Editor: Vinod Arya | 94244 37885

सागर में NH-44 पर भीषण सड़क हादसा: नीम घाटी के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 3 की मौत, 33 घायल • बरमान से नर्मदा स्नान कर गांव लौट रहे थे ग्रामीण

सागर में NH-44 पर भीषण सड़क हादसा: नीम घाटी के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 3 की मौत, 33 घायल

• बरमान से नर्मदा स्नान कर गांव लौट रहे थे ग्रामीण, ट्रैक्टर में सवार थे 35 से 36 लोग; घायलों को BMC में कराया भर्ती

तीनबत्ती न्यूज: 22 नवंबर, 2026

सागर। सागर जिले में नेशनल हाईवे-44 पर नीम घाटी के पास रविवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ग्रामीणों से भरा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 33 लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

नर्मदा स्नान कर लौट रहे थे ग्रामीण

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बांदरी तहसील के ग्राम गढ़हौला गोसाई के ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर बरमान में नर्मदा स्नान और पूजा-अर्चना करने गए थे। रविवार को गांव लौटते समय NH-44 पर नीम घाटी के पास ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर में करीब 35 से 36 लोग सवार थे।

हादसे में कुछ लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दब गए, जबकि कई लोग सड़क पर जा गिरे। घायलों में अनेक लोगों के हाथ-पैर में फ्रैक्चर और सिर व चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं।

तीन मृतकों की हुई पहचान

एसडीएम देवरी मुनव्वर खान के अनुसार, हादसे में रक्षा प्रजापति, प्रेमरानी यादव और राकेश यादव की मौत हुई है। घटना की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है।

प्रत्यक्षदर्शी नवीन कुमार ने बताया कि वे सागर रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने ट्रैक्टर-ट्रॉली को पलटा हुआ देखा। मौके पर कई लोग घायल अवस्था में पड़े थे और तीन लोगों की मौत हो चुकी थी।

रेस्क्यू कर घायलों को पहुंचाया अस्पताल

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC), सागर रेफर किया गया।

ओवरलोडिंग सहित हादसे के कारणों की जांच

एसडीएम मुनव्वर खान ने बताया कि ट्रैक्टर के अनियंत्रित होकर पलटने या किसी अन्य वाहन से टकराने की आशंका सहित हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। गौरझामर और देवरी थाना प्रभारी मामले की पड़ताल कर रहे हैं। ट्रैक्टर में क्षमता से अधिक लोगों के सवार होने और राष्ट्रीय राजमार्ग पर ओवरलोडिंग से जुड़े नियमों के उल्लंघन की भी जांच की जा रही है।


Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

www.Teenbattinews.com

Archive