Editor: Vinod Arya | 94244 37885
Sagar Municipal Corporation लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Sagar Municipal Corporation लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मेयर ने सागर कमिश्नर से भेंट कर निगमायुक्त के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की • निगमायुक्त ने महापौर परिषद के जनहितैषी निर्णयों को लंबित रखते हुए समय-सीमा में पालन नहीं किया महापौर

मेयर ने सागर कमिश्नर से भेंट कर निगमायुक्त के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की

• निगमायुक्त ने महापौर परिषद के जनहितैषी निर्णयों को लंबित रखते हुए समय-सीमा में पालन नहीं किया महापौर


तीनबत्ती न्यूज: 06 सितम्बर, 2026

सागर: महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने मंगलवार को संभागायुक्त  दिलीप कुमार से भेंट कर नगर निगम सागर के निगमायुक्त राजकुमार खत्री की कार्यप्रणाली को लेकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई। महापौर ने संभागायुक्त को पत्र सौंपते हुए महापौर परिषद (मेयर-इन-काउंसिल) द्वारा लिए गए महत्वपूर्ण एवं जनहितैषी निर्णयों को लंबित रखने, निर्धारित समय-सीमा में उनका अनुपालन नहीं किए जाने तथा निगम हित एवं जनहित के कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं होने का आरोप लगाते हुए निगमायुक्त के विरुद्ध शासन स्तर पर कार्रवाई की मांग की।

यह भी पढ़ें: पूर्व निर्णयों पर कार्रवाई नहीं होने से निगमायुक्त की कार्यप्रणाली पर महापौर परिषद नाराज : शासन को भेजा जाएगा पत्र : मेयर संगीता तिवारी • महापौर परिषद के निर्णयों की लगातार हो रही अवहेलना, जनचौपाल में भी नहीं पहुंचे निगमायुक्त

महापौर द्वारा सौंपे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि श्री राजकुमार खत्री नगर पालिक निगम सागर में लगभग ढाई वर्ष से निगमायुक्त के पद पर पदस्थ हैं। पत्र के अनुसार, उनके कार्यकाल के दौरान महापौर परिषद द्वारा जनहित एवं निगम हित में लिए गए महत्वपूर्ण प्रस्तावों को लंबित रखा जा रहा है। बैठकों में लिए गए निर्णयों के संबंध में भी निर्धारित समय-सीमा में अपेक्षित प्रतिवेदन एवं अनुपालन की जानकारी महापौर परिषद को उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। महापौर ने कहा कि इससे शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं, जनहित एवं विकास कार्यों की प्रगति, वित्तीय अनुशासन तथा नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।

महापौर परिषद द्वारा पूर्व की बैठकों में लिए गए लंबित निर्णयों की समीक्षा के लिए 30 सितंबर 2026 को बैठक आयोजित की गई थी। महापौर के अनुसार, बैठक में लंबित विषयों पर बिंदुवार विस्तृत चर्चा की गई, लेकिन कई प्रकरणों में निगमायुक्त द्वारा संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया।

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि महापौर परिषद द्वारा समय-समय पर पारित निर्णयों एवं दिए गए निर्देशों के बावजूद निर्धारित समय-सीमा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। अनेक महत्वपूर्ण प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने तथा समीक्षा के बाद भी निर्णयों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित नहीं किए जाने पर महापौर एवं महापौर परिषद ने गंभीर असंतोष व्यक्त किया है।

महापौर परिषद के प्रस्ताव क्रमांक 4, दिनांक 30 सितंबर 2026 में निगमायुक्त की कार्यप्रणाली के प्रति असंतोष व्यक्त करते हुए उनके विरुद्ध प्रस्ताव पारित किए जाने का भी पत्र में उल्लेख किया गया है।

कार्यवाई की रखी मांग

महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने संभागायुक्त से अनुरोध किया है कि नगर पालिक निगम सागर में जनहित एवं निगम हित से जुड़े कार्यों की गति बनाए रखने तथा महापौर परिषद के निर्णयों का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित कराने के लिए निगमायुक्त श्री राजकुमार खत्री की कार्यप्रणाली को दृष्टिगत रखते हुए उनके विरुद्ध शासन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई कराई जाए तथा उनका तत्काल प्रभाव से अन्यत्र स्थानांतरण किए जाने की कार्रवाई की जाए। 

ये रहे शामिल

इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता एवं महापौर प्रतिनिधि डॉ सुशील तिवारी,एम आई सी सदस्य अनूप उर्मिल, रुपेश यादव, राजकुमार पटेल, धमेंद्र खटीक,पार्षद प्रतिनिधि नरेश यादव, सोमेश जड़िया, शैलेष जैन, प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट रिशांक तिवारी उपस्थित थे।

Share:

सागर में सेवा सेतु अभियान शुरू, 8 जोनों में शिविर; 2627 हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ

सेवा सेतु अभियान: 8 जोनों में पहुंची सरकार, 2627 हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई

• विधायक, महापौर, भाजपा जिलाध्यक्ष की मौजूदगी में हुआ शुभारंभ


तीनबत्ती न्यूज:  4 अक्टूबर 2026

सागर। नागरिकों को उनके वार्ड और घर के नजदीक पारदर्शी, संवेदनशील और समयबद्ध लोक सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार को नगरीय क्षेत्र में “सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार” का शुभारंभ हुआ। नगर निगम कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के साथ ही शहर के सभी 8 जोनों में शिविर लगाए गए। इस दौरान विभिन्न योजनाओं से वंचित पात्र नागरिकों को लाभ दिलाने की प्रक्रिया शुरू की गई।

कार्यक्रम में विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन, महापौर संगीता सुशील तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, निगमायुक्त राजकुमार खत्री सहित पार्षद और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।


यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चल रहे “सेवा संकल्प अभियान” का हिस्सा है। इसका उद्देश्य नागरिकों को सरकारी योजनाओं और लोक सेवाओं का लाभ लेने के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना है। इसके लिए विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एक ही स्थान पर मौजूद रहकर आवेदन और शिकायतों पर कार्रवाई कर रहे हैं।

एक भी पात्र नागरिक योजना के लाभ से वंचित न रहे: विधायक जैन

विधायक शैलेन्द्र जैन ने कहा कि “सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार” जनता की सेवा का महत्वपूर्ण अवसर है। जनप्रतिनिधि और अधिकारी नागरिकों तथा शासन की योजनाओं के बीच सेतु की भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिविरों में आने वाला एक भी पात्र नागरिक योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित किया जाए।

महापौर बोलीं- जनचौपाल के बाद सेवा सेतु को मिला विस्तार


महापौर संगीता सुशील तिवारी ने कहा कि सेवा सेतु अभियान सरकार और जनता के बीच विश्वास मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा 12 नवंबर 2025 से “आपकी महापौर आपके द्वार एवं जनचौपाल” शिविर शुरू किए गए थे। इन शिविरों में नागरिकों की समस्याएं उनके वार्ड में सुनकर संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में निराकरण की कार्रवाई की गई।

भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि 8 जोनों में आयोजित शिविरों का उद्देश्य नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं की जानकारी तथा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने कहा कि योजनाओं का उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब उनका लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचे। 


मौके पर आवेदनों की जांच, लंबित मामलों के लिए समय-सीमा तय


निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने बताया कि सभी 8 जोनों के शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों की तैनाती की गई है। प्राप्त आवेद नों और शिकायतों का मौके पर परीक्षण कर यथासंभव तत्काल निराकरण किया जा रहा है। जिन मामलों में मौके पर कार्रवाई संभव नहीं है, उन्हें संबंधित विभाग को भेजकर समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए गए हैं। शिविरों में सामाजिक न्याय, स्कूल शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, खाद्य, उद्योग और स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागों के स्टॉल लगाए गए। नागरिकों ने योजनाओं की जानकारी लेने के साथ अपनी समस्याएं और आवेदन अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए।

मंच से हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को मौके पर लाभ प्रदान किया गया।

- पीएम स्वनिधि योजना: संध्या विश्वकर्मा को 25 हजार रुपए और नंदलाल अहिरवार को 15 हजार रुपए का चेक।

- संबल योजना: मनीराम पचौरी को 4 लाख रुपए की अनुग्रह सहायता।

- प्रधानमंत्री आवास योजना-BLC: संभव जैन, मनोज सेन और भागीरथ प्रजापति को आवास की चाबी।

- प्रधानमंत्री आवास योजना-AHP: अजय आठया को गृह प्रवेश।

- प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 शहरी: 28 भूमिहीन हितग्राहियों को पट्टे।

- आवास निर्माण के लिए 120 हितग्राहियों के खातों में पहली किश्त के रूप में एक-एक लाख रुपए सिंगल क्लिक के माध्यम से भेजे गए।

2627 हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई

नगर निगम क्षेत्र में पात्र नागरिकों की पहचान कर उन्हें विभिन्न योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया के तहत 2627 हितग्राहियों के प्रकरणों में कार्रवाई की गई। इनमें पीएम स्वनिधि, विभिन्न पेंशन योजनाएं, संबल योजना, राशन पर्ची, नामांतरण, प्रधानमंत्री आवास योजना, पट्टा वितरण और कर्मकार मंडल सहित अन्य योजनाएं शामिल हैं।

नगर निगम प्रशासन के अनुसार अभियान के दौरान प्राप्त प्रकरणों की लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी, ताकि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

Share:

पूर्व निर्णयों पर कार्रवाई नहीं होने से निगमायुक्त की कार्यप्रणाली पर महापौर परिषद नाराज : शासन को भेजा जाएगा पत्र : मेयर संगीता तिवारी • महापौर परिषद के निर्णयों की लगातार हो रही अवहेलना, जनचौपाल में भी नहीं पहुंचे निगमायुक्त

पूर्व निर्णयों पर कार्रवाई नहीं होने से निगमायुक्त की कार्यप्रणाली पर महापौर परिषद नाराज : शासन को भेजा जाएगा पत्र : मेयर संगीता तिवारी

• महापौर परिषद के निर्णयों की लगातार हो रही अवहेलना, जनचौपाल में भी नहीं पहुंचे निगमायुक्त


तीनबत्ती न्यूज: 30 सितंबर 2026

सागर। नगर निगम सागर की महापौर परिषद की बैठक बुधवार को नवीन निगम भवन के सभाकक्ष में महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में नगर विकास, जनहित और निगम से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा के दौरान कई लंबित मामलों को लेकर महापौर परिषद ने निगमायुक्त की कार्यप्रणाली पर गंभीर आपत्ति जताई।


बैठक में पूर्व बैठकों में लिए गए निर्णयों पर समय-सीमा में कार्रवाई नहीं होने को लेकर महापौर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पूर्व बैठकों में सात दिवस के भीतर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्धारित समय में प्रतिवेदन प्रस्तुत नहीं किया गया। महापौर ने इसे महापौर परिषद के निर्णयों की अवहेलना बताया।

महापौर ने कहा कि एमआईसी के कई महत्वपूर्ण जनहित के निर्णय अब भी लंबित हैं। पार्षदों की समस्याओं का भी अपेक्षित निराकरण नहीं हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि 'आपकी महापौर आपके द्वार' के तहत आयोजित किसी भी जनचौपाल कार्यक्रम में निगमायुक्त उपस्थित नहीं हुए।

सीएम और शासन के वरिष्ठ अधिकारियों को भेजा जाएगा पत्र

बैठक के दौरान महापौर ने निगमायुक्त की कार्यप्रणाली पर गंभीर नाराजगी जताते हुए कहा कि लगातार लिए जा रहे निर्णयों पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में महापौर परिषद की ओर से मुख्यमंत्री, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री, मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव एवं आयुक्त नगरीय प्रशासन, संभागायुक्त सागर तथा कलेक्टर सागर को पत्र भेजा जाएगा।


इसके बाद महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी बैठक से बाहर चली गईं। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, उपस्थित एमआईसी सदस्यों ने भी इस मामले में गंभीर आपत्ति दर्ज कराई।

डेयरी विस्थापन पर भी उठे सवाल

बैठक में डेयरी विस्थापन की स्थिति की समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारी ने बताया कि कुल 155 डेयरियों में से 125 को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। इनमें से 35 डेयरी संचालकों ने जियो टैगिंग के प्रमाण के साथ पुनः आवेदन किया है।

एमआईसी सदस्य धर्मेन्द्र खटीक ने सवाल उठाया कि अभी तक सभी डेयरियों का विस्थापन क्यों नहीं हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे लोगों को भी प्लॉट आवंटित किए गए हैं, जिनके पास पशु नहीं हैं।

महापौर ने कहा कि डेयरी विस्थापन की कार्रवाई कागजों पर अधिक और धरातल पर कम दिखाई दे रही है। प्रत्येक बैठक में इस विषय पर चर्चा होती है, लेकिन अपेक्षित परिणाम सामने नहीं आए हैं।

इस पर निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने 15 दिनों के भीतर अपात्र आवंटनों को निरस्त करने की कार्रवाई करने की बात कही।


राजघाट डीसिल्टिंग के लिए समिति बनाने का सुझाव

राजघाट में डीसिल्टिंग कार्य की प्रगति पर भी चर्चा हुई। बैठक में बताया गया कि बड़े क्षेत्र में डीसिल्टिंग का काम पूरा किया जा चुका है, लेकिन वर्तमान में जलस्तर बढ़ने के कारण शेष कार्य प्रभावित हुआ है।एमआईसी सदस्य धर्मेन्द्र खटीक ने राजघाट डीसिल्टिंग कार्य की समीक्षा के लिए समिति गठित करने का सुझाव दिया।


प्रधानमंत्री आवास योजना की पात्र हितग्राही सूची सार्वजनिक होगी

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राहियों की सूची सार्वजनिक करने तथा निगम कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर चस्पा करने का निर्णय लिया गया।

महापौर ने मल्टीलेवल पार्किंग, साबूलाल मार्केट सहित बड़े प्रोजेक्टों में हो रही देरी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पिछली समीक्षा बैठक में इन कार्यों के संबंध में स्वामित्व दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने की बात कही गई थी, जबकि बाद की बैठक में दस्तावेज उपलब्ध होने की जानकारी सामने आई।

आवास योजना की हितग्राही ने पानी-बिजली की सुविधा नहीं मिलने की शिकायत की

बैठक के दौरान किशोर न्यायालय आवासीय योजना की हितग्राही स्वाति जैन ने उपस्थित होकर शिकायत की कि उन्हें आवास आवंटित हो चुका है, लेकिन आवासीय परिसर में पानी और बिजली की सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई है।

महापौर एवं एमआईसी सदस्यों ने कहा कि यदि पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं होंगी तो हितग्राही वहां रह कैसे पाएंगे।


जलभराव और हॉकर्स जोन का मुद्दा भी उठा

एमआईसी सदस्य श्रीमती संगीता जैन ने वृंदावन वार्ड के श्रीराम नगर एवं एमएलबी स्कूल के पास जलभराव की समस्या का मुद्दा उठाया। उन्होंने निगमायुक्त से समस्या के निराकरण के लिए समय-सीमा निर्धारित करने की मांग की। निगमायुक्त ने शीघ्र समस्या का निराकरण कराने का आश्वासन दिया।

सदस्य विनोद तिवारी एवं संगीता जैन ने हॉकर्स जोन में अब तक बोर्ड नहीं लगाए जाने का मुद्दा उठाया। महापौर ने कहा कि पिछली बैठक में सात दिवस के भीतर बोर्ड लगाने की बात हुई थी, लेकिन अभी तक कार्रवाई नहीं हुई।

एनकेप के अंतर्गत किए गए कार्यों की स्वीकृति और कार्यों की जानकारी एमआईसी को नहीं दिए जाने का मुद्दा भी बैठक में उठाया गया।


परशुराम और लवकुश चौराहा निर्माण को लेकर भी नाराजगी

महापौर ने भगवान परशुराम चौराहा निर्माण के संबंध में अब तक कार्रवाई नहीं होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने नगर निगम में प्रतिनियुक्ति पर पदस्थ कर्मचारियों को उनके मूल विभाग में वापस भेजने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। एमआईसी सदस्य राजकुमार पटैल ने लवकुश चौराहा निर्माण कार्य के लिए अब तक कार्रवाई नहीं होने का मुद्दा उठाया। सदस्य रूपेश यादव ने टाटा पाइपलाइन डालने तथा अवैध नल कनेक्शनों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।


अवैध नल कनेक्शन पर जुर्माने का प्रस्ताव

बैठक में अवैध नल कनेक्शन पाए जाने पर घरेलू कनेक्शन के लिए 25 हजार रुपये और व्यावसायिक कनेक्शन के लिए 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाने के संबंध में चर्चा के बाद निर्णय लिया गया। संबंधित इंजीनियर ने एमआईसी को जानकारी दी कि पिछले माह 100 से अधिक अवैध नल कनेक्शन काटे गए हैं।


बीएलसी योजना की वित्तीय अनियमितताओं की जांच लंबित

बैठक में बीएलसी घटक योजना में कथित वित्तीय अनियमितताओं का मामला भी प्रमुखता से उठा। महापौर परिषद के प्रस्ताव क्रमांक 20 दिनांक 28 जनवरी 2025 और प्रस्ताव क्रमांक 12 दिनांक 25 जून 2026 में इस मामले में कार्रवाई के लिए निगमायुक्त को अधिकृत किया गया था।

बैठक में बताया गया कि लंबे समय तक कार्रवाई नहीं होने के कारण 25 जून 2026 की बैठक में फिर मामले की समीक्षा की गई थी और 15 दिनों में कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया था। इसके बावजूद अब तक कार्रवाई नहीं होने पर सदस्यों ने नाराजगी जताई।


एमआईसी सदस्य विनोद तिवारी ने कहा कि जांच अभी तक पूरी नहीं हुई है, जबकि इस मामले से जुड़े कई कर्मचारी सेवानिवृत्त हो चुके हैं और कुछ की मृत्यु भी हो चुकी है।


महापौर ने कहा कि निगमायुक्त द्वारा अब तक कार्रवाई से महापौर परिषद को अवगत नहीं कराया गया है और न ही मामले का उचित निराकरण किया गया है।

यह भी पढ़ें: प्रो नागेश दुबे बने डॉ गौर विवि सागर के प्रभारी कुलपति

सोलर एनर्जी और एनर्जी ऑडिट पर भी चर्चा

महापौर परिषद के प्रस्ताव क्रमांक 15 दिनांक 25 जून 2026 के तहत नगर निगम के नवीन भवन सहित अन्य शासकीय भवनों पर पीपीपी मोड के माध्यम से सोलर एनर्जी सिस्टम लगाने की स्वीकृति दी गई थी। बैठक में इस प्रस्ताव पर अब तक कार्रवाई नहीं होने का मुद्दा उठा। संबंधित उपयंत्री ने बताया कि ठेकेदार के टेंडर दस्तावेजों की शर्तों की समीक्षा की गई है। इसमें ठेका आवंटित होने के बाद प्रारंभिक भुगतान से संबंधित शर्त सामने आई है। निगम इस व्यवस्था की समीक्षा कर रहा है।

निगमायुक्त ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार अनुबंध एमपीयूडीसी के माध्यम से किया जाएगा। महापौर ने कहा कि विद्युत बचत और निगम पर वित्तीय भार कम करने के लिए एनर्जी ऑडिट से संबंधित कई प्रस्ताव पहले भी हो चुके हैं, लेकिन लगभग एक वर्ष से इस दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने रीवा नगर निगम की व्यवस्था का उल्लेख करते हुए सागर में भी इसी प्रकार कार्रवाई करने की बात कही। एमआईसी सदस्यों कंचन जड़िया, संगीता जैन और धर्मेन्द्र खटीक ने भी शीघ्र कार्रवाई का सुझाव दिया।

यह भी पढ़ें : MP: डाक विभाग में फर्जी मार्कशीट से नौकरी पाने वाले 8 अभ्यर्थी सेवा से बर्खास्त: CBI ने दर्ज किया केस : एक आरोपी सागर का

एल्डरमेन के मानदेय सहित कई प्रस्तावों को मंजूरी

बैठक में नगरीय विकास एवं आवास विभाग की अधिसूचना के अनुसार नगर निगम में पार्षद के रूप में नामनिर्दिष्ट आठ एल्डरमेन के मानदेय भुगतान संबंधी प्रस्ताव पर चर्चा कर स्वीकृति प्रदान की गई।


प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत मेनपानी और कनेरादेव तथा राजीव आवास योजना के पायलट प्रोजेक्ट एवं छत्रसाल आवासीय कॉलोनी बाधाराज में पंजीयन राशि 20 हजार रुपये और अंशदान राशि 2 लाख रुपये वापस किए जाने संबंधी प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। इस पर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया।

यह भी पढ़ें: MP Cabinet Decisions: अग्निवीरों को 20% आरक्षण : पुलिस आरक्षक सहित विशेष सशस्त्र बल,जेल प्रहरी,वन रक्षक और आबकारी आरक्षक के पदों •दमोह-कटनी मार्ग के निर्माण के लिए 4470.30 करोड़ रूपये की स्वीकृति •बण्डा वृहद सिंचाई परियोजना के लिए 1,052 करोड़ रूपये की मंजूरी •अतिथि शिक्षकों को मानदेय के लिए 5 हजार 329 करोड़ 17 लाख रूपये की स्वीकृति

ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के अनुरूप उपविधि लागू करने पर भी सहमति बनी। इसके तहत नियमों का पालन नहीं करने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा। जुर्माने की दर निर्धारित होने के बाद इसे लागू किया जाएगा।बैठक में महापौर परिषद की पूर्व बैठकों में लिए गए निर्णयों की भी समीक्षा की गई और लंबित मामलों में शीघ्र कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।

ये रहे शामिल

बैठक में महापौर परिषद सदस्य पं. विनोद तिवारी, रूपेश यादव, धर्मेन्द्र खटीक, राजकुमार पटैल, श्रीमती रेखा नरेश यादव, श्रीमती कंचन सोमेश जड़िया, श्रीमती संगीता शैलेष जैन, उपायुक्त एस.एस. बघेल, कार्यपालन यंत्री जितेन्द्र गुप्ता, सहायक यंत्री संजय तिवारी, उपयंत्री संयम चतुर्वेदी, आयुष शुक्ला, शिवेन्द्र सिंह, गौरव सिंह राजपूत, निगम सचिव मुन्नालाल रैकवार सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share:

पीएम आवास की बदहाली के खिलाफ कांग्रेस का धरना, 15 दिन में नगर निगम घेराव की चेतावनी

पीएम आवास की बदहाली के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल, नगर निगम में धरना देकर सौंपा ज्ञापन

तीनबत्ती न्यूज: 23 सितम्बर, 2026

सागर। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कनेरा देव कॉलोनी में बने मकानों की बदहाल स्थिति और कथित निर्माण अनियमितताओं को लेकर जिला शहर कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को नगर निगम के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने सरकार और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा।

कांग्रेस ने चेतावनी दी कि 15 दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं होने पर हितग्राहियों के साथ नगर निगम का घेराव कर उग्र आंदोलन किया जाएगा।

जिला शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि कांग्रेस यहां राजनीति के लिए नहीं, बल्कि गरीब हितग्राहियों के हक की लड़ाई के लिए धरना दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने मकानों की स्थिति बेहद खराब है। कई मकानों में प्लास्टर उखड़ने, छतों से पानी टपकने और दीवारों में दरारें आने की शिकायतें हैं।

उन्होंने सवाल उठाया कि निर्माण की गुणवत्ता की जांच किस स्तर पर हुई और भुगतान किस आधार पर किया गया। जाटव ने पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।

नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष बाबू सिंह बब्बू यादव ने आरोप लगाया कि कनेरा देव कॉलोनी में निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल हैं। उन्होंने कहा कि कॉलोनी में नालियों के जाम होने, जलभराव और गंदगी जैसी समस्याएं भी बनी हुई हैं। उन्होंने निर्माण एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने और पूरी कॉलोनी का थर्ड पार्टी ऑडिट कराने की मांग की।

बाबू सिंह यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्षद दल इस मुद्दे को नगर निगम परिषद से लेकर सड़क तक उठाता रहेगा।


पार्षद शिव शंकर गुड्डू यादव ने कहा कि कनेरा देव कॉलोनी की स्थिति को लेकर हितग्राहियों में नाराजगी है। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आवासों की खराब स्थिति के कारण किसी हितग्राही को नुकसान होता है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित निर्माण एजेंसी और जिम्मेदार अधिकारियों की होगी।

महिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. किरण लता सोनी ने कहा कि महिलाओं को आवास उपलब्ध कराने के नाम पर यदि उन्हें जर्जर मकानों में रहना पड़े तो यह गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हितग्राहियों की समस्याओं के समाधान के लिए उनके साथ खड़ी है।

धरने के बाद कांग्रेस नेताओं ने नगर निगम को ज्ञापन सौंपकर आवासों की गुणवत्ता की जांच, निर्माण संबंधी शिकायतों की जांच, कॉलोनी की सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस प्रवक्ता कमलेश तिवारी ने बताया कि कार्यक्रम का संचालन पवन पटेल ने किया, जबकि आभार आनंद हेला ने माना।

इस अवसर पर सेवादल अध्यक्ष सिंटू कटारे, प्रदीप गुप्ता, चेतन कृष्णा पांडे, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष नरेंद्र मिश्रा, पार्षद ताहिर खान, रोशनी वसीम खान, युवा कांग्रेस अध्यक्ष सागर साहू, महिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष ऋचा सिंह, सोशल मीडिया अध्यक्ष नीलेश अहिरवार सहित पवन जाटव, बंटी कोरी, दीपक कुर्मी, दीनदयाल तिवारी, गोपाल प्रजापति, अजय लहरिया, राहुल रजक, नारायण विश्वकर्मा, ज्योति मालिया, रेखा अहिरवार, रेखा सोनी, गीता कुशवाहा, अमित चौरसिया, रोहित लारिया, पवन नामदेव, परख शुक्ला, ललित बाजपेई, बाबू मछंदर, लक्ष्मी सेन, रुचि सोनी, गोरी ठाकुर, पूजा विश्वकर्मा, साक्षी बौद्ध, मीराबाई ठाकुर, रजनी लोधी, अर्चना लोधी सहित कांग्रेसजन मौजूद रहे।

Share:

सागर में निगम का अतिक्रमण अभियान: जर्जर भवन गिराया, दुकानें हटाईं

नगर निगम  सागर का अतिक्रमण के खिलाफ अभियान, जर्जर भवन गिराया, दुकानें हटाईं


तीनबत्ती न्यूज: 18 सितम्बर, 2026

सागर। नगर पालिक निगम सागर द्वारा शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रखते हुए शुक्रवार को अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई की गई। बरियाघाट वार्ड में मंदिर ट्रस्ट क्षेत्र की कब्जे वाले जर्जर भवन को सुरक्षा की दृष्टि से गिराया गया, जबकि जवाहरगंज वार्ड में स्वीकृत मानचित्र के विपरीत किए गए निर्माण का कुछ हिस्सा हटाया गया। वहीं गणेश उत्सव को देखते हुए सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर लगी अंडे एवं मुर्गे की दुकानों को भी हटाने की कार्रवाई की गई।

बरियाघाट में जर्जर भवन गिराया

बरीयाघाट वार्ड स्थित भवन क्रमांक 325/263/1 लंबे समय से जीर्ण-शीर्ण अवस्था में था। भवन पर कब्जे की स्थिति को देखते हुए नगर निगम द्वारा पूर्व में निर्धारित प्रक्रिया के तहत संबंधित कब्जाधारियों के ताले खुलवाकर अंदर रखी सामग्री का पंचनामा तैयार किया गया था।निर्धारित कार्रवाई के तहत 18 सितंबर 2026 को राजस्व अमले एवं नगर निगम के संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे। भवन की जर्जर स्थिति को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से भवन को गिरा दिया गया।

कार्रवाई के दौरान सागर तहसीलदार, पटवारी, नगर निगम के डिप्टी कमिश्नर, निगम इंजीनियर, प्रभारी अतिक्रमण, सहायक अतिक्रमण अधिकारी एवं अतिक्रमण प्रभारी सहित पुलिस प्रशासन और नगर निगम की अतिक्रमण टीम मौजूद रही।


जवाहरगंज में स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण हटाया

जवाहरगंज वार्ड में आईडीबीआई बैंक के सामने नाली के ऊपर किए गए निर्माण के मामले में नगर निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने कार्रवाई की। स्थल निरीक्षण के दौरान निर्माण स्वीकृत मानचित्र के विपरीत पाए जाने पर संबंधित मकान मालिक को नोटिस जारी किया गया था।

कार्रवाई के दौरान मकान मालिक ने नगर निगम को आवेदन देकर अतिक्रमण का हिस्सा स्वयं हटाने के लिए समय देने का अनुरोध किया। निगम ने आवेदन स्वीकार करते हुए उसे दो दिन के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने की अनुमति दी।


निगम की टीम ने मौके पर अतिक्रमण का कुछ हिस्सा हटा दिया, जबकि शेष हिस्सा मकान मालिक को निर्धारित अवधि में स्वयं हटाना होगा। तय समय में अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर जुर्माने के साथ नगर निगम द्वारा कार्रवाई की जाएगी।

गणेश उत्सव के चलते अंडे-मुर्गे की दुकानें हटाईं

गणेश उत्सव को देखते हुए नगर निगम ने शहर के सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर लगी अंडे एवं मुर्गे की दुकानों के खिलाफ भी कार्रवाई की। अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर दुकानदारों को दुकानें हटाने के निर्देश दिए।

अंडे के दुकानदारों को दुकानों पर नेट लगाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि दुकानें व्यवस्थित रहें और खुले में सामग्री दिखाई न दे। निगम अमले ने दुकानदारों को निर्धारित व्यवस्था का पालन करने के लिए कहा।

नगर निगम के अनुसार शहर में अतिक्रमण हटाने के साथ सार्वजनिक स्थानों को व्यवस्थित रखने और त्योहारी आयोजन के दौरान बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान जारी रहेगा।

Share:

नगर निगम सागर में 8 नवनियुक्त एल्डरमैन ने ली शपथ, पूरे शहर के विकास में निभाएंगे भूमिका

नगर निगम सागर में 8 नवनियुक्त एल्डरमैन ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ


तीनबत्ती न्यूज: 03 सियर ,2026

सागर। नगर पालिक निगम सागर में गुरुवार को नवनियुक्त एल्डरमैन (मनोनीत पार्षदों) का भव्य एवं गरिमामय शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन, महापौर संगीता सुशील तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, अपर कलेक्टर अविनाश रावत, निगमायुक्त राजकुमार खत्री सहित निगम के पार्षद एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

समारोह में शासन द्वारा नियुक्त 8 नवनियुक्त एल्डरमैन—सुबोध पाराशर, महेश जैन, आशालता सिलाकारी, अभिषेक अंकुर चौरसिया, धर्मेंद्र रजक, विवेक सोधिया, जुगल प्रजापति और राजेंद्र ठाकुर को अपर कलेक्टर अविनाश रावत ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने नवनियुक्त एल्डरमैन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार ने क्षेत्रीय एवं सामाजिक संतुलन के साथ समाज के विभिन्न वर्गों को प्रतिनिधित्व देने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किया है। एल्डरमैन के रूप में सक्रिय एवं अनुभवी लोगों को नगर निगम की विकास प्रक्रिया से जोड़ने का कार्य हुआ है।

उन्होंने कहा कि नवनियुक्त एल्डरमैन अपने अनुभव, सामाजिक सहभागिता और जनसेवा की भावना के माध्यम से शहर के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। नागरिकों की समस्याओं और सुझावों को नगर निगम तक पहुंचाने के साथ जनहित के विषयों को प्रभावी ढंग से सामने रखना उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी।

महापौर संगीता सुशील तिवारी ने कहा कि नगर सेवा और विकास के नए दायित्व के साथ सभी एल्डरमैन जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए सागर के विकास में योगदान देंगे। उनके अनुभव, सुझाव और सक्रिय सहभागिता से नगर निगम के विकास कार्यों को और गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि सभी जनप्रतिनिधियों के सहयोग से सागर को स्वच्छ, सुंदर, सुव्यवस्थित और विकसित शहर बनाने के प्रयासों को और मजबूती दी जाएगी।

भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने नवनियुक्त एल्डरमैन को बधाई देते हुए कहा कि चयन के पीछे उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व देना है। उन्होंने कहा कि एल्डरमैन को जनसेवा और नगर विकास का महत्वपूर्ण दायित्व मिला है।


निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने कहा कि नवनियुक्त एल्डरमैन किसी एक वार्ड तक सीमित न रहकर पूरे शहर के विकास में योगदान देंगे। शासन द्वारा एल्डरमैन के लिए पार्षद निधि का प्रावधान किया गया है। इसका उपयोग किसी एक वार्ड तक सीमित न रहकर सागर के सभी 48 वार्डों में विकास एवं जनहित के कार्यों के लिए किया जा सकेगा।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

कार्यक्रम के अंत में भाजपा पार्षद दल के सचेतक एवं एमआईसी सदस्य शैलेन्द्र ठाकुर ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट रिशांक तिवारी, एमआईसी सदस्य, पार्षदगण, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, नवनियुक्त एल्डरमैन के परिवारजन और शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Share:

Sagar: राहतगढ़ ब्रिज के पास गंदगी पर निगमायुक्त की कार्रवाई, स्वच्छता पर्यवेक्षक निलंबित:• दुकानदारों से मौके पर ही उठवाया कचरा

राहतगढ़ ब्रिज के पास गंदगी पर निगमायुक्त की सख्ती, स्वच्छता पर्यवेक्षक प्रकाश ताम्रकार निलंबित

• दुकानदारों से मौके पर ही उठवाया कचरा, 500-500 रुपये का जुर्माना कर काटे चालान; डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण को लेकर दिए सख्त निर्देश



तीनबत्ती न्यूज : 1 सितंबर 2026

सागर। शहर की स्वच्छता व्यवस्था में लापरवाही को लेकर नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने मंगलवार सुबह औचक निरीक्षण के दौरान बड़ी कार्रवाई की। राहतगढ़ ब्रिज के आसपास सड़क किनारे डिस्पोजल, पानी पाउच, पान और गुटखा के पाउच सहित कचरे के ढेर मिलने पर निगमायुक्त ने संबंधित स्वच्छता पर्यवेक्षक प्रकाश ताम्रकार को मौके पर ही निलंबित कर दिया।

निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने पाया कि क्षेत्र में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के बावजूद रहवासियों और दुकान संचालकों को कचरा संग्रहण वाहन में ही कचरा डालने के लिए पर्याप्त समझाइश नहीं दी जा रही थी। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि स्वच्छता कर्मचारियों की जिम्मेदारी केवल झाड़ू लगाना और कचरा उठाना ही नहीं है, बल्कि नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना भी उनकी जिम्मेदारी है।



खुले में कचरा फेंकने वालों पर कार्रवाई

निगमायुक्त के निर्देश पर सड़क किनारे खुले में कचरा फेंकने वाले दुकान संचालकों से मौके पर ही कचरा उठवाकर डस्टबिन में रखवाया गया। साथ ही सभी संबंधित दुकानदारों पर 500-500 रुपये का जुर्माना लगाया गया और चालान काटने की कार्रवाई की गई।

निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समझाइश के बाद भी यदि कोई नागरिक खुले में कचरा फेंकता है तो उसके खिलाफ लगातार जुर्माने और दंडात्मक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि गलती नागरिक की हो या निगम कर्मचारी की, स्वच्छता व्यवस्था में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण पर जोर

राजकुमार खत्री ने कहा कि नगर निगम के पास अत्याधुनिक कचरा प्रोसेसिंग प्लांट जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। ऐसे में जरूरी है कि प्रत्येक घर और दुकान का कचरा डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों में ही डाला जाए। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को यह व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि शहर के तिराहे, चौराहे और सड़कें ही बाहर से आने वाले लोगों के सामने शहर की पहचान बनाती हैं। इसलिए इन स्थानों को साफ-सुथरा और व्यवस्थित रखना जरूरी है।

नागरिकों की मांग पर बदला कचरा वाहन का समय

निगमायुक्त ने राहतगढ़ ब्रिज के आसपास के वार्ड की गलियों का भी निरीक्षण किया और स्थानीय रहवासियों से स्वच्छता संवाद किया। नागरिकों ने डोर-टू-डोर कचरा वाहन के समय में बदलाव की मांग रखी।

निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि नागरिकों की सुविधा के अनुसार सुबह करीब 7 बजे कचरा संग्रहण वाहन वार्ड में पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि निगम की सेवाएं नागरिकों की सुविधा के लिए हैं, इसलिए कचरा वाहन निर्धारित समय पर लोगों के घर-दुकान तक पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए।

स्थानीय रहवासियों ने समय में बदलाव के आश्वासन पर निगमायुक्त का आभार जताते हुए कचरा केवल कचरा संग्रहण वाहन में डालने और अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।


Share:

सागर नगर निगम परिषद के बड़े फैसले: टाटा से जलप्रदाय व्यवस्था निगम के हाथों में, राजस्व वसूली के लिए बनेगी समिति: स्वर्णकार चौक बनेगा

नगर निगम परिषद की बैठक में जलप्रदाय, राजस्व और विकास से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित

• टाटा प्रोजेक्ट से जलप्रदाय व्यवस्था वापस निगम के हाथों में

• नए जल कनेक्शन पर अतिरिक्त पेनल्टी नहीं

• स्वर्णकार चौक बनेगा, प्रस्ताव पारित


तीनबत्ती न्यूज: 24 अगस्त, 2026

सागर। नगर पालिक निगम सागर की परिषद की महत्वपूर्ण बैठक निगम अध्यक्ष  वृंदावन अहिरवार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी, निगम आयुक्त राजकुमार खत्री, एमआईसी सदस्य, पार्षदगण एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक की शुरुआत राष्ट्रगीत के सामूहिक गायन से हुई। हाल ही में दिवंगत हुए व्यक्तियों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

बैठक में जलप्रदाय व्यवस्था, राजस्व वसूली, स्वच्छता, पार्क एवं मार्गों के नामकरण, प्रधानमंत्री आवास योजना, निगम कर्मचारियों तथा विभिन्न विकास कार्यों से जुड़े अनेक प्रस्तावों पर चर्चा हुई और कई प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। कुछ मुद्दों पर जमकर हंगामा भी हुआ। विपक्षी पार्षद नारे लगाते हुए आसंदी के सामने बैठ गए। 

निगम कर्मचारियों को समय पर वेतन और शहर के विकास पर जोर

महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने कहा कि नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना और नगर का समग्र विकास निगम की प्राथमिकता है। निगम कर्मचारियों को समय पर वेतन मिल सके, इसके लिए निगम की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना जरूरी है। परिषद के निर्णयों के माध्यम से जलप्रदाय, राजस्व, स्वच्छता और विकास कार्यों को गति देने का प्रयास किया गया है।

निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने कहा कि परिषद द्वारा लिए गए निर्णयों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। निगम की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने, राजस्व बढ़ाने और शहर के विकास को गति देने के लिए सभी मिलकर प्रयास करेंगे।



टाटा प्रोजेक्ट से जलप्रदाय व्यवस्था वापस निगम के हाथों में

बैठक में जलप्रदाय व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। परिषद ने टाटा प्रोजेक्ट लिमिटेड को जलप्रदाय योजना के संचालन एवं संधारण कार्य से पृथक कर व्यवस्था नगर निगम द्वारा पूर्ववत संचालित करने संबंधी प्रस्ताव पारित किया।

बैठक में बताया गया कि वर्तमान में जलप्रदाय व्यवस्था के संचालन एवं संधारण पर करीब 85 लाख रुपये प्रतिमाह खर्च हो रहा है। निगम द्वारा व्यवस्था अपने हाथ में लेने के बाद यह खर्च लगभग 50 से 55 लाख रुपये प्रतिमाह रहने का अनुमान है। इससे निगम को करीब 30 से 35 लाख रुपये प्रतिमाह की बचत होने की संभावना जताई गई। जनवरी 2025 से जून 2026 तक टाटा प्रोजेक्ट लिमिटेड द्वारा प्रस्तुत देयकों के संबंध में भी चर्चा हुई। सत्यापित राशि, विद्युत देयक और अन्य मदों सहित करीब 26.42 करोड़ रुपये के भुगतान के प्रस्ताव को गठित समिति के प्रतिवेदन के आधार पर 15वें वित्त आयोग की राशि से भुगतान किए जाने के लिए पुष्टि हेतु प्रस्तुत किया गया।

नए जल कनेक्शन पर अतिरिक्त पेनल्टी नहीं

सागर जलप्रदाय उन्नयन योजना प्रोजेक्ट-6 बी के अंतर्गत नवीन जल कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं को राहत देते हुए परिषद ने निर्धारित जलकर लेने और अतिरिक्त पेनल्टी नहीं लगाने का प्रस्ताव पारित किया।

कटरा बाजार में पाइपलाइन नहीं होने के बावजूद जल कनेक्शन दिए जाने के मुद्दे पर निगम आयुक्त श्री राजकुमार खत्री ने बताया कि अमृत-2 योजना के अंतर्गत ड्राइंग शासन को भेजी गई है। स्वीकृति मिलने के बाद पाइपलाइन विस्तार और आवश्यक सुधार किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस कार्य के लिए लगभग 35 करोड़ रुपये की निविदा हो चुकी है।

जेडी कॉलोनी में जलप्रदाय के समय को लेकर भी चर्चा हुई। परिषद ने शहर की समग्र जलप्रदाय व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के लिए निर्धारित समय पर ही जलप्रदाय किए जाने पर सहमति जताई।


राजस्व वसूली के लिए पांच पार्षदों की समिति

नगर निगम की राजस्व वसूली को मजबूत करने के लिए पांच पार्षदों की समिति गठित की जाएगी। समिति में तीन सत्ता पक्ष और दो विपक्ष के पार्षद शामिल होंगे। समिति राजस्व वसूली का कार्य ठेके पर दिए जाने से संबंधित नियम एवं सेवा शर्तों पर अपनी अनुशंसा देगी। इसके बाद अनुशंसाओं के आधार पर निविदा प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

27 पार्कों में से एक का नाम डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर

शहर में चिन्हित 27 पार्कों में से एक पार्क का नामकरण डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर करने का निर्णय लिया गया। साथ ही एक पार्क में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा स्थापित करने संबंधी प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।

सामुदायिक शौचालयों की व्यवस्था होगी बेहतर

विभिन्न वार्डों में संचालित सामुदायिक शौचालयों के संचालन एवं संधारण के लिए वर्ष 2017 के अनुबंध के अनुसार वर्तमान दरों में 30 प्रतिशत वृद्धि किए जाने के प्रस्ताव को परिषद ने मंजूरी दी। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के अंतर्गत निर्मित सामुदायिक शौचालयों की सफाई एवं संधारण व्यवस्था को भी और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।

प्रधानमंत्री आवास योजना में ईडब्ल्यूएस अंशदान बढ़ा

प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत गैर-झुग्गी क्षेत्र के ईडब्ल्यूएस आवासों के लिए हितग्राही अंशदान 2 लाख रुपये से बढ़ाकर 5 लाख रुपये किए जाने का प्रस्ताव पारित किया गया।

इसके अलावा आरटीओ के समीप मेनपानी क्षेत्र में विकसित लीज भूखंड, लीज फ्लैट और दुकानों के आवंटन के लिए ऑनलाइन निविदा में आरक्षित मूल्य से अधिक प्राप्त अधिकतम दरों को भी परिषद ने मंजूरी दी।


लोकतंत्र सेनानी रामकृष्ण जड़िया के नाम पर होगा मार्ग

विवेकानंद वार्ड की पार्षद श्रीमती याकृति जड़िया के प्रस्ताव पर पारस टॉकीज, कुंजड़याई, सराफा तिराहा से सरस्वती मंदिर, गोलकुआं होते हुए सागर सरोज तिराहा तक मार्ग का नाम लोकतंत्र सेनानी स्वर्गीय रामकृष्ण जड़िया मार्ग किए जाने के संबंध में उपयुक्त स्थान के चयन के लिए समिति गठित करने का निर्णय लिया गया।

रामबाग मंदिर के पास बनेगा स्वर्णकार चौक

नरयावली नाका वार्ड की पार्षद श्रीमती कंचन सोमेश जड़िया के आवेदन पर रामबाग मंदिर स्थित पीपल वृक्ष के पास स्वर्णकार चौक नामकरण तथा स्वर्णकार समाज के आराध्यदेव अजमीढ़ जी की प्रतिमा स्थापित किए जाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।

निगम कर्मचारियों से जुड़े प्रस्तावों को भी मंजूरी

नगर निगम में कार्यरत कर्मचारियों के संबंध में चतुर्थ श्रेणी के पदों में वृद्धि किए जाने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। साथ ही मध्यप्रदेश शासन के नगरीय विकास एवं आवास विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार पात्र अधिकारियों एवं कर्मचारियों को चतुर्थ समयमान वेतनमान दिए जाने से संबंधित पूर्व में पारित निगम परिषद एवं महापौर परिषद के प्रस्तावों की पुष्टि की गई।

शासन के निर्देशों की जानकारी पार्षदों को मिलेगी

परिषद ने शासन से प्राप्त पत्राचार एवं महत्वपूर्ण निर्देशों की जानकारी सभी पार्षदों तक नियमित रूप से पहुंचाने का निर्णय लिया। इसमें मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान से संबंधित जानकारी भी शामिल होगी। अभियान के तहत प्रत्येक शुक्रवार को अधिकारी कार्यालयों के बजाय गांवों एवं शहरी क्षेत्रों में पहुंचकर जनता की समस्याएं और सुझाव सुनेंगे।


बैठक में एमआईसी सदस्यों और पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े जनहित के मुद्दे उठाए।बैठक में एमआईसी सदस्य श्री धमेंद्र खटीक, श्रीमती मेघा दुबे, श्री अनूप उर्मिल, श्री राजकुमार पटेल, श्रीमती संगीता शैलेष जैन, श्री देवेन्द्र अहिरवार, श्री सूरज घोसी, श्रीमती रुबी कृष्ण कुमार पटेल, श्रीमती अनीता रामू ठेकेदार, श्री नीरज गोलू कोरी, श्रीमती कंचन सोमेश जड़िया, नेता प्रतिपक्ष श्री बब्बू यादव, श्री शिवशंकर यादव, श्रीमती रिचा सिंह, श्रीमती सुरेखा राकेश राय एवं श्री ताहिर मासाब ने चर्चा में भाग लिया।

 परिषद ने जलप्रदाय, राजस्व वसूली, स्वच्छता, नागरिक सुविधाओं और विकास कार्यों को गति देने के लिए आवश्यक निर्णय लिए।

बैठक का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। अंत में निगम अध्यक्ष श्री वृंदावन अहिरवार ने महापौर, निगम आयुक्त, एमआईसी सदस्यों, पार्षदों और अधिकारियों-कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।

Share:

सागर में “आपकी महापौर आपके द्वार एवं जनचौपाल” का 22 वाँ शिविर सम्पन्न: महापौर संगीता तिवारी ने सुनी नागरिकों की समस्याएं: मौके पर हुआ समाधान

सागर में “आपकी महापौर आपके द्वार एवं जनचौपाल” का 22 वाँ शिविर सम्पन्न: महापौर संगीता तिवारी ने  सुनी नागरिकों की समस्याएं:  मौके पर हुआ समाधान


तीनबत्ती न्यूज:  19 अगस्त 2026

सागर। नगर निगम सागर द्वारा नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “आपकी महापौर आपके द्वार एवं जनचौपाल” अभियान के तहत बुधवार को तिलकगंज वार्ड में 22वां जनचौपाल शिविर आयोजित किया गया।

शिविर में महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित नगर निगम अधिकारियों को समस्याओं का समयबद्ध एवं त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए।

जलप्रदाय, स्वच्छता और स्ट्रीट लाइट से जुड़ी समस्याएं पहुंचीं

जनचौपाल में नागरिकों ने जलप्रदाय, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, अतिक्रमण, स्वास्थ्य सेवाओं सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याएं महापौर के समक्ष रखीं। महापौर ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए समस्याओं के निराकरण की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों को उनके वार्ड में ही बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। जनचौपाल के माध्यम से वृद्धावस्था पेंशन, कल्याणी पेंशन, संबल योजना, समग्र आईडी, राशन पर्ची और प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं से जुड़े प्रकरणों का निराकरण किया जा रहा है।



उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे और प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध निराकरण किया जाए।महापौर ने नागरिकों से अपील की कि जो लोग अभी तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पाए हैं, वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ जनचौपाल शिविर में पहुंचें। पात्रता के अनुसार उन्हें संबंधित योजनाओं का लाभ दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।

ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का पालन करने की अपील

शिविर के दौरान महापौर ने नागरिकों से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 का पालन करने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुंदर शहर बनाने में नागरिकों की सहभागिता बेहद जरूरी है। नागरिक अपने घरों और प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे का उचित पृथक्करण करें तथा निर्धारित व्यवस्था के अनुसार ही कचरा नगर निगम को दें।


वरिष्ठ भाजपा नेता एवं महापौर प्रतिनिधि डॉ. सुशील तिवारी ने कहा कि महापौर की पहल पर आयोजित किए जा रहे जनचौपाल शिविरों के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण कराने की प्रभावी पहल की जा रही है। शासन की मंशा के अनुरूप समाज की अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।उन्होंने कहा कि इससे नागरिकों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है और एक ही स्थान पर उनकी समस्याओं के निराकरण की कार्रवाई की जा रही है।

प्रदेश भाजपा पैनलिस्ट रिशांक तिवारी ने कहा कि जनचौपाल शिविर नागरिकों और नगर निगम के बीच सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। महापौर द्वारा नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर अधिकारियों को मौके पर निर्देश दिए जाने से लोगों को त्वरित राहत मिल रही है।


पार्षद ने महापौर का किया स्वागत, सौंपा ज्ञापन

तिलकगंज वार्ड पार्षद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता शैलेष केशरवानी ने महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि जनचौपाल के माध्यम से वार्ड के नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे महापौर के समक्ष रखने का अवसर मिला है। पार्षद शैलेष केशरवानी ने वार्ड की विभिन्न समस्याओं के निराकरण के लिए महापौर को ज्ञापन भी सौंपा। महापौर ने शीघ्र समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया।उन्होंने कहा कि महापौर के प्रयासों से तिलकगंज वार्ड के विकास कार्यों को गति मिली है और आवश्यक कार्य पूर्ण किए गए हैं।

ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य शैलेन्द्र ठाकुर, पार्षद प्रतिनिधि सोमेश जड़िया, सुरेंद्र तिवारी, कमलेश प्रजापति, गोलू पटेल, जॉनी ठाकुर, जितेंद्र तोमर, अमृत पटेल, मीना केसरवानी, भगवानदास पटेल, संदीप कोरी, आशारानी पटेल, रजनीश कुशवाहा, मनीष कुशवाहा, संजय सेन, अनिल पटेल, गोविंद पटेल, शिवांश सोनी, संतोष सेन सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।

नगर निगम की ओर से उपायुक्त एस.एस. बघेल, सहायक यंत्री संजय तिवारी, राजस्व अधिकारी बृजेश तिवारी, योजना प्रभारी जया श्रीवास्तव, कर संग्राहक नीता श्रीवास्तव, श्रीमती आसिमा तिर्की, प्रकाश विभाग, एनयूएलएम सिटी मैनेजर विक्रम जैन, निगम सचिव मुन्नालाल रैकवार, आसिफ खान, मंगल तिवारी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Share:

राजघाट बांध में कम जलस्तर, महापौर संगीता तिवारी ने किया निरीक्षण और पर्याप्त जलभराव के लिए की पूजा

राजघाट बांध में पर्याप्त जलभराव के लिए महापौर ने की पूजा-अर्चना :  जलापूर्ति व्यवस्था का लिया जायजा


तीनबत्ती न्यूज 14 अगस्त 2026

सागर। सागर शहर की जीवनरेखा माने जाने वाले राजघाट जल आवर्धन परियोजना के अंतर्गत राजघाट बांध में जल की स्थिति का जायजा लेने के लिए महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने शुक्रवार को बांध का निरीक्षण किया। उन्होंने बांध में उपलब्ध पानी, इंटकवेल, जलशोधन संयंत्र और पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की विस्तृत जानकारी अधिकारियों से ली।

यह भी पढ़ें: सागर पुलिस ने खोला फर्जी फर्म और म्यूल बैंक खातों का नेटवर्क, 5.50 करोड़ के ट्रांजेक्शन का खुलासा

जलप्रदाय शाखा के अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष अपेक्षाकृत कम वर्षा के कारण राजघाट बांध का वर्तमान जलस्तर 508.37 मीटर है, जबकि बांध का निर्धारित जल स्तर 515.50 मीटर है। महापौर ने आगामी दिनों में संभावित वर्षा, उपलब्ध जल की स्थिति और शहर में नियमित पेयजल आपूर्ति बनाए रखने की तैयारियों की जानकारी ली।



महापौर ने इंटकवेल पहुंचकर पानी लेने की प्रक्रिया और मशीनरी की कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया। इसके साथ ही जलशोधन संयंत्र का जायजा लेकर जलशोधन प्रक्रिया, पानी की गुणवत्ता और नागरिकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे उपायों की जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने अधिकारियों को जलशोधन एवं जलापूर्ति व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखने तथा उपलब्ध जल का समुचित उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पर्याप्त वर्षा के लिए की पूजा-अर्चना

राजघाट बांध में कम जलस्तर को देखते हुए महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने बांध परिसर में पूजा-अर्चना कर पर्याप्त वर्षा और बांध में पर्याप्त जलभराव के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि पर्याप्त जल उपलब्धता सागरवासियों के लिए अत्यंत आवश्यक है। नगर निगम द्वारा पेयजल व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

कई क्षेत्रों में होती है राजघाट से पेयजल आपूर्ति

राजघाट बांध से सागर नगर निगम क्षेत्र के साथ-साथ मकरोनिया नगरपालिका, छावनी क्षेत्र, रेलवे और डॉ. हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय सहित विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल की आपूर्ति की जाती है। ऐसे में राजघाट बांध का जलस्तर सागर सहित आसपास के क्षेत्रों की पेयजल व्यवस्था के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

महापौर ने नागरिकों से अपील की कि वे पेयजल का उपयोग आवश्यकता के अनुसार और समझदारी से करें तथा पानी की बर्बादी रोकने में नगर निगम का सहयोग करें। इससे उपलब्ध जल का अधिकतम उपयोग करते हुए सभी क्षेत्रों में नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

