सागर में खाद वितरण में लापरवाही: बंद मिला गोदाम, धूप में खड़े किसान थे परेशान
• कलेक्टर ने मार्कफेड गोदाम प्रभारी को किया निलंबित
तीनबत्ती न्यूज: 11 नवंबर, 2026
सागर। किसानों को खाद के लिए परेशान होना पड़ रहा है और दूसरी ओर खाद वितरण केंद्रों पर लापरवाही के मामले भी सामने आ रहे हैं। सागर में ऐसी ही एक शिकायत पर कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने सख्त कार्रवाई की है। खुरई रोड स्थित नई गल्ला मंडी के मार्कफेड खाद गोदाम का औचक निरीक्षण करने पहुंची टीम को गोदाम बंद मिला। इस पर गोदाम प्रभारी राजाराम सोनी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
मंगलवार को कलेक्टर के निर्देश पर अनुविभागीय कृषि अधिकारी अनिल राय एवं वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कुलदीप क्रिश्चियन ने खाद गोदाम का निरीक्षण किया। टीम दोपहर करीब 12:30 बजे पहुंची तो गोदाम बंद था और खाद वितरण शुरू नहीं हुआ था। दूर-दराज से आए किसान तेज धूप में खाद मिलने का इंतजार कर रहे थे।स्थिति को देखते हुए निरीक्षण दल ने तत्काल गोदाम खुलवाया और मौके पर मौजूद किसानों को ई-टोकन प्रणाली के माध्यम से खाद वितरण शुरू कराया। इस दौरान पूरी कार्रवाई का पंचनामा भी तैयार किया गया।
सुबह 8 से रात 8 बजे तक खुलना है गोदाम
शासकीय निर्देशों के अनुसार खाद गोदाम के संचालन का समय सुबह 8 बजे से शाम 8 बजे तक निर्धारित है। इसके बावजूद निरीक्षण के समय गोदाम बंद मिला। वरिष्ठ क्षेत्र सहायक एवं गोदाम प्रभारी राजाराम सोनी भी अपने कार्यस्थल से अनुपस्थित पाए गए।
कलेक्टर के आदेश पर निलंबन
किसानों को हुई असुविधा और शासकीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने गोदाम प्रभारी राजाराम सोनी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी किए।
खाद वितरण केंद्रों को सख्त निर्देश
प्रशासन ने जिले के सभी खाद वितरण केंद्रों को निर्धारित समय पर खोलने और ई-टोकन प्रणाली से पारदर्शी तरीके से खाद वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों से जुड़ी व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।








0 comments:
एक टिप्पणी भेजें