Editor: Vinod Arya | 94244 37885

आचार्य विद्यासागर जी के अवतरण दिवस पर शहर कांग्रेस सेवादल का ध्वजारोहण

आचार्य विद्यासागर जी के अवतरण दिवस पर शहर कांग्रेस सेवादल का ध्वजारोहण


तीनबत्ती न्यूज: 25 अक्टूबर, 2026

सागर। आचार्य श्री विद्यासागर जी के अवतरण दिवस के अवसर पर अक्टूबर माह के अंतिम रविवार को शहर कांग्रेस सेवादल का मासिक ध्वजारोहण कार्यक्रम नमक मंडी, कटरा बाजार स्थित श्री गौराबाई दिगंबर जैन मंदिर के समक्ष आयोजित किया गया। वरिष्ठ गांधीवादी नेता कैलाश चंद सिंघई ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर आचार्य श्री विद्यासागर जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन किया गया।

विपरीत परिस्थितियों में कांग्रेस के साथ खड़े लोग स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के समान : कैलाश सिंघई

वरिष्ठ गांधीवादी नेता कैलाश चंद सिंघई ने कहा कि यह सौभाग्य की बात है कि आचार्य श्री विद्यासागर जी के जन्मदिवस पर ही माह का अंतिम रविवार पड़ा और उन्हें ध्वजारोहण करने का अवसर प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को कांग्रेस ने सांसद और विधायक के टिकट देकर सम्मानित किया, उनमें से कुछ लोग विपरीत परिस्थितियों में पार्टी छोड़कर सत्ता सुख भोगने के लिए दूसरे दलों में चले गए। इसके विपरीत जो लोग बिना किसी स्वार्थ और महत्वाकांक्षा के इस कठिन समय में कांग्रेस के साथ खड़े हैं और कांग्रेस की विचारधारा पर अडिग हैं, वे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के समान हैं।

विभिन्न क्षेत्री में सक्रियों का सम्मान

कार्यक्रम में आरटीआई कार्यकर्ता पंकज सिंघई का सम्मान किया गया। उन्होंने सागर कलेक्टर से मिलकर भाग्योदय अस्पताल में भर्ती मरीजों को दवा पर्ची की कोडिंग के आधार पर निर्धारित मेडिकल स्टोर से ही दवाएं लेने की कथित बाध्यता समाप्त कराने के लिए पहल की थी।

इस अवसर पर महिला अध्यक्ष किरणलता सोनी, ऋचा सिंह, नवनियुक्त महिला सेवादल अध्यक्ष एवं पार्षद नीलोफर चमन अंसारी, सीमा चौधरी तथा पार्षद सुरेखा राकेश राय का सम्मान किया गया। सेवादल ने श्री गौराबाई दिगंबर जैन मंदिर ट्रस्ट समिति के अध्यक्ष संतोष जैन घड़ी, महामंत्री राकेश जैन एवं प्रबंधक नवीन जैन का भी सम्मान किया।

दिवंगतों को दी श्रद्धांजलि

कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस नेता सुरेंद्र चौबे की माता गायत्री देवी चौबे, ब्रजेंद्र नगरिया के चाचा देवेंद्र नगरिया तथा राहुल व्यास की बड़ी माता सीतारानी व्यास के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित सदस्यों ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। कार्यक्रम में सेवादल के प्रदेश महासचिव विजय साहू प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। आयोजन शहर सेवादल अध्यक्ष सिन्टू कटारे ने किया तथा संचालन द्वारका चौधरी ने किया।

ये रहे शामिल

इस अवसर पर राकेश राय, शरद पुरोहित, नारायण विश्वकर्मा, योगराज कोरी, सागर साहू, हरिश्चन्द सोनवार, ताहिर खान, दीपक कुर्मी, चमन अंसारी, नितिन पचौरी, कल्लू पटेल, मीना ठाकुर, प्रवीण यादव, लल्ला यादव, अंकुर यादव, परख शुक्ला, अन्नू घोषी, पंकज सोनी, प्रवीण पटेल (पिंटू), बंटी कोरी, जय पारासर, कमल चौधरी, प्रदीप जैन, वीरू चौधरी, मनीष सोनी, राहुल खटीक, उमेश यादव, गजेंद्र दुबे, अरविंद मछंदर, चंद्रभान अहिरवार, रामशंकर सेन, गोपीलाल यादव, नसरुद्दीन खान, गोपाल पटेल, शिवांक व्यास, रोहित कटारे सहित बड़ी संख्या में सेवादल परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

