Editor: Vinod Arya | 94244 37885

डेयरी विस्थापन :प्लॉट मिलने के बाद भी शहर में डेयरी नहीं की शिफ्ट, निगम की सख्ती; 5 डेयरियों के पशु भेजे हफसिली : निगमायुक्त ने ऑटो से पहुंचकर किया निरीक्षण

हफसिली में भूखंड मिलने के बाद भी शहर में डेयरी चलाने वालों पर निगम की सख्ती, 5 डेयरियों के पशु हफसिली भेजे

• निगमायुक्त ने ऑटो से पहुंचकर किया औचक निरीक्षण, 23 डेयरी संचालकों के खिलाफ कार्रवाई शुरू


तीनबत्ती न्यूज: 23 अक्टूबर, 2026

सागर। नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने डेयरी विस्थापन परियोजना हफसिली में भूखंड आवंटित होने के बावजूद शहर में डेयरी संचालित करने वाले संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। शुक्रवार को निगमायुक्त ने ऑटो से सूबेदार वार्ड पहुंचकर डेयरियों का औचक निरीक्षण किया और वहां संचालित पांच डेयरियों के पशुओं को पकड़कर वाहनों के माध्यम से हफसिली स्थित डेयरी विस्थापन परियोजना स्थल पर भिजवाया।

कार्रवाई के दौरान कल्लू यादव, राजेश यादव, कुंजी साहू, सुरेश साहू एवं पप्पू साहू की डेयरियों से पशुओं को पकड़ा गया और उन्हें हफसिली भेजा गया।


निगमायुक्त ने संबंधित डेयरी संचालकों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि जिन संचालकों को हफसिली में भूखंड आवंटित किए जा चुके हैं, वे तत्काल अपनी डेयरियां निर्धारित स्थल पर शिफ्ट करें। इसके बावजूद शहर में डेयरी संचालित करने अथवा नगर निगम की कार्रवाई में बाधा उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध पुलिस में एफआईआर, जुर्माना सहित नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अतिक्रमण निरोधक टीम को निर्देश दिए कि शहर से डेयरियों को निर्धारित विस्थापन स्थल पर शिफ्ट कराने के लिए प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रखी जाए।


निगमायुक्त ने कहा कि शहर के भीतर डेयरियों के संचालन से स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित होती है। सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर पशुओं की आवाजाही से यातायात बाधित होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। पशुओं के कारण गंदगी फैलने से जनस्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी उत्पन्न होती हैं। शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए डेयरियों को निर्धारित विस्थापन स्थल पर शिफ्ट कराना आवश्यक है। नगर निगम क्षेत्र में अनधिकृत रूप से डेयरी संचालन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

यह भी पढ़ें: सागर में 23 डेयरी संचालकों पर होगी दंडात्मक कार्रवाई, FIR भी दर्ज कराएगा नगर निगम

76 डेयरियां चिह्नित, 23 को भूखंड आवंटित

नगर निगम द्वारा शहर में किए गए भौतिक सत्यापन के दौरान पांच या उससे अधिक पशुओं वाली कुल 76 डेयरियां चिह्नित की गई हैं। इनमें से 23 डेयरी संचालकों को हफसिली में भूखंड आवंटित किए जा चुके हैं। इन संचालकों के विरुद्ध अब कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

शेष 53 डेयरी संचालकों को भी शीघ्र शिविर आयोजित कर भूखंड आवंटित किए जाएंगे, ताकि शहर में संचालित सभी डेयरियों को निर्धारित विस्थापन स्थल पर व्यवस्थित रूप से शिफ्ट कराया जा सके।

निगमायुक्त ने संबंधित सभी डेयरी संचालकों से तत्काल अपने आवंटित भूखंडों पर डेयरी शिफ्ट करने की अपील करते हुए स्पष्ट किया कि अब शहर में डेयरी संचालन करने वालों के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

www.Teenbattinews.com

Archive