पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह की ‘सत्य सनातन यात्रा’ 20 अक्टूबर से, उज्जैन से अयोध्या तक बनेंगे असंख्य पार्थिव शिवलिंग
• सागर के सुरेंद्र सुहाने और अभिषेक गौर को शिवलिंग निर्माण की जिम्मेदारी
सागर/उज्जैन: मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की प्रस्तावित ‘सत्य सनातन यात्रा’ 20 अक्टूबर से महाकाल की नगरी उज्जैन से प्रारंभ होगी। यात्रा का समापन भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या में होगा। यात्रा के दौरान सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार के साथ उज्जैन, ओरछा और अयोध्या में असंख्य पार्थिव शिवलिंगों के निर्माण का धार्मिक आयोजन किया जाएगा।
आयोजन की व्यवस्थाओं के लिए दादा शिष्य मंडल की ओर से सागर जिले के दो गुरु भाइयों सुरेंद्र सुहाने और अभिषेक गौर को प्रमुख जिम्मेदारी सौंपी गई है। दोनों को पार्थिव शिवलिंग निर्माण आयोजन का प्रभारी बनाया गया है। बताया गया है कि दोनों पिछले पांच दिनों से उज्जैन में रहकर आयोजन की तैयारियों में जुटे हुए हैं।
---------
फेसबुक पर देखने क्लिक करे
सुबह 8 बजे से शुरू होगा धार्मिक आयोजन
आयोजन के तहत उज्जैन में नरसिंह घाट के समीप बालाजी गार्डन में सुबह 8 बजे से पार्थिव शिवलिंग निर्माण, पूजन और अभिषेक का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही कन्या भोज और भंडारे का भी आयोजन होगा।
आयोजकों के अनुसार सनातन परंपरा के अनुरूप धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए जाएंगे। इसके बाद यात्रा के आगामी पड़ावों ओरछा और अयोध्या में भी पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं धार्मिक आयोजन किए जाएंगे।
‘राजनीतिक यात्रा नहीं, सनातन परंपरा के लिए आयोजन’
आयोजन प्रभारी सुरेन्द्र सुहाने ने कहा कि यह सत्य सनातन यात्रा राजनीतिक यात्रा नहीं है। उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य सनातन परंपरा और धर्म के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने दावा किया कि आयोजन को लेकर सनातन प्रेमियों में खासा उत्साह है और सभी कार्यक्रम सनातनी परंपराओं के अनुरूप किए जाएंगे।
वहीं अभिषेक गौर ने बताया कि उज्जैन, ओरछा और अयोध्या में असंख्य पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आयोजन को सफल बनाने के लिए दादा शिष्य मंडल के सदस्य तैयारियों में जुटे हैं।
सागर से बड़ी संख्या में गुरु भाई उज्जैन पहुंचे
आयोजन में सहभागिता के लिए सागर दादा शिष्य मंडल से रितेश तिवारी, अखिलेश गौर, हेमंत रैकवार, नितिन राठौर, सृजन चंदन सुहाने, संदर्भ कठल और शनि जैन सहित अन्य गुरु भाई उज्जैन पहुंच चुके हैं। सभी आयोजन की व्यवस्थाओं में सहयोग कर रहे हैं।
सत्य सनातन यात्रा के उज्जैन से प्रारंभ होने के साथ ही धार्मिक आयोजनों का सिलसिला शुरू होगा, जो ओरछा होते हुए अयोध्या तक चलेगा।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें