संजय ड्राइव से अटल पार्क तक बनेगा नया संपर्क पुल, विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने किया निरीक्षण
तीनबत्ती न्यूज: 26 अगस्त, 2026
सागर। शहर के प्रमुख पर्यटन एवं मनोरंजन स्थल अटल पार्क को संजय ड्राइव से जोड़ने के लिए संपर्क पुल का निर्माण किया जा रहा है। बुधवार को विधायक श्री शैलेंद्र जैन ने निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण की गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा को लेकर जानकारी ली।
विधायक जैन ने बताया कि पुल निर्माण पूरा होने के बाद अटल पार्क सीधे संजय ड्राइव से जुड़ जाएगा। वर्तमान में पार्क में प्रवेश तिली मार्ग की ओर से होता है, जबकि नए पुल के निर्माण के बाद संजय ड्राइव की ओर से भी पार्क में प्रवेश का रास्ता उपलब्ध होगा। इससे नागरिकों और पर्यटकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा अटल पार्क की कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
भव्य प्रवेश द्वार और घाट का भी होगा निर्माण
संजय ड्राइव की ओर बनने वाले नए प्रवेश स्थल पर भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही क्षेत्र में सुंदर घाट भी विकसित किया जा रहा है। इन कार्यों से संजय ड्राइव और अटल पार्क के आसपास का क्षेत्र अधिक आकर्षक और सुविधाजनक बनने की उम्मीद है।
विधायक ने कहा कि अटल पार्क के उन्नयन और सौंदर्यीकरण के लिए विभिन्न विकास कार्य किए जा रहे हैं। दो प्रवेश द्वार होने से शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाले लोगों को पार्क तक पहुंचने में सुविधा होगी।
फ्लोटिंग पोकलेन उतारने के लिए बनेगा रैंप
पुल के समीप तालाब में फ्लोटिंग पोकलेन मशीन उतारने के लिए विशेष रैंप का निर्माण भी किया जा रहा है। इसके माध्यम से मशीन को तालाब में आसानी से उतारा जा सकेगा। इससे तालाब के गहरीकरण, सफाई और अन्य आवश्यक कार्यों को सुचारु रूप से करने में मदद मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान विधायक जैन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं।
विधायक ने कहा कि संजय ड्राइव, अटल पार्क और तालाब क्षेत्र का समन्वित विकास होने से यह पूरा क्षेत्र सागर के नागरिकों के लिए मनोरंजन, पर्यटन और सार्वजनिक सुविधाओं का बेहतर केंद्र बन सकेगा। शहर के प्रमुख स्थलों को बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक सुविधाओं से जोड़ना विकास कार्यों की प्राथमिकता है।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें