Sagar News: शराब दुकानों के आसपास पुलिस की सख्त नजर : नशे में वाहन चलाने वालों पर होगी कार्रवाई; जमीन में गड़ा महुआ लहान भी बरामद
तीनबत्ती न्यूज: 15 नवंबर, 2026
सागर। सागर जिले में शराब से हुई मौतों के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में है।पुलिस अधीक्षक संजीव सिंहा के निर्देश पर जिले की सभी शराब दुकानों के सामने पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं, दूसरी ओर मालथौन पुलिस ने ग्राम धोरईखास में जमीन के अंदर गाड़कर छिपाया गया महुआ लहान का जखीरा बरामद किया है।
शराब दुकानों के सामने पुलिस तैनात, जगह-जगह वाहन चेकिंग
पुलिस अधीक्षक संजीव सिंहा ने जिले की समस्त शराब दुकानों के आसपास कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत शराब दुकानों के सामने पुलिस बल तैनात किया गया है। दुकानों के आसपास संचालित अंडा, नमकीन, नाश्ता और पान-गुटखा की दुकानों पर अनावश्यक जमावड़ा लगाकर शराब पीने तथा सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों पर निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, शराब खरीदने के बाद कुछ लोग आसपास की दुकानों और सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करते हैं और फिर दोपहिया एवं चारपहिया वाहन लेकर सड़कों पर निकल जाते हैं। इससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है और आम नागरिकों की सुरक्षा प्रभावित होती है।
इसी को देखते हुए जिले के प्रमुख मार्गों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। ब्रीथ एनालाइजर से वाहन चालकों की जांच की जा रही है। शराब पीकर वाहन चलाते पाए जाने वालों के विरुद्ध धारा 185 मोटरयान अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं नरेंद्र सोलंकी के निर्देशन में सभी एसडीओपी और थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।
धोरईखास में जमीन खोदकर निकाला महुआ लहान
अवैध शराब के निर्माण और संग्रहण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मालथौन पुलिस ने ग्राम धोरईखास में छह अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। थाना प्रभारी दिनेश भोजक को मिली सूचना और पुलिस की पतासाजी के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम ने तलाश के दौरान जमीन के अंदर गाड़कर छिपाई गई 15 से 16 लीटर क्षमता की कुल 20 प्लास्टिक कुप्पियां बरामद कीं। इनमें अवैध शराब बनाने के लिए महुआ लहान भरा हुआ था।
इस मामले में ग्राम धोरईखास निवासी शीला पति शीला बंजारा (40 वर्ष) के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। कार्रवाई में थाना प्रभारी दिनेश भोजक के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक रघुवीर तिवारी, महिला प्रधान आरक्षक दीपा, आरक्षक भानु, स्वदेश, हर्ष यादव एवं अभिषेक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।









0 comments:
एक टिप्पणी भेजें