बंसल क्लासेस,सागर +916232102606. +919340574756

खुरई नपा क्षेत्र में नाला निर्माण व रोड के 8 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन, लोकार्पण किया मंत्री भूपेंद्र सिंह ने


खुरई नपा क्षेत्र में नाला निर्माण व रोड के 8 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन, लोकार्पण किया मंत्री भूपेंद्र सिंह ने 



खुरई। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह ने खुरई नगर पालिका के तहत  एसडीआरएफ योजना के द्वितीय चरण के अंतर्गत 7 करोड़ 48 लाख की लागत से बनने वाले विभिन्न नाले नालियों के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इसी योजना के प्रथम चरण में 1 करोड़ 38 लाख की लागत से बनाए गए नाले का लोकार्पण भी किया। मंत्री श्री सिंह ने यहां से राहतगढ़ रोड पर कुशाभाऊ ठाकरे वार्ड से श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड को जोड़ने वाली 60 लाख रुपए की लागत वाली लिंक रोड का भूमिपूजन भी किया है।

     इस अवसर पर अपने उद्बोधन में मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि एक बार भोपाल से खुरई आते समय एक महिला ने नाले से फैली गंदगी के कारण घरों में आने जाने की परेशानी बताई थी। उसी दिन मैंने प्रण कर लिया था कि खुरई के सारे नाले नालियों को आरसीसी से पक्का निर्माण करवा कर ढका हुआ होना चाहिए, इस कार्य को प्राथमिकता से करना है। श्री सिंह ने कहा कि आवागमन  और स्वच्छता के अलावा आम जनता के स्वास्थ्य से जुड़ा हुआ विषय भी है। व्यवस्थित पक्के ढके हुए नाले नालियों से बीमारियों पर भी नियंत्रण किया जा सकता है जिससे लोगों का जीवन, आमदनी सब पर प्रभाव पड़ता है। आज एक प्रमुख नाला प्रणाली के लोकार्पण के बाद अब क्रमश खुरई नगर के अन्य नाले नालियों के निर्माण का कार्य आरंभ हो जाएगा।

     मंत्री श्री सिंह ने भूमिपूजन कार्यक्रम के पश्चात आडिटोरियम के सामने स्थित स्व ठाकुर महेन्द्र सिंह स्मृति उद्यान में निर्माणाधीन चौपाटी के कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को यह कार्य निर्माण गुणवत्तापूर्ण तथा शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। खुरई नगरपालिका क्षेत्र में संपन्न हुए इन लोकार्पण व भूमिपूजन कार्यों की कुल निर्माण लागत 8 करोड़ 8 लाख रुपए है। कार्यक्रम में खुरई एसडीएम मनोज चौरसिया, एसडीओपी सुमीत केरकेट्टा, सीएमओ दुर्गेश ठाकुर सहित प्रमुख जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

Archive