मेयर ने सागर कमिश्नर से भेंट कर निगमायुक्त के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की
• निगमायुक्त ने महापौर परिषद के जनहितैषी निर्णयों को लंबित रखते हुए समय-सीमा में पालन नहीं किया महापौर
तीनबत्ती न्यूज: 06 सितम्बर, 2026
सागर: महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने मंगलवार को संभागायुक्त दिलीप कुमार से भेंट कर नगर निगम सागर के निगमायुक्त राजकुमार खत्री की कार्यप्रणाली को लेकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई। महापौर ने संभागायुक्त को पत्र सौंपते हुए महापौर परिषद (मेयर-इन-काउंसिल) द्वारा लिए गए महत्वपूर्ण एवं जनहितैषी निर्णयों को लंबित रखने, निर्धारित समय-सीमा में उनका अनुपालन नहीं किए जाने तथा निगम हित एवं जनहित के कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं होने का आरोप लगाते हुए निगमायुक्त के विरुद्ध शासन स्तर पर कार्रवाई की मांग की।
महापौर द्वारा सौंपे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि श्री राजकुमार खत्री नगर पालिक निगम सागर में लगभग ढाई वर्ष से निगमायुक्त के पद पर पदस्थ हैं। पत्र के अनुसार, उनके कार्यकाल के दौरान महापौर परिषद द्वारा जनहित एवं निगम हित में लिए गए महत्वपूर्ण प्रस्तावों को लंबित रखा जा रहा है। बैठकों में लिए गए निर्णयों के संबंध में भी निर्धारित समय-सीमा में अपेक्षित प्रतिवेदन एवं अनुपालन की जानकारी महापौर परिषद को उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। महापौर ने कहा कि इससे शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं, जनहित एवं विकास कार्यों की प्रगति, वित्तीय अनुशासन तथा नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।
महापौर परिषद द्वारा पूर्व की बैठकों में लिए गए लंबित निर्णयों की समीक्षा के लिए 30 सितंबर 2026 को बैठक आयोजित की गई थी। महापौर के अनुसार, बैठक में लंबित विषयों पर बिंदुवार विस्तृत चर्चा की गई, लेकिन कई प्रकरणों में निगमायुक्त द्वारा संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि महापौर परिषद द्वारा समय-समय पर पारित निर्णयों एवं दिए गए निर्देशों के बावजूद निर्धारित समय-सीमा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। अनेक महत्वपूर्ण प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने तथा समीक्षा के बाद भी निर्णयों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित नहीं किए जाने पर महापौर एवं महापौर परिषद ने गंभीर असंतोष व्यक्त किया है।
महापौर परिषद के प्रस्ताव क्रमांक 4, दिनांक 30 सितंबर 2026 में निगमायुक्त की कार्यप्रणाली के प्रति असंतोष व्यक्त करते हुए उनके विरुद्ध प्रस्ताव पारित किए जाने का भी पत्र में उल्लेख किया गया है।
कार्यवाई की रखी मांग
महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने संभागायुक्त से अनुरोध किया है कि नगर पालिक निगम सागर में जनहित एवं निगम हित से जुड़े कार्यों की गति बनाए रखने तथा महापौर परिषद के निर्णयों का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित कराने के लिए निगमायुक्त श्री राजकुमार खत्री की कार्यप्रणाली को दृष्टिगत रखते हुए उनके विरुद्ध शासन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई कराई जाए तथा उनका तत्काल प्रभाव से अन्यत्र स्थानांतरण किए जाने की कार्रवाई की जाए।
ये रहे शामिल
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता एवं महापौर प्रतिनिधि डॉ सुशील तिवारी,एम आई सी सदस्य अनूप उर्मिल, रुपेश यादव, राजकुमार पटेल, धमेंद्र खटीक,पार्षद प्रतिनिधि नरेश यादव, सोमेश जड़िया, शैलेष जैन, प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट रिशांक तिवारी उपस्थित थे।






