सागर नगर निगम कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन कामबंद हड़ताल शुरू, 13 सूत्रीय मांगों पर अड़े कर्मचारी
तीनबत्ती न्यूज: 8 जुलाई 2026
सागर : नगर निगम कर्मचारियों की 13 सूत्रीय लंबित मांगों को लेकर चल रहा आंदोलन बुधवार से नए चरण में प्रवेश कर गया। पिछले 15 दिनों से धरना-प्रदर्शन कर रहे विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने 8 जुलाई से अनिश्चितकालीन कामबंद हड़ताल शुरू कर दी है, जिससे नगर निगम के अधिकांश विभागों का कामकाज प्रभावित हो गया है।
यह भी पढ़ें: सागर नगर निगम की आर्थिक स्थिति पर विधायक शैलेंद्र जैन ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से की मुलाकात, विशेष अनुदान की मांग
नगर निगम-नगर पालिका कर्मचारी संघ के प्रांतीय सचिव एवं सागर संभाग प्रभारी राजेश सिंह राजपूत, संयुक्त कर्मचारी कल्याण मोर्चा के अध्यक्ष हरेन्द्र खटीक और जिलाध्यक्ष सईदउद्दीन कुरैशी ने बताया कि कर्मचारियों की 13 सूत्रीय मांगों को लेकर महापौर, निगमाध्यक्ष और निगमायुक्त को पूर्व में ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
स्थापना प्रभारी और लेखाधिकारी को हटाने की मांग
कर्मचारी नेताओं ने आरोप लगाया कि निगमायुक्त द्वारा मांगों के निराकरण के लिए आवश्यक प्रकरण सहायक आयुक्त के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन स्थापना शाखा और लेखा शाखा स्तर पर कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि स्थापना प्रभारी एवं लेखाधिकारी को संबंधित शाखाओं से हटाने तथा कर्मचारियों की मांगों के समाधान तक आंदोलन जारी रहेगा।
ये हैं कर्मचारियों की प्रमुख मांगें
शासन के निर्देशानुसार पदोन्नति
प्रत्येक माह की 5 तारीख तक वेतन भुगतान
करीब 8 करोड़ रुपये की जीपीएफ राशि कर्मचारियों के खातों में जमा कराना
लगभग 2.50 करोड़ रुपये की एनपीएस राशि जमा कराना
रिक्त पदों पर नियमितीकरण
अनुकंपा नियुक्तियां
समयमान वेतनमान का लाभ
सेवानिवृत्त कर्मचारियों को 300 दिवस की ग्रेच्युटी राशि का भुगतान
सफाई कर्मचारियों को साप्ताहिक अवकाश उपलब्ध कराना
निगम कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन
कामबंद हड़ताल के दौरान कर्मचारियों ने नगर निगम कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। आंदोलन में विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल हुए।
नागरिकों से सहयोग की अपील
कर्मचारी संगठनों ने हड़ताल के कारण नागरिकों को होने वाली असुविधा पर खेद व्यक्त करते हुए नगरवासियों से सहयोग की अपील की है। संगठन पदाधिकारियों का कहना है कि यह आंदोलन कर्मचारियों के भविष्य, अधिकारों और लंबित समस्याओं के समाधान के लिए किया जा रहा है और वे आशा करते हैं कि नागरिक उनकी परिस्थितियों को समझते हुए समर्थन देंगे।
ये रहे शामिल
धरना-प्रदर्शन में राजेन्द्र मलैया, मनोज चैबे, राजेश चोबे, चंद्रविजय गौर, अनिल दुबे, प्रसन्न तिवारी, अनिरुद्ध चांचोदिया, भरत चांदोदिया, कुलदीप वाल्मीकि, सुदेश सनकत, सूरज मंछदर, सुरेन्द्र महावत, कमलेश डागोर, सविता दुबे, महेश करोसिया, सुंदरलाल जैन, दीपक ज्ञान, संजय रैकवार, विजय श्रीवास्तव, विकास गुरु, विनोद साहू सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।







