Editor: Vinod Arya | 94244 37885

विदेशी घुसपैठियों को कांग्रेस ने बनाया वोटबैंक : पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह • खुरई में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ संगोष्ठी

विदेशी घुसपैठियों को कांग्रेस ने बनाया वोटबैंक : पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह

• खुरई में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ संगोष्ठी



तीनबत्ती न्यूज:01 नवंबर, 2026

खुरई। भाजपा के राष्ट्रव्यापी अभियान ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के तहत खुरई ऑडिटोरियम में प्रबुद्धजन संगोष्ठी आयोजित की गई। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने कांग्रेस पर विदेशी घुसपैठियों को वोटबैंक के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।

भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस बांग्लादेश और पाकिस्तान सहित अन्य देशों से आए अवैध घुसपैठियों के मुद्दे पर राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का उद्देश्य पात्र मतदाताओं के नाम सुरक्षित रखते हुए मृत, स्थानांतरित और दोहरे पंजीकरण वाले नामों को हटाना है। उनके अनुसार, मतदाता सूची में केवल पात्र भारतीय नागरिकों के नाम रहना लोकतांत्रिक व्यवस्था और राष्ट्रीय सुरक्षा दोनों के लिए महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस निर्वाचन आयोग, ईवीएम और मतदाता सूची की प्रक्रिया पर सवाल उठाती है, लेकिन जिन राज्यों में उसे चुनावी सफलता मिलती है, वहां इसी व्यवस्था पर सवाल नहीं उठाए जाते। उन्होंने कहा कि विपक्ष को किसी भी आरोप के साथ ठोस प्रमाण भी सामने रखना चाहिए।

SIR को लेकर विपक्ष पर साधा निशाना

पूर्व मंत्री ने दावा किया कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण देश में पहले भी कई बार हो चुका है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में मृत मतदाताओं के नाम हटाने, स्थायी रूप से स्थानांतरित लोगों की प्रविष्टियां सुधारने, दोहरे पंजीकरण समाप्त करने और छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने का काम किया जाता है।

उन्होंने कांग्रेस के कुछ नेताओं के बयानों का उल्लेख करते हुए सवाल किया कि यदि मतदाता सूची के पुनरीक्षण से संबंधित प्रक्रिया को कुछ राज्यों में उचित माना जा रहा है, तो राष्ट्रीय स्तर पर इसका विरोध क्यों किया जा रहा है।



कांग्रेस के इतिहास का किया उल्लेख

भूपेन्द्र सिंह ने कांग्रेस के लोकतांत्रिक आचरण पर सवाल उठाते हुए वर्ष 1975 के आपातकाल का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उस दौरान प्रेस पर सेंसरशिप, विपक्षी नेताओं की गिरफ्तारी और नागरिक स्वतंत्रताओं पर प्रतिबंध लगाए गए थे।

उन्होंने अनुच्छेद 356 के इस्तेमाल का भी उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर विभिन्न राज्यों की निर्वाचित सरकारों को बर्खास्त करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वर्तमान केंद्र सरकार के कार्यकाल में किसी राज्य सरकार को बर्खास्त नहीं किया गया।

संसद में चर्चा की दी सलाह

भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि सरकार संसद में विपक्ष के सवालों पर चर्चा के लिए तैयार है। ऐसे में विपक्ष को संसद के बाहर प्रदर्शन करने के बजाय सदन के भीतर अपने मुद्दे उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में संवाद और बहस के लिए संसद सबसे महत्वपूर्ण मंच है।

उन्होंने प्रबुद्धजनों से सोशल मीडिया और जनसंवाद के माध्यम से लोकतांत्रिक संस्थाओं एवं चुनाव प्रक्रिया से जुड़े विषयों पर लोगों को जागरूक करने तथा अपुष्ट सूचनाओं से बचने का आह्वान किया।

