सागर में कोचिंग संस्थानों पर प्रशासन सख्त, बेसमेंट में संचालन पर होगी कार्रवाई
• छात्र सुरक्षा को लेकर पुलिस-प्रशासन की कोचिंग संचालकों के साथ बैठक, CCTV, फायर सेफ्टी और इमरजेंसी एग्जिट के दिए निर्देश
तीनबत्ती न्यूज: 8 अक्टूबर 2026
सागर। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर सागर पुलिस और प्रशासन ने कोचिंग संस्थानों पर शिकंजा कसने की तैयारी शुरू कर दी है। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देश पर पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों ने शहर के प्रमुख कोचिंग संस्थानों के संचालकों और प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
यह भी पढ़ें: सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल ने किया नया कार्य विभाजन, अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारियां
थाना गोपालगंज परिसर में आयोजित बैठक में करीब 25 से 30 कोचिंग संस्थानों के संचालक एवं प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में प्रवेश-निकासी व्यवस्था, आपातकालीन निकासी, अग्नि सुरक्षा, CCTV कैमरे, विद्युत सुरक्षा, पार्किंग और छात्र-छात्राओं की सुरक्षा से जुड़े विषयों पर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।
बेसमेंट में कोचिंग संचालन पर होगी सख्त कार्रवाई
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बेसमेंट में संचालित कोचिंग संस्थानों को सुरक्षा मानकों और लागू नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित संस्थान के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम आगामी दिनों में शहर के कोचिंग संस्थानों का औचक निरीक्षण करेगी। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में कमी या नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
30 दिन की CCTV रिकॉर्डिंग रखना अनिवार्य
कोचिंग संस्थानों में प्रवेश और निकास द्वार, क्लासरूम, रिसेप्शन, पार्किंग तथा मुख्य गलियारों में उच्च गुणवत्ता वाले नाइट विजन CCTV कैमरे चालू स्थिति में रखने के निर्देश दिए गए हैं। कैमरों की रिकॉर्डिंग का कम से कम 30 दिन का बैकअप सुरक्षित रखना होगा।
इमरजेंसी एग्जिट और निकासी मार्ग रहेंगे बाधामुक्त
प्रत्येक कोचिंग संस्थान को Emergency Evacuation Plan तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। आग या किसी अन्य आपात स्थिति में छात्रों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए निकासी मार्ग स्पष्ट और सुगम होना चाहिए।
सीढ़ियों, गलियारों और आपातकालीन रास्तों में फर्नीचर, सामान या वाहन खड़े कर रास्ता बाधित नहीं किया जा सकेगा।
क्षमता से अधिक छात्रों को बैठाने पर भी निगरानी
अधिकारियों ने कोचिंग संचालकों को निर्देश दिए कि किसी भी कक्ष में निर्धारित क्षमता से अधिक छात्र-छात्राओं को न बैठाया जाए। कक्षाओं में पर्याप्त जगह और सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करना होगी।
फायर सेफ्टी और बिजली व्यवस्था की होगी जांच
कोचिंग संस्थानों में पर्याप्त संख्या में अग्निशामक यंत्र क्रियाशील स्थिति में रखने और स्टाफ व शिक्षकों को उनके प्राथमिक उपयोग का प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा खुले या असुरक्षित विद्युत तार, ओवरलोडिंग, असुरक्षित विद्युत उपकरण और ज्वलनशील सामग्री के भंडारण पर भी विशेष निगरानी रखने को कहा गया है।
कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन जरूरी
कोचिंग संस्थानों में कार्यरत शिक्षकों, गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों, सुरक्षा गार्ड और सफाई कर्मचारियों का पुलिस चरित्र सत्यापन कराने के निर्देश भी बैठक में दिए गए। छात्राओं की सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता देने तथा कोचिंग संस्थानों के बाहर असामाजिक तत्वों के जमावड़े को रोकने के लिए आवश्यकतानुसार सुरक्षा गार्ड रखने के निर्देश दिए गए।
पार्किंग और यातायात व्यवस्था पर भी फोकस
कोचिंग की कक्षाएं शुरू और समाप्त होने के समय सड़कों पर भीड़ और यातायात बाधित न हो, इसके लिए वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित करने को कहा गया है। इसके साथ ही संस्थानों के सूचना पट्ट पर डायल 112, एम्बुलेंस 108, महिला हेल्पलाइन 1090 और स्थानीय पुलिस थाने के संपर्क नंबर प्रमुखता से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी
बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा से जुड़े मानकों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कोचिंग संचालकों को अपनी संस्थाओं की सुरक्षा व्यवस्थाओं की स्वयं समीक्षा कर कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए।
ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक का आयोजन थाना गोपालगंज परिसर में किया गया। इसमें नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप, सिटी मजिस्ट्रेट शैलेश द्विवेदी, थाना प्रभारी गोपालगंज घनश्याम शर्मा सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी तथा शहर के करीब 25 से 30 कोचिंग संस्थानों के संचालक एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन में आयोजित बैठक में कोचिंग संचालकों ने निर्देशों का पालन करने और छात्रों के लिए सुरक्षित एवं व्यवस्थित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें