गणतंत्र दिवस पर नगर निगम कार्यालय में महापौर ने किया ध्वजारोहण
तीनबत्ती न्यूज: 26 जनवरी 2026
सागर: : राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर नगर निगम कार्यालय में गरिमामय वातावरण में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी, निगमाध्यक्ष श्री वृंदावन अहिरवार एवं निगमायुक्त श्री राजकुमार खत्री ने पार्षदों, अधिकारी एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया।
महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने कहा कि 26 जनवरी 1950 को हमारा संविधान लागू हुआ और भारत एक संप्रभु, समाजवादी, धर्मनिरपेक्ष एवं लोकतांत्रिक गणराज्य बना। यह दिन हमें हमारे संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों, अधिकारों और कर्तव्यों की याद दिलाता है। उन्होंने देश के अमर शहीदों और संविधान निर्माताओं के त्याग और बलिदान को याद करते हुए कहा कि हमें उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करते हुए राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनना चाहिए।
महापौर ने नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील की कि वे स्वच्छता, पारदर्शिता, जनसेवा और विकास को अपनी प्राथमिकता बनाएं तथा नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में पूरी निष्ठा से कार्य करें। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री एवं राज्य सरकार के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।
कार्यक्रम में निगमाध्यक्ष वृंदावन अहिरवार एवं निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने भी गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए संविधान के प्रति निष्ठा और कर्तव्यों के पालन का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम का समापन देशभक्ति नारों के साथ हुआ।
गणतंत्र दिवस समारोह के बाद शहर के मेधावी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। निगमायुक्त श्री राजकुमार खत्री द्वारा नवाचार कर कबाड़ से जुगाड अंतर्गत बनाई गई आकर्षक संरचनाएं तोप, रेडियो एवं भारत माता की झांकी को पीटीसी ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में शामिल होने के लिए महापौर, निगम अध्यक्ष एवं निगमायुक्त ने रवाना किया।
कार्यक्रम में एम आई सी सदस्य रुपेश यादव, धमेंद्र खटीक, श्रीमती संगीता शैलेष जैन, पार्षद याकृति जड़िया, रुबी कृष्ण कुमार पटेल, वैदेही पुरोहित, रानी अहिरवार, कनई पटेल सहित सभी अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।












0 comments:
एक टिप्पणी भेजें