप्पू तिवारी, मनीष यादव, सरपंच राजकुमार अहिरवार, आनंद विश्वकर्मा एवं अमित यादव सहित जनप्रतिनिधि , अखाड़ा समिति के पदाधिकारी, पहलवान और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।









0 comments:
एक टिप्पणी भेजें