राहुल गांधी और विदेशी ताकतों को लेकर लगाए आरोप

भूपेन्द्र सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर विदेशी ताकतों के साथ संपर्क रखने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भारत को मजबूत और विकसित राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ता देख कुछ विदेशी ताकतें असहज हैं और वे देश में राजनीतिक अस्थिरता पैदा करना चाहती हैं।

उन्होंने राहुल गांधी की विदेश यात्राओं और विभिन्न लोगों के साथ मुलाकातों का उल्लेख करते हुए कांग्रेस की राजनीतिक रणनीति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि देश की जनता ने कांग्रेस नेतृत्व को लगातार चुनावों में अपना जवाब दिया है।

भूपेन्द्र सिंह ने अभिनेता नसीरुद्दीन शाह के पूर्व में दिए गए कथित बयानों को लेकर भी अपनी आपत्ति जताई और कहा कि देश के खिलाफ टिप्पणी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

भाजपा सरकार पर जताया भरोसा

भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि भारत का लोकतंत्र मजबूत है और इसकी शक्ति संविधान, लोकतांत्रिक संस्थाओं तथा जनता में निहित है। उन्होंने कहा कि भाजपा को देश की जनता का विश्वास प्राप्त है और आगामी चुनावों में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनने का दावा किया।

उन्होंने कांग्रेस के ईवीएम और निर्वाचन प्रक्रिया संबंधी सवालों पर कहा कि चुनावी परिणामों को स्वीकार करना लोकतांत्रिक व्यवस्था का हिस्सा है।

ये रहे उपस्थित

संगोष्ठी में उद्योगपति विजय जैन वट्टी, नगरपालिका अध्यक्ष नन्हीं बाई अहिरवार, वरिष्ठ पार्षद देशराज यादव, महिला मोर्चा जिला महामंत्री रश्मि सोनी, वरिष्ठ भाजपा नेता सत्यप्रकाश खरे सहित अन्य वक्ताओं ने भी विचार रखे।

कार्यक्रम का संचालन नीतिराज पटेल एवं रामशास्त्री शुक्ला ने किया। इस दौरान नगर मंडल अध्यक्ष राहुल चौधरी, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष रवींद्र सिंह, धनौरा मंडल अध्यक्ष राजपाल सिंह राजपूत, मालथौन मंडल अध्यक्ष अरविंद सिंह लोधी, बरोदिया मंडल अध्यक्ष नीतेश यादव, बांदरी मंडल अध्यक्ष अनिल पाराशर, जनपद अध्यक्ष जमना प्रसाद अहिरवार, मोना सिंघई, शांति ठाकुर, प्रवीण जैन गढ़ौला, सोनू चंदेल, सुधा विश्वनाथ लोधी, हरिशंकर कुशवाहा, अर्जुन सिंह रघुवंशी सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share:

71वें मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर सांदीपनि विद्यालय में हुआ भव्य समारोह, प्रगतिशील किसानों का सम्मान

71वें मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर सांदीपनि विद्यालय में हुआ भव्य समारोह, प्रगतिशील किसानों का सम्मान

तीनबत्ती न्यूज, 1 नवंबर 2026

सागर। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर सागर के सांदीपनि विद्यालय में भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद राजपूत ने कहा कि किसान, युवा और महिलाओं की मेहनत तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश विकासशील राज्य से विकसित राज्य की ओर अग्रसर है।

कार्यक्रम में विधायक शैलेंद्र जैन, महापौर संगीता तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, शैलेश केशरवानी, संभागायुक्त दिलीप कुमार, डीआईजी एसएस चौहान, कलेक्टर दिलीप कुमार यादव, पुलिस अधीक्षक संजीव सिन्हा, जिला पंचायत सीईओ जगदीश कुमार गोमे, नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री, अपर कलेक्टर अविनाश रावत सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।



मध्यप्रदेश को आदर्श राज्य बनाने का संकल्प लें : राजपूत

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि मध्यप्रदेश की स्थापना 1 नवंबर 1956 को हुई थी। लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर उन्होंने प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने देश के एकीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसकी परिणति के रूप में मध्यप्रदेश का गठन हुआ।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश को भारत का हृदय प्रदेश और सागर को मध्यप्रदेश का हृदय कहा जाता है। यह हमारे लिए गौरव की बात है। आज कृषि, उद्योग, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित सभी क्षेत्रों में प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। निवेश, उद्योग, स्टार्टअप और रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं।

मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उद्योग नीति के परिणामस्वरूप मध्यप्रदेश में निवेश बढ़ रहा है। बुंदेलखंड में भी नई औद्योगिक इकाइयां स्थापित हो रही हैं, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की प्रगति केवल सरकार के प्रयासों का परिणाम नहीं, बल्कि प्रदेशवासियों की मेहनत और लगन का भी परिणाम है।


सिंचाई और उद्योग से बदल रही बुंदेलखंड की तस्वीर : शैलेंद्र जैन

विधायक शैलेंद्र जैन ने मध्यप्रदेश के गठन और विकास की यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि विकसित मध्यप्रदेश के साथ सागर भी विकसित सागर बन रहा है। सागर में सभी क्षेत्रों में विकास कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड में सिंचाई के साधन लगातार बढ़ रहे हैं। सिंचाई परियोजनाओं और औद्योगिक क्षेत्रों की स्थापना से बुंदेलखंड की तस्वीर बदल रही है। 

सागर में विकास के साथ विरासत भी सुरक्षित : महापौर

महापौर संगीता तिवारी ने कहा कि मध्यप्रदेश इतिहास और संस्कृति का अनूठा संगम है। प्रदेश की जनजातीय और आंचलिक संस्कृति इसकी विशिष्ट पहचान है। उन्होंने कहा कि सागर में समृद्ध विरासत के साथ विकास भी हो रहा है। किसानों को खेतों तक पानी और बिजली, नागरिकों को पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाएं और बेहतर सड़कें उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य हो रहे हैं। सागर एक उद्यम केंद्र के रूप में भी उभर रहा है।



सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना से हुई। डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय एवं सांदीपनि विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् से हुआ और समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।


कृषि में नवाचार करने वाले प्रगतिशील किसानों का सम्मान

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह में कृषि के क्षेत्र में नवाचार और उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को सम्मानित किया गया। इनमें जैविक एवं प्राकृतिक तकनीक से दलहन की खेती, मक्का सायलेज यूनिट, कस्टम हायरिंग सेंटर के माध्यम से आधुनिक कृषि यंत्रों की उपलब्धता, प्राकृतिक खेती, कृषक उत्पादक संगठन (FPO), बीआरसी सेंटर के माध्यम से जैविक आदानों का निर्माण और प्राकृतिक तरीके से सब्जी उत्पादन जैसे कार्य करने वाले किसान शामिल रहे।



सम्मानित प्रगतिशील किसान

  • देवेन्द्र पाण्डेय — मढ़खेरा, जैसीनगर
  • अरविन्द्र तिवारी — रहली
  • भूपेन्द्र ठाकुर — ढाना, सागर
  • करण यादव — सिमरिया, शाहगढ़
  • राहुल सिंह ठाकुर — पीपरा, राहतगढ़
  • हर प्रसाद पटेल — कंकरकुईया, जैसीनगर
  • उमेश पटेल — गुलउआ, बीना

किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज के विजेता

  • जय हिंद राजपूत, छिरारी, मालथौन — ट्रैक्टर पुरस्कार
  • संदेश ठाकुर, सेमरखेड़ी, बीना — बुलेट मोटरसाइकिल पुरस्कार
  • यश जैन, खिमलासा, खुरई — ई-स्कूटर पुरस्कार

मंत्री राजपूत ने प्रदर्शनी का किया अवलोकन

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह के दौरान मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने विभिन्न विभागों और स्व-सहायता समूहों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

प्रदर्शनी में स्व-सहायता समूहों की महिला सदस्यों द्वारा तैयार उत्पादों के साथ एक जिला एक उत्पाद, कृषि विभाग और कल्याण वर्ष से संबंधित प्रदर्शनी लगाई गई थी।



मंत्री राजपूत ने महिला स्व-सहायता समूहों की उद्यमशीलता और स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता की सराहना की। उन्होंने कहा कि ये उत्पाद महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन के साथ मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को भी आगे बढ़ा रहे हैं। सरकार की योजनाओं से महिलाएं सशक्त हो रही हैं और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।


Share:

साप्ताहिक राशिफल 2 से 8 नवंबर 2026: जानें 12 राशियों के लिए कैसा रहेगा यह सप्ताह

साप्ताहिक राशिफल 2 से 8 नवंबर 2026: 12 राशियों का राशिफल, शुभ-अशुभ तिथियां और उपाय



• ज्योतिषाचार्य पं अनिल पाण्डेय

तीनबत्ती न्यूज: 01 नवंबर, 2026

जय श्री राम। समय के ऊपर सवार होकर हम धीरे-धीरे अंग्रेजी वर्ष के अंत में पहुंच रहे हैं। नवंबर का महीना प्रारंभ हो गया है तथा गुलाबी ठंड आ गई है। इस सप्ताह के ग्रहों के गोचर के अनुसार, सभी 12 राशियों का साप्ताहिक राशिफल नीचे प्रस्तुत है:

♈ मेष (Aries)

  • राशिफल: यह सप्ताह आपकी संतान के लिए उत्तम रहने वाला है। अगर उनकी पदोन्नति होनी है तो इस वर्ष हो सकती है। संतान से बहुत अच्छा सहयोग प्राप्त होगा। प्रतिष्ठा के प्रति सतर्क रहना पड़ेगा। व्यवसाय में वृद्धि संभव है। अविवाहित जातकों के विवाह के प्रस्ताव आएंगे और जीवनसाथी के लिए भी यह सप्ताह उत्तम है।
  • शुभ तिथियां: 2 और 8 नवंबर
  • सावधानी तिथियां: 5, 6 और 7 नवंबर
  • उपाय: प्रतिदिन भगवान सूर्य को तांबे के पात्र में जल, अक्षत और लाल पुष्प डालकर अर्पण करें।
  • शुभ दिन: रविवार

♉ वृष (Taurus)

  • राशिफल: इस सप्ताह आपकी प्रतिष्ठा में वृद्धि की उम्मीद है। आपका, आपके जीवनसाथी का और माता जी का स्वास्थ्य ठीक रहेगा। कर्मचारी और अधिकारियों को अपनी वाणी पर नियंत्रण रखना चाहिए। शत्रु आपके थोड़े से प्रयासों से समाप्त हो सकते हैं। संतान से सामान्य सहयोग प्राप्त होगा।
  • शुभ तिथियां: 3, 4 और 5 नवंबर (दोपहर तक)
  • सावधानी तिथि: 8 नवंबर
  • उपाय: प्रतिदिन लाल मसूर की दाल का दान करें और मंगलवार को हनुमान मंदिर जाकर कम से कम तीन बार हनुमान चालीसा का पाठ करें।
  • शुभ दिन: बुधवार

♊ मिथुन (Gemini)

  • राशिफल: इस सप्ताह आपको संतान का सहयोग प्राप्त हो सकता है। व्यापार में वृद्धि होगी। कार्यालय में स्थिति सामान्य रहेगी। आर्थिक स्थिति में थोड़ी कमी आ सकती है, लेकिन धन लाभ में वृद्धि होगी। भाई-बहनों के साथ संबंध ठीक रहेंगे। इस सप्ताह आपको भाग्य पर नहीं, अपने कर्म पर विश्वास करना चाहिए।
  • शुभ तिथियां: 5 नवंबर (दोपहर के बाद), 6 और 7 नवंबर
  • सावधानी तिथि: सप्ताह के बाकी दिन सामान्य सावधानी बरतें।
  • उपाय: प्रतिदिन काली उड़द की दाल का दान करें और शनिवार को शनि मंदिर जाकर शनि देव का पूजन करें।
  • शुभ दिन: शुक्रवार

♋ कर्क (Cancer)

  • राशिफल: इस सप्ताह आपके पास धन आने की उम्मीद है। प्रतिष्ठा में वृद्धि हो सकती है और कोई बड़ी चीज़ भी खरीद सकते हैं। भाई-बहनों के साथ संबंध सामान्य रहेंगे। कर्मचारी और अधिकारियों के लिए सप्ताह अच्छा है, प्रशंसा प्राप्त हो सकती है। रक्त संबंधी दोष तथा सर दर्द से सावधान रहें।
  • शुभ तिथियां: 2 और 8 नवंबर
  • सावधानी तिथि: सप्ताह के बाकी दिन सामान्य सतर्कता रखें।
  • उपाय: काले कुत्ते को तंदूर की रोटी खिलाएं।
  • शुभ दिन: सोमवार

♌ सिंह (Leo)

  • राशिफल: इस सप्ताह आपके आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। प्रयास करने पर कचहरी के कार्यों में सफलता मिल सकती है। भाई-बहनों के साथ संबंध सामान्य हो सकते हैं। भाग्य से थोड़ी मदद मिलेगी। आपका या आपके जीवनसाथी का स्वास्थ्य थोड़ा खराब हो सकता है।
  • शुभ तिथियां: 3, 4 और 5 नवंबर (दोपहर तक)
  • सावधानी तिथि: 2 नवंबर (कोई भी कार्य बड़ी सावधानी पूर्वक करें)
  • उपाय: प्रतिदिन लाल मसूर की दाल का दान करें और मंगलवार को हनुमान मंदिर जाकर कम से कम तीन बार हनुमान चालीसा का पाठ करें।
  • शुभ दिन: मंगलवार

♍ कन्या (Virgo)

  • राशिफल: प्रयास करने पर अच्छे धन की प्राप्ति की उम्मीद है। कचहरी के कार्यों में सावधान रहकर कार्य करने की आवश्यकता है। दुर्घटनाओं से सतर्क रहें। संतान को लाभ और सहयोग दोनों प्राप्त हो सकता है।
  • शुभ तिथियां: 5 नवंबर (दोपहर के बाद), 6 और 7 नवंबर
  • सावधानी तिथियां: 3, 4 और 5 नवंबर (दोपहर तक) - इस दौरान विशेष सावधानी बरतें।
  • उपाय: प्रतिदिन हनुमान चालीसा का पाठ करें तथा शनिवार को दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर जाकर कम से कम तीन बार हनुमान चालीसा का वाचन करें।
  • शुभ दिन: शुक्रवार

♎ तुला (Libra)

  • राशिफल: इस सप्ताह धन प्राप्ति की उम्मीद है। कर्मचारी और अधिकारियों को थोड़ा सावधान रहना चाहिए। जनप्रतिनिधियों की प्रतिष्ठा में वृद्धि हो सकती है। संतान के प्रति सतर्क रहें। आत्मविश्वास में कुछ कमी हो सकती है परंतु जीवनसाथी का पूरा सहयोग प्राप्त होगा।
  • शुभ तिथियां: 2 और 8 नवंबर
  • सावधानी तिथियां: 5, 6 और 7 नवंबर
  • उपाय: प्रतिदिन भगवान शिव का दूध और जल से अभिषेक करें तथा प्रतिदिन रुद्राष्टक का पाठ करें।
  • शुभ दिन: बुधवार

♏ वृश्चिक (Scorpio)

  • राशिफल: कचहरी के कार्यों में विशेष प्रयास करने पर सफलता मिल सकती है। कर्मचारी और अधिकारियों के लिए सप्ताह अच्छा है। संतान से मामूली सहयोग प्राप्त हो सकता है। भाग्य के भरोसे बिल्कुल न बैठें, अपने कर्म पर भरोसा करके कार्य करें।
  • शुभ तिथियां: 5, 6 और 7 नवंबर
  • सावधानी तिथि: 8 नवंबर (सचेत रहकर कार्य करें)
  • उपाय: प्रतिदिन गणेश अथर्वशीर्ष का पाठ करें।
  • शुभ दिन: मंगलवार

♐ धनु (Sagittarius)

  • राशिफल: इस सप्ताह धन आने की उम्मीद है, परंतु इसके लिए काफी प्रयास करना पड़ेगा। भाग्य से भी सहयोग मिल सकता है। भाई-बहनों के साथ संबंधों में तनाव आ सकता है। दुर्घटनाओं और अपनी प्रतिष्ठा के प्रति विशेष सावधानी बरतें।
  • शुभ तिथियां: 5, 6 और 7 नवंबर
  • सावधानी तिथियां: 2 और 8 नवंबर (होशियार रहकर कार्य करें)
  • उपाय: प्रतिदिन शिव पंचाक्षर मंत्र का जाप करें।
  • शुभ दिन: बृहस्पतिवार

♑ मकर (Capricorn)

  • राशिफल: आपका स्वास्थ्य ठीक रहेगा। भाई-बहनों के साथ संबंध मधुर रहेंगे। भाग्य से मामूली सहयोग मिल सकता है। कर्मचारी और अधिकारियों को सावधान रहकर कार्य करने पर सफलता मिलेगी। जीवनसाथी को स्वास्थ्य संबंधी थोड़ी परेशानी हो सकती है, अतः उनका ध्यान रखें।
  • शुभ तिथियां: 2 और 8 नवंबर
  • सावधानी तिथियां: 3, 4 और 5 नवंबर
  • उपाय: प्रतिदिन शिव पंचाक्षर स्त्रोत का पाठ करें।
  • शुभ दिन: शनिवार

♒ कुंभ (Aquarius)

  • राशिफल: इस सप्ताह भाग्य से एकाएक मदद मिलने की उम्मीद है। प्रयास करने पर शत्रुओं को पराजित कर सकते हैं। माता-पिता का स्वास्थ्य ठीक रहेगा, लेकिन आप या आपके जीवनसाथी का स्वास्थ्य थोड़ा प्रभावित हो सकता है। कर्मचारी और अधिकारियों के लिए सप्ताह सामान्य है।
  • शुभ तिथियां: 3, 4 और 5 नवंबर (दोपहर तक)
  • सावधानी तिथियां: 2 नवंबर और 5 नवंबर (दोपहर के बाद), 6 और 7 नवंबर
  • उपाय: प्रतिदिन गायत्री मंत्र का पाठ करें।
  • शुभ दिन: बुधवार

♓ मीन (Pisces)

  • राशिफल: कर्मचारी, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के लिए सप्ताह ठीक-ठाक रहेगा। धन प्राप्ति होगी, परंतु प्रयास करने पड़ेंगे। दुर्घटनाओं के प्रति सतर्क रहने की आवश्यकता है। भाई-बहनों से संबंध जैसे हैं वैसे ही रहेंगे। पूरे परिवार का स्वास्थ्य सामान्य रहेगा।
  • शुभ तिथियां: 5 नवंबर (दोपहर के बाद), 6 और 7 नवंबर
  • सावधानी तिथियां: 3, 4, 5 (दोपहर तक) और 8 नवंबर
  • उपाय: प्रतिदिन आदित्य हृदय स्त्रोत का पाठ करें।
  • शुभ दिन: सोमवार

विशेष ध्यान दें: यह सामान्य भविष्यवाणी है। यदि आप व्यक्तिगत और सटीक भविष्यवाणी जानना चाहते हैं, तो दूरभाष पर या व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर अपनी कुंडली का विश्लेषण करवा सकते हैं। माँ शारदा से प्रार्थना है कि आप सदैव स्वस्थ, सुखी और संपन्न रहें। जय माँ शारदा! निवेदक: पण्डित अनिल कुमार पाण्डेय (सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता, प्रश्न कुंडली और वास्तु शास्त्र विशेषज्ञ, साकेत धाम कॉलोनी, मकरोनिया)

Share:

www.Teenbattinews.com

Archive