ये रहे शामिल

निरीक्षण के दौरान भाजपा प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट श्री रिशांक तिवारी, एमआईसी सदस्य श्रीमती कंचन जड़िया,  राजकुमार पटेल,  धर्मेन्द्र गुड्डा खटीक, पार्षद श्रीमती अनीता रामू ठेकेदार,  कन्हैया पटेल,  शैलेश केसरवानी, श्रीमती रूबी कृष्ण कुमार पटेल, एमआईसी सदस्य प्रतिनिधि नरेश यादव,  शोमेश जड़िया,  शैलेष जैन सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share:

सागर नगर निगम कर्मचारियों की हड़ताल सोमवार तक स्थगित: विधायक शैलेन्द्र जैन के आश्वासन के बाद आंदोलन टला

सागर नगर निगम कर्मचारियों की हड़ताल सोमवार तक स्थगित:  विधायक शैलेन्द्र जैन के आश्वासन के बाद आंदोलन टला


तीनबत्ती न्यूज:  10 जुलाई 2026

सागर। नगर निगम कर्मचारियों की 13 सूत्रीय मांगों को लेकर पिछले 18 दिनों से चल रही कामबंद हड़ताल फिलहाल सोमवार तक के लिए स्थगित कर दी गई है। कर्मचारियों ने कहा है कि यदि सोमवार तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन दोबारा शुरू किया जाएगा।

यह भी पढ़ें : सागर नगर निगम कर्मचारियों की हड़ताल 16वें दिन भी जारी, निलंबन पर बढ़ा विरोध, विधायक शैलेंद्र जैन को सौंपा ज्ञापन

नगर निगम-नगर पालिका कर्मचारी संघ के प्रांतीय सचिव एवं सागर संभाग प्रभारी राजेशसिंह राजपूत, संयुक्त कर्मचारी कल्याण मोर्चा के अध्यक्ष हरेन्द्र खटीक और इकाई अध्यक्ष वर्षा समद्र ने संयुक्त रूप से बताया कि विभिन्न कर्मचारी संगठनों के कर्मचारी पंडित मोतीलाल स्कूल से एकत्र होकर जुलूस के रूप में संभाग आयुक्त कार्यालय पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।

विधायक शैलेन्द्र जैन ने दिया आश्वासन

कर्मचारी नेताओं के अनुसार, शुक्रवार को सागर विधायक शैलेंद्र जैन  शैलेंद्र जैन नगर निगम कार्यालय पहुंचे और कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों से चर्चा की। विधायक ने कर्मचारियों की सभी मांगों के निराकरण के लिए दो दिन के भीतर प्रयास करने का आश्वासन दिया। साथ ही जिन कर्मचारियों के खिलाफ हाल ही में कार्रवाई की गई थी, उनके आदेश तत्काल प्रभाव से निरस्त कराने का भी भरोसा दिलाया।

इसके बाद कर्मचारी संगठनों ने अपनी कामबंद हड़ताल सोमवार तक स्थगित करने का निर्णय लिया।

यह भी पढ़ें : नगर निगम सागर में बड़ी कार्रवाई: स्थायीकर्मी निलंबित, चार कर्मचारियों से छीने प्रभार, आनंद मंगल गुरु को नोटिस

एक वर्ष से लंबित हैं मांगें

प्रांतीय सचिव राजेशसिंह राजपूत ने कहा कि कर्मचारी पिछले एक वर्ष से अपनी जायज मांगों को लेकर लगातार निगम प्रशासन से अनुरोध कर रहे हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।

महिला कर्मचारियों ने उठाई नियमितीकरण की मांग

इकाई अध्यक्ष वर्षा समद्र और महिला सफाई कर्मचारियों ने कहा कि वे पिछले लगभग 20 वर्षों से दैनिक वेतनभोगी और स्थायी कर्मियों के रूप में कार्य कर रही हैं, लेकिन आज तक उन्हें रिक्त पदों पर नियमित नहीं किया गया। उन्होंने नियमितीकरण की मांग को प्रमुख मुद्दा बताया।

कर्मचारियों की प्रमुख मांगें

कर्मचारी संगठनों की 13 सूत्रीय मांगों में शामिल हैं—

शासन के निर्देशानुसार पदोन्नति।

प्रत्येक माह की 5 तारीख तक वेतन भुगतान।

लगभग 8 करोड़ रुपये की जीपीएफ राशि कर्मचारियों के खातों में जमा कराना।

करीब 2.50 करोड़ रुपये की एनपीएस राशि जमा कराना।

स्थायीकर्मियों का योग्यता अनुसार नियमितीकरण।

अनुकंपा नियुक्तियां।

समयमान वेतनमान का लाभ।

सेवानिवृत्त कर्मचारियों को 300 दिवस की ग्रेच्युटी राशि का भुगतान।

सफाई कर्मचारियों को साप्ताहिक अवकाश उपलब्ध कराना।

धरना प्रदर्शन के दौरान राजेन्द्र मलैया, मनोज चैबे, राजेश चोबे, चंद्रविजय गौर, अनिल दुबे, प्रसन्न तिवारी, अनिरूध्द चांचोदिया, भरत चांदोदिया,  कुलदीप बाल्मीकि, सुदेश सनकत, देवकुमार चैबे, वर्षा समद्र, सरवन करोसिया, सूरज मंछदर, राजेन्द्र सनकत, सुरेन्द्र महावत, सविता दुबे, महेश करोसिया, भोलाप्रसाद करोलिया,आकाश करोसिया, शुकुनतला गोस्वामी, सुंदरलाल जैन, राधेलाल, सुदामा मछन्दर, रमेश बोहत, दीपक ज्ञान, संजय रैकवार, अजय रैकवार, अजय मंछदर, गुड्डा यादव, नीरज कोरी, रंजीत साहू, विजय महावत, विकास गुरू, रज्जन करोसिया, नन्हेभाई पटैल, विनोद साहू सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित थे। 


Share:

सागर नगर निगम कर्मचारियों की हड़ताल 16वें दिन भी जारी, निलंबन पर बढ़ा विरोध, विधायक शैलेंद्र जैन को सौंपा ज्ञापन

सागर नगर निगम कर्मचारियों की हड़ताल 16वें दिन भी जारी, निलंबन और प्रभार वापस लेने पर कर्मचारियों में रोष; विधायक शैलेंद्र जैन को सौंपा 13 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन

तीनबत्ती न्यूज:  9 जुलाई 2026 

सागर: नगर निगम सागर के कर्मचारियों की 13 सूत्रीय लंबित मांगों को लेकर चल रही कामबंद हड़ताल 16वें दिन भी जारी रही। हड़ताल के कारण नगर निगम के अधिकांश विभागों का कामकाज प्रभावित रहा। इस बीच निगमायुक्त द्वारा हड़ताल में शामिल एक कर्मचारी को निलंबित किए जाने और चार कर्मचारियों के प्रभार वापस लेने की कार्रवाई को कर्मचारी संगठनों ने दमनात्मक और द्वेषपूर्ण बताया है। अपनी मांगो को लेकर कर्मचारी संघ ने विधायक शैलेन्द्र जैन को मांगपत्र सौंपा।

यह भी पढ़ें : नगर निगम सागर में बड़ी कार्रवाई: स्थायीकर्मी निलंबित, चार कर्मचारियों से छीने प्रभार, आनंद मंगल गुरु को नोटिस

नगर निगम-नगर पालिका कर्मचारी संघ के प्रांतीय सचिव एवं सागर संभाग प्रभारी राजेश सिंह राजपूत, संयुक्त कर्मचारी कल्याण मोर्चा के अध्यक्ष हरेंद्र खटीक और जिलाध्यक्ष सईदउद्दीन कुरैशी ने संयुक्त रूप से कहा कि कर्मचारियों की जायज मांगों के निराकरण के लिए पिछले एक वर्ष से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन निगम प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण कर्मचारियों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।

यह भी पढ़ें : कलेक्टर प्रतिभा पाल का कार्यालयों का औचक निरीक्षण: लापरवाही पर कर्मचारी निलंबित, रिकॉर्ड प्रबंधन के लिए एसओपी लागू

एक कर्मचारी निलंबित, चार के प्रभार छीने

कर्मचारी संगठनों के अनुसार हड़ताल में शामिल स्थायी कर्मचारी राजेंद्र मलैया को निलंबित कर दिया गया है, जबकि चार कर्मचारियों के प्रभार वापस ले लिए गए हैं। कर्मचारी संगठनों ने इस कार्रवाई का विरोध करते हुए प्रभावित कर्मचारियों का पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया और एकजुटता का प्रदर्शन किया।

10 जुलाई को निकलेगा कर्मचारियों का जुलूस

कर्मचारी संगठनों ने घोषणा की है कि 10 जुलाई को सुबह 11 बजे बड़ी संख्या में कर्मचारी और पदाधिकारी पं. मोतीलाल स्कूल, कटरा से जुलूस के रूप में नगर निगम कार्यालय होते हुए संभागीय आयुक्त कार्यालय पहुंचेंगे और अपनी मांगों के निराकरण के लिए ज्ञापन सौंपेंगे।

ये हैं कर्मचारियों की प्रमुख मांगें

कर्मचारी संघ की 13 सूत्रीय मांगों में प्रमुख रूप से शामिल हैं—

शासन के निर्देशानुसार पदोन्नति।

प्रत्येक माह की 5 तारीख तक वेतन भुगतान।

लगभग 8 करोड़ रुपये की जीपीएफ राशि और 2.50 करोड़ रुपये की एनपीएस राशि कर्मचारियों के खातों में जमा कराना।

रिक्त पदों पर नियमितीकरण।

अनुकंपा नियुक्तियां।

समयमान वेतनमान का लाभ।

सेवानिवृत्त कर्मचारियों को 300 दिवस की ग्रेच्युटी राशि का भुगतान।

सफाई कर्मचारियों को साप्ताहिक अवकाश उपलब्ध कराना।

धरना-प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने निगम कार्यालय परिसर में नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया।धरना प्रदर्शन के दौरान राजेन्द्र मलैया, मनोज चैबे, राजेश चोबे, चंद्रविजय गौर, अनिल दुबे, प्रसन्न तिवारी, अनिरूध्द चांचोदिया, भरत चांदोदिया,  कुलदीप बाल्मीकि, सुदेश सनकत, सूरज मंछदर, राजेन्द्र सनकत, सुरेन्द्र महावत, कमलेश डागोर, सविता दुबे, महेश करोसिया, भोलाप्रसाद करोलिया, शुकुनतला गोस्वामी, सुंदरलाल जैन, राधेलाल, सुदामा मछन्दर, रमेश बोहत, दीपक ज्ञान, माधव चढ़ार, संजय रैकवार, संजय तिवारी, अजय रैकवार, जया श्रीवास्तव, अजय मंछदर,विजय श्रीवास्तव, विजय महावत, शुकुन्तला गोस्वामी, विकास गुरू, हेंत सारवान, रज्जन करोसिया, अजय रैकवार नन्हेभाई पटैल, विनोद साहू सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें: सागर नगर निगम की आर्थिक स्थिति पर विधायक शैलेंद्र जैन ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से की मुलाकात, विशेष अनुदान की मांग

विधायक शैलेंद्र जैन को सौंपा ज्ञापन

इसी बीच नगर निगम कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने अपनी लंबित समस्याओं और 13 सूत्रीय मांगों को लेकर सागर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन को ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार और निगमायुक्त राजकुमार खत्री भी उपस्थित रहे।

प्रदेश सचिव राजेश सिंह ने विधायक को कर्मचारियों की समस्याओं से अवगत कराया। विधायक श्री जैन ने कर्मचारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर संबंधित स्तर पर आवश्यक एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।

यह भी पढ़ें: सागर में निगमायुक्त राजकुमार खत्री का औचक निरीक्षण, खुद झाड़ू उठाकर की सफाई

विधायक ने बताया कि उन्होंने हाल ही में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर नगर निगम सागर की वित्तीय स्थिति से अवगत कराया और कर्मचारियों के नियमित वेतन भुगतान के लिए विशेष अनुदान पैकेज उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।नागरिकों से सहयोग की अपील

कर्मचारी संगठनों ने हड़ताल के कारण नागरिकों को हो रही असुविधा पर खेद व्यक्त करते हुए नगरवासियों से सहयोग की अपील की है। संगठनों का कहना है कि यह आंदोलन कर्मचारियों के भविष्य, अधिकारों और लंबित समस्याओं के समाधान के लिए मजबूरीवश किया जा रहा है और उन्हें उम्मीद है कि नागरिक उनकी परिस्थितियों को समझते हुए समर्थन देंगे।

Share:

सागर में निगमायुक्त राजकुमार खत्री का औचक निरीक्षण, खुद झाड़ू उठाकर की सफाई

सागर में सफाई व्यवस्था पर निगमायुक्त का औचक निरीक्षण, खुद झाड़ू उठाकर की सफाई : लापरवाही बरतने पर सख्त रुख




तीनबत्ती न्यूज: 09 जुलाई, 2026

सागर। नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने गुरुवार सुबह शहर लौटते ही सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बस स्टैंड परिसर, एमएलबी स्कूल के आसपास, कटरा बाजार सहित विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। नगरनिगम कर्मचारी की हड़ताल के कारण सफाई व्यवस्था भी पिछले दो दिन से प्रभावित हुई है। 

निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर कचरा और गंदगी पाए जाने पर निगमायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने स्वयं झाड़ू थामकर बस स्टैंड परिसर एवं आसपास के क्षेत्र की सफाई की और सफाई अमले को स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।

यह भी पढ़ें : नगर निगम सागर में बड़ी कार्रवाई: स्थायीकर्मी निलंबित, चार कर्मचारियों से छीने प्रभार, आनंद मंगल गुरु को नोटिस

लापरवाही पर सख्त चेतावनी

निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने जोन प्रभारियों, स्वच्छता निरीक्षकों, सफाई दरोगाओं और सफाईमित्रों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम का पहला दायित्व शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखना है और इसके लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य करना होगा।



'स्वच्छता अपनाओ, बीमारी भगाओ' अभियान पर जोर

निगमायुक्त ने बताया कि भारत सरकार द्वारा 1 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक 'स्वच्छता अपनाओ, बीमारी भगाओ' अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान को सफल बनाने में नगर निगम की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सफाईमित्रों से नियमित और गुणवत्तापूर्ण सफाई सुनिश्चित करने तथा नागरिकों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने की अपील की।

यह भी पढ़ें: सागर नगर निगम कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू, 13 सूत्रीय मांगों पर अड़े कर्मचारी

उन्होंने कहा कि स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर सागर के निर्माण में नगर निगम और नागरिकों की समान भागीदारी आवश्यक है। सामूहिक प्रयासों से ही सागर नगर स्वच्छता के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकेगा।



ये रहे शामिल

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त एस.एस. बघेल, जोन प्रभारी शशांक रावत, अनिरुद्ध चाचोंदिया, रज्जन करोसिया, आशुतोष सोलंकी, अजय रैकवार, गंधर्व सिंह, अतिक्रमण प्रभारी कृष्ण कुमार चौरसिया, राजू रैकवार सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।


Share:

नगर निगम सागर में बड़ी कार्रवाई: स्थायीकर्मी निलंबित, चार कर्मचारियों से छीने प्रभार, आनंद मंगल गुरु को नोटिस

नगर निगम सागर में बड़ी कार्रवाई: स्थायीकर्मी निलंबित, चार कर्मचारियों से छीने प्रभार, आनंद मंगल गुरु को नोटिस


तीनबत्ती न्यूज: 09 जुलाई, 2026

सागर। नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने कार्य में लापरवाही और प्रशासनिक दायित्वों के निर्वहन में शिथिलता बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। निगमायुक्त ने स्थायीकर्मी राजेंद्र मलैया को निलंबित कर दिया है, जबकि चार कर्मचारियों राजेश सिंह राजपूत, आनंद मंगल गुरु, शईदउद्दीन कुरैशी और हरेंद्र खटीक को उनके प्रभारों से मुक्त कर दिया गया है। प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से विभिन्न शाखाओं में नए अधिकारियों की नियुक्ति भी की गई है।

यह भी पढ़ें: सागर नगर निगम की आर्थिक स्थिति पर विधायक शैलेंद्र जैन ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से की मुलाकात, विशेष अनुदान की मांग

ये हुए बदलाव

निगम के जारी आदेश के अनुसार, वाहन प्रभारी हरेंद्र खटीक के स्थान पर कार्यपालन यंत्री जितेन्द्र कुमार गुप्ता को प्रभारी अधिकारी बनाया गया है। उपयंत्री आयुष शुक्ला और कृष्ण कुमार चौरसिया को सहायक प्रभारी अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही कृष्ण कुमार चौरसिया को मजदूरी शाखा का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।

स्वास्थ्य विभाग में राजेश सिंह राजपूत के स्थान पर सहायक आयुक्त तबस्सुम खान को प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी तथा शशांक रावत को सहायक प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। आनंद मंगल गुरु से बाजार शाखा सहित सभी प्रभार वापस लेकर प्रभारी राजस्व अधिकारी बृजेश तिवारी को सौंप दिए गए हैं।

इसके अलावा सहायक आयुक्त तबस्सुम खान को जीपीएफ, पेंशन, लोक सूचना अधिकारी एवं एनपीएस शाखा का अतिरिक्त दायित्व भी दिया गया है। फायर शाखा में शईदउद्दीन कुरैशी के स्थान पर कार्यपालन यंत्री जितेन्द्र कुमार गुप्ता को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि कृष्ण कुमार चौरसिया और आयुष शुक्ला को सहायक फायर अधिकारी बनाया गया है।

यह भी पढ़ें: सागर नगर निगम कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू, 13 सूत्रीय मांगों पर अड़े कर्मचारी

निगमायुक्त ने स्वास्थ्य स्थापना शाखा में पदस्थ राजेंद्र सनकत का स्थानांतरण करते हुए उन्हें पंतनगर जोन क्रमांक-8 में सफाई कार्य के लिए पदस्थ किया है।

आनंद मंगल गुरु को कारण बताओ नोटिस

नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने सहायक स्वच्छता अधिकारी आनंद मंगल गुरु को कर्मचारी संघों की मांगों के निराकरण से संबंधित मामलों में अपेक्षित कार्रवाई नहीं करने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उन्हें एक दिन के भीतर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अपना जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

निगमायुक्त ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्यों में लापरवाही, उदासीनता और दायित्वों के प्रति असंवेदनशीलता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।


Share:

www.Teenbattinews.com

Archive