Editor: Vinod Arya | 94244 37885

सागर में स्वामित्व योजना शिविरों का कलेक्टर प्रतिभा पाल ने किया निरीक्षण : पंचायत सचिव के निलंबन और पूर्व पटवारी के खिलाफ जांच के निर्देश

सागर में स्वामित्व योजना  शिविरों का कलेक्टर प्रतिभा पाल ने किया निरीक्षण : पंचायत सचिव के निलंबन और पूर्व पटवारी के खिलाफ जांच के निर्देश



तीनबत्ती न्यूज:26 अक्टूबर 2026

सागर। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने सोमवार को जिले में स्वामित्व योजना के तहत आयोजित शिविरों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हितग्राहियों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और पात्र हितग्राहियों की रजिस्ट्री निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। बाबूपुरा वार्ड क्रमांक 12 में पंचायत सचिव के अनुपस्थित रहने और पंचायत में नहीं आने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई तथा जिला पंचायत सीईओ को संबंधित सचिव के निलंबन की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

रजिस्ट्री के लिए नहीं लगाने पड़ेंगे कार्यालयों के चक्कर

बाबूपुरा वार्ड क्रमांक 12 स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में आयोजित शिविर में कलेक्टर ने हितग्राहियों को स्वामित्व योजना के लाभों की जानकारी दी और उनकी समस्याएं जानीं। उन्होंने रजिस्ट्री प्रक्रिया में लगने वाले समय के संबंध में ऑपरेटर से जानकारी ली।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि स्वामित्व योजना के तहत रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है। हितग्राहियों को इसके लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। गांव और वार्ड स्तर पर आयोजित शिविरों में ही योजना से संबंधित जानकारी और आवेदन प्रक्रिया की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। जटिल प्रकरणों का निराकरण जिला स्तर पर किया जाएगा।

एक सप्ताह में पूरे करें शेष हितग्राहियों के आवेदन

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष हितग्राहियों को चिह्नित कर एक सप्ताह के भीतर उनके आवेदन की प्रक्रिया पूरी कराई जाए। पटवारी अभिलेखों का सत्यापन करें और बाहर रह रहे हितग्राहियों को सूचना देकर आवश्यक दस्तावेज तैयार करवाएं।

उन्होंने मुनादी के माध्यम से योजना की जानकारी आमजनों तक पहुंचाने तथा आवेदन और रजिस्ट्री की प्रक्रिया में लगने वाले समय के बारे में हितग्राहियों को स्पष्ट जानकारी देने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने शिविरों में प्राप्त आवेदनों की नियमित मॉनिटरिंग करने और पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाने पर जोर दिया।

भूमि अभिलेखों की त्रुटियों में नियमानुसार सुधार के निर्देश

कलेक्टर ने एसडीएम और तहसीलदार को भूमि संबंधी अभिलेखों में त्रुटियों की जांच कर नियमानुसार सुधार करने के निर्देश दिए। निजी भूमि को शासकीय भूमि के रूप में दर्ज किए जाने की शिकायतों पर भी संबंधित प्रकरणों का परीक्षण कर नियमसम्मत कार्रवाई करने को कहा।

उन्होंने पटवारियों को पंचायत स्तर पर उपस्थित रहकर हितग्राहियों के आवेदन लेने और प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पूर्व पटवारी के खिलाफ जांच के निर्देश

निरीक्षण के दौरान आमजनों ने क्षेत्र के पूर्व पटवारी के विरुद्ध आबादी क्षेत्र में प्लॉट लेने और बेचने संबंधी शिकायत की। इस पर कलेक्टर ने शिकायत की जांच कर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि स्वामित्व योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने के लिए अधिकारी-कर्मचारी जिम्मेदारी से कार्य करें।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ  जगदीश कुमार गोमे, एसडीएम  रोहित वर्मा, तहसीलदार संदीप तिवारी,  राहुल गौड़ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

www.Teenbattinews.com

Archive