जैसीनगर में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का खंड स्तरीय शिविर, 7 दिन में शिकायतों के निराकरण के निर्देश
• मंत्री गोविंद राजपूत ने जनता से किया संवाद
तीनबत्ती न्यूज: 21 अगस्त 2026
सागर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जैसीनगर में खंड स्तरीय जन विश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, कलेक्टर प्रतिभा पाल, पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया, जिला पंचायत सीईओ विवेक केवी सहित जिला एवं ब्लॉक स्तर के अधिकारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़े : सागर को बड़ी रेल सौगात: उदयपुर-शालीमार एक्सप्रेस अब सप्ताह में 2 दिन चलेगी
मंत्री ने कहा- शासन आपके द्वार पहुंचा है
कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने आमजन से सीधे संवाद करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप शासन अब लोगों के द्वार तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि लगातार चलने वाली प्रक्रिया है। जनवरी 2027 तक हर शुक्रवार को शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयुष्मान कार्ड, संबल योजना, प्रधानमंत्री आवास सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाया जाए। उन्होंने जैसीनगर अस्पताल के विकास की जानकारी देते हुए कहा कि करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से अस्पताल का कायाकल्प कर अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही शासकीय कॉलेज और सांदीपनि विद्यालय के माध्यम से क्षेत्र में शिक्षा सुविधाओं को मजबूत करने पर भी जोर दिया।
7 दिन में शिकायतों के निराकरण के निर्देश
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने कहा कि शिविर का उद्देश्य लंबे समय से लंबित आवेदनों और शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नामांतरण, सीमांकन, कब्जा, प्रधानमंत्री आवास, बिजली बिल, पेयजल, राशन और मरम्मत सहित अन्य शिकायतों का 7 दिनों के भीतर निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने किसानों को स्वरोजगार के लिए माइक्रोफाइनेंस, उद्योग विभाग और एमएसएमई की योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने उद्यम क्रांति योजना के माध्यम से स्वरोजगार स्थापित करने की अपील भी की। साथ ही बच्चों के स्वास्थ्य, कुपोषण और नशे से दूर रहने को लेकर जागरूक किया।
घरेलू हिंसा और महिला अपराधों पर एसपी ने जताई चिंता
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने कहा कि पुलिस जनता की सुरक्षा और सहायता के लिए हमेशा तत्पर है। उन्होंने बताया कि डायल-112 के आंकड़ों में घरेलू हिंसा और महिलाओं से संबंधित अपराधों की शिकायतें सामने आ रही हैं।
एसपी ने कहा कि ऐसे मामलों को रोकने के लिए केवल पुलिस ही नहीं, बल्कि परिवार और समाज की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि कई विवादों को सामाजिक और पारिवारिक स्तर पर भी समझदारी से सुलझाया जा सकता है। शैक्षणिक संस्थानों के आसपास असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए भी कार्रवाई जारी है।
प्राकृतिक खेती को लेकर हुआ कृषि संवाद
शिविर में कृषि संवाद भी आयोजित किया गया। स्थानीय किसान देवेंद्र पांडे ने प्राकृतिक खेती के अनुभव साझा करते हुए 'जीवे जीव आधार' के सिद्धांत के साथ खेती करने की जानकारी दी। उन्होंने रासायनिक खाद के बिना प्राकृतिक तरीके से उत्पादन बढ़ाने के अपने अनुभव बताए।
शिविर में अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और दर्जनों समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया। शेष आवेदनों को निर्धारित समय सीमा में निराकृत करने का आश्वासन दिया गया।









0 comments:
एक टिप्पणी भेजें