खुरई में विकास की दो बड़ी सौगात: 131 करोड़ के अटल बिहारी वाजपेयी कृषि महाविद्यालय की नींव, 36 करोड़ के सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण
तीनबत्ती न्यूज: 15 जुलाई, 2026
सागर/खुरई। पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने मंगलवार को खुरई विधानसभा क्षेत्र को शिक्षा और कृषि के क्षेत्र में दो बड़ी सौगातें दीं। उन्होंने खुरई में 131.20 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले स्व. अटल बिहारी वाजपेयी कृषि महाविद्यालय का भूमिपूजन किया तथा गढ़ौला जागीर में 36 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सांदीपनि उच्च माध्यमिक विद्यालय का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर आयोजित समारोहों को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने कहा कि 5000 करोड़ रुपये की बीना नदी सिंचाई परियोजना और कृषि महाविद्यालय का संगम खुरई की कृषि अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा। उन्होंने कहा कि सिंचाई, आधुनिक कृषि शिक्षा और अनुसंधान के माध्यम से क्षेत्र के किसानों की आय बढ़ेगी तथा युवाओं को नए अवसर मिलेंगे।
कृषि महाविद्यालय प्रदेश में 12 वर्षों का इकलौता नया संस्थान
भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि वर्ष 2016-17 में उनके प्रयासों से खुरई में कृषि महाविद्यालय स्वीकृत हुआ और 2018 में इसकी पढ़ाई शुरू हुई। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में मध्यप्रदेश में स्थापित होने वाला यह एकमात्र कृषि महाविद्यालय है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने इस महाविद्यालय को छिंदवाड़ा स्थानांतरित करने का निर्णय लिया था, लेकिन सरकार बदलने के बाद इसे पुनः खुरई वापस लाया गया।
उन्होंने बताया कि महाविद्यालय परिसर के लिए 12 एकड़ भूमि आवंटित की गई है, जबकि ग्राम सुनैटी में 75 एकड़ भूमि पर अत्याधुनिक कृषि अनुसंधान केंद्र विकसित किया जाएगा। भवन, छात्रावास और अन्य अधोसंरचना के लिए 131 करोड़ 20 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
कृषि शिक्षा से बढ़ेगी किसानों की आय
अपने संबोधन में श्री सिंह ने कहा कि कृषि महाविद्यालय नई तकनीक, उन्नत बीज, जल संरक्षण, सूक्ष्म सिंचाई और वैज्ञानिक खेती के माध्यम से किसानों की लागत कम करने तथा उत्पादन बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन के अनुरूप नई फसल किस्मों पर अनुसंधान से खेती अधिक सुरक्षित और टिकाऊ बनेगी।
उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा बीना नदी परियोजना के लिए किए गए निवेश का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार कृषि शिक्षा और सिंचाई को एक साथ मजबूत कर रही है।
कुलगुरु बोले—खुरई का कृषि महाविद्यालय बड़ी उपलब्धि
जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय, जबलपुर के कुलगुरु प्रो. प्रमोद कुमार मिश्रा ने कहा कि खुरई में कृषि महाविद्यालय की स्थापना तत्कालीन मंत्री भूपेन्द्र सिंह के प्रयासों से संभव हुई। उन्होंने बताया कि पहले चरण में महाविद्यालय भवन और कन्या छात्रावास का निर्माण किया जा रहा है। वर्ष 2018 से अब तक पांच बैच यहां से शिक्षा प्राप्त कर चुके हैं और कई विद्यार्थी विभिन्न सेवाओं में चयनित हुए हैं।
गढ़ौला जागीर का सांदीपनि विद्यालय बनेगा ग्रामीण शिक्षा का मॉडल
गढ़ौला जागीर में आयोजित लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल भवन बनाना नहीं बल्कि ग्रामीण प्रतिभाओं को शहरों जैसी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि विकासखंड मुख्यालय के बजाय ग्रामीण क्षेत्र में सांदीपनि विद्यालय स्थापित करने का प्रस्ताव उन्होंने स्वयं मुख्यमंत्री के समक्ष रखा था, ताकि आसपास के गांवों के विद्यार्थियों को इसका सीधा लाभ मिल सके।
लगभग 12 एकड़ परिसर में बने इस विद्यालय में जूनियर एवं सीनियर ब्लॉक, आधुनिक प्रयोगशालाएं, कंप्यूटर लैब, डाइनिंग हॉल, कैंटीन और अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। अब तक करीब 28 करोड़ रुपये के निर्माण कार्य पूरे हो चुके हैं तथा शेष कार्य प्रगति पर हैं।
छात्रावास और खेल सुविधाएं भी होंगी विकसित
उन्होंने बताया कि अगले चरण में छात्रावास, खेल मैदान, वॉकिंग ट्रैक, बैडमिंटन, बास्केटबॉल और वॉलीबॉल कोर्ट सहित अन्य खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
शानदार रहा पहला परीक्षा परिणाम
भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि विद्यालय का पहला परीक्षा परिणाम 90 प्रतिशत से अधिक रहा। आठ विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री लैपटॉप योजना तथा दो विद्यार्थियों को मेधावी छात्र योजना के तहत स्कूटी प्रदान की गई। विद्यालय में सभी विषयों के शिक्षकों की नियुक्ति की जा चुकी है तथा कंप्यूटर शिक्षा, खेल, संगीत और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी समान महत्व दिया जा रहा है।
वृक्षारोपण का किया आह्वान
लोकार्पण समारोह में छात्राओं ने सरस्वती वंदना, गणेश वंदना और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। सरपंच प्रतिनिधि शत्रुघ्न सिंह ने 18 जुलाई को ग्राम पंचायत में 2100 पौधे लगाने की जानकारी दी। इस पर भूपेन्द्र सिंह ने विद्यालय परिसर में भी व्यापक वृक्षारोपण करने का आह्वान किया।
दोनों कार्यक्रमों में जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. प्रमोद कुमार मिश्रा, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।