Share:

गवर्नमेंट स्कूल के 200 साल पूरे होने के पर निकली पूर्व छात्रों की अविराम वाहन रैली : विधायक शैलेंद्र जैन ने किया रैली का शुभारंभ

गवर्नमेंट स्कूल के 200 साल पूरे होने के पर निकली पूर्व छात्रों की अविराम वाहन रैली : विधायक शैलेंद्र जैन ने किया रैली का शुभारंभ


तीनबत्ती न्यूज: 25 अक्टूबर, 2026

सागर। शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (मल्टीपरपज स्कूल), वर्तमान में शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, सागर की स्थापना के 200 वर्ष पूर्ण होने के गौरवशाली अवसर पर पूर्व छात्रों द्वारा अविराम वाहन रैली निकाली गई। रैली का शुभारंभ सागर विधायक शैलेंद्र जैन ने विद्यालय परिसर से किया। रैली का शहर में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। इस दौरान विद्यालय के सैकड़ों पूर्व छात्र एकत्रित हुए और उन्होंने पुरानी यादें ताजा करते हुए अपने शिक्षकों, पढ़ाई के दिनों और विद्यालय से जुड़े अनुभवों को साझा किया।

यह भी पढ़ें: गवर्नमेंट उत्कृष्ट स्कूल सागर के 200 साल: भव्य अविराम साइकिल एवं पैदल रैली निकली •मेयर संगीता तिवारी ने दिखाई हरी झंडी

संस्कृति और इतिहास को सहेजना हम सभी की जिम्मेदारी : शैलेंद्र जैन

रैली के शुभारंभ अवसर पर विधायक शैलेंद्र जैन ने कहा कि जो व्यक्ति अपनी संस्कृति और इतिहास को याद रखता है, वह हमेशा प्रगति करता है और जीवन में आगे बढ़ता है। विद्यालय के 200 वर्ष पूरे होना अत्यंत गौरव और हर्ष का विषय है। उन्हें इस ऐतिहासिक अवसर पर पूर्व छात्रों द्वारा आयोजित अविराम वाहन रैली के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला, यह उनके लिए सौभाग्य की बात है।

उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक धरोहर को संभालने और संवारने की जिम्मेदारी हम सभी की है। विद्यालय की प्रगति और विकास के लिए वे तन, मन और धन से समर्पित रहेंगे। जिला प्रशासन और शासन स्तर पर विद्यालय की आवश्यकताओं को पूरा कराने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों के माध्यम से हरसंभव प्रयास किया जाएगा।


पूर्व छात्रों ने साझा कीं पुरानी यादें

रैली के शुभारंभ से पहले विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा। सैकड़ों की संख्या में पहुंचे पूर्व छात्र एक-दूसरे से गले मिले और वर्षों पुरानी यादों को ताजा किया। उन्होंने अपने पूर्व शिक्षकों की कार्यशैली, उनके पढ़ाने के तरीके और विद्यालय में बिताए समय के अनुभव साझा किए।


इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य सुधीर तिवारी, अखिलेश पाठक, विनय रंजन श्रीवास्तव, दिलीप श्रीवास्तव, विकास चौकसे सहित अन्य पूर्व छात्रों ने विधायक शैलेंद्र जैन एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

गौर प्रतिमा पर माल्यार्पण, जगह-जगह हुआ स्वागत

अविराम वाहन रैली के दौरान शहर में विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर पूर्व छात्रों का स्वागत किया गया। रैली के मध्य में पूर्व छात्रों ने गौर प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। आयोजन में जिला एवं पुलिस प्रशासन का सराहनीय सहयोग रहा। विद्यालय के प्राचार्य सुधीर तिवारी ने सहयोग के लिए जिला एवं पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया

कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय के पूर्व छात्र दिलीप श्रीवास्तव ने शाला गीत के रचयिता छात्र अनमोल चौरसिया को 5 हजार रुपये की सम्मान राशि भेंट कर सम्मानित किया। विद्यालय की दो शताब्दियों की गौरवशाली यात्रा के बीच यह सम्मान आयोजन का विशेष आकर्षण रहा।

बड़ी संख्या में पूर्व छात्र हुए शामिल

कार्यक्रम में विक्रम सोनी, अधिवक्ता संघ अध्यक्ष अंकलेश्वर दुबे अन्नी, वरिष्ठ अधिवक्ता कृष्णवीर सिंह ठाकुर, सुदेश तिवारी, सविता मिश्रा, प्रवीण पांडे, मनोज नेमा, संदीप खरे, मनीष नेमा, डॉ. रणजीत सिंह, विनय चौबे, दीपांकर दुबे, राजकुमार भूरिया, राजकमल केशरवानी, आलोक अग्रवाल, राजीवरत्न गोलंदाज, रामशंकर पांडेय, विनोद तिवारी, फहीमदाद खान, आशीष गौतम, इंजीनियर पी.सी. दीवान, अनिल गुप्ता, नरेंद्र चौकसे, अनिल सेलट, जगदीश सेन, राजकुमार परलानी, पी.एन. मिश्रा, अनूप तिवारी, रामावतार यादव, प्रदीप पांडेय, स्वदेश तिवारी, अवधेश तिवारी, विद्याभूषण तिवारी, एहसान उल्लाह अंसारी, डॉ. राजीव टंडन, नितिन साहू, बद्री पटेल, एजाज कुरैशी, अमित जैन, अलीम खान, नईम खान, खिलन सिंह शिल्पी, बालकिशन साहू, कैलाश नारायण तिवारी, नितिन जैन, राजेश द्विवेदी, अजय श्रीवास्तव, अंशुल भार्गव, आशुतोष तिवारी, सुशील मिश्रा, विनीत राठौर, जितेंद्र राठौर और बसंत सहित बड़ी संख्या में पूर्व छात्र उपस्थित रहे।


Share:

साप्ताहिक राशिफल: 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक का साप्ताहिक राशिफल, जानिए सभी राशियों का भविष्यफल

साप्ताहिक राशिफल: 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक का साप्ताहिक राशिफल, जानिए सभी राशियों का भविष्यफल

• पंडित अनिल पाण्डेय




तीनबत्ती न्यूज: 25 अक्टूबर, 2026

जय श्री राम! संसार बड़ा विचित्र है, यहाँ पर हर प्रकार के प्राणी हैं। मनुष्य अपने आप को सबसे बुद्धिमान प्राणी कहता है, परंतु यह बुद्धिमान प्राणी कई गुणों में जानवरों से बहुत कमजोर है। हम आगे कुछ सप्ताह तक विभिन्न प्राणियों के विभिन्न गुणों की चर्चा करेंगे। कुछ प्राणियों में इस बात का गुण होता है कि वे मौसम के बारे में हमसे पहले जान जाते हैं, जबकि हमारे पास मौसम की जानकारी के लिए एक से एक आधुनिक वैज्ञानिक साधन है। यह गुण का एक उदाहरण गौरैया पक्षी है। आंधी या बारिश आने से ठीक पहले पक्षी हवा में उड़ना बंद कर देते हैं और पेड़ों के घने हिस्सों या छतों के नीचे दुबक जाते हैं।

इसी प्रकार हमारे ऋषि-मुनियों ने ज्योतिष नाम की एक ऐसी विधा बनाई, जिससे हम आने वाले समय के बारे में सब कुछ जान सकते हैं। मैं पंडित अनिल पाण्डेय, प्राचीन ऋषि-मुनियों की परंपरा को आगे बढ़ाने के साथ-साथ आपको 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक के सप्ताह का साप्ताहिक राशिफल बताने जा रहा हूँ। मेरा यह प्रयास रहता है कि आपको राशिफल कम से कम 80% सही सिद्ध हो। ग्रहों की चाल के ऊपर बना यह राशिफल बताने के पहले मैं आपको इस सप्ताह ग्रहों की चाल के बारे में बताऊंगा।

इस सप्ताह सूर्य, वक्री शुक्र और वक्री बुध तुला राशि में, मंगल कर्क राशि में, वक्री शनि मीन राशि में और राहु कुंभ राशि में गोचर करेंगे। गुरु प्रारंभ में कर्क राशि में रहेगा तथा 1 नवंबर को प्रातः 9:17 बजे सिंह राशि में प्रवेश करेगा।

आइए अब राशिवार राशिफल की चर्चा करते हैं:

♈ मेष राशि (Aries) ♈

अविवाहित जातकों के लिए यह समय अच्छा है। उनके विवाह के प्रस्ताव आएंगे। प्रेम संबंधों में वृद्धि होगी। आपका आत्मविश्वास बढ़ेगा। आपकी प्रतिष्ठा में भी वृद्धि होगी। माता और पिताजी का तथा आपका स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। आपके व्यापार में वृद्धि होगी। आपको अपने संतान से सहयोग प्राप्त होगा। कर्मचारी और अधिकारियों के लिए यह सप्ताह ठीक रहेगा।

  • शुभ तिथियां: 26, 27 अक्टूबर और 1 नवंबर सफलतादायक हैं। सप्ताह के बाकी दिन भी ठीक-ठाक हैं।
  • उपाय: प्रतिदिन लाल मसूर की दाल का दान करें और मंगलवार को हनुमान जी के मंदिर में जाकर कम से कम तीन बार हनुमान चालीसा का वाचन करें।
  • शुभ दिन: मंगलवार

♉ वृष राशि (Taurus) ♉

इस सप्ताह आपके शत्रु शांत रहेंगे। अगर आप अत्यधिक प्रयास करेंगे तो आप अपने शत्रुओं को समाप्त भी कर सकते हैं। इस सप्ताह आपको अपने संतान से सामान्य सहयोग प्राप्त होगा। इस सप्ताह आपको अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखना चाहिए। भाग्य से आपको थोड़ी बहुत मदद मिल सकती है। कर्मचारी और अधिकारियों को अपने वाणी पर नियंत्रण रखना चाहिए।

  • शुभ तिथियां: 28 और 29 तारीख विभिन्न प्रकार से सफलता प्रदान करने वाली हैं। 26 और 27 को आपको सतर्क रहकर अपने कार्यों को करना चाहिए।
  • उपाय: प्रतिदिन राम रक्षा स्त्रोत का पाठ करें।
  • शुभ दिन: बुधवार

♊ मिथुन राशि (Gemini) ♊

इस सप्ताह आपके पास धन आने का योग है। कर्मचारी और अधिकारियों के लिए सप्ताह सामान्य रहेगा। इस सप्ताह आपको अपने परिश्रम पर ही विश्वास करना चाहिए। भाग्य के भरोसे कोई कार्य नहीं करना चाहिए। इस सप्ताह आपको अपने संतान से सहयोग प्राप्त होगा। पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए भी यह सप्ताह ठीक है, उनको परीक्षाओं में सफलता प्राप्त होगी।

  • शुभ तिथियां: 30 और 31 तारीख विभिन्न प्रकार से उपयोगी हैं। 28 और 29 तारीख को आपको सजग रहकर अपने कार्यों को करना चाहिए।
  • उपाय: प्रतिदिन भगवान सूर्य को तांबे के पात्र में जल, अक्षत और लाल पुष्प लेकर जल अर्पण करें।
  • शुभ दिन: शुक्रवार

♋ कर्क राशि (Cancer) ♋

यह सप्ताह आपके लिए प्रतिष्ठादायक है। आपकी प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। माताजी और पिताजी का स्वास्थ्य ठीक रहेगा। इस सप्ताह आपको दुर्घटनाओं से सावधान रहना चाहिए। इस सप्ताह आपको अपने संतान से सहयोग बहुत कम मिलेगा या नहीं मिल पाएगा। कर्मचारी और अधिकारियों के लिए यह सप्ताह ठीक रहेगा। अगर उनका स्थानांतरण होता है तो उनका स्थानांतरण अच्छी जगह पर होगा।

  • शुभ तिथियां: 1 नवंबर तथा 26 और 27 अक्टूबर विभिन्न कार्यों के लिए मददगार हैं। 30 और 31 तारीख को आपको सचेत रहना चाहिए।
  • उपाय: प्रतिदिन आदित्य हृदय स्त्रोत का पाठ करें।
  • शुभ दिन: सोमवार

♌ सिंह राशि (Leo) ♌

इस सप्ताह आपका अपने भाई-बहनों के साथ संबंध ठीक रहेगा। कचहरी के कार्यों में अत्यधिक परिश्रम करने पर सफलता मिल सकती है। आप अपने शत्रुओं को इस सप्ताह थोड़े से प्रयास से ही पराजित कर सकते हैं। पेट की तकलीफों से बचने का प्रयास करें। माताजी और पिताजी का स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। आपका या आपके जीवनसाथी का—दोनों में से किसी एक का—स्वास्थ्य थोड़ा खराब हो सकता है।

  • शुभ तिथियां: 28 और 29 अक्टूबर फलदायक हैं। 1 नवंबर को आपको होशियारी के साथ कार्यों को करना चाहिए।
  • उपाय: प्रतिदिन शिव पंचाक्षर स्त्रोत का पाठ करें।
  • शुभ दिन: बृहस्पतिवार

♍ कन्या राशि (Virgo) ♍

इस सप्ताह आपके पास धन आने का उत्तम योग है। गलत और सही दोनों तरीकों से आपके पास धन आ सकता है। इस सप्ताह आपके शत्रु शांत रहेंगे। अगर आप अत्यधिक प्रयास करेंगे तो आप उनको समाप्त भी कर सकते हैं। आपको अपने संतान से थोड़ा सहयोग प्राप्त होगा। छात्रों की पढ़ाई सामान्य रूप से चलेगी। आपका, आपके जीवनसाथी का और आपके माता-पिता का स्वास्थ्य ठीक-ठाक रहेगा।

  • शुभ तिथियां: 30 और 31 अक्टूबर अनुकूल हैं। 26 और 27 अक्टूबर को आपको सतर्क रहकर के अपने कार्यों को करना चाहिए।
  • उपाय: प्रतिदिन गाय को हरा चारा खिलाएं।
  • शुभ दिन: शुक्रवार

♎ तुला राशि (Libra) Libra

इस सप्ताह आपके आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। अविवाहित जातकों के लिए भी यह सप्ताह अच्छा है। उनके विवाह के अच्छे प्रस्ताव आएंगे। प्रेम संबंधों में भी वृद्धि संभव है। व्यापारियों का व्यापार ठीक-ठाक चलेगा। अधिकारी और कर्मचारियों के लिए भी यह सप्ताह सामान्य रहेगा। इस सप्ताह आपको अपने संतान से कोई सहयोग प्राप्त नहीं हो पाएगा।

  • शुभ तिथियां: 26, 27 अक्टूबर और 1 नवंबर विशेष रूप से उल्लेखनीय हैं। 28 और 29 अक्टूबर को आपको सावधानी के साथ अपने कार्यों को करना चाहिए।
  • उपाय: प्रतिदिन गाय को हरा चारा खिलाएं।
  • शुभ दिन: शुक्रवार

♏ वृश्चिक राशि (Scorpio) ♏

अत्यधिक प्रयास करने से इस सप्ताह आपको कचहरी के कार्यों में सफलता मिल सकती है। इसी प्रकार अगर आप कर्जदार हैं तो आपके प्रयासों से ही आपके कर्ज में कमी हो सकती है। भाग्य से आपको मदद प्राप्त होगी। आपके जीवन साथी का स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। इस सप्ताह आपको अपने संतान से सामान्य सहयोग प्राप्त होगा। भाई-बहनों के साथ संबंध ठीक-ठाक रहेंगे।

  • शुभ तिथियां: 28 और 29 अक्टूबर विभिन्न कार्यों के लिए शुभ हैं। सप्ताह के बाकी दिनों में आपको सावधान रहकर के अपने कार्यों को करना चाहिए।
  • उपाय: प्रतिदिन काली उड़द का दान करें और शनिवार को शनि मंदिर में जाकर शनि देव का पूजन करें।
  • शुभ दिन: बृहस्पतिवार

♐ धनु राशि (Sagittarius) ♐

इस सप्ताह आपके पास धन आने का अच्छा योग है। अगर आप प्रयास करेंगे तो आपके पास अच्छी मात्रा में धन आ सकता है। व्यापारियों के लिए यह सप्ताह उत्तम है। कर्मचारी और अधिकारियों के लिए यह सप्ताह सामान्य रहेगा। लंबी यात्रा का योग बन सकता है। दुर्घटनाओं से इस सप्ताह आपको सावधान रहना चाहिए।

  • शुभ तिथियां: 30 और 31 अक्टूबर विभिन्न प्रकार के कार्यों के लिए लाभप्रद हैं। 28, 29 अक्टूबर और 1 नवंबर को आपको सावधानीपूर्वक कार्यों को करना चाहिए।
  • उपाय: प्रतिदिन विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें।
  • शुभ दिन: मंगलवार

♑ मकर राशि (Capricorn) ♑

यह सप्ताह अधिकारी और कर्मचारियों के लिए उत्तम है। उनको अच्छी पदस्थापना मिल सकती है। भाई-बहनों के साथ संबंध सामान्य रहेंगे। अविवाहित जातकों के विवाह के संबंध आ सकते हैं। आपके संतान के लिए भी यह सप्ताह ठीक रह सकता है। गलत रास्ते से धन आने का योग है।

  • शुभ तिथियां: 26, 27 अक्टूबर और 1 नवंबर विभिन्न प्रकार के कार्यों को करने के लिए उचित हैं। 30 और 31 अक्टूबर को आपको सावधान रहना चाहिए।
  • उपाय: प्रतिदिन भगवान शिव का दूध और जल से अभिषेक करें।
  • शुभ दिन: बुधवार

♒ कुंभ राशि (Aquarius) ♒

इस सप्ताह आपको भाग्य से मदद मिल सकती है। शेयर बाजार और लॉटरी में आपको लाभ हो सकता है। इस सप्ताह आप थोड़े से प्रयासों से ही अपने शत्रुओं को पराजित कर सकते हैं। धन आने का कोई विशेष योग नहीं है, मामूली धन की प्राप्ति हो सकती है। कचहरी के कार्यों में सावधानी बरतने पर सफलता प्राप्त हो सकती है। अधिकारी और कर्मचारियों के लिए यह सप्ताह सामान्य है।

  • शुभ तिथियां: 28 और 29 अक्टूबर परिणामदायक हैं। 1 नवंबर को आपको सावधान रहकर के अपने कार्यों को करना चाहिए।
  • उपाय: प्रतिदिन गणेश अथर्वशीर्ष का पाठ करें।
  • शुभ दिन: शनिवार

♓ मीन राशि (Pisces) ♓

इस सप्ताह आपका अपने भाई-बहनों के साथ अच्छा संबंध रहेगा। अपने संतान से सहयोग प्राप्त हो सकता है। छात्रों की पढ़ाई ठीक-ठाक चलेगी। आपका, आपके जीवनसाथी का और आपके माता-पिता का स्वास्थ्य ठीक रहेगा। आपके गर्दन या कमर में दर्द हो सकता है।

  • शुभ तिथियां: 30 और 31 अक्टूबर विभिन्न प्रकार के कार्यों के लिए उत्तम हैं। सप्ताह के बाकी दिन भी ठीक-ठाक हैं।
  • उपाय: प्रतिदिन शिव पंचाक्षर स्त्रोत का पाठ करें।
  • शुभ दिन: बृहस्पतिवार

ध्यान दें: यह सामान्य भविष्यवाणी है। अगर आप व्यक्तिगत और सटीक भविष्यवाणी जानना चाहते हैं तो आपको मुझसे दूरभाष पर या व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर अपनी कुंडली का विश्लेषण करवाना चाहिए।

माँ शारदा से प्रार्थना है कि आप सदैव स्वस्थ, सुखी और संपन्न रहें।

जय माँ शारदा।

निवेदक:- पण्डित अनिल कुमार पाण्डेय सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता प्रश्न कुंडली और वास्तु शास्त्र विशेषज्ञ साकेत धाम कॉलोनी, मकरोनिया

Share:

सागर नगर निगम कमिश्नर की पहल: भीतर बाजार के व्यापारियों ने स्वेच्छा से हटाएंगे अतिक्रमण कचरा गाड़ी को देंगे कचरा

सागर नगर निगम कमिश्नर की पहल: भीतर बाजार के व्यापारियों ने स्वेच्छा से हटाएंगे अतिक्रमण  कचरा गाड़ी को देंगे कचरा



तीनबत्ती न्यूज: 25 अक्टूबर, 2026

सागर। सागर शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और बाजार क्षेत्र को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने की दिशा में नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री की पहल का सकारात्मक असर सामने आया है। भीतर बाजार व्यापारी संघ ने दुकानों के सामने सड़क पर किए गए टीनशेड सहित अन्य अतिक्रमण को स्वेच्छा से हटाने तथा दुकानों से निकलने वाले कचरे को कचरा गाड़ी में ही देने का निर्णय लिया है। नगर निगम ने तीन दिन पहले कटरा क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया था। 

यह भी पढ़ें: डेयरी विस्थापन: प्लाट मिला फिर भी नहीं हटाई डेयरी ,पांच संचालकों पर कार्रवाई : दो दिन में दस डेयरी संचालकों पर कार्रवाई

दुकानदारों ने दी कमिश्नर को जानकारी दी

नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने रविवार को कटरा बाजार क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान भीतर बाजार व्यापारी संघ ने उन्हें शहर हित में लिए गए निर्णय की जानकारी दी। इससे पहले शुक्रवार सुबह निगमायुक्त ने ऑटो रिक्शा में बैठकर भीतर बाजार क्षेत्र का निरीक्षण किया था। उन्होंने दुकानदारों से चर्चा कर दुकानों के सामने सड़क पर करीब 10 फीट तक किए गए अतिक्रमण को हटाने की अपील की थी, ताकि बाजार में यातायात सुचारू रहे और नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो।



निगमायुक्त की अपील पर भीतर बाजार व्यापारी संघ ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए अतिक्रमण हटाने पर सहमति जताई है। संघ के महामंत्री विकास केशरवानी ने बताया कि दीपावली सहित आगामी त्योहारों में बाजार में बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचेंगे। नागरिकों की सुविधा और सुगम यातायात को देखते हुए सभी व्यापारी सदस्यों ने दुकानों के सामने से टीनशेड एवं अन्य अतिक्रमण हटाने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि रविवार शाम तक सभी दुकानों के सामने से टीनशेड हटाकर जगह खाली कर दी जाएगी। इस मौके पर संघ के मुकेश साहू सहित अनेक लोग मौजूद रहे। 

व्यापारी संघ ने बाजार में स्वच्छता बनाए रखने के लिए भी निर्णय लिया है। सभी व्यापारी अपनी दुकानों से निकलने वाला कचरा कचरा गाड़ी में ही देंगे। जिन स्थानों पर कचरा गाड़ी नहीं पहुंचती, वहां निर्धारित स्थान पर कचरा एकत्रित कर कचरा गाड़ी को सूचना देकर उठवाया जाएगा। इससे दुकानों के सामने सड़क पर कचरा फैलने की समस्या पर भी रोक लगेगी।

निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने व्यापारी संघ की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि शहर को व्यवस्थित, स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर निगम के प्रयासों के साथ नागरिकों और व्यापारियों का सहयोग भी जरूरी है। भीतर बाजार व्यापारी संघ ने स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने और कचरे के उचित प्रबंधन का निर्णय लेकर शहर हित में सराहनीय पहल की है।

उन्होंने कहा कि इस तरह के सहयोगात्मक प्रयासों से अन्य बाजारों के व्यापारियों को भी प्रेरणा मिलेगी। जनसहयोग और आपसी समन्वय से शहर की यातायात व्यवस्था और स्वच्छता को बेहतर बनाया जा सकता है। नगर निगम का उद्देश्य बाजारों को व्यवस्थित बनाना, नागरिकों को सुगम आवागमन उपलब्ध कराना और सागर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखना है।


Share:

www.Teenbattinews.com

Archive