Editor: Vinod Arya | 94244 37885

भाजपा का जिले में डॉ अम्बेडकर की प्रतिमाओं पर सुबह स्वच्छता एवं संध्या में दीपोत्सव कार्यक्रम 13 अप्रैल को

भाजपा का जिले में डॉ अम्बेडकर की प्रतिमाओं पर सुबह स्वच्छता एवं संध्या में दीपोत्सव कार्यक्रम 13 अप्रैल को


तीनबत्ती न्यूज: 12 अप्रैल, 2026

सागर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा 13 अप्रैल को जिले भर में प्रातः 09 बजे भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमाओं एवं उनके परिसर की साफ-सफाई का व्यापक अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही सायंकाल शाम 07 बजे सभी स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलित कर दीपोत्सव मनाया जाएगा।

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार एवं शहडोल संभाग प्रभारी गौरव सिरोठिया मुख्य रूप से शामिल रहे।

बैठक में बिंदुवार कार्यक्रमों की तैयारी पर चर्चा करते हुए जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि बाबा साहेब के प्रति सम्मान और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करें और स्वच्छता अभियान को जन आंदोलन बनाएं।

जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी ने समाज को समानता, न्याय और अधिकारों की जो दिशा दी है, उसे आगे बढ़ाना हम सभी का दायित्व है। उनकी जयंती के अवसर पर स्वच्छता और दीपोत्सव के माध्यम से हम उनके प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करेंगे।

नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने कहा कि बाबा साहेब के विचार समाज को एकता और समानता की दिशा में आगे बढ़ाने की प्रेरणा देते हैं। स्वच्छता अभियान के माध्यम से हम उनके आदर्शों को व्यवहार में उतारने का प्रयास कर रहे हैं। यह पहल समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

शहडोल संभाग प्रभारी गौरव सारोठिया ने कहा कि भाजपा का यह अभियान सामाजिक समरसता और जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण है। बाबा साहेब के बताए मार्ग पर चलते हुए हम समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और सम्मान पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि दीपोत्सव के माध्यम से हम एकता, सद्भाव और जागरूकता का संदेश पूरे जिले में प्रसारित करेंगे।

जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने बताया कि कार्यक्रमों के प्रभावी आयोजन एवं सफल संचालन हेतु जिला स्तरीय टोली का गठन किया गया है। इसमें जिला महामंत्री चेतराम अहिरवार को जिला संयोजक बनाया गया है, जबकि अनुसूचित जाति मोर्चा जिला अध्यक्ष मधुकर जाटव, जिला उपाध्यक्ष शैलेश श्रीवास्तव एवं जिला मंत्री आसमा जैन को सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बैठक का संचालन जिला उपाध्यक्ष मनीष चौबे एवं आभार जिला महामंत्री सुमित यादव ने व्यक्त किया।

बैठक में जिला महामंत्री चैन सिंह ठाकुर, चेतराम अहिरवार, जिला उपाध्यक्ष जगन्नाथ गुरैया, निकेश गुप्ता, यश अग्रवाल, जिला सह मीडिया प्रभारी आलोक केसरवानी, जिला मंत्री संध्या भार्गव, राहुल वैध, मंडल अध्यक्ष नीलम अहिरवार, नीरज यादव, प्रासुक जैन, नितिन सोनी, जय सोनी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

www.Teenbattinews.com

Archive