रहली में 22 वर्षीय युवक ने फांसी लगाने का किया प्रयास, डायल-112 जवानों ने पहुंचकर बचाई जान
तीनबत्ती न्यूज: 24 अगस्त 2026
सागर। सागर जिले के थाना रहली क्षेत्र में खुशीपुरा तिराहा के पास सोमवार दोपहर एक 22 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। सूचना मिलते ही डायल-112 एफआरव्ही के जवान तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल युवक को समय पर अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार, राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम भोपाल में दोपहर करीब 1:13 बजे युवक द्वारा फांसी लगाने के प्रयास की सूचना प्राप्त हुई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कंट्रोल रूम सागर ने रहली क्षेत्र में तैनात डायल-112 एफआरव्ही को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया।
सूचना मिलते ही एफआरव्ही में तैनात प्रधान आरक्षक कपिल सिंह राजपूत और पायलेट रामचंद्र कुर्मी मौके पर पहुंचे। वहां पता चला कि युवक ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाने का प्रयास किया था। परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए उसे तत्काल फंदे से नीचे उतार लिया था, जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि युवक घायल हो गया था।
डायल-112 जवानों ने बिना समय गंवाए घायल युवक को उसके परिजनों के साथ एफआरव्ही वाहन से शासकीय चिकित्सालय रहली पहुंचाया। अस्पताल में युवक का उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
इस घटना में डायल-112 की त्वरित प्रतिक्रिया महत्वपूर्ण रही। कंट्रोल रूम को सूचना मिलने के बाद एफआरव्ही को तत्काल डिस्पैच किया गया और जवानों ने मौके पर पहुंचकर घायल युवक को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई।
पुलिस की अपील: यदि किसी व्यक्ति के जीवन पर संकट हो या कोई आपात स्थिति उत्पन्न हो, तो तत्काल पुलिस सहायता के लिए डायल-112 पर सूचना दें।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें