सागर में थोक दवा विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, अभिलेख तलब
• एबॉर्शन किट, ट्रेमाडोल, एनआरएक्स और एटिजोलम सहित एंटीबायोटिक दवाओं के क्रय-विक्रय रिकॉर्ड की होगी जांच
तीनबत्ती न्यूज: 4 अक्टूबर 2026
सागर। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देशन में तथा नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन, भोपाल के निर्देश और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. देवेश पटेरिया एवं सिटी मजिस्ट्रेट शैलेश द्विवेदी के मार्गदर्शन में जिले में थोक औषधि विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।निरीक्षण की कार्रवाई मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. देवेश पटेरिया तथा औषधि निरीक्षक सोनम जैन और मनीष सुमन की संयुक्त टीम ने की।
यह भी पढ़ें : बंडा में वीगोरा-100 की अवैध ऑनलाइन बिक्री का खुलासा, 120 स्ट्रिप्स बिना बिल मिलीं
बच्चन मेडिकल स्टोर से मांगे रिकॉर्ड
निरीक्षण के दौरान बच्चन मेडिकल स्टोर, सागर की जांच की गई। टीम ने प्रतिष्ठान में उपलब्ध दवाओं के क्रय-विक्रय से संबंधित अभिलेख एवं दस्तावेजों का परीक्षण किया। प्रतिष्ठान संचालक को एबॉर्शन किट, ट्रेमाडोल टैबलेट, अन्य एनआरएक्स श्रेणी की दवाओं तथा एटिजोलम के क्रय-विक्रय से संबंधित अभिलेख और रिपोर्ट कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
आजाद मेडिकल स्टोर का भी निरीक्षण
इसी क्रम में आजाद मेडिकल स्टोर का भी निरीक्षण किया गया। यहां कुछ औषधियों, विशेष रूप से एंटीबायोटिक दवाओं के क्रय-विक्रय से संबंधित अभिलेख और रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। टीम ने दवाओं के क्रय-विक्रय तथा संबंधित रिकॉर्ड की उपलब्धता की भी जांच की।
अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालक को बिना लाइसेंसधारी व्यक्ति अथवा डॉक्टर को दवाओं का विक्रय नहीं करने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें: सागर में अवैध शराब भंडारण पर बड़ी कार्रवाई, दो बार के लाइसेंस निरस्त
अभिलेखों की जांच के बाद होगी कार्रवाई
दोनों प्रतिष्ठानों को आवश्यक अभिलेख कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित दस्तावेज प्राप्त होने के बाद उनका परीक्षण किया जाएगा। अभिलेखों की जांच में यदि किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।






