विकास का रहस महोत्सवः रहली, गढ़ाकोटा को स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स, ख़ेजरा-शाहपुर- मोकलपुर फ्लाईओवर सहित कृषि उपज मंडी का उन्नयीकरण
▪️बीड़ी उद्योग व तेंदूपत्ता संग्रहण केवल व्यापार नहीं, बल्कि लाखों परिवारों की जीविका : सीएम डॉ मोहन यादव
▪️रहस मेला बुंदेलखंड की धरोहर और पहचान : गोपाल भार्गव
तीनबत्ती न्यूज : 26 फरवरी 2026
सागर: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गढ़ाकोटा में ऐतिहासिक रहस मेले का भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने न केवल बुंदेलखंड के वीरों के पुरुषार्थ को नमन किया, बल्कि मध्यप्रदेश के अन्नदाताओं और बच्चों के भविष्य के लिए सरकार द्वारा इस वर्ष बजट के माध्यम से लिए क्रांतिकारी निर्णयों को भी रखा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार का संकल्प हर खेत तक पानी पहुँचाना और किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
___________
वीडियो देखने क्लिक करे
___________
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज गढ़ाकोटा में आयोजित रहस लोकोत्सव 2026 एवं बुन्देलखण्ड स्तरीय किसान एवं ग्रामीण शहरी आजीविका समूहों के सम्मेलन समारोह कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने गणेश प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ववलित कर गढ़ाकोटा रहस मेले का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह रहस मेला नही रहस्य मेला है। यहा आकर ऐंसा लगा ऐंसे आज ही सारे त्योहार मन गए। लोगों का उत्साह देखकर मन आल््हादित हो गया।
बुंदेलखंड की वीरता को प्रणाम
मुख्यमंत्री ने मेले के 217 साल पुराने गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए और उनके शौर्य को प्रणाम करते हुए कहा कि" बड़े लडैया महोबा वाले,जिन की मार सही ना जाये।एक को मारे दोई मर जावे,तीजा खौफ खाये मर जाये।। ऐसी वीरता और पराक्रम का लोहा मनवाने वाले मातृभूमि पर सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान योद्धाओं की भूमि को कोटिशः नमन।
अन्नदाताओं के लिए एक लाख करोड़ का सुरक्षा चक्र
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार इस वर्ष किसानों के कल्याण के लिए 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक का बजट समर्पित कर रही है। उन्होंने जोर देकर कहा, हमारा संकल्प प्रत्येक किसान तक सिंचाई का पानी पहुंचाना है, जिससे प्रदेश के सिंचाई रकबे में ऐतिहासिक वृद्धि होगी। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में खाद्य प्रसंस्करण संस्करण उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए फूड पार्क स्थापित किए जा रहे हैं। कृषि आधारित उद्योगों के उत्थान और किसानों को उनकी फसल के सही दाम प्राप्त हों इसके लिए सरकार ने वर्ष 2026 को कृषि कल्याण वर्ष घोषित किया है। किसानों के कल्याण के लिए इस साल के बजट में एक लाख करोड़ रुपए से अधिक का बजट रखा गया है। उन्होंने कहा कि पशु पालन और दुग्ध उत्पादन में वृद्धि के लिए सरकार के द्वारा लगातार कार्य किया जा रहा है।
रहली विधानसभा के लिए अनेक घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने रहली विधासभा क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूती देते हुए खेजरा-शाहपुर-मोकलपुर फ्लाईओवर के निर्माण की स्वीकृति दी। उन्होंने रहली एवं गढ़ाकोटा कृषि उपज मंडी के उन्नयन के लिए 5-5 करोड़ रुपए एवं शाहपुर उपमंडी के विकास हेतु एक करोड़ रुपए की स्वीकृति दी जिससे स्थानीय किसानों को अपनी उपज का सही दाम और आधुनिक सुविधाएं मिल सकें इसके साथ ही उन्होंने रहली रमखरिया, सिमरिया नायक बहेरिया मढ़ि ( लगभग 22 किलोमीटर) मार्ग के उन्नयन और चौड़ीकरण की भी घोषणा की।
बीड़ी उद्योग और तेंदूपत्ता संग्रहण केवल व्यापार नहीं, आजीविका है
मुख्यमंत्री ने कहा है कि बुंदेलखंड में बीड़ी उद्योग और तेंदूपत्ता संग्रहण केवल व्यापार नहीं, बल्कि लाखों परिवारों की जीविका रहा है। यहां बीड़ी, तेंदूपत्ते और हस्तकला आधारित लघु इकाइयों को मिलेगा प्रोत्साहन दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बीड़ी बनाने वाले एवं तेंदूपत्ता का संग्रहण करने वाले व्यक्तियों के उन्नयन के लिए सांसद, विधायक एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि एक कमेटी बनाकर निर्णय लें तथा निर्णय से मुझे अवगत कराएं जिस पर कार्यवाही की जाएगी। इसके साथ ही क्षेत्र के खिलाड़ियों के लिए स्पोर्ट्स एवं स्टेडियम कॉम्प्लेक्स का निर्माण होगा। इसी प्रकार ढाना में शासकीय महाविद्यालय में वाणिज्य संकाय और इतिहास के नए विषय खोलने को भी मंजूरी दी।
कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश के 32.78 लाख से अधिक हितग्राहियों के बैंक खातों में 196.72 करोड़ रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर की। इसमें सागर जिले के 200688 पेंशन लाभार्थियों को 12.03 करोड़ रुपये की राशि का हस्तांतरण किया गया।
यशोदा योजना- बच्चों की सेहत के लिए टैट्रा पैक दूध
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा और पोषण को जोड़ते हुए सरकार ने यशोदा योजना की शुरुआत की है। इसके तहत अब कक्षा 1 से 8वीं तक के सरकारी स्कूली बच्चों को स्कूलों में पौष्टिक टैट्रा पैक दूध उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे नौनिहालों के स्वास्थ्य में सुधार होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हो रहा है। शासकीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को सरकार के माध्यम से पुस्तकें, साईकिल, गणवेश, भोजन, छात्रवृत्ति प्रदान की जा रही है और स्कूलों में टॉप करने वाले बच्चों को स्कूटी प्रदान की जार रही है।
रहस मेला बुंदेलखंड की धरोहर और पहचान है यह हमेशा चलता रहेगा : गोपाल भार्गव
पूर्व मंत्री एवं रहली विधायक गोपाल भार्गव ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि हमारे क्षेत्र के शासक राजा मर्दन सिंह के राज्यारोहण की स्मृति में यह मेला प्रतिवर्ष आयोजित होता आ रहा है। यह रहस मेला बुंदेलखंड की धरोहर और पहचान है यह हमेशा चलता रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश को विश्व की चौथी अर्थव्यवस्था बनाया है। इसी प्रकार मध्यप्रदेश सरकार प्रदेश के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार द्वारा इस वर्ष के बजट में कृषि, सिंचाई, युवा, किसान, गरीब, महिला, निवेश, उद्योगों समेत सभी क्षेत्रों के विकास के लिए योजनाएं बनाई हैं और पर्याप्त बजट प्रदान किया है।
ऐतिहासिक संदर्भः सन् 1809 में शुरू हुए इस मेले की नींव वीर बुंदेला महाराज के पौत्र राजा मर्दन सिंह जूदेव के राज्यारोहण की स्मृति में पड़ी थी। ब्रिटिश काल में यह मेला केवल व्यापारिक केंद्र नहीं, बल्कि क्रांति का गुप्त अड्डा था। पशुओं की खरीद-बिक्री के बहाने विभिन्न रियासतों के राजा यहाँ जुटते थे और अंग्रेजों के खिलाफ सैन्य रणनीतियां तैयार करते थे। इसी रणनीतिक रहस्य के कारण इसका नाम रहस मेला पड़ा।
ये हुए शामिल
इस अवसर पर विधायक रहली गोपाल भार्गव, सांसद दमोह संसदीय क्षेत्र राहुल सिंह लोधी, सांसद सागर संसदीय क्षेत्र श्रीमती लता वानखेडे, विधायक खुरई भूपेन्द्र सिंह, विधायक नरयावली प्रदीप लारिया, विधायक सागर श्री शैलेन्द्र जैन, विधायक देवरी श्री बृजबिहारी पटेरया, विधायक बण्डा वीरेन्द्र सिंह लोधी, विधायक हटा श्रीमति उमादेवी खटीक, श्रीमति रानी पटेल, श्री श्याम तिवारी, जिला प्रभारी सागर ग्रामीण सदानंद गौतम, महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी जिला पंचायत अध्यक्ष सागर हीरा सिंह राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष दमोह श्रीमति रंजीता गौरव पटेल, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, जाहर सिंह, अभिषेक भार्गव, मनोज तिवारी, श्री सुरेश कपश्या, श्री संजय दुबे, महेश कोरी एवं कमिश्नर अनिल सुचारी, पुलिस महानिरीक्षक श्रीमती हिमानी खन्ना, कलेक्टर संदीप जी आर, पुलिस अधीक्षक श्री विकास शाहवाल, अपर कलेक्टर श्री अविनाश रावत सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों को किया हितलाभ अंतरित
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने गढ़ाकोटा जिला सागर में आयोजित गढ़ाकोटा रहस लोकोत्सव-2026, बुन्देलखण्ड स्तरीय किसान एवं ग्रामीण शहरी आजीविका समूहों के सम्मेलन समारोह में शामिल होते हुए कार्यक्रम के मंच से ही राज्य शासन द्वारा संचालित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के कुल 3278735 हितग्राहियों को प्रतिमाह राशि रु. 600/- के मान से कुल 196.72 करोड़ से अधिक की राशि का अंतरण सिंगल क्लिक के माध्यम से उनके बैंक खातों में किया। इस दौरान सागर जिले के 200688 पेंशन लाभार्थियों को 12.03 करोड़ रुपये की राशि का अंतरण किया गया।
सांदीपनि विद्यालय गढ़ाकोटा में विंग-बी भवन का लोकार्पण
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने गढ़ाकोटा रहस लोकोत्सव 2026 में शामिल होते हुए मंच से मध्यप्रदेश शासन स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत शासकीय सांदीपनि साबूलाल विद्यालय गढ़ाकोटा में 1450 लाख रुपए की लागत राशि से निर्मित विंग-बी (ब्लाक-एफ) के भवन का लोकार्पण किया।
रहस मेले में जनकल्याणकारी योजनाओं की आकर्षक प्रदर्शनी
गढ़ाकोटा में राजा मर्दन सिंह जूदेव की राज्यारोहण की स्मृति में आयोजित 3 दिवसीय रहस लोकोत्सव 2026 केवल सांस्कृतिक और मनोरंजन का उत्सव नहीं, बल्कि विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का मेला बना हुआ है। पारंपरिक आस्था, लोक संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत से जुड़े इस मेले में इस वर्ष शासन की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की व्यापक प्रदर्शनी लगाई गई है जो आमजन के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
मेले में मनोरंजन के विभिन्न आयामों झूले, सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोक संगीत और पशु मेले के साथ-साथ किसानों, महिलाओं, युवाओं और ग्रामीणों के लिए उपयोगी योजनाओं की जानकारी देने हेतु विभागीय स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों पर संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मेले में आए लोगों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, लाभ एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दे रहे हैं।
रहस मेला में आयुष विभाग, मत्स्योद्योग विभाग, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, जिला शिक्षा केन्द्र, पशुपालन एवं डेयरी विभाग, जनजाति कार्य एवं अनुसूचित जाति कल्याण विभाग, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, क्षेत्रीय कृषि अनुसंधान केन्द्र सागर, कृषि विज्ञान केन्द्र देवरी, उद्यानिकी महाविद्यालय रहली, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग तथा किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग द्वारा योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। इसी प्रकार राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, सूक्ष्म एवं लघु उद्योग विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना सहित अन्य योजनाओं से संबंधित जानकारी जनसंपर्क विभाग के माध्यम से प्रदर्शित की गई। प्रदर्शनी के माध्यम से स्वरोजगार, कृषि उन्नयन, महिला सशक्तिकरण, पोषण, शिक्षा, पशुपालन, मत्स्य पालन एवं उद्यानिकी से जुड़ी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
किसानों के लिए आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत बीज, फसल संरक्षण उपायों और जैविक खेती से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं युवाओं को स्वरोजगार एवं उद्योग स्थापना से जुड़ी योजनाओं के बारे में मार्गदर्शन दिया जा रहा है। महिलाओं को स्व-सहायता समूहों के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित सहित जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रदर्शनी लगाई है।
मेले में आए ग्रामीणों और आमजनों ने बताया कि इस प्रकार की प्रदर्शनी से उन्हें शासन की योजनाओं की प्रत्यक्ष जानकारी मिल रही है और वे अपने अधिकारों एवं संभावित लाभों के प्रति जागरूक हो रहे हैं।

















0 comments:
एक टिप्पणी भेजें